बिछिया, मवई एवं नैनपुर जनपद में संपन्न हुई उपसरपंच निर्वाचन की कार्यवाही
मण्डला 24 जुलाई 2022
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई को बिछिया, मवई एवं नैनपुर जनपद में त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 में निर्वाचित हुए सदस्यों के बीच से उपसरपंच निर्वाचन की कार्यवाही संपादित किया जाना था। 24 जुलाई को बिछिया, मवई एवं नैनपुर जनपद में उपसरपंच पद के निर्वाचन के लिए कार्यवाही प्रातः प्रारंभ हुई। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तीनों जनपदों में उपसरपंच निर्वाचन की कार्यवाही पूर्ण की गई। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपसरपंच निर्वाचन के लिए द्वितीय चरण में घुघरी, मोहगांव, मंडला जनपदों के लिए 25 जुलाई 2022 दिन सोमवार तथा तृतीय चरण में नारायणगंज, निवास, बीजाडांडी जनपदों के लिए 26 जुलाई 2022 दिन मंगलवार निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए सम्मिलन प्रथम चरण में बिछिया, मवई, नैनपुर, घुघरी तथा मोहगांव जनपदों के लिए 27 जुलाई 2022 दिन बुधवार एवं द्वितीय चरण में मंडला, नारायणगंज, निवास तथा बीजाडांडी जनपदों के लिए 28 जुलाई 2022 दिन गुरूवार निर्धारित किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए सम्मिलन 29 जुलाई 2022 दिन शुक्रवार को निर्धारित किया गया है।

पी.एम. किसान सम्मान निधि के अंतर्गत ई.के.वाय.सी. शतप्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश
मण्डला 24 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदारों को 31 जुलाई 2022 के पूर्व लम्बित 74000 हितग्राहियों के ईकेवाईसी कार्य को शत प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया गया है जिसमें जिले के सी.एस.सी. सेंटर की सूची एवं तहसीलवार लंबित ईकेवाईसी हितग्राहियों की सूची प्रेषित की गई है। ग्रामवार सर्वाधिक लंबित हितग्राहियों को चिन्हांकित कर सी.एस.सी. सेंटर के सर्विस प्रोवाइडर के साथ समन्वय कर उक्त कार्य पूर्ण कराया जाना है। संबंधित तहसीलदारों को आदेशानुसार नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अपर कलेक्टर ने बताया कि समीक्षा में पाया गया कि तहसीलदारों को लंबित सूची भेजने के पश्चात भी उन्हें तहसील में लंबित ईकेवाईसी के हितग्राहियों की जानकारी से अनभिज्ञता बताया जाना कार्य के प्रति उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है। तहसील बिछिया 17951, मण्डला 13589, नैनपुर 11910, धुधरी 13989. निवारा 9597 एवं नारायणगंज 7017 इस प्रकार जिले में कुल ईकेवाईसी हितग्राही लंबित 74053 है। तत्संबंध में अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदारों को पुनः निर्देशित किया गया है कि सर्वाधिक लंबित ग्रामों का चिन्हांकन कर राजस्व निरीक्षक, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं कोटवार के नामवार ड्यूटी लगाकर पूर्व में प्रेषित सी.एस.सी. सूची से संबंधित सर्विस प्रोवाइडरों से समन्वय कर उक्त कार्य 28 जुलाई 2022 तक शत प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में 31 जुलाई 2022 के पश्चात उक्त हितग्राही पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना की 12वी किस्त से वंचित हो जाएंगे। सर्विस प्रोवाइडर प्रति ईकेवाईसी प्रति हितग्राही 15 रुपये राशि सर्विस शुल्क प्राप्त कर सकेंगे। शिविर आयोजन में सर्वर एवं इंटरनेट की उपलब्धता के समय का ध्यान रखें।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 24 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 24 जुलाई के दौरान 442.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 424.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 17.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जुलाई को मंडला में 9.2 मि.मी., बिछिया में 16 मि.मी., निवास में 22 मि.मी., घुघरी में 46.6 मि.मी. तथा नारायणगंज में 9.9 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 24 जुलाई को 10.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 24 जुलाई 2022
23 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 24 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाष वार्ड मंडला निवासी 23 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 24 जुलाई 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 23 जुलाई की शाम 3 बजे से 24 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

कलेक्टर ने प्रीकॉशन डोज लगवाने जिलेवासियों से की अपील
मण्डला 24 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिनके कोविड वैक्सीनेशन के 6 माह हो चुके हैं वे स्वप्रेरणा से वैक्सीनेशन सेंटर आकर प्रीकॉशन डोज लगवाएं। जो लोग वैक्सीनेशन सेंटर तक आने में असमर्थ हैं वे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करें। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर जाकर प्रीकॉशन डोज लगाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है, जिसे हर स्तर पर जाँचा और परखा गया है।

बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी
मण्डला 24 जुलाई 2022
कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभावना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाईड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।
बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीएं, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीयें, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।
उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।
सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।
बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अण्डें पनपते हैं।
मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हडडी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गड्ढों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।
मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जाँच कराएं और दवाएं प्राप्त करें।

फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
मण्डला 24 जुलाई 2022
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान व जोखिमों की भरपाई के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है जिससे ऋणी एवं अऋणी दोनों ही प्रकार के किसान अपनी अधिसूचित फसलों के लिए बीमा 31 जुलाई 2022 तक करा सकते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत खरीफ मौसम 2022 हेतु अधिसूचित पटवारी हल्का अंतर्गत किसानों की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने के लिए बैंकों द्वारा प्रीमियम का भुगतान किये जाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 निर्धारित की गई है। बैंक द्वारा बीमित किसानों की प्रविष्टि हेतु भारत सरकार के फसल बीमा पोर्टल पर बैंकों द्वारा समय सीमा में प्रविष्टि किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में उप संचालक कृषि द्वारा बताया गया है कि यदि किसी कृषकों द्वारा गत वर्ष बोई गई फसलों में किसी भी प्रकार का परिवर्तन किया गया है तो किसान द्वारा संबंधित बैंक से सम्पर्क कर बीमांकन की अंतिम तिथि के दो दिन पूर्व अर्थात 29 जुलाई 2022 तक बोई गई वास्तविक फसल की जानकारी बैंक को उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। किसानों की सुविधा को देखते हुये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ मौसम 2022 के अंतर्गत प्रदेश में नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस पोर्टल पर भू-अभिलेख एकीकरण का कार्य किया जा रहा है। पंजीयन के समय कृषक की भूमि धारित संबंधित जानकारी भू-अभिलेख के आधार पर पोर्टल में ड्रॉपडाउन पर उपलब्ध हो सकेगी जिससे बीमाकर्ता द्वारा संगत खसरा नम्बर का चयन कर धारित भूमि का बीमा किया जा सकेगा। किसानों की सुविधा को देखते हुये पंजीयन के दौरान खसरा नम्बर तथा बीमित भूमि के क्षेत्रफल की सही-सही जानकारी बैंक द्वारा एनसीआईपी पोर्टल पर दर्ज किया जाना है जिससे किसानों को समय पर सही बीमा पॉलिसी जारी की जा सके। सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है ऋणी एवं अऋणी कृषकों का फसल बीमा निर्धारित समयावधि में किया जाना सुनिश्चित किया जाये।

3 अगस्त तक अग्निवीर भर्ती रैली के लिए पंजीयन
मण्डला 24 जुलाई 2022
अग्निपथ भर्ती योजना 2022 के तहत जबलपुर स्थित भर्ती कार्यालय द्वारा 15 सितंबर 2022 से 25 सितंबर 2022 तक जबलपुर में मंडला सहित मध्यप्रदेश के 14 जिलों अनूपपुर, बालाघाट, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया के पुरूष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोर कीपर तकनीकी, ट्रेडसमैन दसवीं पास तथा ट्रेड्समैन आठवी पास की सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है।
भर्ती अधिकारी द्वारा बताया गया कि अग्निवीर भर्ती योजना का ऑनलाइन पंजीकरण 3 अगस्त 2022 शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। 22 अगस्त 2022 से 27 अगस्त 2022 तक अग्निवीर भर्ती योजना में पंजीयन करवाने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से भेजे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

डायरेक्ट सेल्स एजेंट चयन साक्षात्कार 25 को
मण्डला 24 जुलाई 2022
अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग ने बताया कि कार्यालय अधीक्षक डाकघर मण्डला संभाग में डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के व्यवसाय अर्जन के लिए डायरेक्ट सेल्स एजेंट का चयन किया जाना है जिसके लिये साक्षात्कार का आयोजन 25 जुलाई 2022 दिन सोमवार को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता 10वी पास या समकक्ष राज्य व केन्द्रीय बोर्ड तथा आयु 18 से 50 वर्ष होनी चाहिए। कम्प्यूटर ज्ञान एवं स्थानीय क्षेत्र का ज्ञान की अर्हताएं पूर्ण करने वाले इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा एवं मूल दस्तावेज लेकर कार्यालय अधीक्षक डाकघर मण्डला संभाग मण्डला, प्रधान डाकघर मण्डला संभाग परिसर में निर्धारित समय पर उपस्थित हो सकते हैं। अपने आवेदन तथा अन्य जानकारी के लिये अपने निकटतम डाकघर पर संपर्क करें सकते हैं।

31 तक किए जा सकेंगे पदम पुरस्कार के लिए ऑनलाईन नामांकन
मण्डला 24 जुलाई 2022
प्रभारी अधिकारी कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत वर्षों की भाँति वर्तमान वर्ष में भी म.प्र. शासन गृह विभाग द्वारा निर्मित अवार्डस पोर्टल www.padmaawards.mp.gov.in पर जिला स्तर से पद्म पुरस्कार के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन ऑनलाईन ही प्रेषित किए जाने हैं। जिला स्तर से पद्म पुरस्कार के लिए प्रतिभागियों का चयन कर उनके नामांकन एवं आवश्यक दस्तावेज गृह विभाग के ऑनलाईन पोर्टल पर 31 जुलाई 2022 तक प्रेषित करें, समयावधि पश्चात प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जायेगा।

सर्पदंश से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी
मण्डला 24 जुलाई 2022
बरसात के दिनों में सर्पदंश के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सर्पदंश में व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सर्पदंश के व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।
लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें, ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।
उपचार:- सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।
बचाव: – अंधेरे में ना जायें। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल व जूते पहनकर ही चलें।

मूंग एवं उड़द उपार्जन के लिए 28 जुलाई तक होगा पंजीयन
मण्डला 24 जुलाई 2022
म.प्र. शासन किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार वर्ष 2022 प्राईस सपोर्ट स्कीम योजनांतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर ग्रीष्म कालीन फसल मूंग एवं उड़द के लिए जिले में 21 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं जिनमें 18 जुलाई से 28 जुलाई 2022 तक पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के अनुसार लेम्स मानादेई, मानेगाँव, नारायणगंज, निवास, जामगांव, पिंडरई, बम्हनी, ककैया, डिठौरी, चिरईडोंगरी रेलवे, मोहगांव, मुनू, मलारा, अंजनिया, घुघरी, घुटास, बीजाडांडी एवं मवई तथा विपणन केन्द्र पड़ाव, नैनपुर मंडी एवं बिछिया मंडी में पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कृषकों की सुविधा की दृष्टि से समितियों के अतिरिक्त एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोकसेवा केन्द्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे पर भी पंजीयन की व्यवस्था की गई है। कृषक इन केन्द्रों पर जाकर समग्र सदस्य आईडी, आधार नंबर, आधार कार्ड में मोबाईल नंबर दर्ज के साथ, भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। शेष पंजीयन से संबंधित जानकारी पंजीयन केन्द्र में जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

