मण्डला 23 दिसम्बर 2020
जिले के विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा प्रोजेक्ट नई उड़ान आरम्भ किया गया है। इसके अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी एवं जेईई व नीट की ऑनलाइन कोचिंग प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की शैक्षिक शंकाओं के समाधान हेतु विकासखंड मवई के मॉडल स्कूल में रेमेडियल कक्षाओं का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत जिले के विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षिक समस्याओं का समाधान किया गया। एपीसी रमसा मुकेश पांडेय ने विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम अनुसार अध्ययन करने के साथ – साथ समय प्रबंधन की विधियों से अवगत कराया। शिक्षक देवेन्द्र चौरसिया ने त्रिकोणमिति की अवधारणाओं से परिचय कराते हुए ऊँचाई एवं दूरी से संबंधित प्रश्न हल करने की विधियों को साझा किया। राकेश चौरसिया ने समांतर श्रेणी एवं निर्देशांक ज्यामिति से संबंधित अवधारणाओं को स्पष्ट किया। सुनीता बैरागी ने धातु-अधातु, श्वसन, मानव एवं पौधों में जनन प्रक्रिया को समझाया समझाया। शिवशंकर पांडेय ने नोट्स मेकिंग, लैटर राइटिंग और टेक्स्ट बुक से संबंधित प्रश्नों का अभ्यास कराते हुए स्पेलिंग सुधार की विधियों से अवगत कराया। रसायन विज्ञान में नवीन चौरसिया ने अम्ल, क्षार एवं लवण से संबंधित तथ्यों को विस्तार से समझाया। शक्ति पटेल ने हिन्दी में साहित्यिक परिचय एवं अलंकार से संबंधित अवधारणाओं को स्पष्ट किया। उन्होंने जीवन कौशल शिक्षा के अंतर्गत तनाव प्रबंधन एवं स्मरण शक्ति बढ़ाने की नेमोनिक तकनीक को भी विद्यार्थियों से साझा किया। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षक, कक्षा 10 वीं के 106 और 12 वीं के 100 विद्यार्थी उपस्थित थे।
