Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 29 अक्टूबर 2022

1 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस के साथ सप्ताह भर होंगे आयोजन

कलेक्टर ने तैयारियों के दिए निर्देश

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में योजना भवन में बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम एवं जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 से 7 नवम्बर तक विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सभी अधिकारी प्रत्येक दिवस के अनुसार अपनी तैयारियों को पूरा करेंगे। श्रीमती सिंह ने बताया कि 1 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में रोशनी की जाएगी। इस दिन जन अभियान परिषद द्वारा प्रातः प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता अभियान, नर्मदा पूजन तथा नशामुक्ति के लिए संकल्प भी लिया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्कूल शिक्षा विभाग तथा संबंधित विभाग 1 नवम्बर 2022 को संगोष्ठी एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन करें। बैठक में एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित एसडीएम एवं जिलाधिकारी उपस्थित थे।

श्रीमती सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत जिला एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इस दिन आंगनवाड़ी केन्द्रों में भी विविध कार्यक्रम होंगे तथा सजावट होगी। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट से लेकर एसपी ऑफिस तक के पथ को ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’ के रूप में सजाएं। प्रातः 10:30 बजे ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’ का उदघाटन किया जाएगा। एसपी कार्यालय के सामने स्थित नेहरू पार्क को ’लाड़ली लक्ष्मी पार्क’ बनाएं। पार्क में ’लाड़ली लक्ष्मी वाटिका’ का भी शुभारंभ किया जाएगा। प्रातः 11:30 बजे भोपाल से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने 2 नवम्बर को बेटियों के जन्मोत्सव को मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोपहर में टाऊनहॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लाड़लियों के नाम पर वृक्षारोपण भी सुनिश्चित करें।

3 नवम्बर को साफ-सफाई, सजावट एवं रंगोली केन्द्रित गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी शासकीय कार्यालय, ऐतिहासिक इमारतों, नर्मदा घाटों एवं बाजार आदि की साफ-सफाई सुनिश्चित करें। नर्मदा तटों पर शाम 6 बजे एकसाथ 67 (मध्यप्रदेश स्थापना के वर्ष) दीपों का प्रज्ज्वलन करें। उन्होंने खेल अधिकारी को निर्देशित किया कि 3 नवम्बर को 3 से 6 बजे तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करें। 4 नवम्बर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन ’एक जिला एक उत्पाद’ के अंतर्गत कोदो-कुटकी सहित स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगेंगे। 5 नवम्बर को मध्यप्रदेश गौरव के अंतर्गत नाटक, लोकनृत्य, भजन मंडली आयोजित की जाएगी। इस दिन स्थानीय महापुरूषों के जीवन आधारित प्रश्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित करें।

6 नवम्बर को जिले से लेकर पंचायत तक वृक्षारोपण का वृहद स्तर पर आयोजन होगा। साथ ही ऊर्जा तथा जल संरक्षण के संबंध में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी नगरीय निकायों एवं पंचायतों में ये कार्यक्रम आयोजित करें। टाऊनहॉल मंडला में विद्यार्थियों एवं आमजनों की जागरूकता के लिए ऊर्जा एवं जल संरक्षण आधारित कार्यशाला होगी। 7 नवम्बर को ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा। इसी प्रकार 1 से 6 नवम्बर तक आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरूस्कार वितरण भी किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम डाईट मंडला में आयोजित होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम एवं जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त सभी कार्यक्रम गरिमामयी रूप से प्रत्येक स्तर पर आयोजित करें। बैठक में उन्होंने जिलाधिकारियों को कार्यविभाजन भी किया तथा जनअभियान परिषद को आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसके पूर्व कलेक्टर ने ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ के अंतर्गत पात्र हुए हितग्राहियों की विभागवार जानकारी ली तथा पोर्टल पर विभागवार अपलोड किए गए आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदन, सत्यापित आवेदन एवं अपलोड किए गए आवेदनों के आंकड़े का गंभीरता से मिलान भी सुनिश्चित करें।

 

31 को प्रातः ’एकता दौड़’ होगी आयोजित

 

31 अक्टूबर ’राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटैल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजन के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर 2022 को प्रातः 7 से 8 बजे तक ’एकता दौड़’ आयोजित होगी। उन्होंने खेल अधिकारी को निर्देशित किया कि ’एकता दौड़’ के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि इस दौड़ में बच्चे, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शासकीय अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि ’एकता दौड़’ स्टेडियम से प्रारंभ होगी तथा विभिन्न रास्ते से गुजरते हुए स्टेडियम में समाप्त होगी। इसके पश्चात स्टेडियम में ’एकता शपथ’ दिलाई जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्रों में 31 अक्टूबर को ’एकता दौड़’ एवं ’एकता शपथ’ के आयोजन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 31 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में ’एकता दिवस’ की शपथ ली जाएगी।

 

 

 

 

सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति का प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. विधानसभा सचिवालय सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति का प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम के अंतर्गत 6 नवम्बर 2022 को रात्रि 9 बजे जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति 6 नवम्बर दिन रविवार को सायं 6 बजे जबलपुर से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 9 बजे कान्हा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। वे 7 नवम्बर 2022 सोमवार को प्रातः 8 बजे दर्शनीय स्थलों का अवलोकन करेंगे, दोपहर 12 बजे दोपहर भोज एवं दोपहर 1 बजे कान्हा से बांधवगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

सोलर रूफटॉप योजना हेतु 2 नवम्बर को लगेंगे शिविर

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                अधीक्षण अभियंता वृत्त म.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. ने बताया कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सोलर रूफटॉप योजना के प्रचार-प्रसार हेतु 2 नवम्बर 2022 को जिले के मण्डला, नैनपुर, बिछिया एवं अंजनियाँ वितरण केन्द्र कार्यालयों में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

चाट एवं फुल्की विक्रय पर लगे प्रतिबंध समाप्ति के आदेश

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्यौहारों के अवसर पर चाट-फुल्की के ठेलों में खाद्य सामग्री का सेवन करने से लगभग 80 व्यक्तियों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर लोगों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए जिले में चाट-फुल्की की लगने वाली दुकानें तथा हाथ ठेलों को सम्पूर्ण मण्डला जिले में आगामी आदेश पर्यन्त प्रतिबंधित किये जाने का जो आदेश पारित किया गया था उसे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं अभिहीत अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन मण्डला द्वारा जारी एडवायजरी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश के साथ 28 अक्टूबर 2022 को रात्रि 12 बजे पश्चात निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम एवं बेहतर समन्वय हेतु गठित समिति की बैठक 3 को

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम एवं बेहतर समन्वय के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की प्रत्येक तिमाही में बैठक का आयोजन किया जाना है। एनसीओआरडी गृह मंत्रालय भारत सरकार के आदेश के अनुपालन में कलेक्टर मंडला की अध्यक्षता में 2 नवम्बर 2022 को सायं 5 बजे से जिला योजना भवन में बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी की प्रवृत्तियों के बारे में सूचना का आदान प्रदान करना। जिले में अफीम, भांग आदि की फसल की अवैध खेजी की निगरानी करना। ऐसे प्रकरण जो कास स्टेट संबंधी हो उनकी जांच की प्रगति की निगरानी करना। स्कूलों, कालेजों आदि में नशीली दवाओं के दुरूपयोग विरोधी जागरूकता को बढ़ावा देना। एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों और दवाओं के हानिकारक प्रभावों पर मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना। जिलों में मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करना। मादक पदार्थों का पता लगाने के लिए उपकरणों की आवश्यकताओं का आंकलन करना और इनकी व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाना। जिले में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्रों का पर्यवेक्षण करना संबंधी विषयों पर चर्चा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

राष्ट्रीय एकता दिवस’ 31 को, निर्देश जारी

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर 2022 को स्व० सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मतिथि को “राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में मनाया जाएगा। कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः 8 बजे से जिले की सभी पंचायतों, सभी नगरीय निकायों में एकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस दौड़ हेतु स्कूल शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग एवं खेल अधिकारी जिम्मेदार होंगे। इसी तरह जिले में जिला मुख्यालय में स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं खेल अधिकारी के माध्यम से स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड में “यूनिटी रन” का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाले उक्त कार्यक्रम हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा शहरी क्षेत्र के कार्यक्रम हेतु अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी होंगी। प्रातः 11 बजे जिले के सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण का आयोजन किया जाएगा। 31 अक्टूबर को सायं 4:30 बजे से पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में राज्य पुलिस बल एवं अन्य वर्दीधारी दल के माध्यम से स्थानीय पुलिस ग्राउंड में मार्च पास्ट होगा। अधीक्षक जिला जेल द्वारा भी स्थानीय जिला जेल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 7 नवम्बर तक होंगी रचनात्मक गतिविधियां

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दिए आवश्यक निर्देश

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                मध्यप्रदेश शासन भोपाल के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर से 7 नवम्बर तक विविध रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा बैठक में दिए गए निर्देशानुसार 1 नवम्बर को जनअभियान परिषद के माध्यम से प्रभातफेरियों का आयोजन किया जाएगा तथा स्थानीय कार्यक्रम किए जाएंगे। साथ ही अपरान्ह में आधे दिवस का अवकाश होगा। 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी पर आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। 3 नवम्बर को स्वच्छता, सजावट, रंगोली केन्द्रित गतिविधियाँ की जाएंगी। ऐतिहासिक स्मारकों, महापुरूषों की प्रतिमाओं, प्रमुख बाजारों की साफ सफाई आदि की गतिविधियाँ आयोजित होंगी। महत्वपूर्ण स्थलों पर 67 दीपों का प्रज्जवलन किया जाएगा। खेलों का प्रारम्भ 3 से 6 नवम्बर तक प्रतियोगितायें तथा 7 नवम्बर को पुरस्कार वितरण होगा। स्थानीय व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। 4 नवम्बर को ’एक जिला एक उत्पाद’ को प्रमुखता प्रदान करती हुई विविध गतिविधियाँ होंगी। इस दिन रोजगार दिवस भी मनाया जाएगा। 5 नवम्बर को मध्यप्रदेश के गौरव के दृष्टिगत नाटक, लोकनृत्य और जननायक केन्द्रित प्रतियोगिताएं होंगी। 6 नवम्बर को वन्यप्राणी सुरक्षा, जागरूकता, उर्जा, पर्यावरण एवं जल संरक्षण केन्द्रित जागरूकता, सेमिनार, व्याख्यान, चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 7 नवम्बर को सभी प्रतियोगिताओं, जनसेवा अभियान, मध्यप्रदेश गौरव आदि से संबंधित पुरस्कार वितरित किए जाएंगे तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

श्रवणबाधित दिव्यांग शिविर 31 को

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि जिला चिकित्सालय मण्डला में 31 अक्टूबर 2022 को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अमित अग्रवाल, विक्टोरिया अस्पताल जिला चिकित्सालय जबलपुर के द्वारा शिविर में सेवाएं प्रदाय की जाएंगी। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन जिनके नवीन श्रवण बाधित दिव्यांगजन बनना है, पुराने प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण होना है वे आधार कार्ड, समग्र आई.डी. की छायाप्रति, दो फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र यदि उपलब्ध हो तो जिला चिकित्सालय मण्डला में 31 अक्टूबर 2022 को उपस्थित हों ताकि जांच उपरांत दिव्यांग प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी की कार्यवाही की जा सके।

 

 

 

 

 

रोजगार मेला 31 को

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा 31 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेला का आयोजन नगरपालिका मण्डला के टाउन हॉल में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटो, रोजगार पंजीयन एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

1 को आयोजित जिला मेडिकल बोर्ड की शिविर अब 2 नवम्बर को

 

मण्डला 29 अक्टूबर 2022

                सिविल सर्जन डॉ. के.आर. शाक्य ने बताया कि मेडिकल बोर्ड जिसमें दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र एवं फिटनेस हेतु जिनके मेडिकल प्रमाण पत्र 1 नवम्बर 2022 मंगलवार को बनाने शिविर आयोजित किया जाना था, जो म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर आधे दिवस का शासकीय अवकाश होने के कारण अब 2 नवम्बर 2022 दिन बुधवार को आयोजित किया जाएगा। दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं फिटनेस हेतु आने वाले आवेदक 2 नवम्बर को जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित हों।

Related posts

रेवाइंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 11 जून 2022

Reva India News

महिला सशक्तिकरण पर विशेष :- अनीता बाई वरकड़े: नंदन फलोद्यान और खेत तालाब से मिली सफलता की नई राह

Reva India News

सतगुरु बाबा ईश्वर शाह के मंडला आगमन पर भक्त हुए भावविभोर .शोभायात्रा सत्संग में पहुंचे श्रृद्धालु लगाए हरे माधव के जयघोष  

Reva India News

Leave a Comment