Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का हुआ शानदार शुभारंभ

2 से 4 तक गतका की स्पर्धाएँ, खेल भावना की दिलाई गई शपथ

256 खिलाड़ी ले रहे भाग, पहले दिन एमपी ने जीते मैच

मण्डला 2 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत मंडला में गतका एवं थांगता प्रतिस्पर्धा का आयोजन हो रहा है। 2 फरवरी को मंडला के इंडोर स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शानदार शुभारंभ हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एएसपी श्री कंवर, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा एवं प्रफुल्ल मिश्रा, समाजसेवी भीष्म द्विवेदी, गतका फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह त्रूर, उपसंचालक स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया अतुल कुमार सिंह, एसटीसी जबलपुर इंचार्ज कुलदीप सिंह बरार, अमृतपाल सिंह, जोरावर सिंह, गुरप्रीत सिंह प्रधान सहित खेल पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी, खिलाड़ी, कोच, स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने खेलेगा इंडिया-जीतेगा इंडिया के उदघोष के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने यूथ गेम्स, गतका के इतिहास तथा भारतीय संस्कृति के इन खेलों के बारे में चर्चा करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने अपने संबोधन में खेल महोत्सव में शामिल हुए सभी खिलाड़ियों, स्टॉफ एवं पदाधिकारियों का नगरवासियों की ओर से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

 

हर्षप्रीत ने शपथ, श्री बलजिंदर ने की शुभारंभ घोषणा

 

शुभारंभ कार्यक्रम में दिल्ली की खिलाड़ी हर्षप्रीत कौर ने मंच से सभी खिलाड़ियों को खेल भावना का पालन करने की शपथ दिलाई। इसी प्रकार गतका फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह त्रूर ने अपने संबोधन में खेल महोत्सव में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, कोच, स्टॉफ एवं संबंधितों का स्वागत किया तथा मंच से खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभारंभ की घोषणा की। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान टेक्निकल स्टॉफ मनविंदर सिंह, जगदीश सिंह, हरमन सिंह, राजीव सिंह, रघवीर सिंह, गुरलाल सिंह, दिलीप सिंह तथा अन्य स्टॉफ का सहयोग रहा।

लगभग 256 खिलाड़ी ले रहे भाग

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत मंडला में 2 फरवरी से पंजाबी आत्मरक्षा शैली गतका के आयोजन प्रारंभ हुए। 2 से 4 फरवरी तक आयोजित हो रहे गतका स्पर्धा में 20 राज्यों के लगभग 128 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसी प्रकार थांगता खेल में 21 राज्यों के 128 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुभारंभ कार्यक्रम में सभी राज्यों के खिलाड़ी अपने दल के साथ झंडा लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान ड्रम के दल ने अगवानी की। पंजाब के खिलाड़ियों ने अतिथियों एवं दर्शकों के समक्ष विभिन्न पंजाबी हथियारों के साथ प्रस्तुति दी। इस दौरान पूरा स्टेडियम रोमांचित हुआ एवं सभी ने ताली बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

 

पहले दिन 20 मैच, एमपी ने जीते दोनों वर्गों के मैच

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पहले दिन 2 फरवरी को शुभारंभ के पश्चात प्रातः 11 बजे से महिला वर्ग के मैच प्रारंभ हुए, जो दोपहर 1:30 बजे तक लंच तक खेले गए। दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक लंच ब्रेक हुआ। दोपहर 2:30 बजे से महिला एवं पुरूष वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित हुई, जो शाम 5 बजे तक चली। गतका फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह त्रूर ने बताया कि पहले दिन महिला वर्ग के फर्री-सोती टीम ईवेंट तथा पुरूष वर्ग के सिंगल-सोती के कुल 20 मैच हुए। म.प्र. ने महिला एवं पुरूष वर्ग के दोनों गतका मैच जीते। 3 फरवरी से क्वालीफायर राऊँड प्रारंभ होंगे जिसके अंतर्गत महिला एवं पुरूष वर्ग के मैच होंगे। 3 फरवरी तक शाम 4:30 बजे तक महिला एवं पुरूष वर्ग के अलग-अलग स्तर के मैच होंगे। 4 फरवरी को प्रातः 10 बजे से सेमी फाईनल राउंड प्रारंभ होंगे। 4 फरवरी को फाईनल राउंड दोपहर 12:30 बजे से प्रारंभ होंगे। लंच ब्रेक के बाद पुरूस्कार वितरण कार्यक्रम होगा।

 

 

 

 

 

जिले के प्रभारी मंत्री का मंडला आगमन 4 को

 

मण्डला 2 फरवरी 2023

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 4 फरवरी को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 4 फरवरी को प्रातः 6 बजे भोपाल से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 3 बजे मंडला पहुंचेंगे। 4 फरवरी को श्री सिंह शाम 4 बजे सांसद, विधायकगण एवं जिलाधिकारियों के साथ विकास यात्रा के संबंध में समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद श्री सिंह सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 5, 6 एवं 7 फरवरी को प्रातः 10 बजे विकास यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह 7 फरवरी को शाम 5 बजे मंडला से अनुपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

’मैं भारत हूँ, हम भारत के मतदाता हैं’’ गीत के प्रचार-प्रसार के निर्देश

 

मण्डला 2 फरवरी 2023

अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने आयोग के गीत ’’मैं भारत हूँ, हम भारत के मतदाता हैं’’ का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने एवं सभी स्कूल कॉलेजों में इस गीत को अनिवार्य रूप से बजाने के निर्देश दिए हैं। उक्त गीत के हिन्दी वर्जन की आयोग से प्राप्त लिंक https://youtu.be/-x6cXNUuEdk से अपनी शैक्षणिक संस्थान में गीत बजवाने तथा गीत की लिंक छात्र-छात्राओं के व्हाट्सऐप ग्रुप, संस्था के सोशल मीडिया एकाउंट में भी शेयर व पोस्ट करने तथा गीत के प्रसार हेतु की गई कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

’एडॉप्ट एन आँगनवाड़ी’ योजना से आंगनवाड़ी केन्द्र बनी आकर्षक

जनसहयोग से तैयार हुए किचन गार्डन

 

मण्डला 2 फरवरी 2023

प्रदेश सरकार के आव्हान पर अडॉप्ट एन आँगनवाड़ी योजना प्रारंभ हुई। इस योजना के द्वारा जनसहयोग से आँगनवाड़ी केन्द्रों का कायाकल्प किया जा रहा है। एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम से अब आंगनवाड़ी केन्द्रों का चहुमुखी विकास हो रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा भी स्वेच्छा से आंगनवाड़ी केन्द्रों को गोद लेकर उनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। महिला एवं बाल विकास परियोजना बीजाडांडी के आंगनवाड़ी केन्द्र नैझरटोला को भी अडॉप्ट कर पैंटिंग एवं आकर्षक साज-सज्जा कराया तथा जनसहयोग से बच्चों के लिए खिलौने एकत्रित किए गए।

आंगनवाड़ी केन्द्र की कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों के सहयोग से केन्द्र में बच्चों एवं महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। साथ ही जनसहयोग से किचिन, गार्डन भी तैयार किया गया है। इसी प्रकार पोषण मटका में भी जनसहयोग से सामग्री प्राप्त हो रही है।

 

 

 

 

 

ब्लॉक स्तरीय आयुष मेला 5 फरवरी को

 

मण्डला 2 फरवरी 2023

जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि संचालनालय आयुष म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार जिले के 9 ब्लॉकों में संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में ब्लॉक स्तरीय आयुष मेला का आयोजन 5 फरवरी 2023 को किया जाएगा। मेले में स्वस्थ रहने हेतु स्वास्थ्य जागरूकता के साथ ही आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

राष्ट्रव्यापी सम्मान दिवस के अवसर पर पेंशनरों के सम्मान में “सम्मान दिवस समारोह” का आयोजन

 

मण्डला 2 फरवरी 2023

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया उन प्रमुख बैंकों में से एक है जो 3,71,450 से अधिक पेंशनरों के लिए भारत सरकार पेंशन और राज्य सरकार के पेंशन का भुगतान कर रहा है और 31472 सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशनभोगी हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारी और मौजूदा पेंशनभोगी बैंक के सम्मानित ग्राहक हैं। बैंक उनके निरंतर संरक्षण की आशा करते हुए सर्वाेत्तम सेवाएं देकर उनका सम्मान करता रहा है। इसी कड़ी में जिले में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सभी शाखाओं में सम्मान दिवस समारोह का आयोजन किया गया ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सम्मानित किया जा सके एवं उनके अनुभव तथा सुझाव का लाभ आशीर्वचन स्वरूप बैंक को प्राप्त हो। इसी तारतम्य में  शाखाओं द्वारा प्रत्येक सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर को बुलाया गया और गुलदस्ता, शॉल से सम्मानित किया गया।   बैंक से सेवा निवृत्त अश्विनी वाजपेई एवं अजय बडोनीया ने बैंक की योजनाओं के बारे में सभी उपस्थित पेंशनरों को जानकारी दी एवं बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सावधि जमा में सर्वाधिक ब्याज दर 7.85 एवं 8.60 प्रतिशत है जो की सभी बैंकों से सर्वाधिक है।

 

 

 

 

 

 

 

 

रबी विपणन वर्ष 2023 के लिए समर्थन मूल्य निर्धारित

 

मण्डला 2 फरवरी 2023

रबी विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु चना, मसूर, एवं सरसों के लिए 1 फरवरी से 25 फरवरी 2023 तक जिले की सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसान पंजीयन निःशुल्क किया जायेगा। जिन किसानों द्वारा पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर चना, मसूर, एवं सरसों उपार्जन हेतु पंजीयन कराया गया था, उनके लिए पिछले पंजीयन का नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। वे किसान एम.पी. किसान ऐप (निःशुल्क), नियुक्त कॉमन सर्विस सेन्टर, एम.पी. ऑनलाईन (प्रति पंजीयन 50 रूपये) के माध्यम से ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन का नवीनीकरण करा सकते हैं। सिकमी कृषक, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति स्तर पर स्थापित पंजीयन केन्द्रों पर ही उपलब्ध हैं।

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मधुअली ने जिले के समस्त किसानों से अपील है कि आवेदन के अंतिम दिनों में भीड़ से बचने के लिए समय से व आधार कार्ड, बैंक पासबुक, समग्र आई.डी. एवं खसरा आदि की प्रति के साथ समर्थन मूल्य पर चना, मसूर, एवं सरसों विक्रय हेतु किसान पंजीयन केन्द्र में उपस्थित होकर अपना पंजीयन व नवीनीकरण शीघ्र करा लें।

 

Related posts

हम फाउण्डेशन मण्डला जिला कार्यशाला सम्पन्न सत्र 2021-22 हेतु जिला कार्यकारिणी गठित

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 26 मई 2022

Reva India News

एचपीवी टीकाकरण अभियान में मंडला प्रदेश में प्रथम स्थान पर

Reva India News

Leave a Comment