जबलपुर-बरेला-मंडला मार्ग भारी मालवाहनों के लिए 8 जुलाई तक प्रतिबंधित
बरेला-मनेरी-निवास-फ़ुलसागर रहेगा डायवर्सन रोड
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जारी किया आदेश
मण्डला 3 जुलाई 2023
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 जबलपुर-बरेला-मंडला मार्ग तहसील नारायणगंज के ग्राम कुड़ामैली में मुख्य मार्ग के निर्माणाधीन होने एवं भारी बारिश के कारण भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तन के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत जबलपुर से मंडला की ओर आने वाले मालवाहक भारी वाहन बरेला-मनेरी-निवास-फूलसागर होते हुए रायपुर जा सकेंगे। इसी प्रकार मंडला से जबलपुर की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहन मंडला-फूलसागर-बबलिया-निवास-मनेरी होते हुए जबलपुर जा सकेंगे। यात्री वाहन एवं छोटे वाहनों का आवागमन निर्धारित मार्ग पर पूर्ववत जारी रहेगा। यह आदेश 8 जुलाई 2023 तक प्रभावशील होगा।

मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना: 4 जुलाई से युवाओं का पंजीयन प्रारंभ,
राज्य स्तरीय कार्यक्रम 12 बजे से
मण्डला 3 जुलाई 2023
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल कमाओ योजना (सीखो कमाओ योजना) प्रारंभ की गई है। राज्य शासन द्वारा औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को पंजीकृत औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ऑन-द-जॉब-ट्रेनिंग की सुविधा देने हेतु मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना प्रारंभ की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाकर उन्हे शासन की ओर से स्टायफण्ड उपलब्ध कराना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रशिक्षण दिलाकर बेहतर कमाई हेतु तैयार करना है। योजना हेतु आवेदक की आयु कम से कम 18 तथा अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो एवं आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई उत्तीर्ण, उच्च रहेगी। 4 जुलाई से युवाओं का पंजीयन प्रारंभ हो रहा है। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के रविन्द्र भवन में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा।
योजना के अंतर्गत भाग लेने हेतु प्रतिष्ठानों, उद्योगों के संबंध में अवगत कराया कि उनके पास पेन एवं जीएसटी पंजीयन उपलब्ध होना चाहिए। प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल का 15 प्रतिशत युवाओं को प्रशिक्षण दे सकते हैं। योजना अंतर्गत स्टायफंड की राशि 8000 से 10000 के बीच होगी। (कोर्स के हिसाब से) जिसमें 25 प्रतिशत राशि प्रतिष्ठान द्वारा तथा 75 प्रतिशत राशि शासन द्वारा खाते में डाली जाएगी। प्रशिक्षण के उपरांत मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
जीएमडीआईसी ने बताया कि योजना के संबंध में किसी प्रकार की कठिनाई, समस्या आने पर वे महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एन.के. वास्कले के मोबाईल नंबर 9826210115 अथवा प्राचार्य आईटीआई बार0एस0 वरकड़े से मोबाईल नंबर 9407494351 पर संपर्क कर सकते हैं।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की अनंतिम सूची जारी
मंडला 3 जुलाई 2023
महिला एवं बाल विकास परियोजना मवई के आंगनबाड़ी केन्द्रों में रिक्त पदों के चयन हेतु अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परियोजना स्तरीय चयन समिति के द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं के रिक्त पदों पर अनंतिम चयन किया गया है। ग्राम पंचायत घुटास के आंगनवाड़ी केन्द्र घुटास क्रं. 2 में रिक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु प्रिया कुम्हरे पति धीरेन्द्र कुम्हरे तथा ग्राम पंचायत धनगांव में आंगनवाड़ी केन्द्र धनगांव रैयत में कार्यकर्ता पद हेतु संजना यादव पिता मनोहर यादव तथा ग्राम घुटास के आंगनवाड़ी केन्द्र दूबा में कार्यकर्ता के पद हेतु सरस्वती मरकाम पिता राजकुमार मरकाम तथा ग्राम पंचायत समनापुर के आंगनवाड़ी केन्द्र समनापुर में श्रद्धा छांटा पिता लालसिंह छांटा का चयन किया गया है।
इसी प्रकार सहायिका के पद हेतु ग्राम पंचायत सुरजपुरा के आंगनवाड़ी केन्द्र बिलाईखार में काजल मरावी पिता गनेश मरावी, ग्राम पंचायत बसनी के आंगनवाड़ी केन्द्र बसनी क्रं. 1 में सहायिका के पद हेतु भारती सैयाम पिता छबीलाल सैयाम, ग्राम पंचायत समनापुर के आंगनवाड़ी केन्द्र समनापुर में प्रेमलता मरावी पति अजय मरावी, ग्राम पंचायत अंजनी के आंगनवाड़ी केन्द्र अंजनी टिकराटोला में ईश्वरी सैयाम पति नरेश सैयाम तथा ग्राम पंचायत धनगांव के आंगनवाड़ी केन्द्र धनगांव माल में सहायिका के पद हेतु आरती सोनवानी पिता रोहित कुमार का चयन किया गया है।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदकों को चयन संबंधी दावे-आपत्ति हो वे 10 जुलाई 2023 तक कार्यालयीन समय 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। कार्यालय या निर्धारित अवधि के पश्चात् दावा-आपत्ति मान्य नही होगी।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 3 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 3 जुलाई 2023 के दौरान 304 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 187.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 116.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 जुलाई को मंडला में 4 मि.मी. एवं घुघरी में 2.6 मि.मी. दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 3 जुलाई 2023 को 1.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
मण्डला 3 जुलाई 2023
परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास नारायणगंज से प्राप्त जानकारी अनुसार बाल विकास परियोजना नारायणगंज जिला मण्डला में आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज के आंगनवाड़ी केंद्र सांई कॉलोनी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत बरबटी के आंगनवाड़ी केंद्र जामुनटोला बरबटी क्रं. 2 में आंगनवाड़ी सहायिका, ग्राम पंचायत मैली के आंगनवाड़ी केंद्र मैली में आंगनवाड़ी सहायिका एवं ग्राम पंचायत पटेहरा के आंगनवाड़ी केंद्र हरदौलटोला पटेहरा में उप-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद हेतु पात्र आवेदिका 17 जुलाई 2023 तक आवेदन परियोजना कार्यालय नारायणगंज में कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

मुख्यालय की सड़कों का सुधार का कार्य जारी
मण्डला 3 जुलाई 2023
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि नगरपालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत प्रमुख मार्गों एवं वार्डों की सड़कों पर सीवरेज की कार्य के दौरान हुई खराब सड़कों का सुधार कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार शारदा कॉलोनी, सराफा बाजार, नावघाट रोड, राजीव कॉलोनी एवं सहस्त्रधारा रोड के गड्ढ़े भराई का कार्य निरंतर जारी है। खराब हुई सड़कों का सुधार कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।

