Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिलाविधानसभा 2023

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 24 नवम्बर 2023

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

समाचार

संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में मतगणना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा – डॉ. सिडाना

ईव्हीएम तथा डाक मतपत्र से मतगणना संबंधी प्रशिक्षण संपन्न

मंडला 24 नवम्बर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत जिले के बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 3 दिसंबर को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में संपन्न होगी। इस संबंध में रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गणना अधिकारी एवं सहायकों का प्रथम चरण में ईव्हीएम मशीन तथा द्वितीय चरण में डाक मतपत्रों से मतगणना के संबंध में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में मतगणना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। मतगणना कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी, कर्मचारी नियमों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें। उन्हें मतगणना की पूरी प्रक्रिया का भली भांति ज्ञान होना आवश्यक है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी प्रशिक्षण के दौरान अपनी शंका और जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त करें। उन्होंने मतगणना के दौरान गोपनीयता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में कुशल प्रशिक्षक डॉ. टीपी मिश्रा, डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव एवं डीके रोहिताष ने डमी ईव्हीएम एवं पीपीटी के माध्यम से मतगणना संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया।

 

 

 

 

 

 

समाचार

उपार्जन में मानक स्तर का ध्यान रखें – डॉ. सलोनी सिडाना

उपार्जन समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मंडला 24 नवम्बर 2023

                आगामी 1 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले उपार्जन के संबंध में उपार्जन समितियों के प्रबंधकों की बैठक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मंडला के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों में खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करें। किसानों के लिए पेयजल, छाया सहित अन्य व्यवस्थाएं रखें। उपार्जन के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देश खरीदी केन्द्रों में चस्पा करें। समिति प्रबंधक उपार्जन नीति का अध्ययन करें तथा दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें। खरीदी में मानक स्तर पर विशेष ध्यान दें। अमानक धान की खरीदी पर संबंधितों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। कलेक्टर ने उपार्जन के दौरान विधानसभा निर्वाचन की आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी खरीदी केन्द्रों में तौल कांटा, कम्प्यूटर, ऑपरेटर, इंटरनेट सहित अन्य व्यवस्थाओं की नियमानुसार उपलब्धता करें। सेम्पल के नाम पर निर्धारित मात्रा से अधिक धान न लें। खरीदी के साथ ही ऑनलाईन एंट्री करें। उपार्जन के संबंध में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल संबंधित एसडीएम के संज्ञान में लाएं। कलेक्टर ने बारदाना की उपलब्धता, स्टेंन्सिल, परिवहन आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक श्री कोरी तथा जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज पुरवलिया सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

समाचार

ओव्हरलोड एवं अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध चैकिंग की कार्यवाही

मंडला 24 नवम्बर 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के आदेशानुसार एवं जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे द्वारा ओव्हरलोड एवं अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध चैकिंग की कार्यवाही के तहत 23 नवंबर 2023 को मण्डला-नैनपुर मार्ग पर 20 वाहनों की जांच की गई, जिसमें वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, लायसेंस, मोटरयान कर एवं ओव्हर लोडिंग आदि की जांच की गई। चैकिंग के दौरान वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडडी 9138 एवं एमपी 20 एचबी 7838 ओव्हरलोड संचालन करते पाये गये, जिसमें दोनों वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत 23 हजार रूपए एवं 42 हजार कुल 65 हजार रूपए की चालानी कार्यवाही की गई। वाहनों की जांच लगातार जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

समाचार

मतगणना की डाटा एंट्री संबंधी प्रशिक्षण आज

मंडला 24 नवम्बर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत 3 दिसंबर को आयोजित होने वाली मतगणना के लिए संबंधित अधिकारी, कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में मतगणना संबंधी डाटा एंट्री एवं एनकोर ऐप में एंट्री से संबंधित प्रशिक्षण 25 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे से 12:30 बजे तक आरडीपीजी कॉलेज मंडला में प्रदान किया जाएगा। संबंधितों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

समाचार

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया स्ट्राँग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण

 

मंडला 24 नवम्बर 2023

                अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मप्र श्री राजेश कौल ने आज मण्डला में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला पहुंचकर स्ट्राँग रूम तथा मतगणना हेतु की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। श्री कौल ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीव्ही कैमरा, मीडिया सेंटर, उद्घोषणा कक्ष, गणना कक्ष की बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग आदि की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने मतगणना हेतु की जा रही तैयारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह तथा तीनों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

समाचार

संविधान दिवस 26 को

 

मंडला 24 नवम्बर 2023

                प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 26 नवंबर 2023 को संविधान दिवस मनाया जाएगा। समस्त शासकीय कार्यालयों में अधिकारी एवं कर्मचारीगण 26 नवंबर को प्रातः 11 बजे संविधान दिवस की शपथ दिलाई जाएगी। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

समाचार

टीएल बैठक 28 को

 

मंडला 24 नवम्बर 2023

                समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक 28 नवंबर 2023 को प्रातः 10:30 बजे से जिला योजना भवन में आयोजित की गई है। बैठक में टीएल के पत्रों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उपार्जन, मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत खाद्यान्न उठाव, हालोन ग्रुप वाटर योजना के प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। संबंधितों को एजेंडावार जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा खाटू महाराज के जन्मोत्सव पर भजन संध्या का हुआ आयोजन


                          मण्डला। एक शाम खाटू वाले के नाम श्री श्याम जी संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन श्री श्याम मित्र मंडल मण्डला द्वारा किया गया। खाटू जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विदिशा से प्रतिमा बुलाई गई वहीं पुष्प साज-सज्जा के लिए दिल्ली से कलाकार आए हुए थे जिन्होंने आकर्षक सजावट कर सब का मन मोह लिया वहीं भजन गायक हर्ष शर्मा और उनके सहयोगियों ने संकीर्तन की ऐसी समा बांधी की भक्तगण मोहित हो गए। मण्डला में खाटू जी महाराज के लगभग एक सैकड़ा भक्त बताए जाते हैं जो समय-समय पर उनके दर्शन के लिए राजस्थान के सीकर जिला जाया करते हैं जहां पर विराजमान खाटू महाराज के दर्शन करते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दरबार से कभी कोई निराश नही लौंटा है। यहां लगाई गई अर्जी कभी खाली नही जाती है।

अब यहां की मित्र मंडली मण्डला में भी मंदिर स्थापना में प्रयासरत बताई जा रही है। समाजिक कार्यकर्ता अभिषेक बिलैया ने बताया कि एकादशी ग्यारस के दिन खाटू जी महाराज का जन्मउत्सव मनाया जाता है बिना किसी तैयारी के अचानक कार्यक्रम की रूपरेखा बनीं और सहयोगियो ने बाबा के आर्शीवाद से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। मंडल ने चौपार्टी के सामने श्री श्याम बाबा के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर आतिशबाजी की तथा एक-दूसरे को बधाईयां दी। जहां खाटू श्याम के भजनों पर श्रृद्धालु जमकर झूमते दिखाई दिए। इस मौके पर भक्तों ने कार्यक्रम स्थल को रंगीन गुब्बारों के साथ मोर पंख, कृष्णा कटआउट, मटकी, बांसुरी आदि से सजाया हुआ था। जागरण स्थल की भव्य सजावट सबका मनमोह रही थी।

यहां पूरे समय तक श्याम प्रेमियों में जन्मदिन खाटू वाले के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। श्री श्याम वंदना सज धज कर बैठयो, सांवरिये यो बैठो मुस्कावे से शुभारंभ किया। वहीं यहां हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा, ऐसा जादू सांवरिया है तेरे प्यार में दीवाना, होकर नांचू तेरे दरबार में, एक बार तो हामी भर दे हम जान लुटा देंगे, बाबा खाटू श्याम के जन्मदिन पर विशेष भजन संदेशा खुशियों का लाया, जन्मदिन बाबा का आया, हैप्पी बर्थडे टू यू बाबा श्याम, कण कण में बास है जिसका, तिहूंलोक पे राज है उसका श्याम प्रभु को कोई अपना बनाकर देखो, कितना प्यार लुटाया प्रेम बढ़ाकर देखो, भजन कलाकार हर्ष शर्मा ने जब से देखा तुझे जाने किया हो गया, खाटू वाले श्याम मैं तेरा हो गया, खाटू वाले बाबा श्याम पर, भगत के वश में है भगवान, कर दे बैठा पार श्याम जैसे एक से बढक़र एक भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान विनय वरदानी, सृजल तिवारी, विन्नू तलरेजा, दिनेश पटैल, सुरजीत चौरसिया, सन्नी माखीजा, रोहित क्षत्री, अजय पमनानी, जितेन्द्र वर्बे, सन्नी कोष्ठा, बाबा चौरसिया, वैभव रहदवानी, यश, राजेश चौकसे, गोलू पोयाम, रोमिल सुखवानी, तनवीर खान, हिमांशु मालवानी, गिरीश अग्रवाल, शनि रेहदवानी, यश सिंगरौरे, प्रार्थ पाठक, आकाश क्षत्री, चंदू बिरयानी, पार्श जैन, राजू कोष्ठा, मानस गोयल, हेमंत, श्रीकांत, आयुष, पवन सोनी,  राजेश अग्रवाल, मधुर अग्रवाल, राजा चौरसिया, शेकी साहू, हितेन्द्र चौरसिया, हर्षित शर्मा, महेश यादव, विक्की चंद्रौल, आशु सुखवानी सहित नगर के व्यापारियों ने कार्यक्रम पर सहयोग किया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले, पत्रकार परिषद जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, समाजसेवी राजा शुक्ला,  राजेश शर्मा, प्रफुल्ल मिश्रा, अधिवक्ता संजय मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, आशीष रावत सहित गणमान्य नागरिक पहुंचे। जिन्होंने पूजन अर्चन करते हुए बाबा के जयकारे लगाए।

वहीं शैलेष दुबे द्वारा उपस्थित भक्तगणों को मोली बांधकर हवन कराया गया। बता दें कि बाबा खाटू श्याम का संबंध महाभारत काल से माना जाता है। यह पांडुपुत्र भीम के पौत्र थे। पौराणिक कथा के अनुसार खाटू श्याम की अपार शक्ति और क्षमता से प्रभावित होकर श्रीकृष्ण ने इन्हें कलियुग में अपने नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। वनवास के दौरान जब पांडव अपनी जान बचाते हुए भटक रहे थे तब भीम का सामना हिडिम्बा से हुआ था।

 

शुचि एवं अवनि का सम्मान

मंडला। देवोत्थान एकादशी के अवसर पर प्राचीन सिंहवाहिनी के निकट नव युवा दुर्गोत्सव समिति नामदेव मुहल्ला द्वारा वरिष्ठ पत्रकार श्री सुधीर उपाध्याय की पुत्री कु. शुचि उपाध्याय का मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम (अंडर 19 एवं अंडर 23 महिला) में चयन होने पर तथा मंडला की बेटी अवनि वर्मा को उनके संगीत क्षेत्र में उपलब्धि पर उन्हें स्मृति चिन्ह से सम्मानित कर मां भगवती से उनके उज्वल भविष्य की प्रार्थना की है। उल्लेखनीय है कि कु. शुचि मंडला जिले की पहली महिला खिलाड़ी है जिसे मध्यप्रदेश क्रिकेट का सदस्य होने का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं अवनि वर्मा के गीत को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शॉर्टलिस्टेड किया गया है। इस अवसर पर दिनेश पाठक, अरूण डोंगसरे, विमल नामदेव, निर्मल नामदेव, मधु दुबे, राजेश दुबे, मनोज ताम्रकार, पंकज नामदेव, रूपेश नामदेव एवं किरण नामदेव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related posts

उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए आवेदन पत्र 15 अक्टूबर तक आमंत्रित

Reva India News

टीएल बैठक आयोजित, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

Reva India News

एएनएम ट्रेनिंग सेंटर मंडला में सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर का आयोजन

Reva India News

Leave a Comment