मण्डला 13 नवम्बर 2020
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया कि प्रदेश में उपार्जित धान के प्रत्येक दाने की नियमानुसार खरीदी सुनिश्चित की जाए। खरीदी के लिए पर्याप्त मात्रा में खरीदी केन्द्र बनाए जाएं। उपार्जन के साथ-साथ मिलिंग का कार्य भी कराएं। मिलिंग के दौरान गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जाए। मिलर को जो धान दी जा रही है उसी का चावल प्राप्त करें। गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रमुख सचिव इकबाल सिंह बैस, डीजीपी व्हीके जौहरी, संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव, प्रदेश के सभी कमिश्नर्स, कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षक, एनआईसी मंडला से कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया कि प्रदेश के किसानों से ही धान की खरीदी की जाए। अन्य प्रदेशों के किसानों से धान ना खरीदें। उन्होंने इस संबंध में सीमावर्ती जिलों में चैकपोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि उपार्जन के साथ-साथ परिवहन की भी समुचित व्यवस्था रखी जाए। बारदानों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करें। नवीन पात्रता पर्ची की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को पात्रता पर्ची का वितरण सुनिश्चित किया जाए। हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न का वितरण किया जाए। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत् सत्यापन का कार्य जल्द पूर्ण करें। कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। श्री चौहान ने निर्देशित किया कि किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने के निर्देश दिए।
श्री चौहान ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण पथ विक्रेताओं के शतप्रतिशत ऋण प्रकरण 30 नवम्बर तक स्वीकृत करें। ऋण स्वीकृति के साथ-साथ वितरण भी सुनिश्चित करें। महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कार्य करें। ’’लोकल फॉर वोकल’’ पर गंभीरता से कार्य करें। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बैकिंग एवं मार्केटिंग में समुचित सहयोग प्रदान करें। ’’एक जिला एक उत्पाद’’ के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने इसके उत्पादन, मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग की दिशा में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाईन मार्केटिंग से भी जुड़ने की बात कही। मिलावट से मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मिलावट को जड़ से खत्म करने के लिए मिलावटखोरों पर सख्त कार्यवाही करें। अभियान को गंभीरता से लेते हुए बड़े व्यापारियों पर भी नजर रखी जाए। खाद्य पदार्थों के मामले में कारखानों की भी जांच की जाए। इस संबंध में पुलिस, नापतौल, खाद्य विभाग सहित संबंधित विभाग सम्मिलित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोजगार मूलक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि दीपावली एवं छठ पूजा आदि पर्वों पर कोविड-19 के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। चीन में बनी आतिशबाजियों पर सख्ती से रोक लगाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस पर नियंत्रण पाने के लिए सम्मिलित प्रयास आवश्यक है। सर्दी में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है, अतः लोगों को इस संबंध में सतत् जागरूक किया जाए। जनसामान्य को मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। जांच, बिस्तर एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रखें। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कोविड कंट्रोल सेंटर तथा फीवर क्लीनिक को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। बैठक में लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन पोर्टल पर परिसम्पत्ति की जानकारी अद्यतन दर्ज करना तथा समस्त नगरीय निकायों में एकल खाता प्रणाली लागू करना आदि विषयों पर भी चर्चा की गई।
सुशासन के लिए कानून व्यवस्था जरूरी
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया कि अपराधियों पर सख्त कार्यवाही की जाए। सुशासन के लिए कानून व्यवस्था जरूरी है। अपराधियों के विरूद्ध सिर्फ प्रकरण बनाने तक ही सीमित न रहें बल्कि उन्हें सजा दिलाने तक सतत् फॉलोअप करें। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों के मामलों में भी दरिंदों को फांसी के फंदे तक पहुंचाना पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि चिटफंड कंपनियों के मामले में केवल एजेंटों तक कार्यवाही सीमित न रहे। सभी जिम्मेदारों पर कार्यवाही करते हुए लोगों को पैसा वापस दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अवैध रेत उत्खनन, नशीले पदार्थों का विक्रय आदि के संबंध में भी सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
