Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 25 जून 2026

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से प्रदेश के 33 लाख लाभार्थियों को भेजी 203.56 करोड़ की पेंशन

मंडला जिले के 69,543 हितग्राहियों को मिले 4.17 करोड़ रुपये

 

मंडला, 25 जून 2026

मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांग जन कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों, निर्धन परिवारों के वृद्धजनों, कल्याणी और परित्यक्ता महिलाओं के लिए पेंशन राशि गुरुवार को जारी की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 33 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 203.56 करोड़ रुपये अंतरित किए। मंडला जिले के 69 हजार 543 लाभार्थियों के खातों में 4 करोड़ 17 लाख 25 हजार 800 रुपये प्राप्त हुए।

सभी जिला मुख्यालयों से संबंधित अधिकारी एवं लाभार्थी एनआईसी कक्षों से ऑनलाइन जुड़े और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उद्बोधन सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, कल्याणी और परित्यक्ता बहनों के प्रति शासन की यह जिम्मेदारी है कि हम इनका ध्यान रखें।

मंडला एनआईसी कक्ष से अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसीईओ जिला पंचायत श्री विनोद मरावी, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री रोहित बड़कुल सहित चिन्हित लाभार्थी इस वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

 

 

 

 

 

 

 

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक संपन्न

 

मंडला, 25 जून 2026

28 जून से प्रारंभ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर 25 जून को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मंडला श्रीमती सोनल सिडाम की अध्यक्षता में ब्लॉक टास्क फोर्स (बीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि विकासखंड के 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी दवा की खुराक अनिवार्य रूप से पिलाई जाए।

बैठक में अधिकारियों ने सभी विभागों के समन्वित प्रयासों, प्रभावी माइक्रोप्लान तैयार करने, जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने, टीमों के प्रशिक्षण, पोलियो बूथों के सुचारू संचालन, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की व्यवस्था तथा छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें अभियान से जोड़ने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मंडला श्री कपिल तिवारी, सीडीपीओ मंडला श्री अनूप नामदेव, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एल.एस. उईके, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर श्री आदित्य पटेल, ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर श्री देवेंद्र पटेल, ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर श्रीमती मंजू पटेल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की समस्त पर्यवेक्षकगण उपस्थित रहीं।

बैठक में सभी संबंधित विभागों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया गया। साथ ही आमजन एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे 28 जून से प्रारंभ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी सुरक्षा से वंचित न रहे।

 

 

 

 

 

 

 

मोहर्रम पर्व पर स्वच्छता जागरूकता अभियान, पंडाल संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश

 

मंडला, 25 जून 2026

नगर पालिका परिषद मंडला अंतर्गत कार्यरत अल्ट्रा क्लीन एंड केयर सर्विसेज की आईसी टीम द्वारा मोहर्रम पर्व के अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित पंडालों का भ्रमण कर स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन संबंधी जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान टीम ने पंडाल संचालकों से आग्रह किया कि वे अपने पंडालों में स्वयं के डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा कचरे को सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर फैलाने से बचें। टीम द्वारा स्त्रोत पृथक्कीकरण (गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखने) के महत्व की जानकारी देते हुए स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।

पंडाल संचालकों को समझाइश दी गई कि पंडालों में एकत्रित होने वाले कचरे को निर्धारित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें, जिससे कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निपटान सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

घुघरी छात्रावास निरीक्षण में उत्कृष्ट व्यवस्थाएं मिलीं, अधीक्षिका की रचनात्मक पहल की सराहना

 

मंडला, 25 जून 2026

क्षेत्रीय संयोजक श्री विष्णु सिंगौर द्वारा 24 जून को विकासखंड घुघरी के छात्रावासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रानी दुर्गावती शासकीय कन्या छात्रावास मधुपुरी बंद पाया गया। वहीं वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय उत्कृष्ट कन्या छात्रावास घुघरी में व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं उच्च गुणवत्ता की पाई गईं। छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई गोभी एवं आलू की सब्जी का अवलोकन किया गया, जिसकी गुणवत्ता उत्तम पाई गई। शौचालयों एवं स्नान कक्षों में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था देखने को मिली तथा खाद्यान्न सामग्री का समुचित एवं व्यवस्थित भंडारण पाया गया।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन की साज-सज्जा भी उत्कृष्ट स्तर की पाई गई। छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती ज्योत्सना मरकाम द्वारा छात्राओं में रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्राएं बेकार वस्तुओं, विशेषकर खाली पानी की बोतलों को रंग-रोगन एवं चित्रकारी के माध्यम से आकर्षक सजावटी सामग्री में परिवर्तित करना सीख रही हैं। इस पहल से छात्रावास परिसर को सुंदर, आकर्षक एवं मनमोहक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षिका को बरसात के पूर्व स्नान कक्षों के दरवाजों पर पेंटिंग कराने, छात्रावास में नियमित रूप से कोचिंग कक्षाएं संचालित करने तथा कोचिंग के उपरांत छात्राओं से फीडबैक प्राप्त कर शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में छात्रावास की समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की गई।

 

लगातार दो माह से अनुपस्थित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निलंबन की कार्रवाई के दायरे में

 

विकासखंड घुघरी के भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय संयोजक श्री विष्णु सिंगौर द्वारा 24 जून को वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम एवं राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह अंग्रेजी माध्यम बालक आश्रम के संयुक्त निरीक्षण में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। निरीक्षण के दौरान अंग्रेजी माध्यम बालक आश्रम घुघरी में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री कमलेश कुमार धुर्वे एवं श्री अरविंद धुर्वे पिछले लगभग दो माह से लगातार अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में दोनों कर्मचारियों के निलंबन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अंग्रेजी माध्यम बालक आश्रम के अधीक्षक को छात्रावास परिसर के शौचालयों एवं स्नान कक्षों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही उनके क्षतिग्रस्त दरवाजों की आवश्यक मरम्मत तीन दिवस के भीतर पूर्ण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि दोनों आश्रमों के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए सांदीपनि विद्यालय घुघरी जाना पड़ता है, जो जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित आश्रमों की मूल अवधारणा के विपरीत है। इस स्थिति को देखते हुए आश्रमों में पृथक शैक्षणिक व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही दोनों आश्रमों के लिए अलग-अलग यू-डाइस कोड पुनः आवंटित कराने संबंधी प्रस्ताव राज्य स्तरीय मुख्यालय को भेजे जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मंडला में सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला आयोजित

 

मंडला, 25 जून 2026

मध्यप्रदेश पुलिस के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 के अंतर्गत शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला में साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर चंद्रवती मरावी ने साइबर जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव ने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह देते हुए साइबर सुरक्षा को समय की आवश्यकता बताया।

आरक्षक प्रशांत चौबे ने ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को फर्जी लिंक, लॉटरी, केवाईसी अपडेट और अन्य साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

विद्यालय के शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह देते हुए “पहले सोचो, फिर क्लिक करो” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी से साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में महिला थाना स्टाफ की विनीता पांडे, सुशील उपाध्याय, शिक्षक प्रवीण अग्रवाल तथा राष्ट्रीय सेवा योजना एवं हरित कोर के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

 

 

 

 

 

 

 

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गाजीपुर हाईस्कूल में जागरूकता सत्र आयोजित

 

मंडला, 25 जून 2026

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में गुरुवार को शासकीय हाईस्कूल गाजीपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता एवं प्रतियोगी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा एवं अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं उचित निपटान के संबंध में जागरूक करते हुए पौष्टिक भोजन, संतुलित आहार, स्थानीय फल-सब्जियों के सेवन तथा नियमित खेल, व्यायाम और योग के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बच्चों के अधिकार, शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्रीमती झीनी मरावी, शिक्षिकाएं श्रीमती स्मृति ठाकुर, श्रीमती रमुलिया पंद्राम, श्रीमती पुष्पा सिरसाम, श्रीमती सुनीता कुमरे, सुश्री रश्मि मरकाम, श्रीमती संगीता ढोक, शिक्षक श्री अरविंद तिवारी, श्री प्रमोद कुमार शुक्ला एवं बहुउद्देशीय कार्यकर्ता हरीशंकर कछवाहा सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Related posts

आंगनवाड़ी केन्द्र चूना भट्टा मण्डला में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

एसडीएम बिछिया एवं सीएमएचओ ने स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Reva India News

केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री का मंडला आगमन 12 को

Reva India News

Leave a Comment