महिलाओं को बतलाएं लाड़ली बहना योजना की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है
प्रमुख सचिव महिला बाल विकास ने ली बैठक
मण्डला 11 मार्च 2023
प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास दीपाली रस्तोगी ने लाड़ली बहना योजना के संबंध में बैठक लेते हुए निर्देशित किया कि यह योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना का गंभीरतापूर्वक क्रियान्वयन करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से महिलाओं को अवगत कराएं कि लाड़ली बहना योजना की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। ऑफलाईन भरे जाने वाले फॉर्म भी शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव ने कहा कि महिलाओं का चिन्हांकन कर उनकी पात्रता का परीक्षण करने की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। जिन महिलाओं का ई-केवाईसी नहीं हुआ है तत्काल कराएं। कियोस्क सेंटर्स को सक्रिय करें। 25 मार्च से ऑनलाईन फॉर्म भराए जाने हैं उससे पहले पात्र महिलाओं से ऑफलाईन फॉर्म भराते हुए सभी आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त करें। ऐसी महिलाएं जिनका अब तक बैंक में खाता नहीं है तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर उनका खाता खुलवाएं। प्रत्येक महिला का बैंक खाता होना अनिवार्य है। बैठक में ऑनलाईन फॉर्म भरने की प्रक्रिया तथा मोबाईल ऐप के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

सीएजी ने की बैगा जनजातियों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा
मंडला जिले में किए गए कार्य सराहनीय
मण्डला 11 मार्च 2023
प्रिंसिपल एकाउंटेंट जनरल डी. साहू आज मंडला जिले के प्रवास पर थे। उन्होंने जिला योजना भवन में बैगा जनजातियों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गतिविधि आधारित ऑडिट से मिलने वाले फीडबैक योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मददगार साबित होते हैं। बैगा समुदाय को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए मंडला जिले में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए श्री साहू ने कहा कि जिले में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है जिसके बेहतर परिणाम भी परिलक्षित हो रहे हैं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग विजय तेकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रिंसिपल एकाउंटेंट जनरल डी. साहू ने कहा कि शासन के विभिन्न विभागों ने बेहतर समन्वय कर बैगा समुदाय के विकास के लिए अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मंडला में किए गए अच्छे कार्यों को ऑडिट रिपोर्ट के माध्यम से पूरे भारत तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। बैठक में पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगा जनजाति तथा बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

जिला विधिक प्राधिकरण मंडला मध्यस्थता जागरूकता शिविर संपन्न
मण्डला 11 मार्च 2023
माननीय मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं माननीय श्रीमति विधि सक्सेना प्रभारी जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार एडीआर सेंटर मंडला में मध्यस्थता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सचिव/जिला न्यायाधीश श्री डीआर कुमरे ने उपस्थित अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को मिडिएशन के लाभ तथा प्रकिया के विषय में जानकारी दी। शिविर में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री रामेश्वर झरिया, सचिव श्री इम्तियाज अख्तर, अधिवक्ता आलोक खरिया एवं शासकीय अधिवक्ता देवाशीष एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय खोबरागडे भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय महिला जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर संपन्न
मण्डला 11 मार्च 2023
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं श्रीमती विधि सक्सेना प्रभारी प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में तथा सचिव श्री डीआर कुमरे के निर्देशन में राष्ट्रीय महिला आयोग के समन्वय से राष्ट्रीय महिला सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील विधिक सेवा समिति नैनपुर के द्वारा ग्राम नेवारी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक शिविर में घरेलू हिंसा, हिंदू विवाह अधिनियम, उतराधिकार अधिनियम एवं दांडिक विधि की जानकारी दी गई।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का आगमन आज
मंडला 11 मार्च 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 मार्च को प्रातः 8 बजे सिवनी से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 11 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 12 बजे जेवरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रात्रि 9 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

आईटीआई में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला कल
मण्डला 11 मार्च 2023
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन 13 मार्च 2023 को प्रातः 10 बजे किया गया है। मेरे में 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं जिनकी आयु 18 से 30 वर्ष एवं कंपनी के मापदंड के अनुसार हो। स्टाइपेण्ड शासन एवं कंपनी के नियमानुसार स्टाइपेन्ड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मेले में भाग लेने के लिए लिंक https://forms.gle/nwHQJC4TnskPrj1x5 पर अपना रजिस्ट्रेशन कर आयोजन के दिन उक्त स्थान पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा, सीवी, रिज्यूम सहित 13 मार्च 2023 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। अप्रेन्टिसशिप हेतु भर्ती, अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी। प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला में प्रतिभागिता हेतु यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

