Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 6 अप्रैल 2022

सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित कर रही प्रदेश सरकार – श्री शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने मंडला के यशवीर प्रकाश से किया संवाद

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से वर्चुअली संवाद किया। इसी क्रम में उन्होंने रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के छात्र यशवीर प्रकाश से भी चर्चा करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, कलेक्टर हर्षिका सिंह, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय स्टॉफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान मंडला के छात्र यशवीर प्रकाश ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से नई तकनीक व ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में प्रदेश सरकार की योजनाओं के संबंध में प्रश्न किया। इस पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है जो नई टेक्नोलॉजी का परीक्षण कर उस पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एनर्जी को स्टोर करने की नई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हम बहुत गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। यह पर्यावरण को बचाने में मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को भी पूरा करने की बात कही। रीवा की अंजली शर्मा के प्रश्न पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने पालकों से आग्रह किया कि वे अपनी इच्छा और महत्वाकांक्षाएं बच्चों पर न थोपें। बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर उसे आगे बढ़ाएं, बेटा-बेटी में फर्क न करें।

इसी प्रकार उमरिया की छात्रा कीर्ति सिंह से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं चाहता हूं मेरे बेटा-बेटियों मध्यप्रदेश के बच्चे नौकरी मांगने वाले नहीं नौकरी देने वाले बन जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था में युवाओं की क्या भागीदारी हो सकती है, इस विषय पर उज्जैन के छात्र विधान सक्सेना से संवाद करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की कृषि की विकास दर देश में सबसे ज्यादा है। इसके लिए पांच चीजें जरूरी हैं- अच्छा उत्पादन, उत्पादन की लागत कैसे घटे, ठीक दाम कैसे मिले, फसलों का विविधिकरण, यदि नुकसान हो जाए तो उसकी भरपाई कैसे करें। हमने पांचों क्षेत्रों में काम किया है। जिला संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बैतूल, छतरपुर, रीवा, बुधनी, ग्वालियर तथा इंदौर के विद्यार्थियों से भी संवाद किया।

 

 

 

 

 

 

7:30 से 12:30 तक होगा शालाओं का संचालन

कलेक्टर ने जारी किए आदेश

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने भीषण गर्मी एवं लू की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों (केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी, आदर्श सिझौरा, माउण्टफोर्ट विद्यालय, महर्षि विद्यालय, रेल्वे नैनपुर) में 30 अप्रैल 2022 तक शाला संचालन का समय प्रातः 7:30 से 12:30 बजे तक संचालन के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि अध्ययनरत छात्र, छात्राओं के स्वास्थ्य पर भीषण गर्मी एवं लू का विपरीत प्रभाव न पड़े। परीक्षाऐं यथासमय संचालित की जायेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

मादक पदार्थों का सेवन करने वाले बच्चों के संरक्षण और पुर्नवास के लिए समिति गठित

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

जिले में मादक पदार्थों जैसे बोनफिक्स आदि का सेवन करने वाले बच्चों के उचित संरक्षण व पुनर्वास को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा जिला स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति गठित की गई है। समिति में पुलिस विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग एवं चाइल्ड हेल्प लाईन को सम्मिलित किया गया है। समिति द्वारा ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार बालगृह एवं संबंधित संस्थाओं में भर्ती कराया जाएगा। उक्त बच्चों को आवश्यक परामर्श में मेडीकल सुविधाएं प्रदान कराई जाएगी। समिति ऐसे बच्चों का मादक पदार्थों को उपलब्ध करवाने या बेचने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करेगी। बच्चे इस प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन की गिरफ्त में न आएं इसके लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार का कार्य भी समिति द्वारा किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सुपर 5000 योजना का लाभ लेने 30 अप्रैल तक होंगे आवेदन

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा संचालित सुपर 5000 योजना अंतर्गत म.प्र. माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित 10वी एवं 12वी परीक्षा में प्रथम 5 हजार बच्चों में चयनित पंजीकृत हितग्राही की संतानों को एकमुश्त 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान है। योजनांतर्गत आवेदन 30 अप्रैल 2022 तक श्रम कार्यालय मण्डला व सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास मण्डला, जिला शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। (लेबर पोर्टल http://shramsewa.mp.gov.in में सूची देखी जा सकती है)।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जैवविविधता संरक्षण को प्रोत्साहित करने वाले होंगे पुरूस्कृत

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

प्रदेश में जैवविविधता संरक्षण को प्रोत्साहन देने एवं इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्ति, अशासकीय संस्थान, जैवविविधता स्वामित्व रखने वाले शासकीय विभाग (वन, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन एव जल संसाधन), जैवविविधता प्रबंधन समितियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरूस्कार योजना प्रारंभ की गई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में जैवविविधता पुरूस्कार दिये जायेंगे

 

पुरस्कार हेतु मापदण्ड एवं चयन प्रक्रिया

 

प्रत्येक श्रेणी के लिये आवेदन निर्धारित प्रारूप में ही स्वीकार 31 अक्टूबर 2022 तक किये जायेंगे जो कि बोर्ड की वेबसाईट www.mpsbb.nic.in पर उपलब्ध है। पुरस्कार के लिए इच्छुक व्यक्ति, अशासकीय संस्थान, जैवविविधता स्वामित्व रखने वाले शासकीय विभाग (वन, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन एवं जल संसाधन) तथा स्थानीय निकायों पर गठित जैवविविधता प्रबंधन समितियाँ निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जिले के कलेक्टर को सीधे अथवा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जिला अथवा जनपद पंचायत), वन मंडलाधिकारी अथवा जिले के जैवविविधता से संबद्ध विभाग (कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं जल संसाधन) के जिला स्तरीय अधिकारी (उप संचालक) के माध्यम से मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड को प्रेषित करेंगे। बोर्ड को सीधे प्राप्त प्रविष्टी मान्य नहीं की जायेगी। कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर आवेदक द्वारा प्रस्तुत जानकारी की वास्तविकता की प्रमाणिकता सुनिश्चित करते हुये प्रत्येक श्रेणी के लिए एक प्रविष्टि का चयन कर मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड को प्रेषित किया जायेगा।

आवेदन के साथ प्रमाणक- गतिविधि स्थल की जीपीएस लोकेशन, न्यूनतम 5 छायाचित्र (5 एमबी या अधिक) तथा विडियो (अधिकतम 10 मिनिट) अनिवार्य है, जिसके बिना आवेदन मान्य नहीं होगा। सदस्य सचिव, मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड द्वारा गठित समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर पुरस्कार विजेताओं का चयन किया जायेगा। प्रत्येक श्रेणी में उपयुक्त संस्था, व्यक्ति के मिलने पर ही उसे पुरस्कार के लिये चयनित किया जायेगा। उपयुक्त व्यक्ति या संस्था के न मिलने पर उस वर्ष उस श्रेणी में पुरस्कार नहीं दिया जायेगा। पुरस्कार हेतु चयन के समस्त अधिकार राज्य स्तरीय चयन समिति में निहित होंगे। चयन समिति के विवेकानुसार प्रस्तावित पुरस्कार की श्रेणी में परिवर्तन किया जा सकता है। चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा तथा इस संबंध में कोई वाद किसी भी न्यायालय में मान्य नहीं होगा। पुरस्कारों के संबंध में अंतिम निर्णय मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड का मान्य होगा। संस्थागत शासकीय को छोड़कर अन्य सभी श्रेणियों हेतु एकबार पुरस्कार प्राप्त करने के बाद 5 वर्ष की अवधि के उपरांत ही पुनः पुरस्कार हेतु अर्हता मान्य की जायेगी। अवधि के उपरांत आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

13 अप्रैल को मोहगांव में महिलाओं का स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने डिप्टी डायरेक्टर डॉ. शशि ठाकुर जो स्वयं गाइनेकोलॉजिस्ट भी है, अपनी नर्मदा यात्रा के दौरान अन्य लेडी डॉक्टर एवं गाइनेकोलॉजिस्ट के साथ 13 अप्रैल 2022 को मोहगांव में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि मूलतः हाई रिस्क प्रेगनेंसी या ऐसी महिलाएं जिन्हें बच्चेदानी में गांठ कैंसर प्रोलेप्स या पूर्व में किसी प्रकार के ऑपरेशन की सलाह दी गई है उन्हें अपने पूर्व के मेडिकल डॉक्यूमेंट्स के साथ ज्यादा से ज्यादा संख्या में व्यवस्थित ढंग से गर्मी का ख्याल रखते हुए उपस्थित कराएं। अतः यह कार्य पूर्ण रूप से स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं जैसे- आशा, एएनएम और स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर को पूर्णता सक्रिय करके आसपास के क्षेत्रों चाहे वह किसी अन्य ब्लॉक जैसे-घुघरी, बिछिया, बम्हनी या अन्य जिले डिंडोरी में पडते हों, प्रॉपर प्रचार प्रसार कर के ही कराया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

4 कोरोना पॉजीटिव

 

मण्डला 6 अप्रैल 2022

5 अप्रैल की शाम 3 बजे से 6 अप्रैल की शाम 3 बजे तक जिले में कोरोना के 4 संक्रमित मरीज मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कौआडोंगरी निवासी 22 वर्षीय महिला, बिछिया निवासी 30 वर्षीय महिला, खुड़िया निवासी 25 वर्षीय महिला एवं पाटन बैगाटोला निवासी 19 वर्षीय बालिका की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त हुई है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्तियों की सघन कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संपर्क में आए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उनकी कोरोना जाँच तत्काल सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आज प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर आयोजित होगा अन्न उत्सव कार्यक्रम

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

“आजादी का अमृत महोत्सव“ के अन्तर्गत प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर 7 अप्रैल 2022 को “अन्न उत्सव कार्यक्रम“ का आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अन्तर्गत मय अप्रैल से सितम्बर 2022 तक योजनान्तर्गत प्रदाय किये जा रहे 5 किग्रा. प्रति सदस्य के मान से उपभोक्ताओं को मुफ्त खाद्यान्न प्रदाय किया जायेगा। इसके साथ ही 5 किग्रा. प्रति सदस्य के मान से खाद्यान्न नियमित राशन कोटा भी प्रदाय किया जायेगा। उक्त आयोजन उचित मूल्य दुकान स्तर पर कार्यरत निगरानी समिति के सदस्यों एवं क्रायसिस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में अन्न उत्सव कार्यक्रम सम्पन्न करते हुए आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जायेगा। उक्त कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश सहायक, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों, विक्रेताओं को भी दिये गए हैं। कार्यक्रम मण्डला जिले के सभी 526 शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर नोडल अधिकारी के उपस्थिति में सम्पन्न होगा।

आवारा कुत्तों में वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

कान्हा टाइगर रिजर्व के बोड़ा छपरी ग्राम में स्वयंसेवी संस्था डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ. एवं पशु चिकित्सा विभाग मंडला के सहयोग से आवारा कुत्तों में वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत अवारा कुत्तों में रेबीज एवं अन्य 7 रोगों से बचाव के लिए ’मेगा वैक 7’ तथा केनाईन डिस्टेम्पर से बचाव के लिए ’रक्षा रब’ वैक्सीन लगाई गई। यह कार्य न सिर्फ ग्रामवासियों को कुत्ते के काटने वाले रोगों से बचाव अपितु वन्यप्राणियों में भी कुत्तों से फैलने वाले रोगों से बचाव विशेषकर बाघों में होने वाले केनाईन डिस्टेम्पर रोग से बचाव में सहायक होगा। इस परियोजना का विस्तार कान्हा टाइगर रिजर्व के चारों तरफ फैले 169 ग्रामों में किये जाने की योजना है। प्रारंभ दिवस में 1 घंटे में 8 कुत्तों का वैक्सीनेशन किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

कोदो-कुटकी मूल्य श्रृंखला विकास कार्यक्रम अंतर्गत तीन कृषक उत्पादक संघों के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

 

मंडला 6 अप्रैल 2022

जिले में नाबार्ड द्वारा सहायता प्राप्त कोदो कुटकी मूल्य श्रृंखला विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आज गोंझी स्थित प्रशिक्षण सह भंडारण केंद्र में तीन कृषक उत्पादक संघों के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस समझौते के तहत मवई एवं बीजाडांडी में भारत सरकार के 10 हजार एफपीओ के गठन एवं संवर्धन योजना अंतर्गत बनाये गए कृषक उत्पादक संघों और रिलाइंस फाउंडेशन द्वारा समर्थित नर्मदा एफपीओ के बीच कोदो कुटकी के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं मार्केटिंग हेतु अनुबंध किया गया।

नर्मदा एफ़पीओ द्वारा कोदो कुटकी प्रसंस्करण इकाई की स्थापना किया जाना है जिसके लिए मवई एवं बीजाडांडी के एफपीओ के द्वारा कोदो- कुटकी का संग्रहण किया जाएगा और इनके फसल को सही दाम के साथ स्थायी मार्केट मिले इस हेतु नर्मदा एफपीओ द्वारा प्रयास किये जायेंगे। इस समझौते से तीनों एफ़पीओ के किसानों को कोदो कुटकी के प्रोसेसिंग, मार्केटिंग एवं ब्रांडिग से होने वाले लाभ से सीधे लाभान्वित होंगे। प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना हेतु नाबार्ड द्वारा नर्मदा एफपीओ को 10 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है तथा शेष राशि नर्मदा एफपीओ के द्वारा पीएमएफएमई योजना अंतर्गत बैंक लोन से की जाएगी। तीनों एफपीओ के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कार्यक्रम में उपस्थित जिला अधिकारियों की मौजूदगी में समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक उद्यानिकी एनएल सरनागत, उपसंचालक कृषि मधु अली, कृषि विज्ञान केंद्र प्रमुख डॉ. विशाल मेश्राम, अग्रणी जिला प्रबंधक अमित केशरी एवं नाबार्ड जिला विकास प्रबंधक अखिलेश वर्मा ने उपस्थित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को परियोजना एवं एक जिला एक उत्पाद अंतर्गत कोदो-कुटकी फसल के चयन एवं इसकी महत्ता के विषय में संबोधित किया। रिलायंस फाउंडेशन के दिनेश यादव ने समझौते ज्ञापन के नियम एवं शर्तों के विषय में विस्तार से बताया। इस अवसर पर पीएमएफएमई डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स परसन दीपमाला उइके, रिलायन्स एवं शार डॉ. संस्था के जिला समन्वयक एवं स्टॉफ उपस्थित रहे।

 

Related posts

हमें शस्त्रों के माध्यम से हमारे भीतर शौर्य लाना है – अतुल जेसवानी दशहरा पर हिंदू सेवा परिषद् ने किया शस्त्रपूजन  सदस्यों को दिलाया गया कोरोना वैक्सीनेशन के लिये संकल्प 

Reva India News

जिले की 760 लाड़लियों को छात्रवृत्ति का हुआ वितरण

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 20 सितम्बर 2023

Reva India News

Leave a Comment