सिकलसेल एवं एनीमिया के संबंध में चौपाल आयोजित करें – हर्षिका सिंह
बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 10 सितम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सिकलसेल एवं एनीमिया के संबंध में प्रभावी कार्यवाही करें। जागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को सिकलसेल एवं एनीमिया के लक्षण तथा आवश्यक सावधानी के संबंध में जानकारी प्रदान करें। उन्होंने इस संबंध में चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्यकर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें सिकलसेल एवं एनीमिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करें। इन कार्यशालाओं में जनजाति समाज के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें। स्थानीय भाषा में गीत एवं नुक्कड़-नाटकों के माध्यम से वातावरण तैयार करें। सिकलसेल एवं एनीमिया के लक्षण तथा सावधानियों के संबंध में पंचायत स्तर तक प्रचार सामग्री उपलब्ध कराएं। कलेक्टर ने कहा कि पंचायत स्तर पर टेस्ट कराने के संबंध में कार्ययोजना तैयार करें। सभी गर्भवती महिलाओं का एक सप्ताह में सिकलसेल एवं एनीमिया की जांच कराएं। आंगनवाड़ी में दर्ज 0 से 6 वर्ष के बच्चों की भी जांच कराएं। इसी तरह हाईस्कूल एवं हायरसेकंडरी स्कूल में दर्ज छात्राओं की भी जांच कराएं। उन्होंने कहा कि चिन्हित मरीजों के उपचार के संबंध में एक्सल सीट में केस हिस्ट्री तैयार करते हुए इनका विधिवत रिकॉर्ड संधारित करें। कलेक्टर ने जेनेटिक काउंसलिंग, दवाओं की उपलब्धता आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
रक्तदान शिविर के लिए योजना तैयार करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तरीय रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए योजना तैयार करें। शिविर के लिए ग्रामों की मैपिंग करें। स्थलवार तिथियों का निर्धारण कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा गांव-टोले तक मुनादी कराएं। रक्तदाताओं के रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर करें। अधिकारी, कर्मचारी भी स्वेच्छा से रक्तदान करें। कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान शिविरों में कॉलेज, एनसीसी, एनएसएस एवं आईटीआई के छात्र, रोटरी क्लब, जन अभियान परिषद सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं का भी सहयोग प्राप्त करें।

अभ्यर्थियों का नाम क्रमानुसार व्यवस्थित करने सहायक प्राध्यापक नियुक्त
मण्डला 10 सितम्बर 2022
नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 के तहत अंग्रेजी वर्णाक्रम में अभ्यर्थियों का नाम क्रमानुसार व्यवस्थित किए जाने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा सहायक प्राध्यापक अनिता झारिया, एडमोन लाकड़ा, अनुपमा कुजूर तथा रूपेश भादे को नियुक्त किया गया है। नियुक्त सहायक प्राध्यापक 13 सितम्बर 2022 से 15 सितम्बर 2022 तक कार्यालय कलेक्टर में उपस्थित होकर सौंपे गए कार्य को संपन्न कराएंगे।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 10 सितम्बर 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 10 सितम्बर के दौरान 1206.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 780.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 426.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 सितम्बर को बिछिया में 3.3 मि.मी., निवास में 19 मि.मी. तथा नारायणगंज में 2.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 10 सितम्बर को 4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
15 से 15 अक्टूबर तक होगा धान उपार्जन के लिए पंजीयन
मण्डला 10 सितम्बर 2022
जिला आपूर्ति अधिकारी ने प्राप्त जानकारी अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक किसान के पंजीयन किया जाना है। जिले के अंतर्गत एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे उपार्जन की वेबसाईट http://mpeuparjan.nic.in/MPeuparjan/home.aspx पोर्टल पर जाकर किसान पंजीयन करने हेतु प्रबंधक एवं ऑपरेटर की जानकारी निर्धारित प्रारूप कियोस्क का सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य होगा तथा 11 सितम्बर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
स्क्रब टायफस बीमारी से बचाव व नियंत्रण
मण्डला 10 सितम्बर 2022
स्क्रब टायफस बीमारी से बचाव व नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य चिकित्सा दल द्वारा स्क्रब टायफस का केस मिलने पर चिकित्सा दल द्वारा नियंत्रण की कार्यवाही की गई है। ग्राम बरौची विकासखण्ड नारायणगंज में चिकित्सा दल द्वारा डोर-टू-डोर फीवर सर्वे किया गया जिसमें पॉंजिटिव मरीज के घर पर कोई भी अन्य फीवर का केस नही मिला। चिकित्सा दल द्वारा लगातार ग्राम बरौंची में निगरानी की जा रही है। एहतियात हेतु पॉंजिटिव मरीज के सम्पर्क से 6 सीरम सैम्पल संग्रहित कर एनआईआरटीएच जबलपुर भेजा गया है। स्क्रब टायफस पॉंजिटिव मरीज के घर के भीतर व घर के बाहर आस-पास की घास फूंस एवं झाड़ियों पर कीट नाशक का छिड़काव किया गया है।
स्क्रब टायफस बीमारी Orientia tsutsugamushi नामक जीवाणु से होती है। यह जीवाणु चूहे के ऊपर रहने वाले घुन के संक्रमित लर्वा में पाया जाता है। चिग्गर लार्वा के कांटने के उपरांत मनुष्य में स्क्रब टायफस बीमारी के प्रमुख लक्षण बुखार, सिरदर्द, जोड़ एवं मांस पेशियों में दर्द, प्रकाश से असहनीयता, सूखी खांसी, एक सप्ताह उपरान्त शरीर पर दानें कुछ प्रकरणों में निमोनियां, मस्तिक ज्वर एवं हृदय संबंधी बीमारी प्रकट होते हैं। शरीर के जिन स्थानों पर संक्रमित लर्वा कटता है। उस स्थान पर दाना उठता है, जो बाद में जख्म बनकर सूखने पर काला धब्बे के समान दिखने लगता है।
स्क्रब टायफस बीमारी केवल चूहे के उपर रहने वाले घुन के संक्रमित लर्वा के काँटने से फैलता है। यह बीमारी मनुष्य से मनुष्य के सम्पर्क में आने से नही फैलती है। अतः आम जन को घबराने की जरूरत नही है। केवल जागरूक रहना ही इसका समाधान है। स्क्रब टायफस से बचाव हेतु खेत जंगल झाड़ियों में जब भी जाएं तो पूरे कपड़े पहनकर जायें। घांस फुस एवं झाड़ियों पर बैठे या सोएं नहीं तथा घर के आस-पास की घास-फूस एवं झाड़ियों को कॉंटकर जला देवें। शरीर को साबुन से धोयें और मोटे कपडे से रगड़कर साफ करें। शरीर पर सिगरेट के जले जैसे दिखने वाले चिन्ह, सिर दर्द, शरीर दर्द, जोड़ों एवं मांस-पेशियों में दर्द, तेज बुखार एवं उल्टी-दस्त के लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। जूनोटिक बीमारी स्क्रब टायफस एवं लेप्टोस्पाईरोसिस बीमारी चूहों द्वारा फैलती है। अतः बीमारियों के रोकथाम व उपचार हेतु तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से सम्पर्क करें।

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के लिये दिशा-निर्देश जारी
मण्डला 10 सितम्बर 2022
नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के दौरान लोक परिशान्ति को बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा म0प्र0 कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 तथा ध्वनि प्रदूषण नियम 2000 के तहत 30 सितम्बर 2022 तक के लिए दिशा निर्देश जारी किये गये हैं।
जारी आदेश के अनुसार कोई भी अभ्यर्थी, अन्य व्यक्ति संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय दण्डाधिकारी से 48 घण्टे पूर्व अनुमति प्राप्त किए तथा पुलिस को इस बाबत् पूर्व सूचना दिये बिना किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग किसी भी आम सभा जुलूस, जलसा या चलित वाहन में नही करेगा। संबंधित क्षेत्रों में चुनाव प्रचार हेतु वाहन पर ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी द्वारा दी जावेगी। संबधित अभ्यर्थियों, अन्य व्यक्तियों को 48 घण्टे पूर्व प्रस्तुत करने पर शर्तों के अधीन दी जा सकेंगी। अनुमति प्राप्त कर संबंधित व्यक्ति, राजनैतिक दल ध्वनि विस्तारकों का उपयोग 1/4 वॉल्यूम में पर प्रातः 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक कर सकेगा। यदि अनुमति चलित वाहन में लाउडस्पीकर के प्रयोग हेतु ली जाती है तो वाहन, वाहन चालक तथा उपयोग में लाये जाने वाले मार्ग का विवरण आवेदक को प्रस्तुत करना होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति संबंधित क्षेत्रान्तर्गत आने वाले शांति क्षेत्र यथा चिकित्सालय, धार्मिक स्थान, विद्यालय, शासकीय कार्यालय, पुलिस थाना, न्यायालय तथा बैंक आदि से 200 मीटर की परिधि से बाहर प्रदान की जाएगी।

13 सितंबर को खिलाई जाएगी कृमि मुक्ति की गोली
मण्डला 10 सितम्बर 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय क्रमि मुक्ति दिवस का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। जिले के समस्त विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्रों की माध्यम से 1 से 19 वर्ष के बच्चों, किशोर-किशोरियों को अल्बेंडाजोल गोली का सेवन कराया जायेगा। भारत शासन के निर्देशानुसार 13 सितंबर 2022 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं 16 सितंबर को मापक दिवस पर छोटे बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
कृमि संक्रमण के लक्षण
गंभीर कृमि संक्रमण से कई लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं, दस्त लगना, पेट में दर्द, कमजोरी, उल्टी, भूख न लगना, हल्के संक्रमण वाले बच्चों में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखते।
कृमि संक्रमण का संचालन चक्र
संक्रमित बच्चों के शौंच में कृमि के अंडे होते हैं, खुले में शौच करने से अंडे मिट्टी में मिल जाते हैं और विकसित होते हैं। नंगे पैर चलने से, हाथों की स्वच्छता, बिना ढका भोजन खाने से, संक्रमित बच्चों में कृमि के अंडे होते हैं जो बच्चों के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाते हैं।
कृमि के दुष्प्रभाव
शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधक, कुपोषण एनीमिया, प्रतिरोधक क्षमता में कमी होने से संक्रमण, स्कूल की उपस्थिति में कमी।
कृमि संक्रमण का नियंत्रण कैसे किया जाए
नाखून साफ रखें, हमेशा साफ पानी पिएं, भोजन को ढ़क्कर रखें, आसपास की सफाई, जूते-चप्पल पहनें, खुले में शौच ना जाएं, हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाएं, 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी में सेवन कराएं, 2 से 3 साल के बच्चों को 1 गोली पीसकर पानी में सेवन कराएं, 3 से 19 साल के बच्चों को 1 गोली चबाकर खिलाएं, ध्यान दें दवाई उन बच्चों को नही दिया जाना चाहिये जो बीमार हैं या अन्य दवाई दे रहे हैं।
जिला स्तरीय म.प्र. पर्यटन क्विज संपन्न
कलेक्टर ने विजेताओं को किए प्रमाण पत्र वितरित
मण्डला 10 सितम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता संपन्न हुई। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने प्रदेश की जानकारी रखना उनकी जिम्मेदारी है। यह ज्ञान उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि समस्त शिक्षक जिन्होंने जिले में शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी जो जेईई और नीट में चयनित हुए हैं जिनका मार्गदर्शन शासकीय विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षकों ने किया वे बधाई के पात्र हैं तथा यह हमारे जिले के लिए गौरव की बात है। जिला प्रशासन इस प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाले समस्त विद्यार्थियों और शिक्षकों का अभिनंदन करता है। सहायक कलेक्टर अर्थ जैन ने पर्यटन क्विज़ के जिला स्तरीय सुव्यवस्थित एवं प्रशंसनीय आयोजन के लिए साधुवाद दिया। इस आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं एमपी टूरिज्म श्री वैद्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने विजेताओं को राज्य स्तर से प्राप्त प्रमाण पत्र, मेडल, गिफ्ट वाउचर वितरित किए। समस्त मार्गदर्शक शिक्षकों को राज्य स्तर से प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

