Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ चलेगा सेवा संकल्प अभियान: आशीष दुबे .मंडला के 1051 बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम

                                      मंडला। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को जबलपुर सांसद आशीष दुबे ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 7 अक्टूबर 2001 से मुख्यमंत्री के रूप 12 वर्ष और 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में 13 वर्ष निरंतर सेवा कुल 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। सांसद आशीष दुबे ने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाती है, लेकिन इस वर्ष विशेष है। प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे एक माह तक सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम नहीं रहेगा, बल्कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


25 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों में देश में अनेक बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने, 4-5 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराने तथा 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जोड़ने जैसे कार्य हुए हैं। इसी तरह देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। कोरोना महामारी के दौरान 200 करोड़ कोविड टीकों का मुफ्त टीकाकरण भी देश की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। सांसद ने कहा कि ये आंकड़े केवल योजनाओं की संख्या नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में आए बदलाव को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी, तब देश और प्रदेश की परिस्थितियां अलग थीं। आज भारत दुनिया की तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की पहचान और सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को अब तक 37 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं, जिन्हें देश के 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान के रूप में देखा जाना चाहिए।


71 हजार 930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की जानकारी देते हुए सांसद दुबे ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे मंडला सहित प्रदेश के सभी  71930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 2 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान ‘विकसित भारत’ की कल्पना को लेकर प्रदेश के सरकारी एवं निजी स्कूलों में चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसी तरह ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम होंगे। कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी दीदियों का सम्मान करने के साथ बच्चों एवं माताओं को प्रधानमंत्री की पोषण, स्वास्थ्य और महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिन तक चलेगा।


सेवा ज्योति यात्रा में हर गांव तक पहुंचेगा संदेश
7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी तथा विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। यात्रा के दौरान पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन अलग-अलग दिशाओं से निकलकर एक स्थान पर पहुंचेंगे। वहां कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की प्रमुख सेवा एवं विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।


भाजपा जिलाध्यक्ष ने तैयारियों की दी जानकारी  
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने मंडला जिले में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में अभियान के कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ अभियान में जुटेगा। उन्होंने कहा कि अभियान में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आधार बनाकर सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के 13 कार्यक्रमों के जिला प्रभारियों को नियुक्त किया गया है जिसमें भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा, जिला महामंत्री नरेश चंद्रोल, नैनपुर नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, सोशल मीडिया प्रभारी शोभित रावत,  शैलेष मिश्रा, महेन्द्र राठोर, मंजू कछवाहा, राजेश जैन, उत्कर्ष यादव, विकास यादव, सुनीत चौरसिया, शशिकांत श्रीवास्तव, जोरावर सिंह, डाॅ संजय कुशराम शामिल हैं।

Related posts

पीओ डूडा ने किया ट्रेंचिंग ग्राउंड का स्थल निरीक्षण

Reva India News

बरोंची में ग्रामीणों ने रैली निकालकर स्वच्छता को अपनाने की अपील की

Reva India News

जिला पंचायत सीईओ द्वारा नाबार्ड स्वच्छता से विकास कार्यक्रम का शुभारंभ एवं कृषि से संबन्धित कार्यों का किया गया निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment