मुख्य सचिव 25 जून को जिलों की समीक्षा बैठक लेंगे
मंडला, 22 जून 2026
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 25 जून को अपराह्न 4 बजे जिलों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को समीक्षा बैठक में आवश्यक जानकारी सहित उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, सुशासन, कानून एवं व्यवस्था, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन की अद्यतन स्थिति, एमपी ई-सेवा पोर्टल, उल्लास साक्षरता मिशन तथा पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण जैसे विषयों की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा खनिजों के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर की गई कार्रवाई, संबल योजना अंतर्गत पंजीयन आवेदनों की स्थिति, वर्तमान में पंजीकृत निर्माण स्थलों की जानकारी, डॉग बाइट प्रकरण, सीएम प्रगति एवं पीजी सेल, मोबाइल टॉवर स्थापना तथा भूमि आवंटन, आईबी, सीबीआई, शासकीय विभागों एवं भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ईव्हीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
मंडला, 22 जून 2026
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे ने सोमवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला में स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्री धोटे ने ईव्हीएम वेयरहाउस में विधिवत रूप से एंट्री कर प्रवेश लिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, निर्वाचन अधीक्षक श्री अरूण, श्री सीके तिवारी उपस्थित रहे।
22 जून को जिले में 4.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई
मंडला, 22 जून 2026
जिले में इस वर्ष 1 जून से 22 जून 2026 के दौरान 20.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 98.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 78 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जून 2026 को नैनपुर में 22.4 मि.मी. एवं बिछिया में 4.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 22 जून 2026 को 4.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
विश्व सिकल सेल दिवस पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
निजी संस्था के शिविर में आयुष विभाग ने दी आयुर्वेदिक दवाएँ
मंडला, 22 जून 2026
विश्व सिकल सेल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को निजी संस्था पूर्वायु वेलनेस फाउंडेशन की ओर से एक निजी होटल में निःशुल्क सिकल सेल जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आयुष विभाग मंडला की टीम ने सिकल सेल से ग्रसित मरीजों की जांच की और उन्हें बीमारी के लक्षण, बचाव व प्रबंधन के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। मरीजों को आयुर्वेदिक औषधियाँ भी निःशुल्क वितरित की गईं। विशेषज्ञों ने बताया कि सिकल सेल अनुवांशिक बीमारी है, जिसमें सही खानपान, आयुर्वेदिक उपचार और नियमित देखभाल से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं।
शिविर में डॉ. सीमा भवेदी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, डॉ. ममता धुर्वे आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी और डॉ. मुकेश कुमार महाजन होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी ने सेवाएं दीं। बड़ी संख्या में मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय जागरूकता प्रशिक्षण 25 जून को
मंडला, 22 जून 2026
नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में नशामुक्ति जनजागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 25 जून को प्रातः 10:30 बजे जिला पंचायत परिसर, मंडला में किया जाएगा। यह प्रशिक्षण मध्यप्रदेश जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान (वाल्मी), भोपाल द्वारा प्रदेश के मास्टर वॉलंटियर्स के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के मास्टर वॉलंटियर्स के साथ-साथ पुलिस विभाग, नारकोटिक्स विभाग, सीएमएचओ, सीईओ जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करना है।
जिला प्रशासन ने सभी जनपद क्षेत्रों से खंड पंचायत अधिकारियों, पंचायत समन्वयक अधिकारियों, सचिवों, रोजगार सहायकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक जनपद क्षेत्र से 10-10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा।
रानी दुर्गावती बलिदान दिवस 24 जून को मनाया जाएगा, कलेक्टर ने जारी किए निर्देश
मंडला, 22 जून 2026
जिला कलेक्टर मंडला द्वारा जारी आदेश के अनुसार वीरांगना ’’रानी दुर्गावती एवं राजा शंकरशाह-रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस’’ के अवसर पर 24 जून को प्रातः 9 बजे से रानी दुर्गावती बलिदान दिवस का आयोजन रपटा घाट स्थित रानी दुर्गावती स्मारक परिसर में किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समुचित व्यवस्थाओं के लिए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को नोडल अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंडला को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आदेश में विभिन्न विभागों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, होमगार्ड को आवश्यक सहयोग, नगर पालिका को साफ-सफाई, पेयजल एवं मंचीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं यातायात पुलिस को कार्यक्रम स्थल पर आवागमन एवं यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस का आयोजन गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
