Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 30 जुलाई 2022

विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार संकल्पित – श्री फग्गन सिंह कुलस्ते

बिजली महोत्सव के तहत उज्जवल भारत-उज्जवल भविष्यकार्यक्रम संपन्न

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            ’आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत ऊर्जा क्षेत्र में भारत सरकार एवं प्रदेश सरकारों द्वारा विगत वर्षों में किए गए कार्य और उपलब्धियों को याद करने और उसमें योगदान करने वाले सभी सहभागी लोगों को सम्मानित करने के उद्देश्य से ’उज्जवल भारत उज्जवल भविष्य कार्यक्रम बिजली महोत्सव के माध्यम से नगर पालिका टाउनहॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व सांसद राज्यसभा संपतिया उईके, विधायक मंडला श्री देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अधीक्षण यंत्री श्री सोनवाने, कार्यपालन यंत्री श्री बिसेन, एनटीपीसी गाडरवारा से सीजीएम श्री मिश्रा, श्री श्रीखंडे एवं श्री सोनी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रदेश एवं केन्द्र की वर्तमान सरकार विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संकल्पित है। हर गांव-हर टोला-हर परिवार तक विद्युत उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंडला जिले के 900 ग्रामों में शतप्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है। 346 गांवों में तेजी से कार्य चल रहा है जिनमें जल्द ही कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। जिले के 82 वनग्रामों में भी विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। श्री कुलस्ते ने अपने संबोधन में विभिन्न योजनाओं के तहत किए गए विद्युतीकरण कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में सराहनीय कार्य हुए हैं। विद्युत की उत्पादकता और आपूर्ति भी लगातार बढ़ रही है जो अच्छे संकेत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण को संरक्षित करने के उद्देश्य से सौरऊर्जा सहित विद्युत के अन्य विकल्पों पर भी अनुकरणीय कार्य कर रही है।

इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यपालन यंत्री श्री शरद बिसेन ने अपने प्रतिवेदन में विभाग द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 24 करोड़ की लागत से 700 गांव का विद्युतीकरण किया गया। नगर पालिका क्षेत्र मंडला, बिछिया, नैनपुर, निवास एवं बम्हनी बंजर क्षेत्र अंतर्गत शहरी क्षेत्रों का विद्युत सुदृढ़ीकरण का कार्य लगभग 32 करोड की लागत से किया गया। सौभाग्य योजना के तहत 34 हजार से अधिक विद्युत विहीन परिवारों को निःशुल्क कनेक्शन दिए गए, साथ ही 64 करोड़ की लागत लगाकर 11 केवी लाइन निम्न दाब लाइन एवं लगभग 800 ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए जिसके कारण मंडला जिले के विद्युतीकरण का प्रतिशत लगभग 95 प्रतिशत से अधिक है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योजना के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ऊर्जा के महत्व नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा में भविष्य की संभावनाओं एवं पर्यावरण के संदर्भ में ऊर्जा को लेकर अपने विचार रखे। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा बैगा आदिवासी नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम का संचालन कार्यपालन यंत्री मंडला श्री बिसेन द्वारा किया गया।

 

 

 

 

मिशन मोड में करें मतदाताओं के आधार संकलन का कार्य – हर्षिका सिंह

संबंधित अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            मतदाताओं के आधार संकलन से संबंधित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मिशन मोड में कार्य करते हुए मतदाताओं के आधार संकलन का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य 1 अगस्त से प्रारंभ होगा। संबंधित अधिकारी अपनी रणनीति तैयार करते हुए 1 अगस्त को ही अधिक से अधिक मतदाताओं का आधार संकलन करें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि राजस्व निरीक्षक, बीएलओ, पटवारी, शिक्षक सचिव, रोजगार सहायक आदि के माध्यम से आधार संकलन का कार्य कराएं। इस संबंध में बीएलओ के माध्यम से कैम्प आयोजित करें। लोगों को मोबाईल ऐप के माध्यम से स्वयं आधार की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। 1 अगस्त को प्रत्येक बीएलओ कम से कम 50 मतदाताओं से आधार का संकलन अनिवार्य रूप से करें। शिक्षकों के आधार नंबर की मोबाईल ऐप के माध्यम से पोर्टल पर एंट्री बीईओ, बीआरसी के माध्यम से सुनिश्चित करें। इसी प्रकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के आधार की एंट्री परियोजना अधिकारी करें। महाविद्यालयीन छात्रों के आधार की एंट्री संबंधित प्राचार्य सुनिश्चित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि आधार नंबरों की गोपनीयता महत्वपूर्ण है। अतः संकलनकर्ता उनकी गोपनीयता एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम को आधार संकलन के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मतदाता पुनरीक्षण के संबंध में नए निर्देशों की भी जानकारी देते हुए बताया कि पुनरीक्षण का कार्य जनवरी, अप्रैल, जुलाई एवं अगस्त माह की प्रथम तारीख को किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर फ्लैक्स लगवाने तथा मुनादी करवाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों के निर्धारण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र भवनों की फोटो ईआरओ ऐप पर अपलोड करें। बैठक में कलेक्टर ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में भी विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित समस्त एसडीएम, महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

राजस्व अधिकारियों की बैठक संपन्न

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का समय-सीमा में समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। आवेदनों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने का प्रयास करें।

श्रीमती सिंह ने कहा कि एसडीएम तथा तहसीलदार सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की दैनिक समीक्षा करें। प्रतिदिन अपने कार्य की शुरूआत सीएम हेल्पलाईन से करें। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व निरीक्षक तथा पटवारियों के दैनिक लक्ष्य निर्धारित करें। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। प्रत्येक प्रकरण पर समय में समुचित जवाब प्रस्तुत करें। शिकायत प्राप्त होते ही राजस्व निरीक्षक से जांच कराकर निराकरण की कार्यवाही करें। शिकायत को अगले स्तर पर जाने से रोकें। एल-4 लेवल पर लम्बित शिकायतों के निराकरण के लिए भी प्रयास करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पीएम किसान योजना के तहत ई-केवाईसी का कार्य जल्द पूर्ण कराएं। जो कृषक शेष बचे हैं उन्हें चिन्हित कर ई-केवाईसी के बारे में जानकारी दें। उन्होंने इस संबंध में 1 अगस्त से समितिवार कैम्प लगाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने नक्शों के सत्यापन कार्य के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम, तहसीलदार तथा संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

अभियान के दौरान साक्षर हुए लोगों का किया गया सत्यापन

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान के दौरान जिले में साक्षर किए गए व्यक्तियों के सत्यापन का कार्य जिला अधिकारियों द्वारा किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा साक्षर हुए व्यक्तियों के भौतिक सत्यापन के लिए जिलाधिकारियों को क्षेत्र आवंटित किए गए थे। सभी अधिकारियों ने आज आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर सूची में शामिल साक्षर व्यक्तियों से मुलाकात कर उनकी साक्षरता का सत्यापन किया। अधिकारियों ने साक्षर हुए व्यक्तियों से अक्षरज्ञान तथा वित्तीय साक्षरता के संबंध में जानकारी ली।

 

 

 

 

 

हर घर तिरंगाअभियान के लिए वातावरण बनाने होंगे विविध आयोजन

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला स्तर पर विविध आयोजन किए जाने हैं जिसके लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा कलेंडर जारी किया गया है।

जारी कलेंडर के अनुसार 1 अगस्त को साईकिल रैली, 2 अगस्त को ग्राम पंचायतों में प्रभातफेरी, 3 अगस्त को संपूर्ण जिले में मानव श्रृंखला, 4 अगस्त को जिलास्तरीय मैराथन तथा 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण किया जाएगा। 6 अगस्त को समस्त वनग्राम एवं बैगा टोलाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जारी कलेंडर के अनुसार 7 अगस्त से घर-घर पीले चावल एवं अन्य माध्यमों से जनसामान्य को जागरूक किया जाएगा तथा तिरंगे का वितरण कर फ्लैग कोड के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

 

समिति गठित

 

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत संचालित किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों के समुचित क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है जिसमें अपर कलेक्टर, समस्त एसडीएम, समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ, समस्त सीएमओ नगरपालिका, सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग एवं उनका विभागीय अमला तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं उनके समस्त विभागीय अमले को सम्मिलित किया गया है।

 

 

 

 

 

पानी और अधिक होने पर किसी भी समय खोले जा सकते हैं जलद्वार

थांवर जलाशय के ऊपरी तथा निचली सतह पर रहने वाले ग्रामीणजन रहें सतर्क

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            कार्यपालन यंत्री जल संसाधन ने बताया कि वर्ष 2022-23 में थांवर बांध का जल स्तर 481.10 मी. तक 100 प्रतिशत भरा जाना है। जलाशय का जल भराव 30 जुलाई में 78 प्रतिशत 10 अगस्त तक 83 प्रतिशत, 30 अगस्त तक 91 प्रतिशत, 15 सितम्बर तक 97 प्रतिशत तथा 30 सितम्बर तक 100 प्रतिशत रखना निर्धारित किया गया है। 30 जुलाई 2022 को जलाशय का जलस्तर 479.54 मी. 77 प्रतिशत है। यदि जलाशय में पानी का आवक अधिक होने के कारण जल भराव दर्शित अवधि के पूर्व अधिक होता है तो वर्षाकाल में अतिरिक्त पानी को निकालने के लिए जलद्वारा किसी भी समय खोले जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में नदी का जल स्तर भी अचानक बढ़ सकता है। थांवर जलाशय के ऊपरी तथा निचले सतह पर रहने वाले मण्डला जिले के ग्राम बीजेगांव, पोटिया, बिनौरी, पिण्डरई, चरी ग्राम टिकरिया, केवलारी, सुक्कम, चरगांव, बरबसपुर, कुरला छींदा, झुलपुर, खमरिया, कछारी, देवरी, पिण्डरई, पड़रिया, डोभी, कन्हरगांव, खिरसारू, भरवेली, धर्राची, नैनपुर और सिवनी जिले के किमाची, ग्वारी, छींदा सर्रई, तिंदुआ के समस्त ग्रामवासियों को सूचित किया जाता है कि वे अपनी अस्थाई एवं चल सम्पत्ति को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें, ताकि किसी प्रकार की जन-धन की हानि से बचा जा सके।

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में जारी किये गये श्रवण बाधित दिव्यांग प्रमाण पत्र

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            जिला चिकित्सालय मण्डला में श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिसमे डॉ. अमित अग्रवाल, ईएनटी विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल जबलपुर के द्वारा सेवायें प्रदाय की गई। शिविर में कुल 60 व्यक्तियों का परीक्षण किया गया जिसमें 46 श्रवण बाधित दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किये गये। इसके साथ-साथ ईएनटी संबंधी मरीजों की जांच एवं आवश्यक उपचार प्रदाय किया गया। शिविर में सिविल सर्जन डॉ. के.आर. शाक्य, मेडिकल बोर्ड सदस्य, वीरेंद्र पाटिल आडियोलॉजिस्ट एवं राम मिश्रा शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 29 जुलाई की शाम 3 बजे से 30 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

1 कोरोना केस मिला

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            29 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 30 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीनाला मवई निवासी 35 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 30 जुलाई के दौरान 580.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 520.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 60.1 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जुलाई को नैनपुर में 10, बिछिया में 1.3 मि.मी., निवास में 8.2 मि.मी. तथा नारायणगंज में 0.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 30 जुलाई को 3.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

आधार डाटा संग्रहण का कार्य 1 अगस्त से

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के द्वारा दिये गये निर्देशानुसार मतदाता रजिस्ट्रीकरण 1960 के नियम 26 बी में संशोधन किया गया है। मतदाताओं के आधार नंबर मतदाताओं से स्वेच्छिक आधार पर लिए जाने का प्रावधान किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आधार कलेक्शन का कार्य 1 अगस्त 2022 से प्रारंभ किया जाएगा। उन्होने समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अपने अधीनस्थ समस्त कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों को निर्धारित प्रपत्र-6 बी के माध्यम से आधार नंबर का संग्रहण कराकर एनवीएसपी पोर्टल, वोटर हेल्प लाईन, वोटर पोर्टल के माध्यम से आधार नंबर दर्ज कराने का कार्य पूर्ण किया जाना है। 1 अगस्त 2022 को आधार नंबर फीड करने संबंधित जानकारी लेकर जनपद पंचायत संभागार मण्डला में प्रातः 10 बजे उपस्थित होकर कम्प्यूटर ऑपरेटरों के सहयोग से आधार नंबर फीड कार्य संपादित किया जायेगा।

 

 

 

 

आधार डाटा संग्रहण के संबंध में मीडिया से चर्चा 1 को

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों को सूचित किया है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशानुसार मतदाता सूची में आधार डाटा संग्रहण 1 अगस्त से प्रारंभ किया जा रहा है। इस संबंध में जिला योजना भवन में 1 अगस्त को शाम 4 बजे बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी संबंधितों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

 

 

 

उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 से 10 अगस्त तक

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            जिला समन्वयक अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार उद्यमित विकास केन्द्र म0प्र0 भोपाल द्वारा आयोजित खादी ग्रामोद्योग आयोग के व्हीआईसी भोपाल द्वारा प्रायोजित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत खादी और ग्रामोद्योग आयोग जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा खादी ग्रामोद्योग बोर्ड मण्डल द्वारा विभिन्न बैंकों को प्रेषित एवं बैंकों द्वारा स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक 5 एवं 10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला के परिसर में 1 अगस्त से 10 अगस्त 2022 तक आयोजित किया जा रहा है। ऐसे समस्त हितग्राही जिनको बैंकों के द्वारा ऋण प्रकरण में स्वीकृति प्राप्त हो गई है एवं बैंकों द्वारा पीएमईजीपी पोर्टल में स्वीकृति पत्र अपलोड कर दिया गया है वे समस्त हितग्राही 1 अगस्त 2022 को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में प्रातः 10:30 बजे उपस्थित होकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।

 

 

 

 

हर घर तिरंगाअभियान अन्तर्गत 1 अगस्त को साईकिल रैली का आयोजन

 

मण्डला 30 जुलाई 2022

            भारत सरकार द्वारा 11 से 17 अगस्त 2022 की अवधि में ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान का क्रियान्वयन किया जाना है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता उत्पन्न कर देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को लगाने के लिए प्रेरित करना है। जिले में कलेक्टर के निर्देशानुसार ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु 1 अगस्त 2022 को जिला मुख्यालय एवं विकासखण्ड मुख्यालय में साईकिल तिरंगा रैली का आयोजन सुबह 9 बजे किया जायेगा। जिसमें जिला एंव विकासखण्ड मुख्यालय अर्न्तगत संचालित शालाओं के विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी साईकिल एवं तिरंगा के साथ शामिल होगे। साईकिल रैली हेतु जिला स्तर से डेªस कोड- सफेद, हरा अथवा केसरी रंग निर्धारित किया गया है।

जिला मुख्यालय में न्यूनतम 5000 एवं विकासखण्ड मुख्यालय में न्यूनतम 2500 विद्यार्थी शामिल होगें। साथ ही शाला एंव कॉलेज बैनर के साथ शिक्षक भी रैली में उपस्थित रहेगें। जिला मुख्यालय में साईकिल तिरंगा रैली महात्मा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शहर का भ्रमण करेगी तथा विकासखण्ड मुख्यालय में रैली का रूट चार्ट का निर्धारण विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक द्वारा आपसी समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनायेंगे।

Related posts

कलेक्टर ने की स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा 13 अगस्त को कार्यक्रम की रिहर्सल कराने के निर्देश  

Reva India News

आगामी त्यौहारों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सामाजिक कार्यकताओं का सहयोग लें – हर्षिका सिंह

Reva India News

ग्राम मेहरासिवनी में जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की जानकारी

Reva India News

Leave a Comment