मण्डला – शुक्रवार को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे भारत सरकार के अति विशिष्ट सम्मान से अलंकृत विश्व विख्यात चित्रकार सैयद हैदर रज़ा के जन्मोत्सव पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत हो रही है। रज़ा फाउंडेशन द्वारा 19 फरवरी 2021, दिन शुक्रवार को सैयद हैदर रजा मार्ग मंडला स्थित रज़ा कला वीथिका में रज़ा मंडल का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी में हैदर रज़ा के कार्यों के साथ-साथ चुनिंदा कलाकारों के चित्रों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। रज़ा फाउंडेशन के इन आयोजनों में माँ रेवा सेवा महाआरती समिति और नमामि आर्ट फाउंडेशन द्वारा सहयोग किया जा रहा है।
रज़ा कला वीथिका में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारम्भ 19 फरवरी 2021, दिन शुक्रवार की शाम 06:30 पर नगर पालिका परिषद् की अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्वी हुड्डा और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत की उपस्थिति में होगा। मंडला रज़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के मद्देनज़र मंडला पहुंचे रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि 22 फरवरी 2021 को हैदर रज़ा का 99वां जन्मदिवस है। श्री रज़ा के 99वें जन्मदिन से लेकर 100वें जन्मदिवस तक रज़ा फाउंडेशन रज़ा शत वार्षिकी मना रहा है। मंडला में आयोजित प्रदर्शनी “रज़ा मंडल” में सैयद हैदर रज़ा के चित्रों के अलावा श्याम पहापलकर, आदित्य सिंह, आशीष कछवाहा, दुर्गेश बिरथरे, गजेंद्र सोनी, गोविन्द विश्वास, पूनम जैन, प्रवीण श्याम, रामकुमार, राधे श्याम खैरवार, संतोष श्याम, शुभी जैन, सुप्रिया अम्बर, सुनील श्याम और उन्नति शुक्ला के चित्र प्रदर्शित किए जा रहे है। 20 फरवरी 2021, दिन शनिवार को रज़ा उत्सव के अंतर्गत चित्रकला कार्यशाला, माटी में रंग की शुरुआत होगी। इस बार चित्रकला कार्यशाला का आयोजन रपटा घाट की जगह रज़ा कला वीथिका में होगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए कार्यक्रम में पहुंचे व अपने चहीते कलाकार को याद करें।
संजीव चौबे ने बताया कि रज़ा फाउंडेशन ने 1 फरवरी से ही अपने कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी थीं। इसमें रज़ा वितान का आयोजन डॉ. हीरालाल राय आर्ट गैलरी रानी दुर्गावती म्यूजियम भंवर ताल जबलपुर में किया गया था। इसमें सैयद हैदर रज़ा के ओरिजिनल चित्रों के प्रिंट्स प्रदर्शित करने के साथ-साथ वर्कशॉप का भी आयोजन किया गया था। 6 फरवरी से नई दिल्ली में अंतरंग रज़ा, का आयोजन श्रीधरानी गैलरी त्रिवेणी कला संगम नई दिल्ली में, 7 फरवरी को नई दिल्ली में आखिरी कुछ बरस ऑनलाइन कार्यक्रम, 8 फरवरी से 15 फरवरी तक रज़ा अरण्य का आयोजन कान्हा सरई आर्ट गैलरी कान्हा, 12 फरवरी से 15 फरवरी तक इंदौर में रज़ा वलय का आयोजन किया जा चुका है। इसके अलावा 17 फरवरी को नई दिल्ली में दूसरा जीवन, 17 फरवरी से 19 फरवरी तक कालिदास अकैडमी उज्जैन में रज़ा संभव, 18 फरवरी से 14 मार्च तक नई दिल्ली में डांस ऑफ एलिमेंट, 20 से 22 फरवरी तक रज़ा उत्सव, 19 फरवरी से 28 फरवरी तक मंडला में रज़ा मंडल, 21 फरवरी से 28 फरवरी तक अहमदाबाद रज़ा विस्तार का आयोजन किया जा रहा है। 22 फरवरी से 28 फरवरी तक भोपाल में रज़ा मध्य और 22 फरवरी से 13 मार्च तक नई दिल्ली में गीजर्स – रज़ा एंड फ्रेंड्स नामक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
