Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मूलभूत सुविधाओं की मांगो को लेकर आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मण्डला। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी जिला ईकाई ने मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि मण्डला एक आदिवासी बाहुल्य पिछड़ा जिला है। जिसकी कुल आबादी लगभग 10 लाख से भी अधिक है। वर्तमान में जिले में रेल, सडक़, पानी, शिक्षा, रोजगार जैसी अनेक प्रकार की गंभीर समस्याएं व्याप्त हैं किन्तु इन सबसे उपर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं है जिनका त्वरित निराकरण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में बिस्तरों की संख्या इतनी कम है गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं एवं उनके नवजात शिशुओं को जमीन पर सुलाया जाता है। जिससे उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है और यह सुरक्षात्मक दृष्टि से भी उचित नहीं है। अत: आम आदमी पार्टी मण्डला मांग करती है कि मेटरनिटी वार्ड में बिस्तरों की संख्या तत्काल प्रभाव से बढ़ाई जाए। जिला अस्पताल में दूर दराज से अनेक मरीज स्वास्थ्य लाभ की आशा से इलाज के लिए आते हैं किन्तु विगत कई वर्षों से यहां नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ पदस्थ नहीं है। जिससे अनेक मरीजों को इनसे संबंधित छोटी से छोटी समस्या के लिए  जबलपुर या अन्य महानगरों की ओर जाना पड़ता है। जिससे समय और धन की बर्वादी होती है। रोग विशेषज्ञों की लगातार मांग की जा रही है। लेकिन कोई भी ध्यान नही दिया जा रहा है। आम आदमी पार्टी मण्डला मांग करती है कि जिला अस्पताल में तत्काल एक नाक, कान, गला विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए। विगत कुछ वर्षों खासकर कोविड के बाद देश भर में हृदय रोगियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है जिसका असर जिले में भी दिख रहा है।

किन्तु अनेक वर्षों से जिले में कार्डियोलॉजिस्ट पदस्थ न होने के कारण वृद्धा सहित युवाओं को भी असमय अपना जीवन गंवाना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में तत्काल एक कार्डियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए। जिले में उदर संबंधी रोगी भी अपने पेट संबंधी समस्याओं के लिए यहां-वहां भटकते रहते हैं। जिला अस्पताल में तत्काल एक गेस्ट्रोलॉजिस्ट की तत्काल नियुक्ति की जाए। मस्तिष्क संबंधी रोगियों को भी इलाज हेतु जबलपुर या नागपुर जाना पड़ता है। जिला अस्पताल में तत्त्काल एक न्यूरोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण एवं खान-पान की वस्तुओं में मिलावट होने के कारण जिले में मूत्र संबंधी रोगी भी अचानक बढ़ रहे हैं परन्तु उनके उचित इलाज की व्यवस्था नहीं है। जिला अस्पताल में तत्काल एक यूरोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए। जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन होने के बावजूद वहां पर गर्भवती महिलाओं के अलावा अन्य रोगियों की सोनोग्राफी नहीं की जाती जिसके कारण उनको प्राईवेट जांच केन्द्रों में जाकर ज्यादा शुल्क देने के साथ-साथ परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। जिला अस्पताल में अन्य रोगियों हेतु सोनोग्राफी व्यवस्था प्रारंभ की जाए। चूंकि उपरोक्त समस्त मांगे जनहितैषी एवं जीवन-मरण से जुड़ी समस्त 7 बिन्दुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जिलेवासियों की इन गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की जाए। अगर एक माह के अंदर उपरोक्त समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी जिला इकाई द्वारा अनिश्चितकालीन धरना एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल का 25 एवं 26 जनवरी को मंडला दौरा

Reva India News

प्रसव उपरान्त माँ को छुट्टी देने से पहले जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश

Reva India News

जलजनित बीमारियों से बचने पालकों के समझाईश देंगे स्कूली बच्चे

Reva India News

Leave a Comment