आज से 31 तक बबैहा पुल पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
कलेक्टर ने जारी किया आदेश
मण्डला 12 मार्च 2023
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह द्वारा बरेला-मंडला मार्ग पर बबैहा के निकट पुल को समस्त प्रकार के वाहनों के लिए 13 मार्च से 31 मार्च 2023 तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित किए गए मध्यम मालयान एवं भारी मालयानों हेतु मंडला- फूलसागर- बबलिया- निवास- बरेला मार्ग का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार 2 पहिया, 3 पहिया, 4 पहिया वाहनों एवं समस्त बसों तथा ज्वलनशील पदार्थों के टेंकर (पेट्रोल, डीजल, केरोसीन) हेतु मंडला -फूलसागर -बबलिया -नारायणगंज -बीजाडांडी -बरेला मार्ग का उपयोग किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने मण्डला-जबलपुर राजमार्ग बंद करने के संबंध में कहा है कि मार्ग बंद करने से ज़िले की जनता एवं आमजनों को हुई असुविधा के लिए ज़िला प्रशासन की ओर से खेद है किंतु जनता की सुरक्षा की दृष्टि से भी यह अत्यंत आवश्यक है।

आईटीआई में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला आज
मण्डला 12 मार्च 2023
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन 13 मार्च 2023 को प्रातः 10 बजे किया गया है। मेले में 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं जिनकी आयु 18 से 30 वर्ष एवं कंपनी के मापदंड के अनुसार हो। स्टाइपेण्ड शासन एवं कंपनी के नियमानुसार स्टाइपेन्ड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मेले में भाग लेने के लिए लिंक https://forms.gle/nwHQJC4TnskPrj1x5 पर अपना रजिस्ट्रेशन कर आयोजन के दिन उक्त स्थान पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा, सीवी, रिज्यूम सहित 13 मार्च 2023 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। अप्रेन्टिसशिप हेतु भर्ती, अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी। प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला में प्रतिभागिता हेतु यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

लम्बित प्रकरणों के निराकरण हेतु पेंशन शिविर आज से
मंडला 12 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार कार्यालयों में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए 13 मार्च से 17 मार्च 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक लम्बित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

भारतीय सेना में शामिल होने के लिए पंजीकरण व आवेदन कैसे करें ?
मण्डला 12 मार्च 2023
भारतीय सेना में शामिल होने के लिए आवेदकों को पंजीकरण व आवेदन करने के लिए अपने आधार कार्ड से जुड़े मोबाईल या मैट्रिकुलेशन प्रमाण-पत्र साथ रखने की आवश्यकता होगी। आवेदन के लिए सबसे पहले वेबसाईट www.joinindianarmy.nic.in पर जाएं। वेबसाईट पर लॉगिन कर इंटर वेबसाईट पर क्लिक करें। आवेदक या तो नियमित कैडर या अग्निपथ मेन्यू से पंजीकरण कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करने पर पर्सनल जानकारी के तहत आपको दो विकल्प दिखाई देंगे आधार नंबर और मैट्रिक सर्टिफिकेट, यहां आधार नंबर भरना होगा एवं नेक्स्ट पर क्लिक करना होगा। पंजीकृत मोबाईल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा, ओटीपी भरें और कन्टीन्यू पर क्लिक करें, यदि अलाउ पर क्लिक करते हैं तो आपका नाम और जन्मतिथि डिजीलॉकर से स्वचालित ही प्राप्त हो जाएगी। यदि नाम और जन्मतिथि मैट्रिक प्रमाण-पत्र के साथ मे मेल नहीं खाता है तो आपको पंजीकरण के लिए आगे बढ़ने से पहले आधार में सुधार करवाना होगा। अब बेलेंस शीट तथा केप्चर भरें, ई-मेंल आईडी में ओटीपी प्राप्त होगा। अब व्यक्तिगत, संपर्क और शिक्षा विवरण भरना होगा। ज्वाईन इंडियन आर्मी वेबसाईट में इंटर करने के लिए आपका ई-मेल आईडी ही, आपका उपयोगकर्ता नाम होगा, पासवर्ड अनुभाग में दिए गए संयोजन के अनुसार लॉगिन-पासवर्ड बना सकते हैं। ध्यान दें सत्यापन कोड के संवेदी हैं, केप्चर भरें और सेव पर क्लिक करें।
मैट्रिक प्रमाण-पत्र के साथ पंजीकरण
यदि मैट्रिक प्रमाण-पत्र का चयन करते हैं, तो डिजीलॉकर साईट पर पुर्ननिर्देशित किया जाएगा। मैट्रिक बोर्ड के नाम का चयन करना होगा और आवश्यक विवरण भरना होगा। फाईंड बटन पर क्लिक करना होगा, अब आपका, पिता का नाम और जन्मतिथि डिजीलॉकर से स्वतः ही प्राप्त हो जाएगी। अब आप बेलेंस शीट भरें, शेष चरण आधार विकल्प के समान है।
पंजीकरण प्रक्रिया के पश्चात अधिसूचना के आधार पर आवेदक नियमित केडर या अग्निपथ मेन्यू में लोगिन या अप्लाई ऑनलाईन बटन पर क्लिक कर आवेदन कर सकता है। लोगिन या अप्लाई पर क्लिक करने पर लोगिन पेज प्रदर्शित होगा, पहले से पंजीकृत श्रेणी में अपना नाम और पासवर्ड दर्ज करना होगा। ध्यान दें सत्यापन कोड संवेदी है, लोगिन पर क्लिक करने पर डेशबोर्ड पृष्ठ प्रदर्शित होगा। आपको ड्रोपडाउन सूची से अनिवार्य विवरण भरना होगा। यदि आप हाईलाईट की गई किसी श्रेणी से संबंधित हैं तो चैक एलिजिब्लीटी पर क्लिक करें। अधिसूचना, शिक्षा योग्यता, शारीरिक मापदंड आदि के आधार पर पात्र श्रेणी नियमित संवर्ग और अग्निवीर टैब दोनों में प्रदर्शित की जाएगी। आवेदन खुला होने के आधार पर अप्लाई बटन हरा या लाल होगा। वांछित श्रेणी के अप्लाई बटन पर क्लिक करें यदि यह हरा है। आवेदन निर्देश पृष्ठ प्रदर्शित होगा। ऑनलाईन आवेदन भरने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश पढ़कर कन्टीन्यू पर क्लिक करें। अब व्यक्तिगत जानकारी में शेष क्षेत्र भरें, आवश्यक आकार और प्रारूप के अनुसार अपना नवीनतम फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें, सेव और कन्टीन्यू पर क्लिक करें। अगला संपर्क विवरण मेनू में ड्रॉपडाउन सूची से संपर्क विवरण भरकर सेव और कन्टीन्यू पर क्लिक करें। अब विविध विवरण मेनू में आपको ड्रोपडाउन सूची में आवश्यक विवरण भरना होगा, सेव और कन्टीन्यू पर क्लिक करें। अब शिक्षा विवरण मेनू में आवश्यक शिक्षा विवरण भरें, उम्मीदवार जिन्होंने योग्यता पाठयक्रम उत्तीर्ण कर ली है उन्हें विषय के अंक भरना अनिवार्य है। उम्मीदवार जो योग्यता परीक्षा में उपस्थित हो रहे हैं, उन्हें अंक भरने की आवश्यक नहीं है। एक पृष्ठ प्रदर्शित होगा, जहां उल्लेखित क्षेत्रों मंे सभी अंकों और विषयों का उल्लेख करना होगा। ऐड न्यू रो पर क्लिक कर सकते हैं, ध्यान दें कि सभी विषयों के योग की स्वचालित रूप से गणना की जाती है, अब सेव और कन्टीन्यू पर क्लिक करें। अब परीक्षा केन्द्र मेनू में अपने पसंद के अनुसार परीक्षा के लिए 5 राज्य और शहर के विकल्प का चयन करना होगा फिर कन्टीन्यू पर क्लिक करें, भुगतान बटन पर क्लिक करने से पहले भरे हुए विवरण को सत्यापित करें, भुगतान गेटवे में एक बार जब आप भुगतान बटन पर क्लिक करते हैं, तो आपको एसबीआई ई-पे पर भुगतान पृष्ठ पुनः प्रेषित किया जाएगा जहां आपको भुगतान करने की आवश्यकता है। एक बार किया गया भुगतान वापस नहीं किया जाएगा। आवेदन के इतिहास टेब पर आवेदन की स्थिति देख सकते हैं और भुगतान की रसीद प्राप्त कर सकते हैं।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 12 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रम्मू लाल, ग्राम जेवरा निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक बैजयंती बाई को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: महत्वपूर्ण जानकारी
मण्डला 12 मार्च 2023
5 मार्च 2023 से प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की गई है। योजना के क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अनुसार जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बनाई गई है।
23-60 वर्ष की ये महिलाएं होंगी पात्र
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत आवेदक महिला म.प्र. की मूल निवासी होनी चाहिए। विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाएं भी योजना का लाभ ले सकेंगी। आवेदक महिला की उम्र 1 जनवरी की स्थिति में 23 से 60 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
ये महिलाएं होंगी अपात्र
योजना के तहत ऐसी महिलाएं अपात्र होंगी जिनके परिवार का कोई भी सदस्य भारत सरकार अथवा राज्य सरकार के शासकीय विभाग, उपक्रम, मंडल, स्थानीय निकाय में नियमित, स्थायीकर्मी, संविदाकर्मी के रूप में नियोजित हो अथवा सेवानिवृत्ति उपरांत पेंशन प्राप्त कर रहा हो किन्तु मानसेवीकर्मी तथा आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से नियोजित कर्मचारी अपात्र नहीं होंगी। इसी प्रकार वे महिलाएं भी अपात्र होंगी जो सरकार की किसी भी योजना के तहत 1 हजार या उससे अधिक की राशि प्राप्त कर रही है। परिवार का कोई सदस्य वर्तमान या भूतपूर्व सांसद, विधायक हो। परिवार का कोई सदस्य बोर्ड, निगम, मंडल या उपक्रम का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संचालक या सदस्य हो। परिवार का कोई सदस्य स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधि (पंच एवं उपसरपंच को छोड़कर) हो। परिवार के सदस्यों के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि हो। परिवार में ट्रेक्टर सहित 4 पहिया वाहन हो।
ये 3 दस्तावेज अनिवार्य
योजना के तहत पात्र महिलाओं से कैम्प तथा घर-घर संपर्क कर फॉर्म भरवाने की कार्यवाही की जाएगी। आवेदन के समय आवेदक महिला को स्वयं उपस्थित रहना आवश्यक है। फॉर्म प्रविष्टि के दौरान आवेदक महिला की लाईव फोटो ली जाएगी। आवेदक महिला को अपने साथ आधार कार्ड, परिवार व स्वयं की समग्र आईडी एवं आधार से लिंक्ड मोबाईल नंबर लाना होगा। इसके अतिरिक्त अन्य कोई दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।

