आवारा पशुओं का उपचार करने के बाद उन्हें गौशाला में रखा जाए – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने पशु चिकित्सा कार्यालय मंडला का निरीक्षण किया
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को जिला पशु चिकित्सा कार्यालय मंडला का निरीक्षण किया। उन्होंने पशु चिकित्सा कार्यालय में डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपलब्धता और उनके कार्यों के संबंध में जानकारी ली। पशु चिकित्सा कार्यालय के प्रांगण की साफ सफाई करने और जर्जर हो रहे भवनों को डिस्मेंटल कर अन्य निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने पशु चिकित्सा कार्यालय में पशुओं के उपचार, ऑपरेशन एवं दवाईयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पशु चिकित्सा कार्यालय में लाए जाने वाले पशुओं का उपचार त्वरित ढंग से करने तथा उनके स्वास्थ्य में सुधार होते तक दवाईयाँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रात्रिकाल में पशुओं की दुर्घटना होने पर पशु चिकित्सा कार्यालय में लाए जाने वाले पशुओं के लिए रात्रिकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा कार्यालय में पशुओं के लिए चारा, भूसा और पेयजल का समुचित प्रबंध कराने को कहा गया। जिससे पशुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने आवारा पशुओं का उपचार करने के पश्चात उन्हें गौशाला केन्द्रों में रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला पशु चिकित्सा कार्यालय में कार्यरत डॉक्टर एवं स्टाफ को मोबाईल नंबर डिस्प्ले करने को कहा। जिससे पशुधन मालिक कार्यरत स्टाफ से तत्काल संपर्क कर सकें। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, उपसंचालक पशु चिकित्सा अधिकारी श्री यू.एस. तिवारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानंद नाफड़े सहित जिला पशु चिकित्सालय के डॉक्टर एवं स्टाफ मौजूद था।
गौशाला आमानाला में निस्वार्थ भाव से पशुओं की सेवा की जा रही है – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गौशाला आमानाला का निरीक्षण किया
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को मंडला जिले के ग्राम आमानाला में स्थित सकल दिगंबर जैन समाज गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गौशाला में मवेशियों को अपने हाँथों से घास और लड्डू खिलाए। उन्होंने कहा कि सकल दिगंबर जैन समाज के द्वारा संचालित गौशाला में पशुधन की निस्वार्थ भाव से सेवा की जा रही है। गौशाला में दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को लाकर उनका उपचार दवाईयां, चारा, भूसा एवं गौसेवा का काम किया जा रहा है, जो अत्यधिक पुण्य का काम है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा संचालित गौशाला में पशुओं की देखरेख और उपचार की प्रशंसा कर जिलेवासियों से गौशाला का भ्रमण करने की अपील की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा गौशाला को संचालित करने के लिए हरसंभव मदद करने की बात कही। उन्होंने उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि पशु चिकित्सालय के डॉक्टर एवं स्टाफ नियमित रूप से गौशाला में आकर पशुओं का उपचार और दवाईयों का प्रबंध करें। जिससे दुर्घटनाग्रस्त या बीमार पशुओं का समय पर उपचार हो सके। उन्होंने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों को गौशाला में पशुओं का उपचार संबंधित फोटोग्राफ्स सहित रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करनी होगी। गौशाला संचालकों ने बताया कि गौशाला में पशुओं के लिए चारा, भूसा, हरी घास, पानी का पूरा प्रबंध किया जाता है। जिससे गौशाला के पशुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। निरीक्षण के दौरान उपसंचालक पशु चिकित्सा श्री यू.एस. तिवारी एवं सकल दिगंबर जैन समाज गौशाला के पदाधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने हथकरघा कारीगरों के कार्यों की प्रशंसा की
कलेक्टर ने हथकरघा केन्द्र आमानाला का निरीक्षण किया
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ग्राम आमानाला जिला मंडला में स्थित संत शिरोमणी आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज भवन में स्थित हथकरघा केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हथकरघा केन्द्र द्वारा संचालित कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में हथकरघा के माध्यम से कारीगरों के द्वारा उच्च कला का काम किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव मदद की जाएगी। हथकरघा केन्द्र में कारीगरों के द्वारा गुणवत्तापूर्वक कपड़ा बुनाई का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में जिले के 45 युवाओं को रोजगार उपलब्ध हुआ है। हथकरघा केन्द्र में साड़ियों में कढ़ाई एवं बुनाई का कार्य भी किया जाता है। हथकरघा केन्द्र के संचालक ने बताया कि हमारे द्वारा शादी विवाह में दूल्हा, दुल्हन, जन्मदिवस और विशेष अवसरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए भी कपड़ों का ऑर्डर लिया जाता है। इससे हमारे केन्द्र को अच्छी खासी आमदानी होती है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने हथकरघा केन्द्र द्वारा संचालित कपड़ा बुनाई एवं कारीगर के कार्यों की प्रशंसा की और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष अवसरों पर प्रदर्शनी के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिए। जिससे हथकरघा केन्द्र के कपड़ों का व्यापक रूप से खरीदी हो सके।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला में स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने वेयरहाउस में नियमित रूप से साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, निर्वाचन अधीक्षक अरूण, सीके तिवारी आदि उपस्थित रहे।
विद्यार्थी परिषद के युवाओं ने श्री कलेक्टर सोमेश मिश्रा से सौजन्य भेंट की
मंडला 23 अगस्त 2024
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडला के युवाओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा से आत्मीय भेंट की। उन्होंने इस अवसर पर कलेक्टर से कैरियर मार्गदर्शन करने और विद्यार्थियों के विभिन्न शैक्षणिक विषयों को लेकर काम करने पर चर्चा की।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिले में संचालित अवैध फैक्ट्रियों पर कार्यवाही के निर्देश दिए
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल से जल (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) अधिनियम 1974, वायु (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण अधिनियम 1981 तथा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम 1986 के विरूद्ध जिले में संचालित अवैध फैक्ट्रियों पर कार्यवाही करने के आदेश अनुविभागीय दंडाधिकारी सर्व जिला मंडला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सर्व जिला मंडला एवं क्षेत्रीय अधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जबलपुर को जारी किए हैं। उन्होंने जारी आदेश में बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग व समन्वय से जिले में संचालित अवैध कारखानों/फैक्ट्रियों को एक अभियान चलाकर चिन्हित करने तथा उन्हें नियमों की परिधि में लाने/आवासीय क्षेत्रों से विस्थापन की कार्यवाही करें। साथ ही जन-जागरूकता अभियान चलाकर ऐसी योजना तैयार करें जिसमें आम जनता के समक्ष इस तरह के प्रावधान हों कि यदि वे अपने आस-पास के क्षेत्रों में संचालित अवैध फैक्ट्री की प्रमाणों सहित शिकायत करते हैं और जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो उन्हे मंत्री, मध्यप्रदेश शासन, वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की ओर से प्रमाण पत्र सहित पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उन्होंने जारी आदेश में बताया कि मण्डला जिले में संचालित अवैध फैक्ट्रियों को प्रतिवर्ष माह अगस्त में एक विशेष अभियान चलाकर चिन्हित कर उन पर प्रभावी रूप से कार्यवाही किए जाने एवं की गई कार्यवाही की जानकारी संबंधित विभाग को प्रेषित किए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। संयुक्त जांच दल राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के सहयोग व समन्वय से मण्डला जिले में संचालित अवैध कारखानों/फैक्ट्रियों का एक अभियान चलाकर चिन्हित करने तथा उन्हें नियमों की परिधि में लाने/आवासीय क्षेत्रों से विस्थापन की कार्यवाही करें एवं की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दस्त/डायरिया से बचाव के उपाय बताए
मंडला 23 अगस्त 2024
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी. सरोते ने एडवायजरी जारी की है, कि बरसात के दिनों में दस्त/उल्टी-दस्त, डायरिया जैसे महामारी फैलती है। इससे स्वयं एवं अपने परिवार और समाज के लोगों को इस महामारी से बचाव करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दस्त, डायरिया के दुष्परिणाम बताते हुए कहा कि पेट मरोड के साथ में एक लम्बा एवं पानी जैसा पतला दस्त उसमें कुछ कण रहते हैं, ऐसा मल त्याग को दस्त या डायरिया कहा जाता है। दस्त/उल्टी दस्त तीन-चार बार होने पर शरीर में अत्यधिक पानी, नमक और पोषक तत्व की कमी हो जाती है। उन्होंने बताया कि दस्त/डायरिया दूषित पानी के कारण प्रायः दस्त रोग फैलता है। शुद्ध पेयजल की कमी के कारण देश में जलजनित रोगों से मौतें होती हैं। बारिश में यह समस्या बढ़ जाती है। खानपान का ध्यान नही रखना मुख्य रूप से बच्चों में यह अधिक गंभीर रूप धारण कर सकता है। शरीर से अधिक पानी निकलने के कारण बच्चे की मृत्यु हो सकती हैं। इस बीमारी से कोई भी व्यक्ति इस बीमारी के चपेट में आ सकते हैं। जिनके अंदर बीमारी से लड़ने की क्षमता कम है। उन्होंने बताया कि बीमारी से बचने के लिए शुद्ध पानी पीयें। पोखर, झिरिया, नदी, नाली का पानी न पीयें। पेयजल के रूप में उबला पानी पीयें। शुद्ध ताजा भोजन का उपयोग करें। बासा भोजन न खायें। बासा मांस भी न खायें। कुछ भी खाने के पहले एवं शौच के बाद साबुन से अच्छी से तरह हाथ धोयें। सडे़-गले फल, सब्जियां, खाद्य पदार्थों का उपयोग न करें। खाद्य पदार्थों को ढक्कर रखें। मक्खी से बचाव करें। खुले में शौच न करें। शौचालय का उपयोग करें। व्यक्तिगत स्वच्छता एवं घर के आसपास साफ-सफाई रखें। कुएं में क्लोरीनेसन सप्ताह में एक बार जरूर करायें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उपचार के बारे में बताया कि डॉक्टर के परामर्श अनुसार दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिल, डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड (उल्टी के लिए) जिंक की गोली, ओ.आर.एस. का घोल प्रत्येक दस्त के बाद पीते रहें। घर में खीरा, दही, शिकंजी, चावल का पानी (माड) तथा तरल पदार्थ अधिक मात्रा में सेवन करें। गांव में आशा दीदी से जीवन रक्षक दवाईयाँ अवश्य प्राप्त करें।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत कार्य संपादन हेतु समय सारणी निर्धारित
विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 24 अगस्त और बीएलओ का प्रशिक्षण 27 से 31 अगस्त तक होगा
मंडला 23 अगस्त 2024
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों के संपादन हेतु समय सारणी निर्धारित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के मुताबिक जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 24 अगस्त को होगा। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बीएलओ का प्रशिक्षण 27 अगस्त से 31 अगस्त 2024 तक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर 2024 से 20 सितंबर 2024 के मध्य बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर भ्रमण, बीएलओ द्वारा बीएलओ ऐप में मतदाताओं का सत्यापन, मृत/स्थानांतरित मतदाताओं के फार्म-7 बीएलओ ऐप में दर्ज करना, बीएलओ द्वारा बीएलओ ऐप में अस्पष्ट/धुंधली फोटो को चिन्हित करना तथा स्वयं के मोबाइल से अथवा मतदाता से अच्छी क्वालिटी की फोटो प्राप्त कर संशोधन हेतु निर्धारित फार्म-8 बीएलओ ऐप में दर्ज करना, मतदाताओं की दर्ज प्रविष्टियों के संशोधन हेतु निर्धारित फार्म-8 बीएलओ ऐप में दर्ज करना, बीएलओ द्वारा उनके क्षेत्र में मतदान केन्द्र हेतु उपयुक्त भवन का चिन्हांकन करना तथा बीएलओ द्वारा बीएलओ ऐप में मतदान केन्द्रों के ऐटीट्यूट लोंगीट्यूड को दर्ज करना होगा।
उन्होंने बताया कि बीएलओ के प्रशिक्षण हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नामांकित विधान सभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देने के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को आदेशित किया गया है। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. टी. पी. मिश्रा प्राध्यापक, रानी दुर्गा. शास. स्ना. महा. मण्डला (मो.नं. 9425485230 ) डॉ.एस.के.श्रीवास्तव,प्राध्यापक, रानी दुर्गा. शास. स्ना. महा. मण्डला (मो.नं. 8770503055), डॉ. डी. के. रोहितास, ग्रंथपाल, शास. महिला महा. मण्डला (मो.नं. 6265375011) के द्वारा विधान सभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तदुपरान्त संबंधित विधान सभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर अपने क्षेत्र के सभी बीएलओ को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण देंगे। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने शत प्रतिशत बीएलओ को बीएलओ ऐप का प्रशिक्षण दिलाना सुनिश्चित कराते हुए प्रशिक्षण कार्य की मॉनीटरिंग करेंगे तथा अपेक्षित समस्त गतिविधियां निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ण कराएंगे।
हाईस्कूल वरिष्ठ मूलशाला मंडला में विशेष जागरूकता अभियान संपन्न हुआ
मंडला 23 अगस्त 2024
प्रशासक वन स्टॉप सेंटर ने बताया कि हब फोर एंपावरमेंट ऑफ वुमेन के 100 दिवसीय जागरूकता अभियान अंतर्गत तथा वन स्टॉप सेंटर मण्डला द्वारा संकल्प 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत 19 अगस्त से 23 अगस्त 2024 तक विभिन्न योजनाओं का नामांकन सप्ताह एवं मिशन वात्सल्य मनाया गया। इसी तारतम्य में शुक्रवार को शासकीय हाईस्कूल वरिष्ठ मूल शाला मण्डला में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी, नोडल अधिकारी श्रीमती लीना चौधरी, वन स्टॉप सेंटर केसवर्कर आशा नंदा, प्रभा पाण्डेय, साक्षी पटवा द्वारा पी.सी.पी.एन.डी.टी.एक्ट, एस.आर.बी. (लिंगानुपात) एवं कन्या भ्रूण हत्या एवं पॉक्सो एक्ट जैसे विषयों पर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और गुड टच-बेड टच के बारे में बताया। महिला हेल्पलाईन 181, 1098 चाइल्ड हेल्प लाईन, आत्मरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रदेश में जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी को प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियां की जाएंगी संचालित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में महिलाओं के क्षमता संवर्धन के लिए आयोजित संगोष्ठी का किया शुभारंभ
सुशासन संस्थान में इसरो, राष्ट्रीय महिला आयोग, रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी और अर्थसाइट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुई संगोष्ठी
मण्डला 23 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वदेशी सेटेलाइट के बहुआयामी उपयोग में स्थानीय स्तर पर सहभागिता को प्रोत्साहित करने से विकास प्रक्रिया को गति मिलेगी। अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी तकनीक का क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रदेशवासियों के जीवन को बेहतर बनाने और विकास की प्रक्रिया में जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी के उपयोग को बढ़ाने के लिए राज्य में हर स्तर पर गतिविधियां संचालित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में महिलाओं के क्षमता संवर्धन के लिए आयोजित संगोष्ठी के अवसर पर यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 23 अगस्त को “टचिंग लाइव्स व्हाइल टचिंग द मून” शीर्षक से यह संगोष्ठी राज्य शासन द्वारा इसरो, राष्ट्रीय महिला आयोग, रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी और अर्थसाइट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित की गई। संगोष्ठी में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सचिव सुश्री मीनाक्षी नेगी, राम भाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय उपस्थित थीं। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सचिव सुश्री नेगी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का महिला आयोग की गतिविधियों पर केंद्रित डिजीटल बुक भेंट की। कार्यक्रम में सुशासन संस्थान के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री लोकेश शर्मा भी उपस्थित थे।
पंचांग पद्धति की सटीकता भारतीय खगोल शास्त्र की विश्वसनीयता को दर्शाती है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी क्षेत्रों में महिलाओं को उन्नति के अवसर उपलब्ध कराने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विशेष योगदान है। देश में महिलाएं सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ अंतरिक्ष विज्ञान जैसे विशिष्ट के क्षेत्र में भी उपलब्धियां अर्जित कर रही हैं। कोविड काल में वैक्सीन बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में खगोल शास्त्र का विशेष स्थान रहा है। प्राचीन भारतीय ग्रंथों में ग्रहों और उपग्रहों का उल्लेख तथा इस संबंध में विभिन्न अवधाराणाएं इस तथ्य का परिचायक हैं। भारतीय पंचांग पद्धति में तिथियों की विस्तृत व्याख्या और सटीकता भी भारतीय खगोल शास्त्र की विश्वसनीय़ता को दर्शाती हैं।
जनप्रतिनिधियों के लिए सहायक होगी जियो स्पेशियल तकनीक
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सचिव सुश्री मीनाक्षी नेगी ने कहा कि जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में क्षमता संवर्धन से जनप्रतिनिधियों के लिए विकास गतिविधियों के संबंध में निर्णय लेना सुगम होगा। इस तकनीक से विकास गतिविधियों में अधिक पारदर्शिता और गति आएगी। प्रबोधिनी के उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने प्रथम राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जियो स्पेशियल तकनीक के क्षेत्र में दक्षता संवर्धन के लिए भारत सरकार द्वारा महत्वाकांक्षी कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इससे जनप्रतिनिधियों को वास्तविक स्थिति के अनुसार निर्णय लेने और योजना क्रियान्वयन के बेहतर अनुवेक्षण में सहायता मिलेगी।
स्पेस टेक्नोलॉजी तेजी से जीवन का अभिन्न अंग बनती जा रही है
कार्यक्रम में बताया गया कि कि गत वर्ष 23 अगस्त को चंद्रयान-2 की चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग के उपलक्ष में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने का आव्हान किया गया था। स्पेस टेक्नोलॉजी तेजी से जीवन का अभिन्न अंग बनती जा रही है। इसके उपयोग से दैनिक जीवन सुगम हो रहा है। साथ ही कृषि, वन, मत्स्य, जल संसाधन सहित विकास के सभी क्षेत्रों का प्रबंधन भी अधिक पारदर्शी और जनोन्मुखी तरीके से किया जा सकता है। स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में महिला जनप्रतिनिधियों को अधिक दक्ष व प्रभावी बनाने के उद्देश्य सेटेलाइट टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में क्षमता संवर्धन के लिए यह कार्यशाला में विस्तार से चर्चा हुई।
कृष्ण को योगेश्वर श्रीकृष्ण की पहचान देने वाले चारों धाम है मध्यप्रदेश में – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भगवान श्रीकृष्ण ने सांदीपनि आश्रम से शिक्षा, नारायाणा से मित्रता, अमझेरा से वीरता और जानापाव से विनम्रता का दिया संदेश
प्रदेश में जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े उन स्थानों को तीर्थ के रूप में किया जाएगा विकसित
मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी पर्व पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मण्डला 23 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के वास से प्रेरित और पावन भूमि है। हमारा सौभाग्य है भगवान श्रीकृष्ण, कंस वध के बाद उज्जैन के सांदीपनि आश्रम से शिक्षा ग्रहण करते हैं और जीवन में श्रीकृष्ण के रूप में दुनिया में जाने जाते हैं। ये मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि नारायणा में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता हुई। भगवान ने परम मित्रता का संदेश देते हुए बताया कि मित्रता में गरीब-अमीर का अंतर नहीं होता। धार के पास अमझेरा में वीरता के बल पर रुक्मणी हरण में भगवान ने रुक्मी को हाराया। इंदौर के पास जानापाव में विनम्रता और श्रद्धा से भगवान श्रीकृष्ण ने परशुराम जी से सुदर्शन चक्र प्राप्त किया। मध्यप्रदेश के यह चारों धाम भगवान श्रीकृष्ण के उस इतिहास को जीवंत करते हैं, जिसके आधार पर श्रीकृष्ण की लीला विश्व में योगेश्वर श्रीकृष्ण के रूप में पहचानी गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर हम सब मिलकर प्रदेश के इन स्थानों का स्मरण करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े हैं उन सभी स्थानों को राज्य सरकार ने तीर्थ के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन्माष्टमी पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि प्रयास यह हो कि आधुनिक समय में भगवान श्रीकृष्ण के इतिहास को जीवंत करते हुए, हम उनकी मित्रता, वीरता, विनम्रता और शिक्षा ग्रहण करने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और उसे आत्मसात करें।
कलेक्टर ने किया कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सरस्वती शिशु मंदिर मंडला परिसर में आयोजित होने वाले कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम स्थल का अवलोकन करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर मंच एवं टेंट व्यवस्था, बेरीकेटिंग, विद्युत व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं पार्किंग आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ, नगरपालिका सीएमओ गजानंद नाफड़े सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नैनपुर ने किया क्षेत्र का भ्रमण
4 को नोटिस जारी
मंडला 23 अगस्त 2024
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नैनपुर सोनल सिडाम ने शुक्रवार को नैनपुर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए राशन दुकान, प्राथमिक शाला पाठासिहोरा, आंगनवाड़ी केन्द्र पाठासिहोरा तथा आंगनवाड़ी केन्द्र घूरवाडा का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जनपद पंचायत नैनपुर विनोद मरावी सहित संबंधित उपस्थति रहे।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नैनपुर सोनल सिडाम ने आंगनवाड़ी केन्द्र पाठासिहोरा के निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की अनुपस्थिति पर नोटिस जारी किया। इसी प्रकार आंगनवाड़ी केन्द्र घूरवाड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में टीकाकरण का कार्य नहीं होने पर आशा कार्यकर्ता एवं सीएसओ को नोटिस जारी किया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नैनपुर ने पोषण आहार, दवा वितरण आदि के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। राशन दुकान चिचौली के निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए शत प्रतिशत राशन वितरण करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने प्राथमिक शाला पाठासिहोरा के निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित बात की तथा अध्यापक अनुपस्थित होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, जांच हेतु नमूने लिए गए
स्वास्थ्यप्रद एवं गुणवत्तायुक्त सामग्री तथा साफ-सफाई रखने की दी गई समझाईश
मंडला 23 अगस्त 2024
राजस्व विभाग, खाद्य सुरक्षा प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम द्वारा बम्हनी बंजर के नीलम नमकीन एंड मिल्क भंडार, अग्रवाल स्वीट्स, शारदा स्वीट्स, अग्रवाल भोजनालय, न्यू अग्रवाल स्वीट्स, संजय आइसक्रीम एंड बेकरी, राखी अग्रवाल मिल्क प्रोडक्ट एंड डेली नीड्स का निरीक्षण किया गया। मिठाई निर्माण स्थल राखी अग्रवाल प्रोडक्ट एंड डेली नीड्स से मिठाई बनाने में प्रयुक्त कुंदा एवं रसमलाई का नमूना जांच हेतु लिया गया। साथ ही साफ-सफाई रखने एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने हेतु सुधार सूचना पत्र दिया गया। संजय आइसक्रीम एंड बेकरी बम्हनी बंजर से नमकीन का नमूना जाँच हेतु लिया गया। निरीक्षण के दौरान जांच टीम द्वारा निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यप्रद एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री हेतु विक्रेताओं को साफ सफाई रखने, पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, बेस्ट बिफोर डेट का पालन करने एवं उचित तरीके से दुकान का कचरा निपटान करें।
रामनगर में मदिरा निर्माण के अड्डों पर की गई कार्यवाही
लगभग 97 हजार रूपए से अधिक की अवैध शराब जप्त
मंडला 23 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा ग्राम रामनगर में मदिरा के अवैध निर्माण, विक्रय की शिकायत पर मदिरा निर्माण करने वाले अड्डों पर दबिश देकर कार्यवाही की गई। इस दौरान रामनगर नाला के समीप मदिरा निर्माण के विभिन्न अड्डों से लगभग 90 डब्बे महुआ तथा कुल 48 लीटर कच्ची शराब जप्त की गई। जप्त मदिरा एवं लाहन की कुल कीमत लगभग 97500 रूपए आंकी गई। कार्यवाही में आबकारी एक्ट के प्रकरण पंजिबद्ध किया गया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक गिरिजा धुर्वे, इंदु उपाध्याय, सर्वेश नागवंशी हमराह आदि उपस्थित रहे।
