शिकायतों का निवारण कर प्रतिदिन रिपोर्ट दें अधिकारी – हर्षिका सिंह
समय-सीमा बैठक संपन्न
मण्डला 13 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी सप्ताह में प्रकरणों का अधिक से अधिक निराकरण करें। प्रकरणों को संतुष्टि के साथ निराकृत करें। सभी जिलाधिकारी प्रतिदिन शिकायतों का निवारण करते हुए शाम को रिपोर्ट देना सुनिश्चित करेंगे। श्रीमती सिंह ने ’डी श्रेणी’ के विभागों से जवाब मांगे तथा निम्न 5 स्तर के विभागों को फटकार लगाई। उन्होंने श्रम विभाग, राजस्व विभाग की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण करें। सभी विभाग अपने विभागों का संतुष्टि का लक्ष्य कम से कम 80 प्रतिशत रखें। उन्हांेने जल संसाधन विभाग से सिंचाई के लिए प्रदान किए जा रहे पानी की जानकारी ली। साथ ही कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि थावर तथा मटियारी बांधों के जल स्तर की तुलनात्मक रिपोर्ट बनाएं। उन्हांेने शिकायतों को अटेंड नहीं करने वाले अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में ’समाधान ऑनलाईन’ कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्हांेने लाड़ली बहना योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी एसडीएम, सीएमओ नगरपालिका तथा सीईओ जनपद अपने क्षेत्र में योजना का लाभ प्रदान करने के लिए ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण करें। उन्हांेने कहा कि ई-केवाईसी के कार्य में किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं किया जाएगा। इसके लिए सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के कॉमन सर्विस सेंटर तथा लोक सेवा केन्द्रों के संचालकों की बैठक लें तथा आवश्यक निर्देश दें। उन्हांेने कहा कि लोगों को लाड़ली बहना योजना की अधिक से अधिक जानकारी दें तथा स्थानीय स्तर के जिम्मेदार तथा जागरूक लोगों का सहयोग भी प्राप्त करें। उन्हांेने समग्र आईडी की ई-केवाईसी की ब्लॉकवार समीक्षा भी की।
श्रीमती सिंह ने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि एक साल से अधिक के लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। इसी प्रकार राजस्व वसूली में प्रगति लाएं। उन्हांेने कान्हा क्षेत्र के सभी रिसोर्ट संचालकों को निर्देशित किया कि नियमानुसार राजस्व शुल्क जमा करें अन्यथा रिसोर्ट सील करने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में उन्होंने गणवेश, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्व-सहायता समूह, टंटया मामा तथा बिरसामुंडा योजना की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत सभी निकायों में कैम्प लगाएं। कलेक्टर ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस सप्ताह नक्सल प्रभावित पंचायतों का भ्रमण करें तथा अपने विभाग की पात्रताओं का चिन्हांकन करते हुए लाभ दें। उन्हांेने इन क्षेत्र में राजस्व कैम्प लगाने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल-जीवन मिशन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर जल स्तर की निगरानी करें। उन्होंने सभी एसडीएम से उनके क्षेत्र में पेयजल परिवहन की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि पेयजल से संबंधित समस्या आने पर तत्काल समन्वय करते हुए समस्या का निराकरण करें। बैठक में उन्होंने स्वामित्व योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्रकाशन, ग्राउंड ट्रूथिंग तथा आरओआर फीडिंग का कार्य अनिवार्यतः करें। उन्होंने पीडीएस वितरण की समीक्षा की। साथ ही किसान पंजीयन के बारे में भी जानकारी ली।
साक्षरता अभियान परीक्षा की तैयारियां करें पूर्ण
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में ज़िले में साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। सभी बीआरसी एवं सीडीपीओ परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को अंतिम रूप दें। इन परीक्षाओं का आयोजन मनरेगा एवं अन्य कार्य स्थलों पर भी किया जा सकता है। श्रीमती सिंह ने कहा कि संबंधित विभाग समन्वय करते हुए परीक्षाओं के संचालन को सुचारु रूप से व्यवस्थित करें।

कलेक्टर ने की उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा
मण्डला 13 मार्च 2023
उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि मापदंडों का पालन करते हुए उपार्जन केन्द्रों के निर्धारण की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें। चना, मसूर एवं सरसों उपार्जन के लिए पृथक से केन्द्र निर्धारित करें। उपार्जन करने वाले स्व-सहायता समूह एवं एफपीओ की पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन के लिए किए गए पंजीयन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्पादन के आधार पर बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों से गेहूं के भंडारण के लिए स्थानों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर ने परिवहन तथा उर्वरक के विक्रय एवं उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: ब्लॉक स्तरीय वर्कशॉप आयोजित
मण्डला 13 मार्च 2023
प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ 5 मार्च को किया गया। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रचार-प्रसार एवं योजना का लाभ देने, आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए ब्लॉक स्तरों पर लाड़ली बहना वर्कशॉप आयोजित की जा रही हैं। साथ ही घर-घर सेर्व का कार्य भी किया जा रहा है। इसी प्रकार मैदानी अमले द्वारा आमजनों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज एवं योजना के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है।

राष्ट्रीय महिला जागरूकता सप्ताह: विधिक जागरूकता शिविर संपन्न
मण्डला 13 मार्च 2023
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं श्रीमती विधि सक्सेना प्रभारी प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में तथा सचिव श्री डीआर कुमरे प्रमुख उपस्थिति में राष्ट्रीय महिला आयोग के समन्वय से राष्ट्रीय महिला सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत स्वधार महिला अल्पावधि गृह मंडला में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिविर में घरेलू हिंसा, हिंदू विवाह अधिनियम, उतराधिकार अधिनियम एवं दांडिक विधि की जानकारी दी गई। साथ ही स्वधारगृह में निवासरत महिलाओं की समस्याओं की भी जानकारी ली गई। शिविर में गायत्री सरोते जो पति की प्रताड़ना से परेशान होकर घर छोड़कर कलेक्टर मंडला के आदेशानुसार स्वधारगृह में रह रही थी। उसके पति सुरेश निवासी सूरज पर को बुलवाया जाकर समझाइश दी गई जिससे दोनों पुनः एक साथ रहने तैयार हो गए। इसी प्रकार एक महिला को विधिक सहायता से भरणपोषण का प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की भी कार्यवाही की गई। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय खोबरागड़े एवं स्वधारगृह के सभी कर्मचारी स्टॉफ उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले में 51 का चयन
मण्डला 13 मार्च 2023
शासकीय आईटीआई मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया गया। मेले में लगभग 270 ऑनलाइन, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन हुए एवं लगभग 85 अभ्यर्थी मेले में उपस्थित हुए जिसमें धुत ट्रांसमिशन कम्पनी पीथमपुर, एविटेक कंपनी पीथमपुर एवं याजाकी कंपनी भोपाल के लिए 51 अभ्यर्थियों का प्रारम्भिक चयन किया गया। इस अवसर पर संस्था प्राचार्य आर.एस. वरकडे, प्रशिक्षण अधीक्षक डी.के. चंदेश्वर, प्रशिक्षण अधिकारी आनंद मरावी, वैशाली कामड़े, धनंजय चौकसे, ललित मरावी, सुभाष भारतीया एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 13 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक तारेन्द्र कुमार, ग्राम ददरगांव निवासी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रामप्रसाद को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

एनीमिया के स्तर को कम करने में सहायक होता है फोर्टिफाइड चावल
मण्डला 13 मार्च 2023
सरकारी राशन दुकानों में फोर्टिफाइड चावल दिया जाने लगा है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के स्तर को कम करने के लिए फूड फोर्टीफिकेशन की प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है। सभी सरकारी राशन दुकानों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में फोर्टिफाइड (पोषण युक्त) चावल का वितरण सभी जगह किया जा रहा है।
खास है चावल
न्यूट्रिशियन इंटरनेशनल संस्था के संभागीय समन्वयक पवन मुदगल ने बताया है कि चावल के दानों का आटा बनाकर उसमें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व को मिलाकर चावल के आकार के दानों का निर्माण किया जाता है जो पूरी तरह चावल के आटे एवं पोषण तत्वों को मिलाकर बनाए जाते हैं। इसके बाद ग्राम सामान्य चावल में 10 ग्राम फोर्टिफाइड चावल के दानों को मिलाकर 1 किलो फोर्टिफाइड चावल बनाया जाता है। फोर्टिफाइड चावल आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के स्तर को कम करने में सहायक होता है जो कि जनवरी माह से सभी राशन दुकानों के पात्र हितग्राहियों को वितरण किया जा रहा है। ऐसे चावल को पकाते समय झाग दिखता है जो कि फोर्टिफाइड चावल के कारण होता है।

