मंडला 20 मार्च 2025
नगरपालिका परिषद के टाऊनहॉल में रोजगार युवा संगम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि युवा साथियों को रोजगार-स्वरोजगार के अवसर दिलाना शासन की प्राथमिकता है। रोजगार मेलों के माध्यम से इच्छुक युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने के साथ-साथ शासन की स्वरोजगार से जुड़ी हुई विभिन्न योजनाओं से युवाओं को लाभान्वित कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, उद्यम क्रांति योजना, बिरसामुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आने वाले समय में निजी क्षेत्र की कम्पनियों में रोजगार पाने के लिए आवेदन एवं साक्षात्कार की तैयारियों के संबंध में काउंसलिंग कैम्प लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कौशल विकास के लिए शासन की ओर से विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाते हैं, शिक्षित युवा कौशल विकास के प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार स्थापित करें और आने वाले समय में रोजगार मांगने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनें। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, एलडीएम श्री सुजय कुमार, जीएमडीआईसी श्री नंदकिशोर वास्कले, प्राचार्य आईटीआई श्री आरएस वरकड़े सहित संबंधित उपस्थित थे।
जिले में स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं – श्री संजय कुशराम
रोजगार युवा संगम में उपस्थित युवक-युवतियों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि मंडला जिले में संसाधनों की कमी नहीं है। यहाँ स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इस दिशा में कार्य कर हमारे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में तेजी से आर्थिक प्रगति करने वाला देश है किन्तु बढ़ती हुई जनसंख्या हमारे लिए रोजगार के अवसर दिलाने में नई चुनौतियां उत्पन्न करती हैं। देश व प्रदेश की सरकारें औद्योगिक क्षेत्र विकास के साथ-साथ लघु एवं मध्यम दर्जे के उपक्रमों को भी बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। हमारे युवाओं का शासन की योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
130 आवेदकों ने कराया पंजीयन, 72 का हुआ प्रारंभिक चयन
रोजगार युवा संगम में 130 युवाओं ने ऑनलाईन तथा ऑफलाईन पंजीयन कराया। निजी क्षेत्र की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की काउंसलिंग की। उपस्थित युवाओं में से 72 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया है। साथ ही 6 युवाओं को अप्रेन्टिस के लिए सिलेक्ट किया गया है। कार्यक्रम में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हितग्राहिमूलक योजनाओं-मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, बिरसामुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्यामामा आर्थिक कल्याण योजना, पिछड़ा वर्ग उद्यम क्रांति योजना के 32 हितग्राहियों को स्वीकृति/वितरण पत्र प्रदान किए गए।
