प्रोफेसर मॉस्क लगाएं और विद्यार्थियों को भी प्रेरित करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने किया रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मण्डला का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रोफेसर तथा विद्यार्थियों को मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने सहित कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि प्रोफेसर स्वयं मॉस्क लगाएं और विद्यार्थियों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएं। बिना मॉस्क के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही करें। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राजेश चौरसिया, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग आयुषी सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि निर्धारित पाठ्यक्रम को पूरा कराने के लिए कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वित करें। महाविद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएं तथा समय-समय पर कैरियर काउंसलिंग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्धारण में शिक्षक सहभागी बनें। अध्ययनरत् बच्चों के लक्ष्य का निर्धारण कराएं तथा उसकी पूर्ति के लिए शिक्षकगण समुचित मार्गदर्शन प्रदान करें। कलेक्टर ने कहा कि महाविद्यालय की साफ-सफाई में विशेष ध्यान दें। शिक्षक तथा विद्यार्थी सम्मिलित रूप से श्रमदान करते हुए परिसर को आकर्षक बनाएं। अंकुर योजना के तहत विद्यार्थियों के जन्मदिवस सहित अन्य विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण कराएं तथा पार्क को विकसित करें। महाविद्यालय परिसर में प्रेरणास्पद वाक्य लिखवाएँ। कॉलेज भवन के प्रवेश द्वार में डिजीटल डिस्प्ले लगाएं। उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए समुचित रैम्प बनवाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि परिसर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीव्ही कैमरा लगवाएं। प्रत्येक कक्षों के सामने कक्ष संबंधी जानकारी अंकित कराएं। प्रयोगशाला में प्रकाश की बेहतर व्यवस्था करें। खिड़की तथा दरवाजों में आवश्यक सुधार कराएं। लायब्रेरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के दृष्टिकोण से बहुउद्देशीय पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न किए। उन्होंने छात्राओं से गांव की बेटी सहित अन्य प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।

महाविद्यालय में लगाएं वैक्सीनेशन कैम्प
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने छात्र-छात्राओं से वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों के वैक्सीन के दोनों डोज पूर्ण कराएं। जिन विद्यार्थियों को सेकंड डोज लगना बाकी है, उनकी सूची तैयार कर महाविद्यालय परिसर में ही कैम्प आयोजित कर उनका टीकाकरण कराएँ। विद्यार्थियों को समझाईश दें कि वे स्वयं कोविड गाईडलाईन का पालन करें तथा अपने परिवार तथा पड़ोस के लोगों को भी मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने तथा भीड़ वाले स्थानों पर न जाने के लिए प्रेरित करें।
दिव्यांगजनों ने किया वृक्षारोपण
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस के अवसर पर रेवांचल पार्क में दिव्यांगजनों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मरावी, परियोजना अधिकारी शहरी विकास आरके कुर्वेती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने कहा कि दिव्यांगजनों में विशिष्ट प्रतिभाएं होती हैं उन्हें समुचित अवसर प्रदान करना सरकार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने दिव्यांगजनों से आव्हान किया कि वे शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेते हुए स्वयं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ें तथा अन्य लोगों के लिए आदर्श स्थापित करें।

दिव्यांगजनों की खेलकूद प्रतियोगिताएं संपन्न
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस के अवसर पर स्थानीय महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राउंड में दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें मंडला जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित दिव्यांग खिलाड़ी सहभागिता करते हुए अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन किया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों में विशिष्ट क्षमताएं होती हैं, जिसे समाज के सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने दिव्यांगजनों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
आज संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, चम्मच दौंड़, 100 मीटर की दौड़, रस्साकशी सहित चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्तर बालक जलेबी दौंड़ में अजय चक्रवर्ती प्रथम, आयुष जंघेला द्वितीय एवं ईश्वर तृतीय तथा बालिका वर्ग में सोनिका पन्द्रों प्रथम, मीना वरकड़े द्वितीय, निमिषा मरावी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक स्तर बालिका जलेबी दौंड़ में राजकविता प्रथम, सोनम परस्ते द्वितीय एवं पिंकी तेकाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में जूनियर वर्ग में कृष्णकुमार प्रथम, गंगासिंह द्वितीय एवं विक्की ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सीनियर वर्ग में अनिल यादव प्रथम, दीपक साहू द्वितीय एवं अजय पूसाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक स्तर की 100 मीटर दौंड़ बालिका वर्ग में सुहाना भांवरे प्रथम, राजिम परते द्वितीय एवं निर्जला खैरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार माध्यमिक स्तर पर रामेश्वरी प्रथम, नंदनी द्वितीय एवं यश्विनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौंड़ बालक वर्ग में प्राथमिक स्तर पर भूपेन्द्र उईके ने प्रथम, गौतम वरकड़े द्वितीय एवं प्रकाश सैयाम तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार माध्यमिक वर्ग मंे ऋतिक मरावी प्रथम, मंगलेश द्वितीय एवं नरेन्द्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य वर्ग के लिए आयोजित 100 मीटर दौंड़ में अनिल यादव प्रथम, यश हरदहा द्वितीय एवं लवकेश मरावी तृतीय स्थान पर रहे। कुर्सी दौंड़ में प्राथमिक स्तर बालिका पर छोटी बलाड़ी प्रथम, राजिम द्वितीय तथा भारती ठाकुर एवं रामेश्वरी पूसाम ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुर्सी दौंड़ माध्यमिक स्तर पर सत्यम चक्रवर्ती प्रथम, हेमकुमार धुर्वे द्वितीय एवं साहिल रघुवंशी तृतीय स्थान पर रहे। चम्मच दौंड़ में प्राथमिक स्तर बालक में गंगा सिंह प्रथम, विक्की उईके द्वितीय एवं कृष्णकुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार बालिका वर्ग में सुलेखा प्रथम, निर्जला द्वितीय एवं साधना ने तृतीय स्थान हासिल किया। चम्मच दौंड़ माध्यमिक स्तर बालिक में राजकविता प्रथम, छोटी वलाड़ी द्वितीय एवं रोहणी विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य वर्ग में भूमिका ने प्रथम, गंगोत्री ने द्वितीय एवं स्नेहलता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं अन्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एसएस मरावी, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, डीपीसी हीरेन्द्र वर्मा, एडीपीसीआरएमएसए मुकेश पांडे, एपीसी केके उपाध्याय सहित संबंधित उपस्थित रहे।

झंकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगों ने बिखेरे कला के रंग
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर झंकार सभाग्रह में दिव्यांगजनों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुनील दुबें के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में जिले के समस्त विद्यालयों में अध्ययनरत में दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने एकल एवं सामूहिक नृत्य, गायन, वादन तथा भाषण की प्रस्तुतियां दी।
प्रस्तुतियों में माध्यमिक शाला मदनपुर घुघरी के छात्राएं नमृता, अविका, रंजीता, यशोदा, हेमकली, श्यामा, भारती, नंदनी एवं निर्जला के नृत्य ने आयोजन में चार चांद लगाएं। नैनपुर के छात्र गनाराम की मिमिकरी ने सभी को अचंभित कर दिया। अनुराग ठाकुर मण्डला ने शानदार आवाज में गायन प्रस्तुत किया। उदित पाठ्क एवं आस्था साहू ने तबला वादन प्रस्तुत किया। चंचल नंदा ने अपने भाषण में कोरोना प्रोटोकॉल के पालन हेतु सभी से आग्रह किया। इस आयोजन में शनी, शिवानी, साधना एवं मानसिंह ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न गतिविधियों खेल, रंगोली, चित्रकला, नृत्य, गायन, वादन के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार दुबे द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर श्री दुबे ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे दिव्यांगजनों के प्रोत्साहन के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से दिव्यांगजनों की आत्मविश्वास बढ़ता है तथा छिपी हुई प्रतिभाएं सामने आती हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एसएस मरावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्बे, डीपीसी जिला शिक्षा केन्द्र हीरेन्द्र वर्मा, एडीपीसी समग्र शिक्षा अभियान मुकेश पाण्डेय, एपीसी केके उपाध्याय ने आयोजन में विद्याथियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संयोजन आखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

चिकित्सकों की ड्यूटीचार्ट सार्वजनिक करें – हर्षिका सिंह
रोगी कल्याण समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
रोगी कल्याण समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में कार्यरत् चिकित्सकों का ड्यूटीचार्ट उनके मोबाईल नंबर सहित परिसर के सूचनापटल पर चस्पा करते हुए उसे सार्वजनिक करें। सुनिश्चित करें सभी डॉक्टर निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य पर उपस्थित हों तथा पूरी क्षमता से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय की पेथोलॉजी से मरीजों को निर्धारित सभी 145 प्रकार के टेस्ट की सुविधा प्रदान करें। जिला चिकित्सालय भर्ती मरीजों की जानकारी प्रवेश द्वार अथवा पंजीयन सेंटर पर प्रदर्शित करें। इसी प्रकार बिस्तरों पर मरीजों के नाम भी अंकित करें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि ऑक्सीजन प्लांट की सतत मॉनिटरिंग करें। फायरसेफ्टी से संबंधित टीम बुलाकर जिला चिकित्सालय की जांच कराएं, कमी पाए जाने पर सुधारात्मक कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली सोनोग्राफी मशीन खरीदी के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। अस्पताल भवन का रख-रखाव पर ध्यान दें। प्रत्येक वार्ड में पानी की समुचित सुविधा सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यपालन यंत्री पीएचई को पानी की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय के भवन में सीपेज रोकने की कार्यवाही करें। चिकित्सकों की कमी तथा सोनोग्राफी के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत पत्र लिखें। आवश्यकतानुसार दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एम्बूलेंस तथा शव वाहन का किराया नहीं बढ़ाएं। कलेक्टर ने कहा कि वर्न यूनिट, ट्रामा सेंटर, स्टोर तथा केन्टीन बनाए जाने के संबंध में तकनीकि अधिकारी निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए भी रूकने की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें। इस संबंध में विशेषज्ञों की सलाह लेकर मीनू निर्धारित करें। कोविड टेस्ट की संख्या बढ़ाएं। कलेक्टर ने एनआरसी में भर्ती बच्चों की संख्या के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले, कार्यपालन यंत्री पीएचई एएस कुशरे, सिविल सर्जन डॉ. कृपाराम शाक्य, अशासकीय सदस्य संजय तिवारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

एकीकृत सहकारी विकास योजना के तहत
जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
एकीकृत सहकारी परियोजना के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आदिम जाति सहकारी समिति मलारा में स्क्रीन प्रिटिंग उपकरण एवं निर्माण सामग्री तथा लेम्स हिरदेनगर में कोदो-कुटकी का प्रोसेसिंग, पैकेजिंग का परियोजना के नियमानुसार प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने कहा कि सहकारी समितियों में धर्मकांटा लगाए जाने के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही करें। बैठक में परियोजना की अवधि बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त सहकारिता राजेश उईके तथा महाप्रबंधक सहकारी बैंक एनके कोरी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

बालिकाओं को दिया गया मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के तहत प्रदेश की बालिकाओं को सशक्त एवं सक्षम बनाने हेतु अपराजिता कार्यक्रम के द्वितीय चरण में बालिकाओं को मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिसके लिए महाविद्यालयीन आदिवासी कन्या छात्रावास के परिसर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से विभाग के त्रिलोक डोंगरे द्वारा कन्या छात्रावास की बालिकाओं एवं शौर्यदल की बालिकाओं एवं अन्य बालिकाओं को सशक्त एवं सक्षम बनाने हेतु मार्शल आर्ट (कराटे) का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण 10 दिवसों तक छात्रावास परिसर में सम्पन्न हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग के संरक्षण अधिकारी सौरभ पटवा ने बताया कि बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुण सिखाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विभाग द्वारा लगातार खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आगे भी चलाए जाएंगे। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक बालिकाएं कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी जिला पंचायत परिसर प्रथम तल में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।
रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की
जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला की जनभागीदारी समिति की बैठक कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शैक्षणिक संसाधन, भवन की मरम्मत, कैरियर काउंसलिंग सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि महाविद्यालय में सुविधाओं का विस्तार करें। प्रयास करें कि महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें। पाठ्यक्रम तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करें। महाविद्यालय में समय-समय पर कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करें। महाविद्यालय परिसर में स्वीकृत निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से कराएं। उपलब्ध जगह का बेहतर उपयोग करें। आवश्यकतानुसार भवन की मरम्मत कराएं, साफ-सफाई कराते हुए भवन पर रंग भी कराएं। महाविद्यालय के बेहतर संचालन तथा रख-रखाव के लिए छात्रों का सहयोग प्राप्त करें। इस संबंध में उन्होंने महाविद्यालय के पूर्व छात्रों का भी सहयोग प्राप्त करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में अंकुर उपवन तैयार करें। शिक्षक तथा विद्यार्थी मिलकर श्रमदान तथा वृक्षारोपण कार्य करें। कलेक्टर ने पार्किंग व्यवस्था, लायब्रेरी, प्रयोगशाला, खेल गतिविधियाँ आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश चौरसिया, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले, एसडीओ पीडब्ल्यूडी आयुषी सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु शिविर आयोजित
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
जिला चिकित्सालय मण्डला मे दिनांक 3 दिसंबर 2021 को विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु शिविर का आयोजन किया गया जिसमे 35 दिव्यांगजनों का परीक्षण किया गया एवं 27 दिव्यांगजनों का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाये जाकर यूडीआईडी की कार्यवाही की गयी। शिविर मे डॉ. के.आर. शाक्य, सिविल सर्जन, डॉ. मनोज मुराली, डॉ. विजय सिंह धुर्वे, डॉ. सूरज मरावी, शाखा प्रभारी राम मिश्रा उपस्थित रहे।
जिला पंचायत के अध्यक्ष पदों का आरक्षण
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 32 एव मध्यप्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के अनुसार अध्यक्ष जिला पंचायत के पदों के आरक्षण की कार्यवाही 14 दिसम्बर 2021 दिन मंगलवार नियत की गई है। यह कार्यवाही जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान वाल्मी संस्थान भोपाल के आडिटोरियम में प्रातः 12 बजे से प्रारंभ होगी। संचालक पंचायत राज संचालनालय ने यह जानकारी कलेक्ट्रेट तथा जिला पंचायत के सूचनापटल पर चस्पा करते हुए इसका पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
सुलेखा सुदेश उइके को एसडीएम घुघरी का अतिरिक्त प्रभार
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
अग्रिम कुमार भा.प्र.से. (परि.) अनुविभागीय अधिकारी (रा.) घुघरी के 29 नवम्बर 2021 से 16 जनवरी 2022 तक की अवधि में विंटर स्टडी टूर रहने के कारण उक्त अवधि के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा एसडीएम बिछिया सुलेखा सुदेश उइके को एसडीएम घुघरी का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत एक जिला एक उत्पाद प्रोसेसिंग यूनिट स्थापना कार्यक्रम
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग जिला मण्डला अंतर्गत वर्ष 2021-22 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 40 प्रकरण के लक्ष्य प्राप्त हुए हैं जिसमें कोदो, कुटकी के नवीन एवं उन्नयन तथा अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों के उन्नयन हेतु योजना अनुसार अनुदान प्रावधान 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रूपये देय होगा। इच्छुक हितग्राही आवेदन व अधिक जानकारी हेतु विकासखण्ड स्तरीय, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी एवं डी.पी.आर. बनाने व हेण्ड होल्डिंग सहायता के लिए दीपमाला उईके मोबाईल नंबर 9098365086, जिला रिसोर्स पर्सन मण्डला से संपर्क कर सकते हैं। निविदा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय भारत सरकार की वेबसाईट www.mofpi.nic.in का अवलोकन कर सकते हैं।
पी.एम.ई.जी.पी. योजना के तहत हितग्राहियों का ई.डी.पी. प्रशिक्षण 6 दिसम्बर से
मण्डला 3 दिसम्बर 2021
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत, खादी और ग्रामोद्योग आयोग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मंडला द्वारा विभिन्न बैंको को प्रेषित एवं बैंकों द्वारा स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक 10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के परिसर में 6 से 15 दिसम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। ऐसे समस्त हितग्राही जिनकों बेंकों के द्वारा ऋण प्रकरण में स्वीकृति प्राप्त हो गई है एवं बैंकों द्वारा पीएमईजीपी पोर्टल में स्वीकृति पत्र अपलोड कर दिया गया है वे समस्त हितग्राही 6 दिसम्बर को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, मंडला में प्रातः 10.30 बजे उपस्थित होकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।
