मंडला, 1 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा सोमवार 1 जून से माहिष्मती घाट पर जिला प्रशासन के सभी विभाग प्रमुखों के लिए विशेष योग अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर योग अभ्यास कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत की।

योग सत्र में सामान्य योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योग पूर्वाभ्यास का प्रदर्शन आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. प्रियंका धुर्वे द्वारा कराया गया। इसमें योग प्रार्थना एवं सूक्ष्म व्यायाम से योग सत्र की शुरूआत की गई। इसके पश्चात खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटि चक्रासन, त्रिकोणासन का अभ्यास कराया गया। बैठकर किए जाने वाले आसनों में गौमुख आसन, बद्धकोर्णासन, वक्रासन, शशांक आसन के साथ लेटकर किए जाने वाले आसनों में मकरासन, हलासन, धनुरासन, सलभासन, सेतुबंधासन तथा शवासन का अभ्यास कराया गया। कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों के साथ स्वयं योग किया और नियमित अभ्यास पर जोर दिया। एडीएम श्री राजेंद्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, जिला आयुष अधिकारी श्रीमती गायत्री अहाके सहित आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. एकता वाल्को, डॉ. तेजसिंह ताराम, डॉ. मुकेश महाजन, डॉ. सीमा भवेदी, डॉ. ऋचा धुर्वे, डॉ. ममता धुर्वे, डॉ. अनिल धुर्वे, डॉ. जितेन्द्र धुर्वे के साथ अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी इस सत्र में उपस्थित रहे। पतंजली योग समिति से श्री प्रमोद मिश्रा एवं नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट के सदस्यों ने भी योग सत्र में हिस्सा लिया।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की पद्धति है। जिला प्रशासन चाहता है कि अधिकारी स्वयं स्वस्थ रहें और आम जनता को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करें। माहिष्मती घाट जैसे प्राकृतिक स्थल पर योग करने से इसका प्रभाव और बढ़ जाता है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री अहाके ने बताया कि यह योग अभ्यास सत्र 21 जून, विश्व योग दिवस तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को तनावमुक्त रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन सत्रों में भाग लेकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का लाभ लें। योग सत्र के समापन पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियाँ वितरित की गई।

