गौरव दिवस के आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने ली महिला संगठनों के प्रतिनिधियों तथा महिला शिक्षकों की बैठक
मंडला 9 नवम्बर 2022
आगामी एवं 14 एवं 15 नवंबर को मंडला ज़िले के गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में महिला संगठनों के प्रतिनिधियों तथा नगरीय क्षेत्र में रहने वाली महिला शिक्षकों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि यह आयोजन जिले की संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास पर आधारित है। उन्होंने उपस्थितजनों का आव्हान किया कि वे आवश्यक वातावरण तैयार करते हुए इस आयोजन में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्वेता तड़वे, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शारदा सिंह, प्राचार्य डाईट रश्मि वाजपेयी, उपसंचालक कृषि मधुअली सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि यह आयोजन जिला प्रशासन का आयोजन न होकर ज़िले के प्रत्येक निवासी का आयोजन है जिसमें ज़िले का हर घर, हर परिवार के व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने उपस्थितजनों से आग्रह किया कि वे अपने आस-पड़ोस के साथ-साथ संपर्क में आने वाले लोगों को भी इस आयोजन से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
’’आओ जानें मंडला’’ थीम पर होंगे आयोजन
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के पहले दिन 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से प्रभातफेरी निकलेगी। इसके पश्चात नर्मदा तट पर स्थित कुंभस्थल पर योगाभ्यास किया जाएगा जिसके साथ ही गौरव दिवस कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे ’’आओ जानें मंडला’’ की थीम पर बच्चों एवं आमजनों के साथ पैंटिंग, प्रश्नोत्तरी, रंगोली एवं अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे होमगार्ड एवं स्थानीय मछुआ साथियों के द्वारा नर्मदा तट पर संयुक्त रूप से नौका प्रदर्शन किया जाएगा। शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट से लेकर बैगा-बैगी चौक तक के मार्ग पर फुड फेस्टिवल आयोजित होगा जिसमें स्थानीय व्यंजन जैसे- मंडला थाली, जनजातीय पेज एवं पौष्टिक आहार परोसे जाएंगे। इस दौरान संगीत का आयोजन भी किया जाएगा।
’हर घर से आए एक दीप’
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को शाम 7ः30 बजे माँ नर्मदा तट रपटाघाट पर महाआरती का आयोजन होगा एवं 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस संबंध में उन्होंने उपस्थितजनों से आग्रह किया कि वे अपने घरों के 14 एवं 15 नवंबर को दिवाली की तरह रंगोली बनाएं, आकर्षक साज-सज्जा करें तथा दरवाजों में भी दीप जलाएं। उन्होंने कहा कि रपटाघाट में 51 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन होगा जिसमें प्रत्येक परिवार अपनी सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर से कम से कम एक दीप आना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि जो भी लोग दीप देना चाहते हैं वे 14 नवंबर तक कलादीर्घा में जमा कर सकते हैं। महाआरती के उपरांत छोटे रपटा पुल पर आतिशबाजी का आयोजन होगा।
15 नवंबर निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के दूसरे दिन 15 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा स्कूली बच्चों के साथ रैली निकालकर स्टेडियम ग्राउंड मंडला जिले का नक्शा बनाया जाएगा। स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का आयोजन होगा। 15 नवंबर को 11 से 1 बजे तक राजराजेश्वरी मंदिर से आंगनवाड़ी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं, दीदियों एवं स्थानीय महिलाओं के द्वारा भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा एवं समस्त नगरवासियों तथा समाजिक संगठनों की उपस्थिति में माँ नर्मदा में चुनरी अर्पण का कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी के साथ शहर के मुख्य चौराहों एवं रास्तों पर सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत लोकनृत्य, संगीत, रंगोली आदि का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजातीय मेले का आयोजन
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के द्वितीय दिवस 15 नवंबर की शाम 4 बजे से पुलिस लाईन ग्राउंड मंडला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजातीय मेले का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों के स्टॉल्स लगेंगे। साथ ही जनजातीय संस्कृति का परिचय देते आयोजन भी होंगे। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले के विख्यात कलाकारों के साथ-साथ अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित कलाकार भी शामिल होंगे। लेजर शो 15 नवंबर की शाम का मुख्य आकर्षण होगा। लेजर शो के माध्यम से माँ नर्मदा की यात्रा, जिले का इतिहास तथा जिले की पहचान वन्यजीवों के बारे में बताया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले को गौरवान्वित करने वाले अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
’गौरव दिवस लोगो’ को अपनी व्हाट्सऐप डीपी बनाएं
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’गौरव दिवस’ के आयोजन के संबंध में कहा कि सभी जिलेवासी 14 एवं 15 नवंबर के आयोजन को एक उत्सव के रूप में मनाएं तथा सक्रिय रूप से सहभागी भी बनें। प्रत्येक व्यक्ति 2 दिवस के आयोजन के दौरान होने वाली गतिविधियों में जरूर भाग लें। श्रीमती सिंह ने गौरव दिवस के लिए जारी किए गए ’लोगो’ के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया ’लोगो’ में मंडला जिले की पहचान रामनगर किला, माँ नर्मदा तथा वन्यजीव हैं। गौरव दिवस का स्लोगन ’हमर मंडला’ समस्त जिलेवासियों को इस आयोजन से जुड़ने का आव्हान करता है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थितजनों से आग्रह किया है कि गौरव दिवस ’लोगो’ को गौरव दिवस आयोजन तक अपने व्हाट्सऐप की डीपी बनाएं। साथ ही अपने परिजनों, मित्रों को फेसबुक सहित अन्य सोशलमीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगाकर व्यक्तिगत स्तर पर भी इस आयोजन के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें।

गौरव दिवस के आयोजनों में सहभागी होगा बैगा समुदाय
कलेक्टर ने ली बैगा समाज के प्रतिनिधियों की बैठक
मण्डला 9 नवम्बर 2022
14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले गौरव दिवस के कार्यक्रमों में बैगा समुदाय के लोग परंपरागत वेशभूषा में उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे। इस संबंध में कलेक्टर चेम्बर में बैठक आयोजित की गई जिसमें कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगा समाज के प्रतिनिधियों को आयोजनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि गौरव दिवस के आयोजनों में बैगा संस्कृति को प्रमुखता से सम्मिलित किया गया है। फुड फेस्टिवल में भी बैगा समाज के व्यंजन शामिल रहेंगे। उन्होंने बैगा समाज के प्रतिनिधियों से आव्हान किया कि वे प्रत्येक बैगा परिवार को आयोजन की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनकी सहभागिता का प्रयास करें। बैठक में कलेक्टर ने 14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। बैगा समाज के प्रतिनिधियों ने आयोजन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए आयोजनों में अपनी सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को निकाली जाने वाली कलश यात्रा में भी बैगा समुदाय के लोग अपने नृतक दल के साथ बड़ी संख्या में शामिल होंगे। बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग विजय तेकाम, बैगा आदिम जनजाति समाज विकास एवं कल्याण संघ के प्रदेश संरक्षक नंदराम बैगा, संयोजक पचलू सिंह भारतीया, प्रदेश अध्यक्ष नारायण भारतीया, सचिव दिनेश भारतीया, सोनसाय बैगा, सरस्वती चंदरनिया, मोहन चंदरनिया आदि उपस्थित रहे।

निर्वाचक नामावली से संबंधित प्रेस कॉन्फ्रेस संपन्न
मण्डला 9 नवम्बर 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी नामावली प्रक्रिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को नामावली का प्रकाशन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत 8 दिसंबर तक दावे आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 5 जनवरी को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। श्रीमती सिंह ने मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएलओ स्तर पर नाम जोड़ने तथा नाम काटने की प्रक्रिया सतत रूप से जारी है। जिले में अब तक 24613 नाम काटे गए हैं। उन्होंने अनुविभागवार भी जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि बीएलओ के माध्यम से आधार कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि आमजनों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम काटने, वोटर आईडी कार्ड की ब्लैक एंड वाइट फोटो को रंगीन फोटो में परिवर्तन करने संबंधी जानकारी का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर कलेक्टर मीना मसराम, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर ने दिखाई मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी
मण्डला 9 नवम्बर 2022
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. द्वारा दिए गए निर्देशों के तारतम्य में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत 9 नवंबर 2022 को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मतदाता जागरूकता रैली इंडोर ऑडीटोरियम से प्रारंभ हुई जो ज्ञानदीप स्कूल, बैगा-बैगी चौक, कलेक्ट्रेट होते हुए स्टेडियम ग्राउंड में संपन्न हुई। जहां पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा उपस्थितजनों को मतदाता जागरूकता संबंधी शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत सभी मतदान केन्द्रों पर आज प्रारूप नामावली का प्रकाशन किया गया।

नेशनल लोक अदालत 12 को
मण्डला 9 नवम्बर 2022
अधीक्षण अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. से प्राप्त जानकारी के अनुसार तथा मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मण्डला संचा व संधा वृत के अंतर्गत मण्डला शहर में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में 12 नवंबर 2022 को प्रातः 10:30 बजे से नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 126 एवं 135 के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित प्रककरणों के निराकरण किया जाएगा। घरेलू, समस्त कृषि, 5 किलो वाट तक के गैर घरेलू एवं 10 अश्व शक्ति भार तक औद्योगिक उपभोक्ताओं को छूट दी जाएगी।
प्री-लिटिगेशन स्तर पर
कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत एवं आंकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात प्रत्येक छःमाही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
लिटिगेशन स्तर पर
कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत एवं आकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात प्रत्येक छःमाही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। जिले के समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि 12 नवंबर 2022 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कराएं।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 9 नवम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भपसाटोला निवासी तुलसीराम भांवरे की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक नत्थूलाल को 1 लाख 34 हजार रूपए, नत्थो बाई को 1 लाख 33 हजार रूपए एवं सुखीना बाई को 1 लाख 33 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

शीत से बचाव के लिए एडवायजरी
मण्डला 9 नवम्बर 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजनों को शीत से बचाने एडवाईजरी जारी की है। जारी एडवाईजरी में उन्होंने कहा है कि वर्तमान में शीत ऋतु में वातावरण का तापमान अत्यधिक कम होने व शीतलहर के कारण मानव स्वास्थ्य पर अनेक विपरीत प्रभाव जैसे- सर्दी, जुकाम, बुखार, निमोनिया, त्वचा रोग, फेफड़ों में संक्रमण, हाईपोथर्मिया, अस्थमा, एलर्जी होने की आशंका बढ़ सकती है। यदि समय पर नियंत्रण न किया जाए तो व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है।
शीत से बचने के लिए क्या करें –
शीत से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, घर में ठंडी हवा प्रवेश न हो इसलिए दरवाजे व खिड़की बंद रखें, सोते समय रजाई, कम्बल का उपयोग करें। फ्लू या बुखार, नाक बंद होने की स्थिति में घर से बाहर न निकलें, घर में रहें, आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी और चिकित्सक से परामर्श करें, गरम एवं ताजा भोजन, गर्म पानी का उपयोग करें, वृद्ध, बच्चे एवं गर्भवती माताओं का विशेष ध्यान रखें, लकड़ी का अलाव, सिगड़ी एवं रूम हीटर का उपयोग करें। शीतघात के दौरान यथासंभव घर के अंदर रहें और ठण्डी हवा बारिश बर्फ से संपर्क रोकने के लिये अनिवार्य होने पर ही यात्रा करें, शरीर को सूखा रखें, शरीर की गरमाहट बनाये रखने हेतु अपने सिर, गर्दन, कान, नाक को पर्याप्त रूप से ढकें, सूती एवं गर्म ऊनी कपड़े पहनें, शरीर की गर्मी बचाये रखने के लिए टोपी, मफलर तथा आवरण युक्त एवं जलरोधी जूतों का उपयोग करें, फेफड़ों में संक्रमण से बचाव हेतु मँुह एवं नाक ढक्कर रखें। स्वास्थ्यवर्धक गरम भोजन का सेवन करें, शीत प्रकृति के भोजन से दूर रहें। गरम तरल पदार्थ नियमित रूप से पीएं इससे ठण्ड से लड़ने के लिए शरीर की गर्मी बनी रहे। रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता में वृद्धि के लिए विटामिन सी से भरपूर ताजे फल व सब्जियाँ खाएं। तेल, क्रीम, जेली या बॉडी क्रीम से नियमित रूप से अपनी त्वचा का मसाज करें। बुजुर्ग, नवजात शिशु तथा बच्चों का यथासम्भव अधिक ध्यान रखें क्योकि उन पर शीतऋतु का प्रभाव अधिक होता है। बच्चों व बुजुर्गों को टोपी मफलर, स्वेटर व गर्म कपड़े पहनाकर गर्म रखें। कमरे को गर्म करने के लिए कोयले का प्रयोग न करें, अगर कोयले व लकड़ी जलाना आवश्यक है तो रोशनदान का प्रयोग करें, बंद कमरे में कोयले को जलाना खतरनाक हो सकता है क्योकि यह कार्बन मोनोऑक्साईड जैसी जहरीली गैस पैदा करती है जो किसी की जान भी ले सकती है। अधिक समय तक ठण्ड में न रहें, शराब न पिएं, यह शरीर की गरमाहट को कम करता है। यह खून की नसों को पतला कर देता है, विशेषकर हाथों से जिसमें हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ सकता है, शीत में छतिग्रस्त हिस्सों की मालिश न करें, अचेतन अवस्था में किसी व्यक्ति को तरल पदार्थ न दें, शीत लहर, हाइपोथर्मिया से प्रभावित व्यक्ति को तत्काल चिकित्सीय सहायता प्रदान कराएं।

विधिक सेवा दिवस पर आयोजित किया गया विधिक जागरूकता शिविर
मण्डला 9 नवम्बर 2022
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसर माननीय आर.एस. शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के निर्देशन में तथा सचिव श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर 2022 से 13 नवम्बर 2022 तक चलाये जा रहे ‘‘एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच‘‘ के अंतर्गत 9 नवम्बर 2022 को विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जिला जेल मण्डला में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री डी0आर0 कुमरे द्वारा उपस्थित बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह, प्लीबारगेनिंग प्रक्रिया से प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया तथा लोक अदालत के विषय में जानकारी दी गई।
जिला न्यायालय परिसर मंडला में विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं तथा कानूनी जागरूकता से संबंधित विषयों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई एवं पक्षकारों को पम्पलेट्स वितरित कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी कड़ी में शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा ग्राम बंजी, माधोपुर अजंनिया, जगनाथर, पीपरपुर, सिमरिया, बिछुआ, मोहनटोला, मालीमोहगांव, झिंझरई में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर एवं डोर-टू-डोर केंपेन कर कानूनी जानकारी दी गई।
इसी कड़ी में तहसील विधिक सेवा समिति निवास के द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र निवास में पैनल अधिवक्ताओं के सहयोग से विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य इत्यादि विषयों की जानकारी दी गई।

