’लाड़ली बहना’ योजना के लिए महिलाओं को विशेष सहयोग करेंगे बैंक
कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को दिए निर्देश
मण्डला 14 मार्च 2023
मुख्यमंत्री ’लाड़ली बहना’ योजना के अंतर्गत योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाओं के समग्र आईडी की ई-केवाईसी सहित अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंगलवार को वीसी के माध्यम से जिले के सभी बैंक अधिकारियों की बैठक ली। उन्हांेने निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत आगामी दिनों में पात्र महिलाओं के बैंकों के माध्यम से आधार लिंकेज, डीबीटी इनेबल प्रक्रिया, खाते खुलवाने सहित अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे। सभी बैंक अधिकारी लाड़ली बहना योजना के लिए पात्र महिलाओं को विशेष सहयोग प्रदान करेंगे। इस दौरान बैंक में महिलाओं के लिए जरूरी काउंटर, बैठने, पीने के पानी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। बैठक में एलडीएम अमित केशरी सहित बैंक अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के दौरान बैंक के माध्यम से होने वाले प्रक्रियाओं में हर ब्रांच का महत्वपूर्ण रोल होगा। ऐसे में बैंक में भीड़ समायोजन सहित अन्य इंतजाम सुनिश्चित करें। सभी बैंक अधिकारी अपने क्षेत्र के सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका से समन्वय करते हुए आधार लिंकेज एवं डीबीटी इनेबल करने की प्रक्रिया प्रारंभ करें। उन्हांेने कहा कि आवश्यकता होने पर पात्र महिलाओं के नए खाते भी खोले जाएंगे। ऐसे में बैंक अधिकारी इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करेंगे। बैठक के अंत में श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि मार्च माह के अंत तक सभी बैंक अपने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करें तथा स्वीकृति एवं लाभ देने की प्रक्रिया को पूर्ण करें।

सभी बैगा महिलाओं को आजीविका की गतिविधियों से जोड़ें
एनआरएलएम की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 14 मार्च 2023
आजीविका मिशन विभाग जिले की सभी बैगा महिलाओं को चिन्हित करते हुए उन्हें आजीविका गतिविधियों से जोड़ें। आजीविका विभाग सर्वे करें, बैगा महिलाओं को चिन्हित करें तथा उनके जीवन स्तर को बेहतर करने स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों में शामिल करें। उक्त निर्देश कलेक्टर हर्षिका सिंह ने एनआरएलएम विभाग की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन विभाग महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से काम करें। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं को चिन्हित करें जिनकी आय एक लाख से कम है। इन महिलाओं को समूहों की गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी आय बढ़ाने का प्रयास करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं के जीवन स्तर एवं उनके आय को बेहतर करने की प्राथमिकता शामिल होना चाहिए।
कलेक्टर ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत समग्र आईडी का ई-केवाईसी करने की प्रक्रिया जारी है। सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने अमले के साथ इस कार्य में सहयोग करें। पंचायत सचिवों से समन्वय करते हुए समग्र आईडी के ई-केवाईसी से छूटे डाटा लें तथा ई-केवाईसी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि आगामी दिनों में बैंकों के माध्यम से आधार लिंकेज तथा डीबीटी इनेबलमेंट का कार्य भी होगा। आगामी 10 से 15 दिनों में उक्त कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराएं। साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की अपने स्तर पर जानकारी प्रसारित करें।
कान्हा क्षेत्र के रिसोर्ट में रखें आजीविका उत्पाद
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि संभाग आयुक्त जबलपुर के निर्देशानुसार कान्हा क्षेत्र के रिसोर्ट में आजीविका मिशन के उत्पादों को रखें। उन्होंने कहा कि उत्पादों की बुकलेट तैयार करें। इस बुकलेट को होटल एवं जिप्सी एसोसिएशन के माध्यम से भी प्रसारित करें। साथ ही होटल के कांउटर भी उपलब्ध कराएं। उन्हांेने फ्लेक्स-बैनर के माध्यम से भी इन उत्पादों एवं विक्रय संबंधी जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि नक्सल प्रभावित पंचायतों में भ्रमण करते हुए इन गावों में स्व-सहायता समूह की गतिविधियों को बढ़ाएं एवं कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने गणवेश एवं पथ विक्रेता योजना की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश भी दिए।

जनसुनवाई में सुनीं गई आमजनों की समस्याएं
मंडला 14 मार्च 2023
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में लगभग 100 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
मंगलवार को सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम छतरपुर घुघरी निवासी नन्हेलाल ने विकलांगता से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएमएचओ को जिला अस्पताल में नन्हेलाल का चैकअप कराने के निर्देश दिए। ग्राम परसाटोला के सरपंच-सचिव ने खेल मैदान एवं नवीन तालाब निर्माण के संबंध में आवेदन दिए जिस पर श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कार्य करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आवास योजना, नलजल योजना, किसान सम्मान निधि, भूमि सीमांकन, विद्युत बिल आदि से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

एसडीएम शिवाली सिंह स्थानांतरित
मण्डला 14 मार्च 2023
स्थानांतरित निवास एसडीएम शिवाली सिंह को मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा विदाई दी गई। इसी प्रकार नवागत एसडीएम सोनम सिडाम का पदस्थापना पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सभी एसडीएम एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि एसडीएम शिवाली सिंह ने नैनपुर एवं निवास दोनों अनुविभागों में रहते हुए अपने दायित्वों का सराहनीय रूप से निर्वहन किया। उन्होंने स्थानांतरित एसडीएम को प्रशासनिक जीवन में सीखते रहने एवं लगातार अपडेट रहने की सलाह दी तथा जबलपुर पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दी। एडीएम मीना मसराम ने कहा कि मंडला जिले में पदस्थापना के दौरान मिले अनुभवों से सीखते हुए भविष्य में इनका उपयोग करें। जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड ने एसडीएम शिवाली सिंह को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि नवागत एसडीएम सोनम सिडाम घुघरी एसडीएम तथा प्रियंका वर्मा निवास एसडीएम रहेगी।
स्थानांतरित एसडीएम शिवाली सिंह ने अपने विदाई समारोह में कहा कि अपने प्रशासनिक जीवन की मंडला जिले में पहली पदस्थापना के दौरान उन्होंने कलेक्टर हर्षिका सिंह सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में काफी-कुछ सीखा है। उन्हांेने कहा कि मंडला जिले के दोनों अनुविभागों में एसडीएम के रूप में मिले अनुभवों एवं जिले के लोगों की सरलता एवं सहृदयता को आजीवन याद रखेगी।

प्राकृतिक कृषि प्रोत्साहन एवं प्रशिक्षण के लिये पंजीयन
मण्डला 14 मार्च 2023
परियोजना संचालक आत्मा किसान कल्याण ने बताया कि जिले में प्राकृतिक कृषि प्रोत्साहन एवं प्रशिक्षण के लिये 100 ग्रामों का चयन कर प्राकृतिक खेती प्रारंभ की जाएगी। प्राकृतिक कृषि एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें पौधों के स्वास्थ्य पर नहीं, बल्कि भूमि के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। शासन की मंशानुसार म.प्र. में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक कृषि करने वाले इच्छुक कृषक अपना पंजीयन विभागीय वेब पोर्टल http://nf.mpkrishi.org/User_Mgmt/Frm_Signaspx पर नए किसान पंजीयन टैब पर क्लिक कर पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाईन पंजीयन कराने में यदि कोई तकनीकि समस्या होने पर विकासखण्ड स्तरीय कार्यालय, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। पंजीकृत कृषकों को विभाग द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। पंजीयन के लिए किसान का पूरा नाम, ग्राम, विकासखण्ड, मोबाईल नंबर, आधार नंबर, पिन कोड, जिस भूमि पर प्राकृतिक खेती करना है का, खसरा नंबर, प्राकृतिक खेती के लिए रकबा, गायों की संख्या, प्राकृतिक खेती के लिए मौसम (खरीफ/रबी) फसल का नाम व किस्म, इत्यादि सामान्य जानकारी पोर्टल पर फीड करने की आवश्यकता होगी। सभी किसानों से अपील की गई है कि प्राकृतिक कृषि में रूचि रखने वाले अधिकाधिक किसान वेब पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीयन कराएं।

अवैध विक्रय के लिए लाई जाने वाली उपज की रोकथाम हेतु दल गठित
मण्डला 14 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मध्यप्रदेश शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण भोपाल के द्वारा जारी उपार्जन नीति रबी विपणन मौसम 2023-24 के अनुसार पड़ोसी राज्य (छत्तीसगढ़) से जिले के उपार्जन केन्द्र पर अवैध विक्रय हेतु लाई जाने वाली उपज की रोकथाम हेतु चैकिंग दल का गठन किया गया है। गठित दल में तहसीलदार बिछिया शीतल चन्द्रवंशी मोबाईल नं. 7987791069, थाना प्रभारी उपेन्द्र दुबे थाना मोतीनाला मोबाईल नं. 9644613321, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मवई पीतम डेहरिया मोबाईल नं. 6267520638, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी खलौड़ी सरिता सैयाम मो.नं. 9691295448, आरआई मोतीनाला रामप्रकाश बरकड़े मो.नं. 7089113977, हल्का पटवारी खलौड़ी विजय नायक मो.नं. 6267423577 एवं हल्का पटवारी भीमडोंगरी रवीन्द्र उइके मो.नं. 8770765278 है। उक्त दल छत्तीसगढ़ राज्य से जिले के उपार्जन केन्द्रों में अवैध रूप से विक्रय हेतु लाई जाने वाली उपज (गेहूं) की रोकथाम हेतु उपार्जन कार्य पूर्ण होने तक नियमित रूप से आवश्यक कार्यवाही कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 14 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक चेतसिंह, ग्राम जेवरा निवासी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक द्रोपती बाई को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

31 तक बबैहा पुल पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
मण्डला 14 मार्च 2023
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह द्वारा बरेला-मंडला मार्ग पर बबैहा के निकट पुल को समस्त प्रकार के वाहनों के लिए 13 मार्च से 31 मार्च 2023 तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित किए गए मध्यम मालयान एवं भारी मालयानों हेतु मंडला- फूलसागर- बबलिया- निवास- बरेला मार्ग का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार 2 पहिया, 3 पहिया, 4 पहिया वाहनों एवं समस्त बसों तथा ज्वलनशील पदार्थों के टेंकर (पेट्रोल, डीजल, केरोसीन) हेतु मंडला -फूलसागर -बबलिया -नारायणगंज -बीजाडांडी -बरेला मार्ग का उपयोग किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने मण्डला-जबलपुर राजमार्ग बंद करने के संबंध में कहा है कि मार्ग बंद करने से ज़िले की जनता एवं आमजनों को हुई असुविधा के लिए ज़िला प्रशासन की ओर से खेद है किंतु जनता की सुरक्षा की दृष्टि से भी यह अत्यंत आवश्यक है।

15 मार्च विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर होगा कार्यशाला का आयोजन
मण्डला 14 मार्च 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 15 मार्च 2023 को विश्व उपभोक्ता दिवस का आयोजन किया जा रहा है। विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु योजना भवन सभाकक्ष में दोपहर 3 बजे से उपभोक्ता हितों पर जानकारी एवं समस्याओं के निराकरण हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसमें अध्यक्ष, सदस्य (सर्व), जिला उपभोक्ता फोरम मण्डला, स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन सर्व जिला मण्डला, कार्यपालन यंत्री, एमपीईबी मण्डला, जिला प्रबंधक म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पाे. लि. मण्डला, अनुविभागीय अधिकारी दूरसंचार विभाग मण्डला, निरीक्षक नापतौल विभाग मण्डला, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग मण्डला, शाखा प्रबंधक भारतीय जीवन बीमा निगम मण्डला, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. मण्डला, प्रबंधक, मण्डला गैस एंजेसी एवं मूलचंदानी गैस एंजेसी मण्डला, मेसर्स सांईनाथ फयूल्स महाराजपुर, मेसर्स रिलायंस पेट्रोलियम बिंझिया, मेसर्स नंद किशोर पेट्रोल पंप मण्डला एवं उपभोक्ताओं को योजना भवन सभाकक्ष में उपस्थित रहेंगे।

पेयजल समस्या के निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
मण्डला 14 मार्च 2023
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। कंट्रोल रूम में हेंडपंप तथा नलजल योजनाओं के संचालन-संधारण से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जानकारी के अनुसार उपयंत्री सुमनरानी मरावी मोबाईल नंबर 9424976401 को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह कंट्रोल रूम कार्यदिवसों में प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे।

