Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जल-जीवन मिशन के तहत सीएम श्री चौहान ने किया जनसंवाद ग्राम भंवरदा की भगवती तथा रेखा भावरे से की आत्मीय बात

मंडला 4 फरवरी 2022

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के ऐसे गांव जिनमें नलजल कनेक्शन के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचा है, से सजीव प्रसारण के माध्यम से संवाद किया। मंडला जिले के ग्राम भंवरदा की जल एवं स्वच्छता समिति की सदस्य भगवती तथा रेखा भावरे से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सजीव संवाद करते हुए भंवरदा पंचायत में हुए नल-जल कनेक्शन की जानकारी ली। भगवती भांवरे ने श्री चौहान से सजीव संवाद करते हुए हर घर में हुए नल कनेक्शन के बारे में जानकारी दी। इसी प्रकार जल समितियों के माध्यम से जलकर तथा जल वितरण के प्रबंधन के बारे में भी बताया। रेखा भांवरे ने मुख्यमंत्री को सीता स्व-सहायता समूह के तहत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। भवंरदा पंचायत परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जनपद पंचायत मंडला अध्यक्ष पांचोबाई पदम, भीष्म द्विवेदी, एसीईओ श्री मरावी, ईईपीएचई श्री कुशरे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं संबंधित उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में 2024 तक हर घर में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश सरकार हर गांव तक एवं हर घर तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए संकल्पित है। इसी प्रकार शहरों में भी पेयजल के लिए योजना संचालित है। श्री चौहान ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत उपलब्ध कराए जा रहे नल कलेक्शन एवं प्रबंधन का ग्रामवासी आपसी सामंजस्य से सफल संचालन करें। उन्होंने कहा कि जल समितियाँ जल वितरण का कार्य गुणवत्तापूर्ण संपादित करें। श्री चौहान ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि जल की हर एक बूंद कीमती है। हम सभी को भावी पीढ़ी के लिए पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करते हुए जल को सहेजकर रखना है। उन्होंने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में भी नलजल कनेक्शन सुनिश्चित करते हुए बच्चों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

श्री चौहान ने अपने संबोधन में बताया कि 12 फरवरी को फसल बीमा योजना के तहत किसानों के खाते में राशि स्थानांतरित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से सजीव प्रसारण के माध्यम से जुड़े जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से बात की तथा प्रत्येक घर में नल उपलब्धता होने के बाद उनके तथा उनके गांव के लोगों के जीवन में आए परिवर्तन के बारे में आत्मीय चर्चा की। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि श्री चौहान ने दीप प्रज्जवलन कर किया। स्वागत भाषण राज्यमंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ब्रजेन्द्र सिंह यादव ने दिया तथा जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश सरकार के कार्यों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मलय श्रीवास्तव के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

Related posts

कलेक्टर ने किया प्रगतिरत खेत तालाब के कार्य का अवलोकन  

Reva India News

कृषि आदानों के नियम विरूद्ध कारोबार पर कृषि विभाग की कार्यवाही

Reva India News

महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देगा विकसित भारत बजट….. .भाजपा कार्यालय में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

Leave a Comment