Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 30 जुलाई 2023

जिला जेल में दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

वर्तमान में संक्रामक बीमारियों के खतरे को दृष्टिगत रखते हुए जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जिला जेल के पुरूष एवं महिला बैरक में जाकर स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी दी गई। विशेष रूप से वर्तमान में संक्रमित बीमारी आई.फ्लू से बचाव के विषय में बंदियों को समझाईश दी गई। बंदियों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें उपचार हेतु तत्काल जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित कराने हेतु कहा गया। चिकित्सकों द्वारा जेल परिसर में स्वच्छता का अवलोकन करते हुए भी आवश्यक समझाईश दी गई। इस अवसर पर जेल अधीक्षक ए.एस. ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, डॉ. मुकेश मरावी अस्थि रोग, डॉ. अंकित चौरसिया शिशु रोग एवं डॉ. अंशुल शर्मा चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन: सेक्टर ऑफिसर्स की बैठक 3 अगस्त को होगी

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

कलेक्टर द्वारा व्हीएम-2 एवं व्हीएम-3 की समीक्षा 3 अगस्त 2023 को जिला योजना भवन के सभाकक्ष में 3 शिफ्ट में आयोजित की गई है। प्रथम शिफ्ट दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित विधानसभा क्षेत्र 105 बिछिया तथा निवास उपस्थित रहेंगे। द्वितीय शिफ्ट दोपहर 4 बजे से शाम 5 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित विधानसभा क्षेत्र 107-मंडला तथा तीनों विधानसभा क्षेत्र के रिजर्व सेक्टर ऑफीसर उपस्थित रहेंगे। बैठक में थानावार आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों की भी समीक्षा की जाएगी। पूर्व में यह बैठक 1 अगस्त 2023 को नियत थी जिसे संशोधित करते हुए 3 अगस्त की तिथि नियत की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज जामगांव, राता, जमठार एवं देवरीकला में होंगे कार्यक्रम

 

मंडला 30 जुलाई 2023

16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के जामगांव, बिछिया विधानसभा के राता एवं निवास विधानसभा के जमठार एवं देवरीकला में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

मंडला विधानसभा के जामगांव में आयोजित कार्यक्रम में जामगांव, बोरी पीपरडाही, धतूरा, देल्हा, केरेगांव एवं चीचगांव पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए राजकुमार केवट उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के राता में आयोजित कार्यक्रम में राता, तिलरी, चरगांव, धुतका, बरबसपुर एवं काताजर पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए संगीता मरावी उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के जमठार में आयोजित कार्यक्रम में जमठार, पिंडरईमाल, खापामाल एवं बरवाही तथा देवरीकला में आयोजित कार्यक्रम में देवरीकला, छपरा, नेझर एवं खिन्हा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए दिलीप मसराम पीसीओ एवं हल्केराम कुलस्ते पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

जिले में इस वर्ष 1 जून से 30 जुलाई 2023 के दौरान 581.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 580.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 0.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जुलाई को बिछिया में 2.4 मि.मी., निवास में 8 मि.मी. तथा घुघरी में 9.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 30 जुलाई 2023 को 5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 30 जुलाई 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नारायणसिंह ग्राम लावरमुड़िया निवासी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक मुन्नालाल को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर आज

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

ईएनटी संबंधी ऐसे दिव्यांगजन जिनके प्रमाण पत्र का नवीनीकरण किया जाना है अथवा नये प्रमाण पत्र बनना है, वे 31 जुलाई 2023 प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित होवें ताकि ऑडियोमेट्री कराई जाकर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किये जा सकें। इस संबंध में सभी दिव्यांगजन आवश्यक दस्तावेज यथा-आधार कार्ड, समग्र आई.डी., तीन फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो तो) आदि साथ में लेकर आवें।

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के आवेदन करने की अंतिम तिथि आज

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

ज़िले के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों (महिलाओं हेतु 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नहीं है, को मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत मंडला जिले से 18 अगस्त से 21 अगस्त 2023 तक कुल 4 दिवस काशी (वाराणसी) की तीर्थयात्रा कराई जाएगी।

तीर्थदर्शन काशी (वाराणसी) की यात्रा हेतु नगरपालिका मंडला अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति कार्यालय नगरपालिका मंडला की शाखा एनयूएलएम में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2023 है।

 

पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज

 

नगरपालिका के क्षेत्रांतर्गत का निवासी हो। 60 वर्ष या अधिक आयु के व्यक्ति हों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट), आयकर दाता न हो। पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, कोविड वैक्सीनेसन सर्टिफिकेट, आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाणपत्र, मोबाइल नंबर एवं दो फोटो आवश्यक है।

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वयं का रोजगार स्थापित करने करें ऑनलाइन आवेदन

 

मंडला 30 जुलाई 2023

मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 40 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग ने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोनापत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटोकॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटाचक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण, एवं रेपेरिंग, निर्माणकार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 एवं एस.एल. वरकडे मो. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार प्रशिक्षण प्राप्त करने ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

 

मंडला 30 जुलाई 2023

जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर कम्प्यूटर हार्डवेयर गुड्न, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग फल एवं सब्जी (आचार, पापड़, मसाले एवं अन्य), रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राज मिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोइडरी, जरी जरदोसी, विडियोग्राफी, फोटोग्राफी, मोटर वाइरिंग मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन ऑनलाईन 31 जुलाई से 5 अगस्त 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

बच्चों को कंजेक्टिवाइटिस के लक्षण होने पर चिकित्सक से परमर्श लें

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी एडवाईजरी में कहा है कि वर्तमान वर्षा के समय में बच्चों को कंजेक्टिवाइटिस से पीड़ित होने की संख्या बढ़ रही है। इसमें आंखें आना या लालिमा आंखों से जुड़ी एक समान समस्या है। चिकित्सकीय भाषा में इसे कंजेक्टिवाइटिस कहते हैं। आंखों में एक पारदर्शी पतली झिल्ली कंजक्टाइबा होती है इसमें सूजन आ जाती है। यह बैक्टीरिया और वायरस दोनों से होने वाला रोग है। संक्रमित व्यक्ति की आंखों से निकलने वाला डिस्चार्ज के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सम्पर्क में आने के द्वारा यह फैलता है। संक्रमण एक या दोनों आंखों में होता है यह काफी संक्रामक है और बहुत तेजी से फैलता है। यह चार से पांच दिनों तक रहता है।

 

लक्षण

 

एक या दोनों आंखों में जलन या खुजली, असामान्य रूप से अधिक आंसू निकलना, आंखों से पानी जैसा या गाढा डिस्चार्ज आना, आंखों में किरकिरी जैसा महसूस होना एवं आंखों सूजन आना।

 

फैलेने से कैसे रोकें

 

साफ-सफाई रखें, आंखों को हांथों से न छुऐं, हांथों को बार-बार धोऐं, निजी उपयोगी की सामाग्री पेन, मोबाईल, रूमाल, तौलिया, तकिया, आई कास्मेटिक आदि को किसी से साझा न करें। वायरल और बैक्टीरियल कंजेक्टिवाइटिस की अलग-अलग उपचार है चार से पांच दिनों तक संक्रमण रहता है चिकित्सकीय सलाह लेवें। यह सात से आठ दिन में स्वतः चला जाता है। संक्रमित छात्रों को चार से पांच दिन स्कूल न जाने दें व अधिक भीड़ वाली जगह न जावें, धूल आदि से आंखों की सुरक्षा करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण आज

 

मंडला 30 जुलाई 2023

जिले के विभागीय अधिकारियों को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए ई-दक्ष केन्द्र के वरिष्ठ प्रशिक्षण को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रदाय कर मास्टर ट्रेनर बनाया गया है।

अर्ध दिवसीय प्रशिक्षण सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को ई-दक्ष केन्द्र, बीआरसी भवन में प्रदाय किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुसार ई-दक्ष केन्द्र में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने योजना: जापान जाने का अवसर

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि आज

 

मंडला 30 जुलाई 2023

पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना-2022 अंतर्गत प्रदेश के पिछडे़ वर्ग के युवाओं को आकर्षक वेतन पर रोजगार हेतु जापान जाने का अवसर देता है। प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए हाल ही में लागू की गई योजना विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना-2022 अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के 200 युवाओं को भारत सरकार की टेक्निकल इंटर्न ट्रेनिंग प्रोग्राम (टीआईटीपी) योजना के तहत 3 से 5 वर्षाे के लिए आकर्षक वेतन पर इंटर्न के रूप में जापान भेजा जा रहा है।

योजनान्तर्गत रोजगार के क्षेत्र, निर्धारित शेष सीट्स एवं न्यूनतम आवश्यक योग्यता के विवरण अनुसार केयर वर्कर के शेष 115 सीट्स के केवल महिला आवेदकों के लिए जिसकी योग्यता म.प्र. का मूल निवासी तथा पिछड़ा वर्ग जाति में वार्षिक आय 8 लाख से कम हो, आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य हो, स्नातक उत्तीर्ण तथा आवेदक का कोई अपराधिक रिकार्ड न हो। इसी प्रकार स्कॉफोल्डिंग, इंटरियर बोर्ड पेस्टिंग, एप्लिकेशन ऑफ कन्सट्रक्शन इक्यूपमेंट, रोड कन्सट्रक्शन के शेष 25 सीट्स के लिए केवल पुरूष आवेदकों को म.प्र. का मूल निवासी हो, पिछड़ा जाति वर्ग में सम्मिलित, वार्षिक आय 8 लाख रू. से कम तथा आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य, आईटीआई, पॉलीटेक्निक उत्तीर्ण एवं आवेदक का कोई अपराधिक रिकार्ड न हो।

उपरोक्त ट्रेड्स एवं निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता धारित प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के पात्र एवं योग्य इच्छुक युवाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र डाक द्वारा अथवा ई-मेल द्वारा अधोहस्ताक्षरकर्ता सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण मण्डला के कार्यालय में डाक अथवा ई-मेल द्वारा जमा कर सकते हैं। कार्यालय की ई-मेल आई.डी adbmwmad@mp.gov.in है। योजनांतर्गत आवेदन 31 जुलाई 2023 की शाम 5 बजे तक कर सकते हैं। उक्त अवधि के पूर्व अपना आवेदन उपरोक्त कार्यालय में पहुंचाना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बरसात में संक्रामक बीमारी से बचने जानकारी

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

जनसमुदाय के लिए जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि वर्तमान समय में बरसात में जलजनित बीमारी होने की संभावना होती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टायफाइड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें। बीमार न हों, इसके उपाय करें एवं स्वस्थ्य रहें।

 

बीमारी से कैसे बचें

 

दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट र्दद, पेचिस, पीलिया, टायफाइड, डायरिया जैसी संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन करें। शुद्ध पानी पिएं (उबला पानी, आरो का पानी, फिल्टर का पानी, हेंडपंप का पानी पिएं) कुआँ, नदी, नाला का पानी ना पिये। पानी क्लोरिनेशन करके पियें। सड़ीगली सब्जी, फल, बासा खाना ना खायें एवं बरसात के दिनों मांस का सेवन ना करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें। खानें की चीजों को छूनें से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं। संक्रमित चीजों को छूने के बाद या शौंच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।

 

उपचार

 

डॉक्टर के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन मेट्रोंजिन, डायकलोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थों का अधिक मात्रा में सेवन करें।

 

सुझाव

 

दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डिपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें। बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे- मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनियां, फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारियां होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में एकत्रित पानी से मच्छर के लारवा से अंडे पनपते हैं।

 

मलेरिया

 

मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है।

 

डेंगू

 

डेंगू के लारवा साफ पानी में पैदा होता है। जैसे- कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लावा पनपते हैं। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है।

 

चिकिनगुनिया

 

इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटेक करता है जिससे असहनीय दर्द होता है। डेंगू, मलेरिया, चिकिनगुनिया फायलेरिया से कैसे बचें- घर के आसपास की सफाई रखें, पानी इकट्ठा ना होने दें, गड्ढों को भरा जाये, टायर, कबाड़ समान ढक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। कूलर वा टंकी के पानी को एक सप्ताह में खाली करें। नीम का धुआं करें। शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्री में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी अस्तीन के कपडे़ पहने मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल रिपेलेंट इत्यादि का उपयोग करें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें।

 

सुझाव

 

बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर खून की जांच करायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जाँच कराएं एवं दवाइयां प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

सर्पदंश के बचाव, इलाज एवं भ्रांतियाँ

 

मण्डला 30 जुलाई 2023

बरसात के दिनों में सर्प के काटने के अत्यधिक केस आते हैं। सर्प के काटने से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। आमजन सर्पदंश को अनदेखा न करें। पीड़ित को किसी नजदीकी अस्पताल में तुरंत लेकर जाएं। झाड़-फूक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है। सर्प काटने पर विष सीधे शरीर में खून के माध्यम से फैल जाता है। सामान्यतः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषैले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं। परंतु ये दिखाई नही देते हैं। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नहीं काटा। ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

 

लक्षण

 

सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना, इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होना। आमतौर पर सर्पदंश पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं।

 

यह ना करें

 

रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल न करें। मुँह से खून ना चूसें। ओझा-गुनिया के पास ना जायें। अंधविश्वास में ना पड़ें।

 

यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें

 

सांप के काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपडे़ से डंक के जगह की चमड़ी को साफ करें जिससे वहाँ पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है, करवट सुलाने से उल्टी श्वसन तंत्र में ना जाये। जहाँ पर सांप ने काटा है उस स्थान पर कपडे़ से हल्का सा बाँध देवें ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

 

उपचार

 

सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सर्प के काटने के जहर को मारने के लिए अस्पताल मेंएंटी स्नेक इंजेक्शन निःशुल्क लगाया जाता है, जो अस्पताल में उपलब्ध है। डॉक्टर की सलाह अनुसार उचित उपचार कराएं।

 

बचाव

 

अंधेरे में ना जाएं। गड्ढों या बिलों में हाँथ ना डालें। झाड़ियों में ना जाएं। पानी भरे गड्ढों में ना जायें तथा पैरों में चप्पल-जूते पहनकर चलें।

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार स्थापित करने हेतु PMEGP एवं MUKY योजनांतर्गत ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना

 

मंडला 30 जुलाई 2023

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण हेतु 50 हजार से 50 लाख तक, सेवा/खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन समस्त पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं।

 

पात्रता

 

आवेदक का 8वी कक्षा उत्तीर्ण, 18 से 45 आयु वर्ग के हों तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, आवश्यक लायसेन्स व अन्य दस्तावेज। अब आवेदकों को विनिर्माण उद्योग स्थापना के लिए 50 हजार से 50 लाख तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय इकाई के लिए 50 हजार से 25 लाख तक बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। योजना में 3 प्रतिशत त्रैमासिक दर से 7 वर्ष तक की अवधि हेतु ब्याज अनुदान एवं सीजीटीएमएसई गारंटी शुल्क 7 वर्ष तक प्रतिपूर्ति के रूप में देय है।

 

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम

 

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में केन्द्र शासन की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में जिले के बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में निमार्ण उद्योग इकाई हेतु 50 लाख रूपये तक सेवा इकाई हेतु 20 लाख रूपये तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन PMEGP पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एवं बैंकों से किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related posts

जिले में अब तक 1401.7 मिमी वर्षा दर्ज

Reva India News

मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्द्धन कार्यक्रम अन्तर्गत ’सघन पोषण पखवाड़ा’ का शुभारंभ 15 फरवरी से

Reva India News

तिरंगा रैली में शामिल हुए जन अभियान परिषद के राज्य सलाहकार

Reva India News

Leave a Comment