मंडला, 7 सितम्बर 2026
कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आज गरीब बंदी कल्याण को लेकर जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने की। बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है कि कारागार में कोई भी गरीब बंदी केवल जुर्माने की राशि जमा न कर पाने के कारण अपनी सजा पूरी होने के बाद भी जेल में न रहे। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि ऐसे सभी बंदियों की पूरी जानकारी चिन्हित कर तत्काल समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाए, ताकि उन्हें नियमानुसार लाभ दिलाया जा सके।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि इस पुनीत कार्य में सहयोग करने वाले गैर सरकारी संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन यह भी जरूरी है कि केवल सत्यापित और विश्वसनीय संस्थाओं से ही सहयोग लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सहयोगी एनजीओ की लाइन लिस्टिंग एवं वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि किसी भी नॉन-वेरीफाइड एनजीओ से सहयोग न लिया जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने जेल अधीक्षक को नियमानुसार समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, जिससे योजना का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी रूप से हो सके। बैठक में जिला न्यायाधीश, पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक, अपर कलेक्टर सहित समिति के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
