मण्डला 18 जून 2021
कोविड वैक्सीनेशन के महाअभियान के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि 21 जून से चलने वाले महाअभियान के दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग अपने अमले का उपयोग करते हुए वैक्सीनेशन के लिए सकारात्मक वातावरण निर्मित करें और लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तक मोबिलाईज करें। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जा रही है। तहसीलदार, नोडल अधिकारियों तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारियों के साथ मोबाईल टीम मौजूद रहेगी। कलेक्टर ने खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन में लगने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की समुचित ब्रीफिंग सुनिश्चित की जाए। समय पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करें तथा प्रत्येक घण्टे जिला स्तर पर जानकारी भेजें।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वॉल पेंटिंग कराने, प्रेरक गीत तथा एनाउन्समेंट के माध्यम से वातावरण बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के कार्यस्थलों में जहां अधिक संख्या में श्रमिक मौजूद हों, वहां पर मोबाईल टीम के माध्यम से वैक्सीनेशन कराया जाए। उन्होंने जिला उद्योग अधिकारी एवं श्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत् प्रत्येक श्रमिक का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान को दिव्यांगजनों के वैक्सीनेशन के लिए बीआरसी, बीएसी तथा एमआरसी की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए। पेंशनधारियों के वैक्सीनेशन के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया गया। सेल्समैन के माध्यम से पात्रतापर्चीधारियों के वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार बैठक में स्व-सहायता समूह की महिलाओं का शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए परियोजना अधिकारी ग्रामीण आजीविका परियोजना को निर्देश दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में कलेक्टर ने वैक्सीनेशन की कार्ययोजना तथा निकायवार दैनिक लक्ष्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
