Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

विद्यार्थी अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें, असफलता से घबराएँ नहीं – कलेक्टर श्री मिश्रा परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कलेक्टर ने दिए सफलता के मंत्र

मंडला, 29 जनवरी 2026

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला में आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह दी। कार्यक्रम में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि तनावमुक्त रहकर एवं समय का सही प्रबंधन कर विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे आगामी दस दिनों तक पूरी एकाग्रता और लगन के साथ अध्ययन करें तथा स्वयं को मोबाइल, टीवी और सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए दूर रखें। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष की मेहनत को अब परिणाम में बदलने का समय है, ऐसे में घबराने की बजाय आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हों। असफलता मिलने पर निराश न हों, बल्कि उसे सीख के रूप में स्वीकार करें। उन्होंने विद्यार्थियों को शॉर्ट नोट्स बनाने, घर पर समय-सारिणी (टाइम टेबल) तैयार कर पढ़ाई करने तथा परीक्षा के दौरान धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी बढ़ गया है, ऐसे में अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए आगे बढ़ें और अपने माता-पिता, परिवार एवं जिले का नाम रोशन करें। स्वास्थ्य संबंधी सुझाव देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेने, संतुलित आहार अपनाने तथा अध्ययन के बीच छोटे-छोटे विराम लेने की बात कही, जिससे मस्तिष्क तरोताजा बना रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का कलेक्टर श्री मिश्रा ने सहजता से समाधान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, एपीसी श्री मुकेश पांडे, विद्यालय प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव, श्री अखिलेश उपाध्याय, क्षेत्रीय संयोजक श्री विष्णु सिंगौर सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts

ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आज  

Reva India News

जैविक खेती से बदली किसान श्री बंदन उइके की जिंदगी मिट्टी से जुड़ा रिश्ता, रसायन मुक्त खेती की तरफ बढ़े कदम

Reva India News

सप्रेम साईंराम 🙏🏼 धूमधाम से मनाया गया भगवान श्री सत्य साई बाबा जी का 96 जन्म जन्मोत्सव

Reva India News

Leave a Comment