जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भक्ति पर्व 26 अगस्त तक मनाया जायेगा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया
मंडला 24 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति पर्व का आयोजन प्रदेश के विभिन्न स्थलों पर किया जा रहा है। तीन दिवसीय भक्ति पर्व का आयोजन मंडला जिला मुख्यालय में 24 से 26 अगस्त 2024 तक मनाया जाएगा। संचालनालय द्वारा भक्ति पर्व में विशेष रूप से श्रीकृष्ण पर केंद्रित रासलीला, स्थानीय बोली में कृष्ण गायन और भक्ति गायन की प्रस्तुतियां दी जायेगी। संचालित विभिन्न गतिविधियों में संचालनालय की ओर से मंचीय व्यवस्थाएं, लाइट, साउंड, प्रचार प्रसार, सामग्री, दस्तावेजीकरण एवं आमंत्रित कलाकारों के मानदेय का वहन किया जायेगा। आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन मंडला की ओर से तीन दिवसीय भक्ति पर्व के लिए जिला मुख्यालय में सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण मंडला में कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। आयोजित कार्यक्रम के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का प्रसारण महत्वपूर्ण मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों में होगा
मंडला 24 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव अंतर्गत प्रदेश में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होना प्रस्तावित है। उक्त कार्यक्रमों का प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से महत्वपूर्ण मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा। संयुक्त कलेक्टर मंडला ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत मंडला, नैनपुर, निवास, बिछिया, घुघरी बम्हनी बंजर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मंडला, नैनपुर, निवास, बिछिया, घुघरी, मवई, मोहगांव, नारायणगंज और बीजाडांडी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम का प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से महत्वपूर्ण मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों में करने के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
उद्योगों को दक्ष मानव संसाधन मुहैया करवाने की प्रमुख संस्था बने क्रिस्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
वृहद स्तर पर प्रशिक्षण के समयबद्ध कार्यक्रम किए जाएं निर्धारित
मुख्यमंत्री ने क्रिस्प की साधारण सभा की बैठक में दिए निर्देश
मण्डला 24 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉरमेंस (क्रिस्प) द्वारा प्रदेश में स्थापित हो रही नई औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकता के अनुसार बहुमुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं। ये प्रशिक्षण कार्यक्रम रोजगार परक हों। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ इंजीनियरिंग कॉलेज और आई.टी.आई के विद्यार्थियों को भी मिले। क्रिस्प, उद्योगों को दक्ष मानव संसाधन मुहैया करवाने की प्रमुख संस्था बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में क्रिस्प संस्था की साधारण सभा की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, सूक्ष्म,लघु और मध्यम उद्योग मंत्री श्री चेतन्य काश्यप, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, कौशल विकास और रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल भी बैठक में उपस्थित थे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान बैठक से वर्चुअल जुड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चयनित विधाओं में क्रिस्प द्वारा ट्रेनिंग दी जाए। ऐसे कोर्स डिजाइन करें जो युवाओं के लिए उपयोगी हों। क्रिस्प एक महत्वपूर्ण संस्था है, जिसने केन्द्र और राज्य सरकार के विभागों के अमले को दक्ष बनाने में योगदान दिया है। क्रिस्प द्वारा राज्य के हित में रोजगारमूलक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन का कार्य किया जाए। फार्मास्युटिकल, मोबाइल रिपेयरिंग सहित अनेक क्षेत्रों में आज प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता है, इसकी पूर्ति क्रिस्प के माध्यम से की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वृहद स्तर पर प्रशिक्षण का समयबद्ध कार्यक्रम तैयार किया जाए। बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा श्री एम.रघुराज ने प्रेजेंटेशन में बताया कि वर्ष 1997 में भारत सरकार एवं जर्मन शासन के सहयोग से तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत यह स्वायत संस्थान प्रारंभ हुआ। संस्थान द्वारा प्रशिक्षण, कौशल विकास, कंसलटेंसी, ट्रेनिंग कम प्रोडक्शन सेंटर, आईसीटी/सॉफ्टवेयर विकास और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में कार्य किए गए हैं। शासकीय संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण के साथ ही भोपाल में श्रमोदय आदर्श आई.टी.आई की स्थापना एवं संचालन में सहयोग दिया गया है। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत युवाओं को प्रशिक्षित किया गया। देश के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रगति पर है संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क के कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को संत शिरोमणि रविदासग्लोबल स्किल्स पार्क, भोपाल से संबन्धित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रेजेंटेशन द्वारा दी गई। प्रजेंटेशन में बताया गया कि सिविल निर्माण कार्य शत-प्रतिशत से अधिक हो चुके हैं। आवश्यक नियुक्तियां एवं शिक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। इंस्टालेशन कार्य पूर्ण हो गए हैं। मशीनों से संबंधित प्रशिक्षण प्रक्रियाधीन है। इसी तरह 10 संभागीय आई.टी.आई. में विभिन्न सुविधाओं का विकास किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इन सभी कार्यों की अद्यतन प्रगति से अवगत करवाया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
मप्र की लखपति दीदियां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से करेंगी संवाद, सम्मान पत्र भी लेंगी
सौ दिनों में बन गईं 96,240 लखपति दीदियां
महिला स्व-सहायता समूहों को 110 करोड़ रूपये का बैंक ऋण, 171 करोड रूपये की सामुदायिक निवेश निधि
लखपति दीदियां मध्यप्रदेश का गौरव – ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल
मण्डला 24 अगस्त 2024
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मध्यप्रदेश की लखपति दीदियों से संवाद करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। सम्मान कार्यक्रम 25 अगस्त रविवार को महाराष्ट्र राज्य के जलगांव में हो रहा है। मध्यप्रदेश की पांच लखपति दीदियां कार्यक्रम में शामिल होने जलगांव पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी मध्यप्रदेश की लखपति दीदियों को सम्मान-पत्र देंगे। इनमें गुना जिले की लखपति दीदी श्रीमती गंगा अहिरवार को सम्मान-पत्र दिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार के सौ दिनों में लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य मिलने के बाद मध्यप्रदेश में 96 हजार 240 बहनें लखपति दीदी बन गईं। इनको मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से वित्तीय सहायता, बाज़ार सहायता एवं तकनीकी सहायता दी गई है। इनके स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की पहुंच बड़े बाजारों तक बनाने के लिये डिजीटल प्लेटफार्म पर लाकर ऑनलाईन मार्केटिंग की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में गठित लगभग पांच लाख महिला स्व-सहायता समूहों से गांवों के लगभग 62 लाख गरीब परिवार जुड़ गये हैं और वे सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं। लखपति दीदी बनने की संभावना वाली स्व-सहायता समूह की सदस्य बहनों की पहचान लखपति सीआरपी (सामुदायिक स्त्रोत व्यक्ति) दीदियां कर रही है। ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि लखपति दीदियां मध्यप्रदेश का गौरव हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी से सीहोर जिले की लखपति दीदी श्रीमती संगीता मालवीय और गुना की लखपति दीदी श्रीमती कामिनी शर्मा संवाद करेंगी। छिंदवाड़ा जिले की लखपति दीदी श्रीमती लक्ष्मी तिर्के और देवास जिले की लखपति दीदी श्रीमती रोशनी लोधी भी उपस्थित रहेंगी।
जलगांव के कार्यक्रम के बाद मध्यप्रदेश के संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जहां सीएलएफ की समस्त लखपति दीदियों को सम्मान-पत्र दिये जायेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में महिला स्व-सहायता समूहों को लगभग 110 करोड़ रूपये बैंक ऋण (सीसीएल) राशि दी जायेगी और लगभग 171 करोड़ सामुदायिक निवेश निधि (आरएफ सीआईएफ) का वितरण किया जायेगा।
गुना जिले के मुहालपुर गांव की गंगा अहिरवार ने 28 वर्ष की कम उम्र में कमाल कर दिया। लगभग 7 साल पहले 44 महिलाओं के साथ मिलकर उमा स्व-सहायता समूह बनाया। इस समूह के माध्यम से वर्ष 2019 में कलेक्ट्रेट परिसर में केन्टीन लगाई और नाश्ता-चाय से जो आय हुई उससे घर का खर्च उठाया।
भारत सरकार की 100 दिवस की कार्ययोजना में गंगा दीदी को संभावित लखपति दीदी के रूप में चयनित किया गया था। गंगा दीदी ने कलेक्ट्रेट परिसर गुना में वर्ष 2019 से केन्टीन का संचालन कर रही थी। चाय-नाश्ता बनाकर उनको 800 रू रोज की बिक्री होती थी।
चूंकि गंगा दीदी ने आई.एच.एम. भोपाल से पाककला का प्रशिक्षण लिया था। उन्होंने नाश्ते के साथ-साथ भोजन एवं टिफिन सेवा शुरू कर दी। बाद में केन्टीन विस्तार करते हुये भोजनालय प्रारम्भ किया, जिससे लगभग 15-20 हजार रूपये बचत हर महीने होने लगी। लगभग 40-60 टिफिन हर दिन जाने लगे। अब गंगा दीदी को केन्टीन, उन्नत कृषि कार्य, फलोद्यान, सिलाई जैसे काम करते हुए पिछले तीन महीनों से निरन्तर लगभग 15-20 हजार रूपये मासिक आय होने लगी है। वे लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो गई है।
जिला देवास के विकासखण्ड बागली के छोटे से गांव कजलीवन की रहने वाली रोशनी लोधी शादी के बाद एक ग्रहणी के रूप में कार्य करते हुए अपने सास-ससुर एवं पति के साथ खेती के काम में मदद करती थी। पैसों की कमी से आस-पास के गांवो से कर्ज लेते थे।
रोशनी लोधी ने 2019 में स्व-सहायता समूह बनाया। शुरूआत में 20 रूपये प्रति सप्ताह की बचत की और समूह ऋण के माध्यम से घर की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी करने लगीं। रोशनी लोधी ने अपने आस-पास के गांवों की 600 महिलाओं के साथ 50 स्व-सहायता समूहों का गठन किया और उन्हें आजीविका की गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार सक्रिय कम्यूनिटी रिसोर्स पर्सन के रूप में उन्हें कुछ आय होने लगी। स्व-सहायता समूह के माध्यम से रोशनी ने बैंक बीसी का प्रशिक्षण लिया एवं दूसरी आजीविका के रूप में उसने ग्राम संगठन से 50 हजार रू. का ऋण लेकर कम्प्यूटर, प्रिंटर खरीद कर बैंक सखी का कार्य शुरू किया।
रोशनी ने अपने सास,ससुर एवं पति के साथ मिलकर गणवेश सिलाई का काम चल निकला। साथ ही गांव की अन्य महिलाओं को भी जोड़ा। समूह गठन के दौरान बैंक के काम के लिये बैंक सखी के रूप में उन्हें चुना गया। उन्होंने बैंक बीसी का 7 दिवसीय प्रशिक्षण लिया और इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ बैंकिंग एण्ड फाइनेंस की परीक्षा पास की। बैंक ऑफ इण्डिया की शाखा नेवरी की बैंक बीसी के रूप में काम करने लगीं। आज वे आस-पास के कई गांवों में बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवा रही हैं। प्रतिदिन 3 से 5 लाख रूपये एवं प्रतिमाह 20 से 25 ल्राख रूपये तक का ट्रांजेक्शन सफलतापूर्वक कर रही हैं। कमीशन के रूप मेँ हर महीने उन्हें 20 से 25 हजार रूपये मिल जाते हैं।
वे अपने कियोस्क का संचालन पूरे आत्मविश्वास से कर रही हैं। बैंक संबंधित काम – जैस राशि आहरण, जमा, खाता खुलवाना, केवायसी अपडेट, बीमा योजना और अन्य योजनाओं के संबंधित कामों के लिए बैंकिंग सुविधाएं देने में मदद कर रही हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ मान-सम्मान भी बढ़ा है।
3 दिवसीय श्रीकृष्ण पर्व प्रारंभ
श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्ति संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ
मंडला 24 अगस्त 2024
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पवित्र अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर मंडला में 3 दिवसीय श्रीकृष्ण पर्व का शुभारंभ म.प्र. शासन की लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भीष्म द्विवेदी, प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 24 अगस्त को शैली धोपे एवं साथी जबलपुर द्वारा श्रीकृष्ण नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गई। साथ ही संजो बघेल एवं साथियों द्वारा भक्ति संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गई। इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 25 अगस्त को पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथी भोपाल द्वारा लोक गायन तथा अखिलेश तिवारी एवं साथी भोपाल द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी प्रकार 26 अगस्त को चरणजीत सिंह सौंधी एवं साथी मुंबई द्वारा भक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे एवं स्वर म्यूजिक फाउंडेशन के कलाकारों द्वारा रासलीला प्रस्तुत की जाएगी। 3 दिवसीय इस कार्यक्रम का आयोजन म.प्र. शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने किया।
पीएम जनमन योजना: 10 सितंबर तक मेगा ईवेंट
मंडला 24 अगस्त 2024
प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में मंडला जिले के सभी 10 बैगा बसाहटों में 23 अगस्त से 10 सितंबर 2024 तक मेगा ईवेंट आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम, बसाहटों में शिविर आयोजित किये जिनमें हितग्राही मूलक योजना जैसे- आधार कार्ड 48219 के बनाए गए हैं। इसी प्रकार आयुष्मान कार्ड 32541, राशन कार्ड 12933, जाति प्रमाण पत्र 48412, किसान सम्मान निधि 1120, किसान क्रेडिट कार्ड 6132, वनाधिकार पट्टे 677 इत्यादि योजनाओं से लाभांवित किया गया है।
जनमन योजनाओं से शेष बचे हितग्राहियों को लाभान्वित करने की कार्यवाही की जा रही है। इसी प्रकार बैगा ग्राम, बसाहटों में आधारभूत सुविधाओं जैसे- पीएमजनमन प्रधानमंत्री आवास 6787 स्वीकृत जिसमें 2307 आवास पूर्ण हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के प्रथम चरण में 14 मार्ग लंबाई 35.16 कि.मी. स्वीकृत होकर निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। द्वितीय चरण में 14 मार्ग के प्रस्ताव स्वीकृति हेतु प्रेषित किये गये हैं। एमपीसी बहुउदेशीय केन्द्र 6 स्वीकृति हुये हैं। जल जीवन मिशन में प्रत्येक घर तक नल सुविधा, आरडीएसएस योजना में 646 घर में नवीन विद्युत कनेक्शन प्रदाय किया गया। वनधन विकास केन्द्र 20 स्वीकृत किये जा रहे हैं। 11 सम्पर्क विहीन बैगा क्षेत्रों में मोबाइल टॉवर इत्यादि उपलब्ध कराये जा रहे हैं। वर्तमान में पुनः 23 अगस्त से 10 सितंबर 2024 तक पीएमजनमन मेगा ईवेंट का आयोजन किया जा रहा हैं। योजना के क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर पर नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं सहायक नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग रहेंगे तथा जनपद स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत (सर्व) सहायक नोडल बनाए गए हैं। इस अभियान में प्रत्येक ग्राम व बसाहटों में ग्रामसभा चौपाल आयोजित कर योजना का शतप्रतिशत लाभ दिये जाने की कार्यवाही किया जाना है। इस दौरान स्वास्थ्य कैम्प का भी आयोजन किया जाना है।
जिले में 1220.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई
मण्डला 24 अगस्त 2024
जिले में इस वर्ष 1 जून से 24 अगस्त 2024 के दौरान 1220.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 960 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 260.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अगस्त 2024 को मंडला में 20.4 मि.मी., बिछिया में 13.8, निवास में 12.6, घुघरी में 27.6 एवं नारायणगंज में 13.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 24 अगस्त 2024 को 14.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ
मंडला 24 अगस्त 2024
निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, डॉ. टी.पी. मिश्रा, डॉ. डी.के. रोहतास जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के द्वारा विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण दिया गया। आयोजित प्रशिक्षण के पश्चात विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर, सभी बीएलओ और सुपरवाइजर को बीएलओ ऐप से किए जाने वाले कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण देंगे। आयोजित प्रशिक्षण में बीएलओ के द्वारा डोर टू डोर सर्वे कर पूर्ण किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेंद्र कुमार सिंह, श्री अरविंद कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।
भुआ बिछिया में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी
श्रीकृष्ण मंदिर एवं राम मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम संपन्न होंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जाएगा
मंडला 24 अगस्त 2024
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद भुआबिछिया में मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के निर्देशन में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत नगर परिषद भुआबिछिया में 25 अगस्त रविवार को वार्ड क्रमांक 12 जंतीपुर में स्थित कृष्ण मंदिर एवं वार्ड क्रमांक 14 में राम मंदिर में दीप प्रज्वलन एवं रोशनी तथा झालर से सजावट किया जाएगा। सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया में दोपहर 12 बजे श्री कृष्ण कन्हैया जी के मनमोहक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी पर भ्रमण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त दिन सोमवार को यादव समाज के सहयोग से राम मंदिर भुआ में पूजन कार्यक्रम सुबह 7 बजे से 11 बजे तक, भगवान श्री कृष्ण जी की शोभा यात्रा नगर भ्रमण करते हुये जंतीपुर श्री कृष्ण मंदिर में पूजन कार्यक्रम 11 बजे से 2 बजे तक होगा। इसी प्रकार जंतीपुर श्री कृष्ण मंदिर में पूजन के पश्चात नगर में वापसी शोभा यात्रा तथा विनोद रंगमंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा समापन का कार्यक्रम शाम 4 बजे से जंतीपुर श्री कृष्ण मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम रात्रि 10 बजे से 12 बजे तक संपन्न होगा। सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया के सहयोग से श्री कृष्ण कन्हैया के मनमोहक झांकिया एवं उनके भव्य लीलाओं पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक होगा। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया में श्री कृष्ण कन्हैया के मनमोहक झांकिया एवं मटकीफोड़ प्रतियोगिता का आयोजन प्रात 11:30 बजे किया जाएगा।
नैनपुर में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर वाहन रैली, मटकीफोड़ प्रतियोगिता और कुर्सी दौंड़ का आयोजन किया जाएगा
राधाकृष्ण मंदिर एवं राम राधाकृष्ण मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम होंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जाएगा
मंडला 24 अगस्त 2024
मुख्य नगरपालिका अधिकारी नैनपुर ने बताया कि नगरपालिका परिषद नैनपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त शनिवार को वार्ड क्रं.11 राधाकृष्ण मंदिर एवं श्रीराम राधाकृष्ण मंदिर में दीप प्रज्जवलन एवं मंदिर प्रांगण में रोशनी एवं झालर से साज-सजावट किया गया। 25 अगस्त रविवार को वार्ड क्रं. 11 राधाकृष्ण मंदिर में दीप प्रज्जवलन एवं भक्ति संगीत कार्यक्रम सायं 7 बजे तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कार्यक्रम भ्रमण का सीधा प्रसारण वाचनालय भवन से सायं 7 बजे किया जाएगा। 26 अगस्त सोमवार को यादव समाज के सहयोग से रेल्वे पूजा पंडाल में प्रातः 9 बजे मूर्ति स्थापना, वाहन रैली, मटकीफोड़ प्रतियोगिता, महिलाओं की कुर्सी दौड़, बुजुर्गों का सम्मान, प्रतिभावान बच्चों का सम्मान तथा संध्या 6 बजे आरती पूजन तथा राधाकृष्ण मंदिर समिति द्वारा मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 26 अगस्त सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी पर्व का सीधा प्रसारण कार्यक्रम राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण से सायं 7 बजे होगा। 27 अगस्त मंगलवार को यादव समाज द्वारा रेल्वे पूजा पंडाल नैनपुर में विविध सामाजिक कार्यक्रम हवन पूजन मूर्ति विसर्जन एवं भोजन परसादी वितरित किया जाएगा। 27 अगस्त मंगलवार को दोपहर 2 बजे सरस्वती शिशु मंदिर बुधवारी बाजार नैनपुर प्रांगण में विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
