28 जुलाई से प्रारंभ करें सघन वृक्षारोपण अभियान – हर्षिका सिंह
मण्डला 25 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों की वृक्षारोपण संबंधी बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आगामी 28 जुलाई से पूरे जिले में सघन स्तर पर वृक्षारोपण का अभियान प्रारंभ करें। उन्होंने मनरेगा, एनआरएलएम, पीएमजीएसवाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी, रेशम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान सघन रूप से वृक्षारोपण का कार्य करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि आँगनवाड़ी केन्द्रों में पोषणवाटिका भी लगाएँ। उन्होंने आईटीआई, कार्यालय एवं शासकीय भवनों के परिसर, उद्योग परिसर, रिसॉर्ट, स्कूल आदि में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
अंकुर पोर्टल पर अनिवार्यतः फोटो अपलोड करें
कलेक्टर ने कहा कि 28 जुलाई से प्रारंभ हो रहे सघन वृक्षारोपण अभियान में सामुदायिक एवं आमजनों की भागीदारी भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासकीय, निजी तथा आमजनों द्वारा किए जाने वाले वृक्षारोपण की फोटो अंकुर पोर्टल पर अनिवार्यतः अपलोड करें। उन्होंने विभागवार निर्देशित किया कि विभागों के माध्यम से किए जाने वाले वृक्षारोपण की फोटो पोर्टल पर अपलोड कराएं।
श्रीमती सिंह ने कहा कि मनरेगा के तहत सभी स्तरों पर वृक्षारोपण स्थानों को चिन्हित करें। उन्होंने कहा कि जिले के कम से कम एक हजार गावों में वृक्षारोपण का कार्य सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखें। उन्होंने इस दौरान लगभग ढाई लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रेशम विभाग को निर्देशित किया कि 30 जुलाई तक वृक्षारोपण का कार्य पूर्ण करें।
जिलेवासी वृक्षारोपण कर जिले को बनाएँ हरा-भरा
कलेक्टर ने इस दौरान जिले के सभी निवासियों से अपील की है कि 28 जुलाई से प्रारंभ होने वाले सघन वृक्षारोपण अभियान में सक्रियता से भाग लें। इस अभियान में प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ तथा उसकी देखभाल भी करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिलेवासी मंडला जिले को हरा-भरा बनाए रखने में अपना योगदान दें साथ ही अपने वृक्षारोपण की फोटो सोशल मीडिया एवं अंकुर पोर्टल पर जरूर अपलोड करें।

सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 25 जुलाई 2022
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। कार्यालय प्रमुख प्रत्येक प्रकरणों का अध्ययन करते हुए उनका सकारात्मक तरीके से निराकरण करें। इस संबंध में उन्होंने दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी सहित समस्त एसडीएम तथा समस्त जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का लम्बे समय तक निराकरण नहीं किए जाने की दशा में संबंधित जिलाधिकारी जिम्मेदार होंगे। प्रकरणों को फोर्सक्लोज न करें। पेयजल, हेंडपंप सुधार, पात्रतापर्ची तथा दिव्यांगजनों से संबंधित प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि मनरेगा तथा स्वच्छ भारत मिशन के परियोजना अधिकारी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निराकरण के लिए विकासखंड समन्वयकों को लक्ष्य आवंटित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि गंभीर प्रकृति के प्रकरणों के लिए अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदलकर जांच कराएं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास के कार्यों में गति लाएं। हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी करें। इसी प्रकार जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों को विशेष अभियान चलाकर निराकृत करें। देयकों का भुगतान समय पर करें। संबल योजना के तहत पंजीयन प्रारंभ हो गया है। अतः संबंधित अधिकारी पात्र व्यक्तियों का पंजीयन कराएं।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि 27 जुलाई को कोविड वैक्सीनेशन का महाभियान संचालित होना है। इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच करते हुए प्रीकॉशन डोज लगाएं। शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सचिव तथा रोजगार सहायक सहित अन्य मैदानी अमला लोगों को प्रीकॉशन डोज के लिए मोबीलाईज करें। विकासखंड स्तर के अधिकारी अपने मैदानी अमले के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए उन्हें मोबीलाईज करें। वैक्सीनेशन महाभियान के लिए कलेक्टर ने निकायवार लक्ष्य निर्धारित किए हैं। श्रीमती सिंह ने अगले 3 दिवस में पीडीएस वितरण शतप्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन, भंडारण तथा मिलिंग की समीक्षा की। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाएं। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को मंडला-जबलपुर रोड के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण के महाभियान के दौरान अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं तथा लगाए गए वृक्षों की जानकारी अंकुर पोर्टल पर अपलोड करें। साक्षरता सर्वे रिपोर्ट की रेंडम जांच कराएं। शतप्रतिशत साक्षर होने वाले पंचायतों को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि साईकिल रैली, मानव श्रंृखला तथा क्विज आदि गतिविधियों के माध्यम से ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए वातावरण तैयार करें। अनाउंस कराएं तथा लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम को व्यापारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि 29 जुलाई एवं 2 अगस्त को टीकाकरण के लिए विशेष अभियान संचालित करें। जो बच्चे वैक्सीनेशन से छूटे हैं सूची बनाकर उनका टीकाकरण करें। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से नहीं छूटना चाहिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर प्रभारी महाप्रबंधक सहकारिता तथा बैठक में अनुशासन का पालन नहीं करने पर खण्ड शिक्षा अधिकारी घुघरी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डी श्रेणी वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। जनपद पंचायतों, नगरीय निकाय तथा राजस्व विभाग के लम्बित प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एक सप्ताह में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अपने प्रकरणों के निराकरण के संबंध में जनपद पंचायतों से समन्वय करते हुए संयुक्त रूप से भ्रमण कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने डी श्रेणी प्राप्त करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा अगले माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में संतोषजनक प्रगति परिलक्षित नहीं होने पर एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण नहीं करने तथा समय पर जननी सुरक्षा के हितग्राहियों का भुगतान नहीं करने पर कलेक्टर ने समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

1 अगस्त से प्रारंभ होगी ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए व्यापक गतिविधियाँ
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को दिए निर्देश
मण्डला 25 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 11 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले ’हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आजादी के 75वे वर्षगाँठ के अवसर पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। सभी विभाग ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए दिए गए दायित्वों को पूर्ण करें। कलेक्टर ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ध्वज निर्माण के लिए दिए गए विभागीय लक्ष्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विभाग झंडा निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाएँ तथा जुलाई तक ध्वज निर्माण का कार्य दिए गए लक्ष्य के अनुसार पूरा करें। उन्होंने विभागवार अब तक तैयार किए जा चुके झंडे के बारे में जानकारी भी ली।
श्रीमती सिंह ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग स्कूल के प्रत्येक विद्यार्थी के माध्यम से अपने घरों के लिए झंडे बनवाएँगे तथा अभिभावकों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी एवं जागरूकता के लिए पत्र लिखें। उन्होंने सभी अभिभावकों से भी कहा है कि इस अभियान में सक्रियता से जुड़ें।
एक अगस्त को साईकिल रैली
कलेक्टर ने कहा कि एक अगस्त से ’हर घर तिरंगा’ अभियान की घर-घर तक जानकारी पहुंचाने एवं जागरुकता के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए 1 अगस्त से वृहद स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें। उन्होने कहा कि 1 अगस्त को जिले से लेकर सभी ब्लॉक मुख्यालय तक स्कूली बच्चों की साइकिल रैली का आयोजन करें। इस दौरान सभी बच्चे अपनी साइकिलों में तिरंगे झंडे लगाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को रैली के वृहद स्तर पर आयोजन के निर्देश दिए।
30 जुलाई को होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
कलेक्टर ने कहा कि आजादी के 75वे सालगिरह के अवसर पर 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं मीडिया के सहयोग एवं सहभागिता के लिए 30 जुलाई को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले के मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान के उद्देश्य एवं जिला प्रशासन द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मीडिया का सहयोग लेते हुए इस अभियान को हर घर तक पहुँचाने के संबंध में चर्चा की जाएगी। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले के व्यापारी, दुकानदार, समाजसेवी तथा आमजन ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ें एवं सक्रिय सहयोग दें।

’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए भारत सरकार ने शुरू की वेबसाइट
मण्डला 25 जुलाई 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार ने एक वेबसाइट शुरू की है जो भारतीयों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति देती है। कोई भी वेबसाइट पर वर्चुअल रूप से ’फ्लैग पिन’ कर सकता है और वहां ’सेल्फी विद फ्लैग’ भी पोस्ट कर सकता है।
फ्लैग पिन कैसे करें – इस वेबसाइट पर लॉग इन करें https://harghartiranga.com/user-detail ‘पिन ए फ्लैग’ पर क्लिक करें। अपना विवरण भरकर लॉग इन करें या अपने सोशल मीडिया खातों का उपयोग करें। अपने स्थान की पहुंच की अनुमति दें। अपने स्थान पर एक ध्वज पिन करें। वेबसाइट ’हॉटस्पॉट लोकेशन’ में एक झंडा लगाकर साइट पर फीचर करने की अनुमति देती है। झंडे के साथ सेल्फी भी अपलोड कर सकते हैं। ’अपलोड सेल्फी’ पर क्लिक करें। एक डायलॉग बॉक्स खुलता है। अपना नाम दर्ज करें। किसी फाइल को ड्रॉप डाउन करें या उसे अपलोड करने के लिए ब्राउज़ करें। सबमिट पर क्लिक करें।

कम्प्यूटर ट्रेनिंग के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएँ – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने कम्प्यूटर स्किल सेंटर का किया औचक निरीक्षण
मण्डला 25 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कटरा रोड स्थित कम्प्यूटर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी 5 अगस्त से आरंभ हो रहे कम्प्यूटर ट्रेनिंग प्रोग्राम की तैयारियों का जायज़ा लिया। कलेक्टर ने कहा कि स्किल सेंटर में कम्प्यूटर एवं अन्य वोकेशनल कोर्सेस की ट्रेनिंग के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी भी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने एसी ट्राईबल को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्किल सेंटर में वोकेशनल ट्रेनिंग प्रारंभ होने के संबंध में आवश्यक जानकारी दें। साथ ही इच्छुक व्यक्तियों की जानकारी के लिए सूचना का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करें। उन्होने कम्प्यूटर सेंटर में ट्रेनिंग प्रारंभ करने के लिए की जा रही इंफ्रास्ट्रक्चर की तैयारियों का भी जायजा लिया।

’उज्जवल भविष्य ऊर्जा @2047 कार्यक्रम 28 को नैनपुर एवं 30 जुलाई को मंडला में
मण्डला 25 जुलाई 2022
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 28 जुलाई को नैनपुर एवं 30 जुलाई को झंकार भवन मण्डला में, देश और विशेषतः मध्यप्रदेश में विद्युत क्षेत्र में हुई उपलब्धियों को साझा करने के ’’उज्जवल भविष्य उर्जा@2047’’ का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश में विद्युत की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी संचारण लाईनों का निर्माण घर-घर बिजली पहुँचाने, विद्युतीकरण को सृदृढ़ बनाने 24 घंटे विद्युत प्रदाय गैर पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में रिकार्ड बढ़ोतरी ऐसे कई कार्यों के बारे में विडियो फिल्म के माध्यम से बताया जाएगा। साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों के बारे में बताया जाएगा। नैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम मुख्य अतिथि होगें एवं नगर परिषद नैनपुर के अध्यक्ष एवं समस्तगण विशिष्ट अतिथि होगें। मण्डला में आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होगें एवं नगर परिषद नैनपुर के अध्यक्ष एवं समस्तगण विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम का आयोजन एन.टी.पी.सी. गाडरवाड़ा द्वारा म.प्र.वि.म. एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।
डाकघरों में भी होगा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का पंजीकरण
27 जुलाई को चंदवारा में होगा विशेष कैम्प का आयोजन
मण्डला 25 जुलाई 2022
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार डाकघरों में जनसामान्य की सुविधा के लिए तमाम नई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में अब डाकघरों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी उठाया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की पहुंच को देखते हुए इससे किसानों को काफी सहूलियत होगी। अधीक्षक डाकघर ने बताया कि डाकघरों के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2022 के लिये सभी अऋणी किसानों के लिये बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 है। डाकघरों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से किसानों को बीमा कराने के लिये अनिवार्य दस्तावेजों में आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर, बैंक पासबुक, खसरा बी1, खसरा वाइज बोई गई फसल का प्रमाणित बुआई प्रमाण पत्र, किरायेदार किसान के लिए किरायानामा का शपथ पत्र है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों और उनके परिवारों को फसल के नुकसान का मुआवजा और साथ ही सुरक्षा प्रदान करना है। इसके तहत बुआई से पहले से लेकर कटाई के बाद तक फसल को सुरक्षा प्रदान की जाती है। यह योजना किसानों के परिवारों और उनके आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मददगार है। इसे ध्यान में रखते हुए मण्डला जिले के सभी डाकघरों में फसल बीमा योजना को पंजीकरण किया जा रहा है तथा चन्दवारा ग्राम में 27 जुलाई 2022 विशेष केम्प का आयोजन किया जाना है जिसमें पात्र किसानों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकरण किया जायेगा।

आयुष चिकित्सकों एवं लेब टेक्निीशियनों की सीएमई आयोजित
मण्डला 25 जुलाई 2022
जिला क्षय अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2025 तक टीबी मुक्त भारत के तारतम्य में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत दीपक फाउण्डेशन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में झंकार भवन मण्डला में 25 जुलाई 2022 को आयुष चिकित्सकों एवं लेब टेक्निीशियनों के लिए सीएमई का आयोजन किया गया। जिला क्षय अधिकारी डॉ. जेपी चीचाम, डब्ल्यू.एच.ओ. कंसल्टेंट डॉ. योगेश शर्मा के द्वारा उपस्थित आयुष चिकित्सकों एवं लेब टेक्निीशियनों को क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। एनटीईपी के संबंध में प्राईवेट प्रेक्टिशनर एवं प्राईवेट लेब को टीबी नोटिफिकेशन के इंसेटिव व इंफॉरमेंट स्कीम का लाभ, सीबीनॉट, टूनॉट, टीबी मरीजों व एमडीआर मरीजों के जाँचों, टीबी मरीजों की दवाईयों, डीबीटी स्कीम, इगरा जाँच, कॉमार्बिडिटी, मरीजों के फॉलोअप एवं अन्य कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 25 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 25 जुलाई के दौरान 475.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 451.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 24 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 जुलाई को मंडला में 26 मि.मी., नैनपुर में 3.1 मि.मी., बिछिया में 23.6 मि.मी., निवास में 28 मि.मी., घुघरी में 20.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 98.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 25 जुलाई को 33.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 25 जुलाई 2022
24 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 25 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसबीआई कॉलोनी मंडला निवासी 33 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 25 जुलाई 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 24 जुलाई की शाम 3 बजे से 25 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

चिकन पॉक्स से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी
मण्डला 25 जुलाई 2022
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकन पॉक्स से बचाव के लिए एडवाईजरी जारी की है। जारी एडवाईजरी में कहा गया है कि चिकन पॉक्स अत्यधिक संक्रामक बीमारी है, यह बीमारी वरिसेला जोस्टर नामक वायरस के संक्रमण से फैलती है। इस वायरस के संक्रमण के कारण शरीर में खुजली, दाने व छाले के लक्षण प्रकट होते हैं। प्रायः शरीर में छाती, पीठ व चेहरे पर लाल दाने दिखाई देने लगते हैं और फिर सारे शरीर में दाने फैल जाते हैं। चिकन पॉक्स मुख्य रूप से बच्चों, किशोर, वयस्क, गर्भवती महिलाएं और जिनमें बीमारी से लड़ने की क्षमता कम रहती है को ज्यादा प्रभावित करता है।
उद भवन काल:- शरीर में वायरस के संक्रमण के उपरांत और उद भवन काल 10 से 20 दिन का होता है, वयस्कों में शरीर के अंगों पर दाने उभरने से पहले हल्का बुखार या बेचैनी के लक्षण प्रकट हो सकते हैं। बच्चों में शरीर पर दाने ज्यादातर बीमारी का पहला संकेत हो सकता है। चिकन पॉक्स वायरस का संक्रमण लगभग 4 से 7 दिनों तक रहता है।
लक्षण:- चिकन पॉक्स में संक्रमण मुख्य रूप से शरीर पर दाने प्रकट होते हैं जो खुजली उत्पन्न करते हैं। बाद में फफोले में बदल जाते हैं तथा सूखने के उपरांत पपड़ी में बदल जाती हैं। प्रायः सभी फफोले के सूखने के लगभग एक सप्ताह लगता है। वायरस संक्रमण उपरांत दाने सबसे पहले छाती, पीठ और चेहरे पर उभर जाते हैं और फिर धीरे-धीरे मुंह, पलकों को जननांगों इत्यादि सहित पूरे शरीर में फैल जाते हैं। स्वस्थ बच्चों में व्हीजेडव्ही वायरस का संक्रमण सतही होता है उनमें बुखार 102 दाने 2 से 3 दिन तक दिखाई देते हैं। जिन बच्चों, किशोर, वयस्क, गर्भवती महिलाओं में प्रतिरोधक क्षमता कम होती है उन्हें अत्यधिक खतरा बना रहता है और उन्हें अत्यधिक जटिलताएँ उत्पन्न हो सकती हैं। शरीर में दाने उभरने में लगभग 1 से 2 दिन पहले बुखार, थकान एवं भूख में कमी, सिर में दर्द आदि के लक्षण प्रकट होते हैं। किसी भी व्यक्ति को कभी भी चिकन पॉक्स चाहे उसे कभी संक्रमण नहीं हुआ है या चिकन पॉक्स का टीकाकरण हुआ हो।
प्रसार:- चिकन पॉक्स एक अत्यधिक संक्रामक बीमारी है चिकन पॉक्स वायरस त्वचा पर उभरे दानों व घाव के तरल पदार्थ का छूने, संक्रमित व्यक्ति के सांस लेने और छोड़ने और संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। चिकन पॉक्स की जटिलताएं वयस्कों में वायरस के कारण निमोनिया, वायरल निमोनिया के लक्षण प्रकट हो सकते हैं। बच्चों में त्वचा संबंधी बीमारी की समस्याएँ। मस्तिष्क में सूजन या इंसेफलाइटिस के लक्षण रक्त स्त्राव की समस्याएं अन्य गंभीर समस्याएं।
रोकथाम और उपचार:- चिकन पॉक्स बीमारी से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है पूर्ण टीकाकरण, वायरस को अन्य दूसरे व्यक्ति तक फैलने तथा त्वचा के संक्रमण को रोकने के लिए नाखूनों को छोटा करें तथा प्रयास करें खुजली व खरौंच ना हो। दानें, घाव, छाले को खरौंच लिया है तो अपने हाथों को तत्काल साबुन से 20 सेकंड तक धोंएं। त्वचा संक्रमण रोकने के लिए कैलामिन लोशन का उपयोग करें। बुखार, थकान, भूख में कमी, सिरदर्द आदि के लक्षण प्रकट हो तो चिकित्सा परामर्श लें। शरीर में खुजली से राहत के लिए नीम की पत्तियां पानी में डालकर ठंडे पानी से स्नान करें। मरीज को हवादार कमरे में रखें तथा सूती कपड़े पहनाएं जिससे शरीर पर जलन ना हो। मरीज को आइसोलेट रखें जिससे अन्य स्वस्थ व्यक्ति को संक्रमण न फैले, मरीज के आसपास सफाई रखें। मरीज को ज्यादा से ज्यादा पौष्टिक तरल पदार्थ दलिया, स्वच्छ पानी का सेवन कराएं। चिकन पॉक्स की पुष्टि हेतु मरीज को प्रशिक्षित डॉक्टर को जरूर दिखाएं।

