Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 25 जून 2026

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर श्री धोटे

निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा, समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश

 

मंडला, 25 जून 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, नेशनल हाईवे, एमपीआरडीसी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस-1 एवं 2), जनजातीय कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग तथा भवन निर्माण विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की विभागवार एवं बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने पटपर-सिंगारपुर में निर्माणाधीन कार्यों का स्वयं स्थल निरीक्षण करने के निर्देश संबंधित इंजीनियर को दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की गहन जांच कर विस्तृत निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा।

ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री धोटे ने आरईएस-1 एवं आरईएस-2 के अधिकारियों को नियमित रूप से ग्राम पंचायतों का सघन भ्रमण करने तथा निर्माण कार्यों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर कलेक्टर श्री धोटे ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठेकेदारों के माध्यम से इन सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने मंडला-चिल्फी मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीडोमीटर एवं स्टॉप लाइन लगाने के निर्देश दिए। अंजनिया क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्होंने वहां निर्मित स्पीड ब्रेकर्स को सड़क के दोनों किनारों तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं एमपीआरडीसी द्वारा निर्मित मंडला-बरेला मार्ग की पुलियों पर सुरक्षा की दृष्टि से अनिवार्य रूप से डिवाइडर निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सभी निर्माण एजेंसियां गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्यों को पूर्ण करें। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने बड़ी खैरी खाद गोदाम का किया औचक निरीक्षण

भंडारण व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से की जाँच

 

मंडला, 25 जून 2026

खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं भंडारण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने गुरुवार को बड़ी खैरी स्थित शासकीय खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद एवं खाद्यान्न के भंडारण, स्टॉक की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने गोदाम में उपलब्ध खाद एवं खाद्यान्न के भौतिक स्टॉक का शासकीय अभिलेखों से मिलान किया तथा रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद एवं खाद्यान्न का भंडारण वैज्ञानिक पद्धति से किया जाए, जिससे नमी, रिसाव अथवा अन्य कारणों से सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित न हो। उन्होंने गोदाम की साफ-सफाई, व्यवस्थित स्टैकिंग तथा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने गोदाम में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा मानकों की भी जाँच की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं हमेशा कार्यशील एवं अद्यतन स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।     कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता, सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भंडारण, रिकॉर्ड संधारण अथवा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए गोदाम परिसर में पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से खाद गोदामों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री अश्वनी झरिया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन जब्त

 

मंडला, 25 जून 2026

जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार खनिज विभाग ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर 24 जून को मंडला एवं डिंडौरी क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण एवं सघन अभियान चलाते हुए अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त किया।

कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम ने डम्पर क्रमांक एमपी 20 एक्ससी 9155, ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 6007 तथा ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 51 एबी 2031 को अवैध रेत परिवहन एवं उत्खनन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया। जब्त किए गए सभी वाहनों को शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों के सुपुर्द कर दिया गया है।

खनिज विभाग द्वारा जब्त वाहनों के विरुद्ध “मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022” के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई खनिज निरीक्षक एवं खनिज विभाग के अमले द्वारा संयुक्त रूप से संपादित की गई।

Related posts

थाना बिछिया एवं मोतीनाला में रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण व चयन शिविर आयोजित, युवाओं को मिला सुनहरा अवसर

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 जून 2023

Reva India News

अपर कलेक्टर ने किया नारायणगंज क्षेत्र का भ्रमण

Reva India News

Leave a Comment