मंडला, 28 अगस्त 2026
भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी 14 विद्याओं एवं 64 कलाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सहभागी बन सकेंगे।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा ने बताया कि श्रीकृष्ण पाथेय न्यास एवं मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा यह ऑनलाइन प्रतियोगिता 11 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। विद्यार्थी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूल स्तर के 51 तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के 51, कुल 102 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को एक लाख रुपये की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। महाविद्यालय की छात्रवृत्ति शाखा के श्री संजय नंदा ने जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों से ऑनलाइन प्रतियोगिता में पंजीयन कर उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की है।
