Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 21 जून 2026

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान

175 से भी अधिक देशों तक पहुंची भारतीय परंपरा- मंत्री श्रीमती संपतिया उईके

माँ नर्मदा के माहिष्मती घाट पर हुआ जिला स्तरीय योग दिवस आयोजन,

कलेक्टर ने मयूरासन और शीर्षासन कर दिया योग अपनाने का प्रेरक संदेश

हजारों नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 

मंडला, 21 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को माँ नर्मदा के पावन तट माहिष्मती घाट में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं तथा अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के 175 से भी अधिक देशों में योग को अपनाया जा रहा है और पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति एवं जीवन दर्शन की इस अनुपम देन का लाभ उठा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की जो परंपरा विकसित की थी, वही आज विश्व कल्याण का आधार बन रही है।

मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए, जिससे स्वयं के साथ-साथ परिवार और समाज भी स्वस्थ एवं सशक्त बन सके।

कार्यक्रम में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका धुर्वे एवं योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थितजनों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सभी ने सुना।

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शीर्षासन एवं मयूरासन का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित नागरिकों को योग के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शीर्षासन और मयूरासन जैसे कठिन आसन यह संदेश देते हैं कि नियमित अभ्यास, धैर्य और दृढ़ संकल्प से असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। योग हमें शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण के बीच किए गए इन कठिन योगासनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया तथा योग के प्रति उत्साह का संचार किया।

कलेक्टर श्री धोटे ने नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ, संतुलित और सुखद जीवन का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री अहाके, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

ऐतिहासिक मोतीमहल रामनगर में विश्व योग दिवस पर हुआ योगाभ्यास

 

मंडला, 21 जून 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी मंडला के मार्गदर्शन में आयुष विभाग मंडला द्वारा ऐतिहासिक मोतीमहल रामनगर में 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के सदस्य, नायब तहसीलदार अंजनिया, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, रामनगर शासकीय विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ, रामनगर के सरपंच, विद्यालय के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। आयुष विभाग की ओर से डॉ. सीमा भवेदी (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), डॉ. मुकेश कुमार महाजन (होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी) एवं योग प्रशिक्षक राजेश श्रीवास उपस्थित रहे।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

आयुष विभाग द्वारा बताया गया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा योग को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि स्वस्थ एवं निरोगी समाज का निर्माण किया जा सके।

Related posts

परिवार के साथ मंडला कलेक्टर पहुंचे कान्हा नेशनल पार्क

Reva India News

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाभांवित हुईं जिले की 1लाख 96 हजार 787 लाड़ली बहनें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की हितग्राहियों के खातों में राशि

Reva India News

साक्षात्कार तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक स्थगित

Reva India News

Leave a Comment