Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 22 मई 2022

आईटीआई में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन 12 जून तक

 

मण्डला 22 मई 2022

शासकीय एवं प्राईवेट आईटीआई में एनसीवीटी व एससीवीटी के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एमपी ऑनलाईन कियोस्क iti.mponline.gov.in के माध्यम से रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। सभी विद्यार्थियों से अपील की गई है कि एमपी ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन अवश्य करें जिसकी अंतिम तिथि 12 जून 2022 निर्धारित की गई है।

 

 

 

 

 

 

7वी एवं 9वी की प्रवेश परीक्षा 25 को

 

मण्डला 22 मई 2022

कक्षा 7वी एवं 9वी में जिन छात्राओं ने प्रवेश के लिए आवेदन किया था उनकी प्रवेश परीक्षा 25 मई 2022 को प्रातः 10:30 से 1 बजे तक विद्यालय में संपन्न होगी। छात्राओं का विद्यालय में प्रातः 10 बजे उपस्थित होना अनिवार्य है।

 

 

 

 

 

 

 

 

आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय बैठक आज

 

मण्डला 22 मई 2022

मानसून वर्ष 2022 में बाढ़ व अतिवृष्टि की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों के लिए सर्व विभाग प्रमुखों की जिला स्तरीय बैठक 23 मई 2022 दिन सोमवार को सायं 4:30 बजे योजना भवन के मिटिंग हॉल में आयोजित किया गया है। बैठक में संबंधित अधिकारियों को विभागीय जानकारी के साथ एवं अपने सुझाव सहित उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

बिछिया कन्या शिक्षा परिसर में प्रवेश प्रारंभ

 

मण्डला 22 मई 2022

कन्या शिक्षा परिसर बिछिया की कक्षा 9वी में रिक्त सीटों के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। पिछली कक्षा में 60 प्रतिशत से उत्तीर्ण अनुसूचित जनजाति छात्राएँ कक्षा 9वी के कुल 70 सीट एवं 50 दर्ज तथा 20 रिक्त सीटों के लिए 30 मई को सायं 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य मेला 25 एवं 26 मई को

 

मण्डला 22 मई 2022

जिला स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन जिला चिकित्सालय में 25 एवं 26 मई 2022 को किया जायेगा। स्वास्थ्य मेले में हितग्राहियों का पंजीयन कर गंभीर बीमारियों की शीघ्र पहचान करते हुये आवश्यक उपचार प्रदाय किया जायेगा। मेले का उद्देश्य शीघ्र निदान के लिये स्क्रीनिंग, चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार प्रदाय करने के साथ पैथोलॉजी जांच अन्य डायग्नोस्टिक सुविधाऐं रैफरल एवं फॉलोअप सेवाएं सुलभतापूर्वक निःशुल्क उपलब्ध कराई जायेंगी। स्वास्थ्य मेले में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की फोर-डी जांच किडनी संबंधी रोग रक्तचाप, ह्दय रोग, श्वसन रोग, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर, मूत्र रोग प्रसूति एवं स्त्री रोग, क्षय रोग, दंत रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, कुष्ठ रोग एवं मानसिक रोग का उपचार, जांच परीक्षण एवं आवश्यक दवाईयों का निःशुल्क वितरण किया जायेगा।

मेले में सभी हितग्राहियों की डिजिटल हेल्थ आई0डी0 भी बनाई जायेगी जिसके लिये आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड से संबंधित मोबाइल नम्बर की जानकारी साथ लेकर आना है। मेले में पात्र हितग्राहियों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाये जायेंगे। आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु आवश्यक दस्तावेज परिवार समग्र आई0डी0, राशन कार्ड, फोटो आई0डी0 जैसे वोटर कार्ड आधार कार्ड साथ लेकर आयें।

 

 

 

 

 

 

 

उचित मूल्य दुकान में 31 मई के पूर्व कराएं ई-केवाईसी

 

मण्डला 22 मई 2022

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत सम्मिलित पात्र परिवारों के समस्त सदस्यों के ई-केवाईसी एवं मोबाईल नम्बर की प्रविष्टि शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर उपलब्ध पीओसी मशीन के माध्यम से उनके डाटाबेस में कराई जा रही है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने जिले में सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि 31 मई 2022 के पूर्व परिवार के कम से कम एक सदस्य की ही सही मोबाईल नंबर की प्रविष्टि एवं अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी अपने निकट की उचित मूल्य दुकान पर जाकर पीओएस मशीन के माध्यम से करा लें, ताकि सुलभता से योजना का लाभ मिल सके।

 

 

 

 

 

 

दिव्यांगों के कंप्यूटर प्रशिक्षण के आवेदन 30 तक

 

मण्डला 22 मई 2022

’मिशन दिव्यांग उत्कर्ष’ योजना अंतर्गत दिव्याँग युवक-युवतियों के लिए शासकीय आई.टी.आई. मंडला में कंप्यूटर व्यवसाय के अंतर्गत डाटा एंट्री ऑपरेटर व्यवसाय में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए दसवी कक्षा उत्तीर्ण दिव्यांगजनों से 30 मई 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। यह प्रशिक्षण 3 माह व 150 घंटे की अवधि का होगा। अधिक जानकारी कार्यालयीन कार्य दिवसों में शासकीय आई.टी.आई मंडला से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरूस्कार के लिए आवेदन 30 तक

 

मण्डला 22 मई 2022

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये जिला स्तर पर 30 मई 2022 तक पृविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार अंतर्गत 1 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए एवं प्रोत्साहन पुरस्कार 15 हजार रूपए दिए जाएंगे। जिले के उत्कृष्ट कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी द्वारा किया जायेगा। इस पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश के निवास करने वाले शिल्पी ही पात्र होंगे। यह अनिवार्य है कि शिल्पी का पंजीयन एवं निवास अनुशंसा करने वाले जिले में ही हों एवं संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमि. या कपड़ा मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत हो। प्राप्त जानकारी अनुसार कलाकृतियां निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं शपथ-पत्र के साथ स्वीकार की जायेगी। शिल्पी द्वारा शिल्प निर्माण की विडियोग्राफी की सी.डी. भी संलग्न की जायेगी। पुरस्कार के लिये कृति के निर्माण के दौरान संबंधित जिला स्तरीय कमेटी द्वारा न्यूनतम दो बार निरीक्षण किया जायेगा। साथ ही अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय पर मोबाईल नंबर 8959500194 में संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

पेयजल की शिकायत के लिए कंट्रोल रूम

 

मंडला 22 मई 2022

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। उपयंत्री सुमनरानी मरावी को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है जिनका मोबाईल नंबर 7470588230 है। यह कंट्रोल रूम कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे। कर्मचारी अवकाश दिवस में भी कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

पशुओं को लू और तापघात से बचाने आवश्यक जानकारियाँ

 

मण्डला 22 मई 2022

पशुधन को भीषण गर्मी, लू एवं तापघात के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तेज गर्म मौसम तथा तेज हवाओं का प्रभाव पशुओं की सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करता है। भीषण गर्मी की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रबंधन एवं उपायों, जिनमें ठंडा एवं छायादार पशु आवास, स्वच्छ पीने का पानी आदि पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। तेज गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है। लू से ग्रस्त पशु को तेज बुखार हो जाता है और पशु सुस्त होकर खाना पीना बन्द कर देता है। शुरू में पशु की श्वसन गति एवं नाड़ी गति तेज हो जाती है। कभी-कभी नाक से खून भी बहने लगता है। पशु पालक के समय पर ध्यान नहीं देने से पशु की श्वसन गति धीरे-धीरे कम होने लगती है एवं पशु चक्कर खाकर बेहोशी की दशा में ही मर जाता है। पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि वे पशु आवास हेतु पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास या कड़बी रखें ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। पशु आवास के अभाव में पशुओं को छायादार पेड़ों के नीचे बांधना चाहिए। पशु आवास में आवश्यकता पड़ने पर बोरी के टाट को गीला कर दें, जिससे ठंडक बनी रहेगी। पशु आवास गृह में आवश्यकता से अधिक पशुओं को नहीं बांधे तथा रात्रि में पशुओं को खुले स्थान पर बांधे। गर्मी के मौसम में पशुओं को हरा चारा अधिक खिलाएं। पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरन्त नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क कर पशु का उपचार कराएं, जिससे पशुधन तथा उसके उत्पादन में होने वाली हानि से बचा जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

लोक सेवा केन्द्रों से बनवाएँ जाति प्रमाण पत्र

 

मण्डला 22 मई 2022

शासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान अंतर्गत लोक सेवा केन्द्रों पर स्कूलों से आवेदन पत्र प्राप्त करने की समय सीमा 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है। जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान के तहत शैक्षणिक सत्र से शालाओं में नवीन नामांकित छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र निःशुल्क बनाए जाने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की तिथि 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है।

 

 

 

 

 

मंडला और डिंडोरी जिले में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के आवेदन 5 जून तक

 

मण्डला 22 मई 2022

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा पूरे भारत में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के कुल 38926 रिक्त पदों पर नियोजन हेतु ऑनलाइन चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। म.प्र. परिमंडल अंतर्गत मंडला डाक संभाग में कुल 598 रिक्त पदों में भर्ती की जानी है। ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग में 295 शाखा डाकपाल एवं 303 सहायक शाखा डाकपाल एवं डाक सेवक के लिए सम्मिलित हैं। सामान्य वर्ग में-269, अन्य पिछड़ा वर्ग-57, अनुसूचित जाति वर्ग- 94, अनुसूचित जनजाति- 111, आर्थिक कमजोर वर्ग- 67 के लिए आरक्षित किया गया है। आवेदन भरने की तारीख 5 जून 2022 निर्धारित की गई है।

उन्होंने जानकारी दी कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए आवेदक की उम्र आवेदन की आखिरी तारीख को 18 वर्ष से कम एवं 40 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में भारत सरकार के नियमों के अनुसार छूट दी जायेगी। साथ ही कोई भी आवेदक किसी एक ही संभाग के लिए आवेदन कर सकता है। हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी। आवेदक को 10वीं में गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषय के रूप में एक विषय अथवा वैकल्पिक विषय के रूप में अध्ययन किया जाना अनिवार्य है। आवेदक को कम से कम 60 दिवस का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से बेसिक कंप्यूटर का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। यदि आवेदक ने किसी भी उच्च शिक्षा में कंप्यूटर को विषय के रूप में पढ़ा हो तो यह प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। एक आवेदक किसी भी एक संभाग में ही अपने वर्ग से सभी रिक्त पदों पर आवेदन कर सकता है। यदि आवेदक द्वारा एक अन्य संभाग में आवेदन किया जाता है तो आवेदक का आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा। आवेदन के लिए 100 रूपए की शुल्क निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला एवं विकलांग आवेदक को निर्धारित शुल्क में छूट रहेगी। शाखा डाकपाल के लिए वेतनमान 12 हजार रूपए एवं सहायक शाखा डाकपाल, डाक सेवक के पद हेतु 10 हजार रूपए एवं अन्य भत्ते समय-समय पर निर्धारण अनुसार देय होगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदक भारतीय डाक विभाग की साईट https://indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

लू एवं गर्मी से बचने आवश्यक जानकारियाँ

 

मंडला 22 मई 2022

संचालनालय द्वारा समय-समय पर मौसम के अनुसार बीमारियों की रोकथाम एवं उनसे बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। इसी तारतम्य में लू के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अत्यधिक गर्मियों में लू की संभावना बढ़ जाती है, यह जानलेवा भी हो सकता है। आमजन से अपील की गई है कि लू से बचाव के लिए गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कॉटन के वस्त्र का प्रयोग करें। घर से बाहर भोजन करके एवं पानी पीकर ही निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढंक्कर ही धूप में निकलें। रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिऐं एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को सिखाएं कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आएं। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने दें व उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एवं सुपाच्य भोजन तथा तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठण्डे मौसमी फलों का सेवन करें। गर्मी के दिनों में घर के अंदर तीव्र धूप को आने से रोकें।

 

क्या न करें

 

घर से बिना भोजन किए बाहर न निकलें। जहाँ तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें। बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में ना जायें। रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर की गतिविधियों में शामिल ना होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पाँव न चलें। चाय, कॉफी अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।

 

लक्षण

 

गर्म लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान से 240 सेल्सियस या 104 फेरेनाइट, मतली या उल्टी, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐठन। सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज होना। घबराहट होना, चक्कर आना बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर, कपड़े ढीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य व पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शरबत आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए यदि संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियों को रखकर पूरे शरीर को ढंक दें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता है।

 

चिकित्सा संस्था की तैयारी

 

जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में गर्मी शुरू होने से पहले गर्भवती महिला एवं सभी मरीज व उनके परिजनों के लिए छाव में बैठने की व्यवस्था अस्पताल द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश। लू से प्रभावित रोगियों के लिये विस्तार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। थर्मामीटर, ग्लूकोमर एवं स्ट्रिप, आइस पैक एवं बी.पी. मापने के उपकरण उपलब्धता सुनिश्चित करें। ई.सी.जी. उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। आवश्यक दवाईयों जैसे- ओ.आर.एस. के पैकेट, लोरजेपम एवं डायजपाम आदि की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करें। पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कक्ष को ठंडा करने वाले उपकरण जैसे- पंखा, वाटर कूलर एवं ए.सी. आदि की पर्याप्त व्यवस्था करें। लू के रोगियों को रेफर के लिए बर्फ पैक एवं ठंडे पानी के साथ एंबूलेंस में व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

69 लीटर महुआ शराब जब्त, 11 व्यक्तियों पर मामला दर्ज

 

मण्डला 22 मई 2022

जिले में मदिरा के अवैध विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम के लिए बम्हनीबंजर क्षेत्र के ग्रामों में कार्यवाही करते हुए अवैध शराब विक्रय एवं निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 69 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई। इस अपराध में संलिप्त 11 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) (क) एवं (च) के अन्तर्गत मामला दर्ज किया गया है। जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य लगभग 7 हजार रूपये है।

Related posts

आज से प्रारंभ होगी मंडला-चिरईडोंगरी-नैनपुर रेल सेवा

Reva India News

जिले में मिले 17 नए कोरोना पॉजीटिव केस

Reva India News

कोरोना से बचने मॉस्क लगाएं व सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें

Reva India News

Leave a Comment