पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, 9.44 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 18,880 करोड़ रुपये
डिजिटल कृषि मिशन का भी शुभारंभ
मंडला, 20 जून 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित राज्य स्तरीय पश्चिम बंग दिवस समारोह में प्रधानमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से यह राशि किसानों के खातों में भेजी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने डिजिटल कृषि मिशन का शुभारंभ भी किया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के समावेश, उत्पादकता वृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डिजिटल कृषि मिशन किसानों को तकनीक आधारित सेवाओं से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
जिला मुख्यालय मंडला में भी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मंडला के अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित जिले के प्रगतिशील कृषकों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन का श्रवण किया।
कार्यक्रम के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं कलेक्टर द्वारा उपस्थित कृषकों का सम्मान किया गया तथा उन्हें कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
माहिष्मती घाट पर होगा जिला स्तरीय योग अभ्यास, मंत्री श्रीमती संपतिया उईके होंगी शामिल
योग दिवस पर ही तीन जगह लगेंगे वृहद रक्तदान शिविर
मंडला, 20 जून 2026
विश्व योग दिवस के अवसर पर रविवार 21 जून को जिले भर में सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नगर के माहिष्मती घाट पर सुबह 6 बजे से होगा। कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके शामिल होंगी।
रामनगर के मोती महल सहित कई जगह होंगे आयोजन
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में माहिष्मती घाट के अलावा जिले के विभिन्न अंचलों में भी योग सत्र आयोजित किए गए हैं। रामनगर स्थित ऐतिहासिक मोती महल परिसर में भी सामूहिक योग अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्र रखे गए हैं।
तीन स्थानों पर रक्तदान शिविर, सुबह 8 बजे से शुरुआत
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर ही जिले में वृहद रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। सुबह 8 बजे माहिष्मती घाट पर मंत्री श्रीमती संपतिया उईके शिविर का शुभारंभ करेंगी। इसके बाद ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल और जिला चिकित्सालय में दिनभर रक्तदान शिविर चलेगा। दोनों कार्यक्रमों में मंत्री श्रीमती उईके की मौजूदगी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से योग अभ्यास और रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
