Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कोरोना संक्रमण से बचने आगामी त्यौहारों में विशेष सावधानी आवश्यक – श्री कुलस्ते जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न

मण्डला, 17 मार्च 2021

देश भर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रदेश स्तर पर भी कोरोना नियंत्रण के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जनपद अध्यक्ष मंडला पांचोबाई पदम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, सभी एसडीएम, सीईओ जनपद तथा नगरीय निकायों के संबंधित उपस्थित थे। बैठक में इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि आगामी त्यौहारों में कोरोना संक्रमण से बचने सभी को विशेष सावधानी बरतना होगा। जिलेवासी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

श्री कुलस्ते ने कहा कि सभी मॉस्क एवं सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन करें। जिला प्रशासन मॉस्क के उपयोग को कड़ाई से लागू करें तथा आवश्यकता होने पर जुर्माना भी करें। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, विशेष नागपुर से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी संधारित की जाए। इसी प्रकार जबलपुर तथा भोपाल से आने वाले यात्रियों की भी प्रारंभिक जांच के इंतजाम सुनिश्चित करें। राज्यमंत्री ने ग्रामीण स्तर पर मॉस्क के उपयोग, नियमित अंतराल पर हाथ धोने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुनादी के माध्यम से भी स्थानीय जनता को कोरोना से बचाव की जानकारी प्रदान करें। राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि कोरोना नियंत्रण के लिए प्रशासनिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ व्यक्तिगत् उत्तरदायित्व भी आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि कोरोना वैक्सीनेशन में सक्रियता से भाग लें तथा दूसरों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। श्रीमती उईके ने मॉस्क एवं सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन कराने की बात कही।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समिति की बैठक में बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मॉस्क के उपयोग को अनिवार्य किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही की जा रही है। विगत् दिनों से मॉस्क का उपयोग नहीं करने वाले व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही भी की जा रही है। इसी प्रकार पुलिस द्वारा रोको-टोको अभियान के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है। श्रीमती सिंह ने बैठक में कोविड वैक्सीनेशन के द्वितीय चरण की जानकारी दी। उन्होंने विगत् 15 दिनों में कोरोना संक्रमित होने वाले मामलों की समीक्षा भी की। उन्होंने जिलेवासियों से कहा है कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी स्थानीय अमले को उपलब्ध कराएं। इसी प्रकार कोविड वैक्सीनेशन के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति एवं 45 वर्ष से अधिक आयु के गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति अपना टीकाकरण अवश्य कराएं।

Related posts

बेटी बचाओ बेटी पढाओ के तहत बाल विवाह रोकथाम के लिए कार्यशाला का आयोजन

Reva India News

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोचा में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया

Reva India News

जिले में मिले 7 नए कोरोना पॉजीटिव केस

Reva India News

Leave a Comment