मण्डला 8 नवम्बर 2020
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने योजना भवन में जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने शासन की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिले में इसके क्रियान्वयन के लिए किए गए प्रगति कार्यों की आंकड़ेवार समीक्षा की। बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, भीष्म द्विवेदी, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी तथा संबंधित उपस्थित थे।
राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सड़कों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्हें गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन तथा नई स्वीकृत सड़कों के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। इस्पात राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास, जल जीवन मिशन, कृषि आधारित योजना, ग्रामीण विकास विभाग के कार्य तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जल जीवन मिशन तथा नल जल योजना के माध्यम से ग्रीष्म ऋतु के पूर्व पेयजल उपलब्धता संबंधी प्रभावी कार्य सुनिश्चित करें। श्री कुलस्ते ने वन विभाग की समीक्षा पर चर्चा करते हुए कान्हा क्षेत्र के बफर जोन की पंचायतों के विकास संबंधी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग द्वारा मेडीशन प्लांट के रोपण संबंधी विस्तृत जानकारी भी ली।
राज्यमंत्री ने कृषि आधारित योजनाओं, खाद-बीज की उपलब्धता तथा खाद्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में संबंधित अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने नगरीय निकायों के स्वीकृत कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। श्री कुलस्ते ने जिले की जनता को आगामी दिनों में कोरोना से बचने विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि शीत ऋतु के मद्देनजर कोरोना संक्रमण की दर बढ़ने की संभावना है। हम सभी को आपसी सामंजस्य तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिले को कोरोना संक्रमण से बचाना है। बैठक में विधायक बिछिया नारायण पट्टा ने हालोन परियोजना से संबंधित टेंडर परियोजना, बिछिया में रंगमंच के निर्माण तथा पदमी-रामनगर-घुघरी मार्ग के बारे में जरूरी चर्चा की। विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने सड़क निर्माण, वन अधिकार दावे तथा कम्यूनिटी राईट्स के विषय पर अपनी बात रखी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में आंगनवाड़ी केन्द्रों, वनाधिकार पट्टों की जानकारी, कम्यूनिटी राईट्स के संबंध में प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को तत्काल प्रारंभ करें।
