केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने की आदि उत्सव के तैयारियों की समीक्षा
27 एवं 28 मई को होगा आयोजन
मण्डला 30 अप्रैल 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने 27 एवं 28 मई 2023 को रामनगर में होने वाले आदि उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन को बहुउद्देशीय बनाने के लिए बेहतर योजना तैयार करने के निर्देश दिए। श्री कुलस्ते ने कहा कि आदि उत्सव के दौरान जिले में उत्साह का वातावरण परिलक्षित होना चाहिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विविधता लाने का प्रयास करें। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, सीईओ रानी बाटड, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ एसएस मरावी, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा सहित संबंधित उपस्थित रहे।
श्री कुलस्ते ने कहा कि इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ फुड फेस्टिवल, जनजातीय प्रदर्शनी, संगोष्ठी, स्वास्थ्य शिविर तथा खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत देश के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। विभिन्न राज्यों के जनजातीय कलाकार भी इस कार्यक्रम में परंपरागत नृत्य प्रस्तुत करेंगे। फुड फेस्टिवल में जनजातीय व्यंजन आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्व-सहायता समूह भी अपने परंपरागत व्यंजनों के साथ फुड फेस्टिवल में सहभागिता करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियों में बॉलीबॉल, कबड्डी, तीरंदाजी के साथ-साथ स्थानीय खेलों को भी शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर में नामी चिकित्सक मौजूद रहेंगे जो सिकलसेल एवं एनीमिया सहित अन्य बीमारियों की जांच कर उपचार प्रदान करेंगे। जनजातीय प्रदर्शनी में आदिवासी संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। संगोष्ठी में विषय-विशेषज्ञ शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने कहा कि आदि उत्सव में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से युवा सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें युवाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पेसा एक्ट के तहत बनाई गई समितियों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान भी आदि उत्सव के मंच से किया जाएगा।

उत्साहपूर्वक देखा गया प्रधानमंत्री के मन की बात 100वाँ एपिसोड
मण्डला 30 अप्रैल 2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’मन की बात’ कार्यक्रम के 100वाँ एपिसोड का विभिन्न स्तर पर सजीव प्रसारण किया गया जिसे जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीयजनों ने उत्साहपूर्वक देखा। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने उदयपुर बीजाडांडी, विधायक देवसिंह सैयाम ने बीजेगांव नैनपुर, पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने टिकरवारा मंडला में उपस्थित रहते हुए प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
महाविद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’मन की बात’ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के तत्वाधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित समाज कार्य में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं, नवांकुर समितियों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि सहित अन्य उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मन की बात के विभिन्न विषयों पर प्रतिक्रिया देते हुए छात्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इन्हें छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

प्राकृतिक आपदा प्रभावित को आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 30 अप्रैल 2023
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा राजू नंदा के ऊपर 10 सितम्बर 2022 को आकाशीय बिजली गिरने से एक अंग घायल हो जाने के कारण आर्थिक सहायता स्वीकृत किया गया है। प्रभावित व्यक्ति ग्राम पादरी पटपरा निवासी को 4 हजार 300 रूपए अनुदान आर्थिक सहायता स्वीकृत किया गया है।

चना, मसूर, राई-सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी 31 मई तक
मंडला 30 अप्रैल 2023
शासन द्वारा रबी वर्ष 2022-23, विपणन वर्ष 2023-24 की उपज चना, मसूर, राई, सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी 25 अप्रैल से 31 मई तक की जा रही है। भारत सरकार द्वारा औसत अच्छी गुणवत्ता (एफएक्यू) के चना, मूसर, राई, सरसों को समर्थन मूल्य क्रमशः 5335 प्रति क्विंटल, 6000 प्रति क्विंटल तथा 5450 प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। जिले में उपार्जन हेतु 3 उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण किया गया है जिसमें आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मण्डला, उपार्जन स्थल एसडब्ल्यूसी 1245 गोदाम सुभाष वार्ड मण्डला, विपणन सहकारी समिति बिछिया, उपार्जन स्थल एमपीडब्ल्यूएलसी न. 1 गोदाम भुआ बिछिया, विपणन सहकारी समिति नैनपुर उपार्जन स्थल एमपीडब्ल्यूएलसी न. 1 गोदाम शांति नगर नैनपुर उपार्जन केंद्रों में उपार्जन कार्य सप्ताह में पांच दिवस (सोमवार से शुक्रवार) प्रातः 8 बजे से शाम 8 तक कार्य किया जाएगा। कृषक तौल पर्ची सायं 6 बजे तक जारी की जाएगी। उपज विक्रय हेतु एसएमएस प्राप्त होने का इंतजार करने की आवश्यकता को समाप्त करते हुए कृषक स्वयं उपार्जन केन्द्र एवं उपार्जन दिनांक स्लॉट बुकिंग के माध्यम से कर सकेंगे। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत, सत्यापित कृषक द्वारा स्वयं के मोबाईल, एम.पी. ऑनलाईन, सी.एस.सी., ग्राम पंचायत, लोकसेवा केंद्र, इन्टरनेट कैफे, उपार्जन केन्द्र से स्लॉट बुकिंग की जा सकेगी।

