मण्डला, 25 मार्च 2021
कोरोना संक्रमण एवं आगामी होली त्यौहार को मद्देनजर रखते हुए जिले में अवैध मदिरा विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम हेतु जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में एवं जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम के मार्गदर्शन में आबकारी टीम मण्डला द्वारा लगातार जिले के विभिन्न संदिग्ध इलाकों में मदिरा के अवैध निर्माण एवं विक्रय को प्रतिबंधित करने हेतु छापामार कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही के दौरान विगत 22 मार्च 2021 एवं 24 मार्च 2021 को मण्डला नगर के मछली मार्केट, बस स्टेंड क्षेत्र में संचालित होटलों एवं बोना ढाबा में छापामार कार्यवाही की गयी। इस कार्यवाही में 75 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 50 पाव विदेशी मदिरा गोवा जप्त कर आबकारी अपराध में संलिप्त 4 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
इसी तरह 23 मार्च 2021 एवं 24 मार्च 2021 को नैनपुर क्षेत्र व अन्य अड्डों में छापामार कार्यवाही कर मौके पर 45 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब एवं 600 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इन अड्डों में लावारिस रूप से बरामद महुआ लाहन के साथ शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तनों को मौके पर नष्ट किया गया। छापामार कार्यवाही में अवैध शराब में संलिप्त 3 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
उक्त कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक इन्दु उपाध्याय, शैली सैयाम, गिरिजा धुर्वे तथा आबकारी मुख्य आरक्षक दुर्जन सिंह कुलेश, हरे सिंह, आबकारी आरक्षक ईशु लाल, महेश पटेल, रघुनाथ उईके, विजय कमलेश, बिहारी साहू, नेतराम, राजेन्द्र खाण्डेलकर, ममता बैरागी, शकुन्तला सैयाम उपस्थित रहे। जिले में विशेष अभियान के तहत् शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु कार्यवाही निरन्तर जारी रखी गयी है।
