Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

हिरदेनगर में आयोजित जन स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए कलेक्टर ग्रामीणों से मिलकर जाना हालचाल, उपचार व जांच व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मंडला, 11 फरवरी 2026
हिरदेनगर में आयोजित आरोग्यम मण्डला 2.0 जन स्वास्थ्य शिविर में
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने पहुंचकर शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
और वहां उपस्थित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उपचार
के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों
तथा जांच सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिविर में पंजीयन काउंटर, जांच कक्ष, दवा वितरण केंद्र
तथा परामर्श व्यवस्था का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि
प्रत्येक मरीज को व्यवस्थित ढंग से जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई
जाए। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता देने के
निर्देश भी दिए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क दवाई, जांच और
उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा
रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने ही गांव के पास
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत
हो रही है।
शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न
प्रकार की जांचें की जा रही हैं। इसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, शुगर
जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण, आयुष परामर्श सहित अन्य आवश्यक
जांचें शामिल हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक
दवाइयां निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले
प्रत्येक व्यक्ति का विधिवत पंजीयन किया जाए तथा आवश्यकतानुसार उन्हें आगे
की उपचार प्रक्रिया से भी जोड़ा जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे
अधिक से अधिक संख्या में ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाएं और नियमित
स्वास्थ्य जांच कराएं। शिविर में कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा पात्र हितग्राहियों को
आवासीय पट्टों का वितरण भी किया गया।

Related posts

जिले में अब तक 1452.5 मिमी वर्षा दर्ज  

Reva India News

14 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर लौटे अपने घर

Reva India News

जिले में मिले 10 नए कोरोना पॉजीटिव केस

Reva India News

Leave a Comment