विधानसभा आम निर्वाचन-2023
कलेक्टर ने किया स्ट्रांग रूम, मतगणना
एवं सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण
मंडला 27 अक्टूबर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने अधिकारियों के साथ स्ट्रांग रूम, मतगणना एवं सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने विधानसभा निर्वाचन के परिप्रेक्ष्य में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल एवं मतदान सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए कार्य किया जावे। 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे एवं पुलिस बल के साथ निगरानी की जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले की सभी तीनों विधानसभा क्षेत्रों की सामग्री का वितरण शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से किया जाना है। सामग्री पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में ही जमा होगी। कलेक्टर ने विधानसभा क्षेत्रवार सामग्री वितरण एवं जमा करने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल तथा काउंटर पर आवश्यक सूचनाएं अंकित करें। विधानसभा क्षेत्रवार पार्किंग की व्यवस्था करें। कलेक्टर ने शौचालय, पेयजल आदि की व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, हुनेन्द्र घोरमारे, ईईपीडब्ल्यूडी शारदा सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
माईक्रो ऑब्जर्वर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न
मंडला 27 अक्टूबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी चुनाव प्रकिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दौरान जिले में तैनात किए जा रहे माईक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में आयोजित किया गया। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि माईक्रो ऑब्जर्वर्स को निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी होना आवश्यक है। माइक्रो ऑब्जर्वर किसी मतदान दलों की कार्यवाही में दखल दिये बगैर सुपरविजन का कार्य करेंगे और विधि और सम्यक रुप से हो रही मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर्स को मतदान की प्रक्रिया की जानकारी से पूरी तरह दक्ष होना आवश्यक है। ताकि वे आवश्यक पड़ने पर मार्गदर्शन और सहयोग भी कर सकेंगे। प्रशिक्षण मंे जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. एसके श्रीवास्तव ने माईक्रो ऑब्जर्वर्स को उनके दायित्व, कार्यविधियां तथा मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदान अधिकारी क्रं.-3 का प्रशिक्षण संपन्न
मंडला 27 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं.-2 में मतदान अधिकारी नंबर 3 का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संबंधितों को मतदान पर्ची लेना, अमिट स्याही देखना, कंट्रोल यूनिट का बटन दबाना, मतदाता को मतदान हेतु समझाईश के साथ-साथ ईव्हीएम मशीन के संचालन, मतदान कक्ष की व्यवस्था, मॉकपोल, सीलिंग प्रक्रिया तथा मतदान अधिकारी क्रं. 3 के दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए संबंधितों को निर्वाचन के कार्य को गंभीरतापूर्वक संपादित करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में बतलाई गई बातें मतदान के दिन बहुत ही मददगार साबित होती हैं। सभी प्रशिक्षणार्थी मतदान की प्रक्रिया और अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से सीखें-समझें तथा अपनी शंकाओं का समाधान भी प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त करें। इस दौरान सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित उपस्थित रहे।

27 अक्टूबर को 6 अभ्यर्थी ने भरे नामांकन
मंडला 27 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत 27 अक्टूबर को जिले में 6 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन प्रस्तुत किए गए हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 105 बिछिया विधानसभा क्षेत्र से गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के कमलेश तेकाम द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया है। 106 निवास विधानसभा क्षेत्र से गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी से देवेन्द्र सिंह मरावी तथा भारतीय जनता पार्टी से फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया है। इसी प्रकार 107 मंडला विधानसभा क्षेत्र से शिवराज शाह ने निर्दलीय, आजाद समाज पार्टी से शिशु सिंधु भलावी तथा उर्मिला उइके ने निर्दलीय नामांकन पत्र प्रस्तुत किया है। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2023 नियत है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
एफएसटी एवं एसएसटी टीम की कार्यवाही में 258 लीटर शराब जब्त
मंडला 27 अक्टूबर 2023
जिला मंडला में विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिला कम्पलेंट सेल एवं सी-विजिल कन्ट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक सी-विजिल ऐप के माध्यम से 33 प्रकरण आदर्श आचरण संहिता उल्लंघन से संबंधित पाये गये जिन पर एफएसटी टीम द्वारा कार्यवाही की जाकर सभी प्रकरणों को निराकृत किया गया। निर्वाचन से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मेंनेजमेंट सिस्टम द्वारा आबकारी विभाग एवं एसएसटी टीम के माध्यम से 258 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चालीस हजार तीन सौ अस्सी रूपये है। अन्य वस्तुओं के साथ एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है, जिससे शराब परिवहन किया जा रहा था अन्य वस्तुओं की कुल कीमत तीन लाख पचास हजार एक सौ रूपये अनुमानित दर्ज की गई है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 148 शिकायत दर्ज की गई है जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चेक पोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण, निगरानी का कार्य किया जा रहा हैं।

सीएल वर्मा नोडल अधिकारी नियुक्त
मंडला 27 अक्टूबर 2023
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव 2023 के अंतर्गत प्रत्येक मतदान दलों एवं सेक्टर ऑफीसर्स के वाहनों में जीपीएस बेस ट्रेकिंग सिस्टम सुनिश्चित किया जा रहा है। उक्त कार्य के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
जिला व्यय अनुवीक्षण समिति दल गठित
मंडला 27 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रं. 105 बिछिया, 106 निवास एवं 107 मंडला के लिए जिला स्तर पर जिला व्यय अनुवीक्षण समिति (डीईएमसी) दल का गठन किया गया है। दल में व्यय प्रेक्षक एस साथिया नारायणन, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना तथा व्यय अनुवेक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी लालशाह जगेत शामिल हैं।

