Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

*पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में जिलेभर में चलेगा सघन यातायात प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान*

*28 सितंबर से 08 अक्टूबर तक हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष निगरानी*

 

*शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में भी होगी चेकिंग, उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई*

 

मंडला। पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं एवं दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से निरंतर जन-जागरूकता एवं विशेष यातायात गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में *पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में मंडला यातायात थाना द्वारा दिनांक 28 सितंबर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित* किया जाएगा।

 

अभियान के दौरान जिले के *प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग* की जाएगी। *दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठने वाले पिलियन राइडर द्वारा हेलमेट के उपयोग की भी जांच की जाएगी। चारपहिया वाहनों में चालक एवं यात्रियों द्वारा सीटबेल्ट के उपयोग* को सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

*शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में भी होगी चेकिंग–*

अभियान के अंतर्गत *शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा दोपहिया वाहन का उपयोग करते समय हेलमेट धारण करना अनिवार्य रहेगा*। संबंधित कार्यालयों के प्रवेश मार्ग एवं आसपास आवश्यकतानुसार यातायात पुलिस द्वारा चेकिंग की जाएगी।

 

पुलिस यूनिफॉर्म में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों तथा शासकीय कार्यालयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को पूर्व में भी हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में निर्देशित किया गया था। नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के क्रम में पूर्व अभियान के दौरान हेलमेट नियम का उल्लंघन करने वाले 15 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है।

 

*सड़क दुर्घटनाओं के तुलनात्मक आंकड़ों में कमी—*

उपलब्ध तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2025 की तुलना में अगस्त 2026 में जिले में सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या में कमी दर्ज हुई है। अगस्त 2025 में 73 सड़क दुर्घटनाओं की तुलना में अगस्त 2026 में 51 दुर्घटनाएं दर्ज हुईं।

 

इस प्रकार तुलनात्मक अवधि में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 30.1 प्रतिशत, मृतकों की संख्या में 43.5 प्रतिशत तथा घायलों की संख्या में 38.8 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है।

 

*जन-जागरूकता गतिविधियों पर रहेगा विशेष जोर–*

अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में यातायात सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री के माध्यम से नागरिकों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के महत्व तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

 

*बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर, प्रचलित प्रावधानों के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को प्रकरण भेजने की कार्रवाई* की जाएगी।

 

*“हेलमेट एवं सीटबेल्ट—चालान से बचने के लिए नहीं, जीवन की सुरक्षा के लिए।”*

Related posts

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने की मंडला कलेक्टर के नवाचार की प्रशंसा

Reva India News

*एसपी मंडला द्वारा थाना घुघरी का आकस्मिक निरीक्षण*

Reva India News

मंडला एवं निवास विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता प्रकरणों की सुनवाई संपन्न

Reva India News

Leave a Comment