Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 10 नवम्बर 2022

 

लेजर-शो में प्रदर्शित होगा मंडला का गौरवशाली इतिहास

व्यापारी संघ एवं पार्षदों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दी जानकारी

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

आगामी एवं 14 एवं 15 नवंबर को मंडला ज़िले के गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में व्यापारी संघ एवं पार्षदों की बैठक आयोजित की गई जिसमें कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी से उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित पार्षदगण एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि यह आयोजन जिले की संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास पर आधारित है। आयोजन के दौरान होने वाले लेजर-शो में जिले के गौरवशाली इतिहास को भी प्रदर्षित किया जाएगा। उन्होंने उपस्थितजनों का आव्हान किया कि वे आवश्यक वातावरण तैयार करते हुए प्रत्येक परिवार, प्रत्येक व्यक्ति को इस आयोजन में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करें। अपने आस-पड़ोस के लोगों को पीले चावल से आमंत्रित करें। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चे, युवा, बुजुर्ग एवं महिलाओं को एक मंच में लाने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर ने उपस्थितजनों से आग्रह किया है कि गौरव दिवस ’लोगो’ को गौरव दिवस आयोजन तक अपने व्हाट्सऐप की डीपी बनाएं। साथ ही अपने परिजनों, मित्रों को फेसबुक सहित अन्य सोशलमीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगाकर व्यक्तिगत स्तर पर भी इस आयोजन के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि गौरव दिवस का आयोजन जिलेवासियों का आयोजन है जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से आव्हान किया कि वे अपनी दुकानों में गौरव दिवस का ’लोगो’ लगाएं तथा उनके प्रतिष्ठान में आने वाले ग्राहकों को इस आयोजन से अवगत कराएं। उन्होंने पार्षदों से कहा कि वे इस आयोजन को सफल बनाने में अपने वार्डों का प्रतिनिधित्व करें।

 

14 नवंबर को प्रभातफेरी एवं फुड फेस्टिवल

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से प्रभातफेरी निकलेगी। इसके पश्चात नर्मदा तट पर स्थित कुंभस्थल पर योगाभ्यास किया जाएगा जिसके साथ ही गौरव दिवस कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ होगा। दोपहर 1 बजे ’’आओ जानें मंडला’’ की थीम पर बच्चों एवं आमजनों के साथ पैंटिंग, प्रश्नोत्तरी, रंगोली एवं अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे होमगार्ड एवं स्थानीय मछुआ साथियों के द्वारा नर्मदा तट पर संयुक्त रूप से नौका प्रदर्षन किया जाएगा। शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट से लेकर बैगा-बैगी चौक तक के मार्ग पर फुड फेस्टिवल आयोजित होगा जिसमें स्थानीय व्यंजन जैसे- मंडला थाली, जनजातीय पेज एवं पौष्टिक आहार परोसे जाएंगे। इस दौरान संगीत का आयोजन भी किया जाएगा।

 

घरों में रंगोली बनाएं, दीप जलाएं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को शाम 7:30 बजे माँ नर्मदा तट रपटाघाट पर महाआरती का आयोजन होगा एवं 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने आग्रह किया कि जिलेवासी 14 एवं 15 नवंबर को अपने-अपने घरों में दिवाली की तरह रंगोली बनाएं, आकर्षक साज-सज्जा करें तथा दरवाजों में दीप जलाएं। रपटाघाट में 51 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन होगा जिसमें प्रत्येक परिवार सहभागी बनें। कलेक्टर ने कहा कि जो भी लोग दीप देना चाहते हैं वे 14 नवंबर तक कलादीर्घा में जमा कर सकते हैं। महाआरती के उपरांत छोटे रपटा पुल पर आतिशबाजी का आयोजन होगा।

 

वार्डों के मध्य होगी साज-सज्जा प्रतियोगिता

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि आयोजन को भव्यता प्रदान करने की दृष्टि से जिला मुख्यालय के सभी वार्डों के मध्य साज-सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद अपने वार्डों में लीड रोल करते हुए लोगों को गौरव दिवस कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास करें। वार्डवासियों के सहयोग से वार्ड के अंतर्गत आने वाले चौराहे एवं रास्तों में तोरणद्वार, रंगोली, फ्लैक्स आदि लगवाते हुए वार्ड को आकर्षक ढंग से सजाएं। सबसे अच्छी साज-सज्जा वाले वार्डों को पुरूस्कृत किया जाएगा।

 

स्टेडियम ग्राउंड में बनेगा मंडला जिले का नक्शा

 

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के दूसरे दिन 15 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा स्कूली बच्चों के साथ रैली निकालकर स्टेडियम ग्राउंड मंडला जिले का नक्शा बनाया जाएगा। स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का आयोजन होगा। 15 नवंबर को 11 से 1 बजे तक राजराजेश्वरी मंदिर से आंगनवाड़ी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं, दीदियों एवं स्थानीय महिलाओं के द्वारा भव्य कलश यात्रा तथा चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा एवं समस्त नगरवासियों तथा समाजिक संगठनों की उपस्थिति में माँ नर्मदा में चुनरी अर्पण का कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी के साथ शहर के मुख्य चौराहों एवं रास्तों पर सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत लोकनृत्य, संगीत, रंगोली आदि का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

 

ख्यातिलब्ध कलाकारों की होंगी प्रस्तुतियाँ

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के द्वितीय दिवस 15 नवंबर की शाम 4 बजे से पुलिस लाईन ग्राउंड मंडला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजातीय मेले का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों के स्टॉल्स लगेंगे। साथ ही जनजातीय संस्कृति का परिचय देते आयोजन भी होंगे। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले के विख्यात कलाकारों के साथ-साथ अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित कलाकार भी शामिल होंगे। लेजर-शो 15 नवंबर की शाम का मुख्य आकर्षण होगा। लेजर-शो के माध्यम से माँ नर्मदा की यात्रा, जिले का इतिहास तथा जिले की पहचान वन्यजीवों के बारे में बताया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले को गौरवान्वित करने वाले अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

गौरव दिवस में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण – हर्षिका सिंह

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले गौरव दिवस के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विभिन्न संस्थाओं से जुड़े युवाओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस का आयोजन जिलेवासियों का आयोजन है जिसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने युवाओं का आव्हान किया कि वे अपने परिवार, मित्र, सहपाठी तथा संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्तियों को गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि युवा वर्ग सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय रहता है अतः आयोजन के संबंध में सोशल मीडिया पर भी किए जा रहे प्रचार-प्रसार में सहभागी बनें। उन्होंने सभी से गौरव दिवस के लोगो को डीपी में लगाने का आग्रह किया। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में नेहरू युवा केन्द्र, पॉलीटेक्निक कॉलेज, रानी दुर्गावती कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज, एनसीसी एवं एनएसएस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

गौरव दिवस के रूप में जिले को जानने का बेहतर अवसर

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि 14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले गौरव दिवस के समस्त कार्यक्रम मंडला जिले की कला, संस्कृति, वेशभूषा, रहन-सहन पर आधारित रहेगा। जिले के गौरवशाली इतिहास को नजदीक से जानने का यह बेहतर अवसर है। उन्होंने निजी स्कूल के प्राचार्यों का आव्हान किया कि वे शाला में पढ़ने वाले प्रत्येक छात्र-छात्राओं को इस आयोजन का महत्व बतलाते हुए उन्हें सपरिवार सहभागिता करने के लिए प्रेरित करें।

कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय से पालकों को पत्र भेजकर भी आमंत्रित किया जा सकता है। श्रीमती सिंह ने कहा कि आओ जाने मंडला, मेरे सपनों का मंडला जैसे विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जा सकती हैं। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                गौरव दिवस के तहत 14 नवंबर को आयोजित होने वाले फुड फेस्टिवल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल बंजर क्लब से कलेक्ट्रेट मार्ग का कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से आयोजन स्थल की योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने लगाए जाने वाले व्यंजन स्टॉल, विक्रय स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पार्किंग व्यवस्था आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल की साफ-सफाई, साज-सज्जा आदि पर विशेष ध्यान दें। इस दौरान कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री आर्मो एवं मनोज धुर्वे, उपसंचालक कृषि मधुअली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

आधार भुगतान प्रणाली एवं लोकल ऑफिस पोस्ट मेंपिग का प्रशिक्षण संपन्न

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                योजना भवन में आधार आधारित भुगतान प्रणाली एवं लोकल ऑफिस पोस्ट मेंपिग का प्रशिक्षण वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी, सिस्टम मैंनेजर अरूण कुमार मिश्रा एवं सहयोगी सहायक कोषालय अधिकारी एन.एल. मर्सकोले, लेखा सहायक तीतुस कुमार द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से संबंधित अधिकारी, कर्मचारी ने उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 

 

 

 

 

 

विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया विविध गतिविधियों का आयोजन

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसर माननीय आर.एस. शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के निर्देशन में तथा सचिव श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर 2022 से 13 नवम्बर 2022 तक चलाये जा रहे ‘‘एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच‘‘ के अंतर्गत 10 नवम्बर 2022 को विधि विद्यार्थियों तथा पैरालीगल वालेंटियर्स के द्वारा ग्राम जारगी, कुर्सीपार, औरई, तलियाटोला, अमझर, केजरवाड़ा, लिमरूआ, पौंडी, कुर्सीपारटोला, में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर तथा डोर-डोर केंपियन कर निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह योजना की जानकारी दी। साथ ही मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, घरेलू हिंसा के संबंध में भी जागरूक किया। इस अभियान में मोक्षिमा रघुवंशी, स्वाती विश्वकर्मा, कुमकुम तेकाम, धीरेन्द्र उपाध्याय, साक्षी दुबे, हरसला सिंधिया, सलील सिंह, करीना चौरसिया, मुस्कान सौदागर, शालिनी तिवारी, सेजल कछवाहा, कुमकुम कछवाहा तथा पी0एल0व्ही0 गणेश प्रसाद पटैल एवं चन्द्रलता कछवाहा ने भाग लिया।

इसी प्रकार तहसील विधिक सेवा समिति निवास के द्वारा ग्राम पंचायत कुहका में तहसील निवास में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर जानकारी दी गई। जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय खोब्रागड़े द्वारा जनपद पंचायत मंडला में नवनिर्वाचित सरपंचों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित होकर निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में अवगत कराया।

 

 

 

 

 

 

घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर 5 दुकानदारों को नोटिस जारी

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा 5 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जानकारी के अनुसार प्रकाश कुमार कुड़ापे केहरसिंह मेसर्स प्रकाश टी स्टॉल रसलगंज तहसील निवास, घनश्याम प्रसाद साहू नर्मदा प्रसाद साहू मेसर्स पंकज किराना स्टोर एवं टी स्टॉल रसलगंज तहसील निवास, सज्जन सिंह राजपुरोहित मोहन सिंह निवासी वार्ड नम्बर 9 बिछिया, पंकज भट्ट भरत भट्ट बस स्टेण्ड भुआ बिछिया तथा अब्दुला मंसूरी अब्दुल समर निवासी वार्ड नम्बर 9 बिछिया की दुकानों की जांच में दुकानदारों द्वारा घरेलू गैस सिलेण्डर का दुरूपयोग कर व्यावसायिक उपयोग किया जाना पाया गया है। सम्बंधितों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्यवाही की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

 

सौदापत्रक संबंधी प्रशिक्षण संपन्न

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                सचिव कृषि उपज मंडी समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कृषक अपनी कृषि उपज खलिहान, घर से ही विक्रय कर सकते हैं और सही मूल्य एवं भुगतान प्राप्त कर सकते हैं। व्यापारी भी सीधे कृषक के खलिहान, घर से उपज खरीद सकते हैं एवं भुगतान कर सकते हैं। इस हेतु मध्यप्रदेश शासन की मंशा अनुसार, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल द्वारा ’म0प्र0 फार्मगेट ऐप’ बनाया गया है। कृषक ऐप पर अपनी फसल का ऑफर दे सकते हैं, जो उस मण्डी के सारे व्यापारियों को उनके लॉगिन पर उपलब्ध होगा। व्यापारी उस ऑफर पर अपना रेट दे सकते हैं और कृषक द्वारा मंजूर होने पर सौदा पत्रक बना सकते हैं। कृषक व्यापारी से सीधा सम्पर्क कर पूर्व की तरह सौदा पत्रक बना सकते हैं। उक्त कार्यक्रम का प्रशिक्षण 10 नवंबर 2022 दिन गुरुवार को दोपहर 1 बजे मण्डी कार्यालय मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें सहायक संचालक कृषि, जिले की कृषि उपजमण्डी समितियों के सचिव, कर्मचारी, व्यापारी, कृषक संगठन अध्यक्ष, कृषक, हम्माल एवं तुलावटी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नैनपुर वार्ड क्रमांक 1, 11 एवं 15 की उचित मूल्य दुकान में प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार संलग्न

 

मंडला 10 नवम्बर 2022

                विपणन सहकारी समिति नैनपुर द्वारा उचित मूल्य दुकान संचालन में असमर्थ होने संबंधी आवेदन पत्र दिये जाने पर उचित मूल्य दुकानें सुरखी, भड़िया, झुलपुर बरबसपुर, बोरी पीपरडाही की दुकानों का संचालन नजदीकी आदिम जाति सेवा सहकारी संस्थाओं चिरईडोंगरी, परसवाड़ा एवं जामगांव में संलग्न किये जाने का आदेश अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर द्वारा जारी किया गया है।

इसी प्रकार नैनपुर शहरी क्षेत्र में प्रियदर्शनी सहकारी उपभोक्ता भंडार नैनपुर वार्ड क्रमांक 1, 11, 15 की उचित मूल्य दुकान को नजदीकी प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार नैनपुर में संलग्नीकरण किये जाने का आदेश भी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर द्वारा जारी किया गया है। उक्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों के उपभोक्ता नवीन संस्थाओं की उचित मूल्य दुकानों से राशन प्राप्त कर सकते हैं।

 

Related posts

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नारायणगंज को सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 98.52 वेटेज स्कोर के लिए मिला प्रशस्ति पत्र  

Reva India News

अन्नदाता किसान के जीवन में बदलाव लाने प्रतिबद्ध सरकार – सांसद श्री कुलस्ते प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम की 20वीं किश्त जारी जिले के एक लाख 56 हजार 713 किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित शासकीय निःशुल्क शव वाहन की हुई शुरूआत

Reva India News

राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित होगा जिले का संकुल स्तरीय संगठन

Reva India News

Leave a Comment