Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 8 सितम्बर 2022

विश्व साक्षरता दिवस पर नवसाक्षरों ने उत्साह के साथ किया प्रशासन का धन्यवाद

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

8 सितम्बर को विश्व साक्षरता दिवस के रूप में मनाया जाता है। 15 अगस्त 2022 को मंडला ज़िले को पहले पूर्ण कार्यात्मक जनजातीय साक्षर ज़िले के रूप में घोषित किया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार निरक्षर से साक्षर बने ज़िले के सभी नवसाक्षरों के लिए विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर सभी सामाजिक केंद्रों में रिफ्रेशर कार्यक्रम आयोजित किया गए। सामाजिक चेतना केन्द्रों में अक्षर साथियों ने अपने आस-पास के क्षेत्रों के चिन्हित शेष निरक्षरों एवं अक्षरज्ञान सीख चुके व्यक्तियों को अक्षर ज्ञान दिया। अपने जीवन का अधिकांश समय निरक्षर के रूप में व्यतीत करने वाले व्यक्ति जो अब साक्षर बन चुके हैं सभी ने नवसाक्षर बनने पर अत्यंत प्रसन्नता ज़ाहिर की तथा जिला प्रशासन एवं कलेक्टर मंडला का आभार व्यक्त किया। स्कूल शिक्षा विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग के अमले एवं अक्षर साथियों के सहयोग से विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर नवसाक्षरों एवं शेष चिन्हित निरक्षरों के लिए वृहत स्तर पर कक्षाएं आयोजित की गई।

 

 

 

 

बिछिया के अलावा बाक़ी नगरीय निकायों में प्राप्त हुए 1-1 नामांकन

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला ज़िले के सभी नगरीय निकायों में नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। 8 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक बिछिया नगरीय निकाय को छोड़कर बमहनी, मंडला, नैनपुर एवं निवास नगरीय निकायों के अलग-अलग वार्ड के लिए पार्षद पद के एक-एक नामांकन प्राप्त हुए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

जिले के 5 नगरीय निकायों में 76 हजार 549 मतदाता

84 वार्डों के लिए 125 मतदान केन्द्र

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के अंतर्गत 27 सितम्बर 2022 को होने वाले मतदान में जिले के कुल 5 नगरीय निकायों में 76549 मतदाता अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 37603 पुरूष, 38941 महिला तथा 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। 5 नगरीय निकायों के 84 वार्डों के लिए कुल 125 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।

इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका मंडला के 24 वार्डों के लिए 55 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मंडला नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत कुल 38034 मतदाता हैं जिनमें 18540 पुरूष तथा 19494 महिला मतदाता सम्मिलित हैं। नगर पालिका नैनपुर के 15 वार्डों के लिए 24 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। नैनपुर नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत कुल 16148 मतदाता हैं जिनमें 8109 पुरूष तथा 8039 महिला सम्मिलित हैं। नगर परिषद निवास के 15 वार्डों के लिए 15 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। निवास नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत कुल 6453 मतदाता हैं जिनमें 3169 पुरूष, 3280 महिला तथा 4 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। नगर परिषद बिछिया के 15 वार्डों के लिए 15 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। बिछिया नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत कुल 8282 मतदाता हैं जिनमें 4046 पुरूष तथा 4236 महिला सम्मिलित हैं। इसी प्रकार नगर परिषद बम्हनी बंजर के 15 वार्डों के लिए 16 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। बम्हनी बंजर नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत कुल 7632 मतदाता हैं जिनमें 3739 पुरूष, 3892 महिला तथा 1 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं।

 

 

 

 

 

 

 

ईव्हीएम की प्रथम लेवल जाँच 16 से 19 सितम्बर तक

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मण्डला जिले की नगरीय निकायों की ईव्हीएम की प्रथम लेबल जांच हेतु 16 से 19 सितम्बर 2022 की तिथि निर्धारित की गई है। इस कार्य के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा मनोज धुर्वे (मोबा. 9424341783) को नोडल अधिकारी एवं जिला संस्थागत वित्त अधिकारी आर. के. बांगडे (मोबा. 9425484895) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार प्रथम लेबल जांच के कार्य हेतु शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला के छात्रावास क्रमांक-5 स्थित स्ट्रांग रूम से ईव्हीएम मशीनों को 12 सितम्बर से निकाल कर एफलसी कार्य हेतु शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के चिन्हित कक्ष में ले जाया जाएगा जहाँ पर 16 सितम्बर से एफ.एल.सी. कार्य प्रारंभ होगा। उक्त कार्य हेतु ईसीआईएल के 5 इंजीनियर जिले में उपस्थित होंगे। प्रथम लेबल जांच के पश्चात मशीनों का आवंटन निकायवार किया जाकर उन्हें कमीशनिंग एवं मतदान कार्य के लिए संबंधित निकाय क्षेत्र के रिटर्निग आफिसर को सौंपा जावेगा। प्रथम जांच के दौरान मोबाईल, फोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाईश, पान-गुटखा आदि प्रतिबंधित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

धान उपार्जन के लिए 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक किसान पंजीयन

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

जिला आपूर्ति अधिकारी ने प्राप्त जानकारी अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक किसान के पंजीयन किया जाना है। जिले के अंतर्गत एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे को सूचित किया गया है कि उपार्जन की वेबसाईट http://mpeuparjan.nic.in/MPeuparjan/home.aspx पोर्टल पर जाकर किसान पंजीयन करने हेतु प्रबंधक एवं ऑपरेटर की जानकारी निर्धारित प्रारूप कियोस्क का सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य होगा तथा 11 सितम्बर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

शैक्षणिक सत्र 2021-22 में नवीनीकरण आवेदन भरने विद्यार्थी लॉगइन में लिंक ओपन

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है परन्तु किसी कारणवश छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीयन नहीं कर सके, आवेदन नहीं किया तथा शैक्षणिक सत्र 2021-22 में द्वितीय वर्ष के लिए आवेदन करना चाहते हैं परन्तु नवीन पंजीयन की लिंक बंद होने के कारण पंजीयन नही हो रहा है। ऐसे आवेदनों के लिए पंजीयन, आवेदन हेतु केवल शैक्षणिक सत्र 2021-22 में द्वितीय वर्ष के इन्ही विद्यार्थियों के लिए पोर्टल खोला गया है।

ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारणवश शैक्षणिक सत्र 2020-21 में नवीनीकरण आवेदन नहीं भर पाए हैं उनके लिए शैक्षणिक सत्र 2021-22 में अगले पाठ्यक्रम वर्ष में नवीनीकरण आवेदन भरने हेतु विद्यार्थी लॉगइन में लिंक ओपन किया गया है।

उदाहरण – किसी विद्यार्थी द्वारा सत्र 2019-20 या उससे पूर्व के वर्ष में प्रवेश लेकर प्रथम वर्ष की छात्रवत्ति प्राप्त कर ली है परन्तु सत्र 2020-21 में द्वितीय वर्ष का आवेदन पोर्टल पर नहीं भर सका, अब विद्यार्थी 2021-22 में तृतीय वर्ष हेतु आवेदन करना चाहता है तो ऐसे विद्यार्थियों के आवेदन पोर्टल पर भरे जा सके के लिए प्रावधान करना। समस्त शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, आई.टी.आई (नर्सिंग,पैरामेडिकल) संस्थाएं अपनी संस्था में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवेदन भरने हेतु सूचित करें। यदि कोई विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रहता है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 8 सितम्बर के दौरान 1190 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 762.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 427.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 सितम्बर को मंडला में 2.4 मि.मी., नैनपुर में 14 मि.मी., बिछिया में 11.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 8 सितम्बर को 4.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

10 को मनाया जाएगा आत्महत्या निषेध दिवस

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

10 सितंबर 2022 को विश्व आत्महत्या निषेध दिवस 2022 मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम जिले में राज्य आनंद संस्थान के जिला संम्पर्क व्यक्ति आनंदम सहयोगी, मास्टर ट्रेनर डिस्ट्रिक प्रोग्राम लीडर एवं आनंद क्लब के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में सहायक आयुक्त सह नोडल अधिकारी आनंद विभाग ने बताया कि आत्महत्या निषेध दिवस के तहत कॉलेज, स्कूल में विद्यार्थियों के साथ विषय पर चर्चा, रेस तथा आत्महत्या रोकथाम को प्रदर्शित करने वाले स्लोगन व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। गतिविधियों में सहभागिता के लिए आनंद संस्थान के डिप्लॉयएड, मास्टर ट्रेनर, आनंदम सहयोगी एवं आनन्दकों द्वारा कार्यक्रम के स्वरूप के आधार पर इनमें विद्यार्थी, गृहणी, व्यवसायी, वृद्ध, स्वैच्छिक संस्थाएं, युवा वर्ग, काउंसलर, समाजसेवी, मोटीवेशनल, स्पीकर्स, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी वर्ग को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे द्वारा की गई रबी सीजन के लिए विद्युत कंपनियों की तैयारियों की समीक्षा

भरपूर बिजली उत्पादन के साथ पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

मध्यप्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पावर मैनेजमेंट कंपनी, पावर जनरेटिंग कंपनी व पावर ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष संजय दुबे ने आज अपने दो दिवसीय जबलपुर प्रवास के दौरान प्रथम दिवस आने वाले रबी सीजन के लिए विद्युत कंपनियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने चार सत्रों में पावर मैनेजमेंट कंपनी, पावर जनरेटिंग कंपनी, पावर ट्रांसमिशन कंपनी और स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। श्री संजय दुबे ने कहा कि प्रदेश के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 24 घंटे और कृषि उपभोक्ताओं को 10 घंटे सतत् व गुणवत्तापूर्ण बिजली प्रदाय करना सर्वोच्च प्राथमकिता है। पावर जनरेटिंग कंपनी के ताप व जल विद्युत गृह अपनी क्षमता का भरपूर उपयोग करते हुए बिजली उत्पादन करें और पावर ट्रांसमिशन कंपनी गुणवत्तापूर्ण वॉल्टेज से निर्बाध बिजली आपूर्ति की गति को बरकरार रखें। बैठक में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के डायरेक्टर अविनाश वाजपेयी, पावर जनरेटिंग कंपनी के डायरेक्टर प्रतीश कुमार दुबे, ऊर्जा विभाग के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी नीरज अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।

 

रबी सीजन में हो पर्याप्त विद्युत की उपलब्धता

 

संजय दुबे ने पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी रबी सीजन में बिजली की मांग लगभग 17656 मेगावाट तक पहुंचने की संभावना है। बिजली की इस मांग की आपूर्ति करने के लिए पावर जनरेटिंग कंपनी के ताप व जल विद्युत गृहों के अलावा इंदिरा सागर जल विद्युत गृह, ओंकारेश्वर जल विद्युत परियोजना, प्रदेश में स्थापित स्वतंत्र ताप विद्युत गृहों और नव व नवकरणीय विद्युत संयंत्रों से उत्पादित बिजली की पर्याप्त उपलब्धता को सुनिश्चति करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ज़रूरत के मुताबिक पावर जनरेटिंग कंपनी के जल विद्युत गृहों से रात्रि में विद्युत उत्पादन करने के प्रयास किए जाएं। प्रमुख सचिव ऊर्जा ने प्रदेश में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चति करने के लिए पावर मैनेजमेंट कंपनी, पावर जनरेटिंग कंपनी व स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

 

ताप विद्युत गृहों से हो भरपूर बिजली उत्पादन

 

प्रमुख सचिव ऊर्जा ने कहा कि पावर जनरेटिंग कंपनी के ताप विद्युत गृहों का वार्षिक मेंटेनेंस निर्धारित समय पर आवश्यक रूप से पूर्ण हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रबी सीजन में ताप विद्युत इकाईयों का पूर्ण क्षमता से बिजली उत्पादन सर्वाेच्च प्राथमिकता है। पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने पावर पाइंट प्रजेन्टेंशन के माध्यम से ताप व जल विद्युत गृहों के उत्पादन व अन्य पहलुओं पर प्रस्तुतिकरण दिया। प्रमुख सचिव ऊर्जा ने ताप व जल विद्युत गृहों के बिजली उत्पादन और रबी सीजन में विद्युत गृहों के उत्पादन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि बेहतर कार्य निष्पत्ति से ही लक्ष्य को अर्जित किया जा सकता है।

 

ओंकारेश्वर सोलर फ्लोटिंग परियोजना से संबद्ध ट्रांसमिशन कार्य निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण हों

 

संजय दुबे ने पावर ट्रांसमिशन कंपनी को निर्देश दिए कि वे पूरे प्रदेश में निर्माणाधीन सब स्टेशनों और अति उच्चदाब लाइनों के कार्य को पूर्ण करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा ने चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित सब स्टेशनों के निर्माण कार्य की प्रगति, ओवरलोड सब स्टेशनों, अति उच्चदाब लाइनों, पावर ट्रांसफार्मर की समीक्षा की। श्री दुबे ने ओंकारेश्वर सोलर फ्लोटिंग परियोजना से उत्पादित होने वाली विद्युत के सहज पोषण के लिए ट्रांसमिशन कंपनी को उनके हिस्से का कार्य निर्धारित समय से पूर्व करने के निर्देश दिए।

 

ड्रोन की सफलता को दें विस्तार

 

प्रमुख सचिव ऊर्जा ने पावर ट्रांसमिशन कंपनी को निर्देश दिए कि प्रदेश में 220 केवी ट्रांसमिशन लाइनों की ड्रोन पेट्रोलिंग प्राथमिता के आधार पर करवाई जाए। इन लाइनों का ड्रोन सर्वे के उपरांत मेंटेनेंस कार्य त्वरित रूप से करवाए जाएं। श्री दुबे ने ट्रांसमिशन कंपनी के समस्त 400 केवी सब स्टेशन के मानवरहित संचालन हेतु प्रस्तावित कार्यों को गति देने और उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

अरूण कुमार तोमर प्रेक्षक नियुक्त

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा अरूण कुमार तोमर, आई.ए.एस (सेवानिवृत्त) मोबाइल नम्बर 8989012912 को मंडला जिले के लिए प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम दिनांक से दो दिवस पूर्व से निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होने के दिनांक तक अर्थात प्रथम चरण में 11 सितम्बर से 15 सितम्बर 2022 तक एवं द्वितीय चरण में 24 सितम्बर से 30 सितम्बर 2022 तक पर्यवेक्षण किया जाना निर्धारित है।

 

 

 

मार्ग पर आवागमन अवरूद्ध करने पर कारण बताओ नोटिस

 

मण्डला 8 सितम्बर 2022

            अनुमति की शर्तों एवं आचार संहिता का पालन न करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन अवरूद्ध करने पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी बिछिया द्वारा जीजीपी युवा मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष मनसू उईके को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

      जानकारी के अनुसार मनसू उईके ने 8 सितम्बर 2022 को गौंड़वाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में एक दिवसीय विनोद रंगमंच में जनहित मुद्दों पर ज्ञापन दिए जाने के संबंध में अनुमति मांगी थी, जिस पर उन्हें सशर्त अनुमति प्रदान की गई, परंतु इन लोगों द्वारा अनुमति शर्तों एवं आचार संहिता का पालन न करते हुए थाने के सामने एनएच-30 राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन अवरूद्ध किया गया, जिस पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी बिछिया द्वारा जीजीपी युवा मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष मनसू उईके को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 2 दिवस के अंदर अनिवार्य रूप से जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही थाना प्रभारी बिछिया को भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188, 341 एवं मध्यप्रदेश स्थानीय प्राधिकरण (निर्वाचन अपराध) अधिनियम संशोधन अधिनियम 2014 की धारा 04(1) के तहत दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

Related posts

खनिज विभाग के द्वारा अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्यवाही

Reva India News

बिछिया लाईन के प्रथम सर्किट में विद्युत आपूर्ति प्रातः 7 से 10 बजे तक रहेगा बंद

Reva India News

एकादशी से माँ नर्मदा जी की पंचचौकी महाआरती का शुभारंभ किया जाएगा – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा पंचचौकी महाआरती समिति में दस समाजसेवी 1.51 लाख रूपए जमा कर संरक्षक सदस्य बनें नर्मदा नदी के महिष्मति घाट में पंचचौकी महाआरती 12 नवंबर से प्रारंभ होगी

Reva India News

Leave a Comment