आगामी निर्वाचन के मद्देनजर अंतर्राज्यीय सीमा बैठक संपन्न
म.प्र., छ.ग. एवं महाराष्ट्र के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी हुए शामिल
मण्डला 28 जुलाई 2023
आगामी समय में अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर शुक्रवार को म.प्र., छ.ग. एवं महाराष्ट्र के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की अंतर्राज्यीय सीमा बैठक आयोजित हुई। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित हुई इस बैठक में जबलपुर दुर्ग संभाग के कमिश्नर एवं संबंधित रेंज के आईजी शामिल हुए। इसी प्रकार मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, राजनांदगांव, कवर्धा, गोंदिया, गड़चिरोली, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, मोहला-मानपुर-अं.चौकी के कलेक्टर एवं एसपी शामिल हुए। बैठक में आगामी चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की जानकारी, ऐसे मतदान केन्द्रों की संवेदनशीलता एवं अतिसंवेदनशीलता की जानकारी का आदान-प्रदान, बॉर्डर चौकपोस्ट की स्थापना एवं जरूरी व्यवस्था, अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में मोबाईल नेटवर्क की उपलब्धता की जानकारी के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने चुनाव के समय प्रभावी समन्वय रखते हुए परस्पर सहयोग की बात कही। साथ ही आवश्यक कानून व्यवस्था की कार्यवाही के समय भी परस्पर सक्रिय सहयोग पर चर्चा हुई।
अंतर्राज्यीय सीमा बैठक में आगामी चुनाव के दौरान अधिकारियों के व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर प्रभावी कम्यूनिकेशन पर चर्चा की गई। साथ ही शराब, नगदी, अवैध परिवहन पर निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही तथा कंट्रोल रूम स्थापना के संबंध में भी चर्चा की गई। संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं एसपी ने उनके जिले के सीमावर्ती मतदान केन्द्रों, संवेदनशीलता की स्थिति एवं अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की तथा निर्वाचन के दौरान की जाने वाली तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने ली स्वीप गतिविधियों पर बैठक
मण्डला 28 जुलाई 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर मतदाता जागरूकता एवं मतदान प्रतिशत को बेहतर करने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी जिलों की बैठक ली गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट, एडीएम मीना मसराम, महिला बाल विकास विभाग एवं स्वीप गतिविधियों के लिए नियुक्त किए गए विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में आयोग के पदाधिकारियों ने मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के बारे में मार्गदर्शन दिया। साथ ही मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए नवाचारों पर भी विस्तार से चर्चा की।
मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज का जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न
विजेताओं को मिले इनाम
मण्डला 28 जुलाई 2023
मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज़ का जिला स्तरीय आयोजन प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला की उपस्थिति में विंध्य शिक्षा समिति महाविद्यालय बड़ीखैरी मंडला में किया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कूमट ने कहा कि अपने प्रदेश की जानकारी रखना सभी विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है। यह ज्ञान प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी उपयोगी साबित होगा। समस्त शिक्षक जिन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया बधाई के पात्र हैं। एपीओ जिला पंचायत कपिल तिवारी ने पर्यटन क्विज़ के जिला स्तरीय सुव्यवस्थित एवं प्रशंसनीय आयोजन के लिए साधुवाद दिया। इस आयोजन में रितु तिवारी प्रोजेक्ट ऑफिसर मनरेगा, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, योजना अधिकारी एलएस मसराम, एपीसी मुकेश पांडे, आशीष ज्योतिषी प्राचार्य सरदार पटैल कॉलेज मंडला, एम.के. नायक (प्रबंधक) बघीरा जंगल रिसोर्ट मोचा, अजय ठाकुर बघीरा जंगल रिसोर्ट मोचा, एमपी टूरिज्म वैद्य मंचासीन रहे।
कार्यक्रम में लिखित प्रतियोगिता तथा प्रथम 6 स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के मध्य मल्टीमीडिया क्विज आयोजित हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के 400 विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित हुए। इसमें प्रथम स्थान शासकीय कन्या उमावि मंडला, द्वितीय स्थान ज्ञानदीप उमावि मंडला, तृतीय स्थान उत्कृष्ट उमावि मंडला, चतुर्थ स्थान शासकीय उमावि हिरदेनगर, पांचवां स्थान भारतज्योति उमावि मंडला और छठवां स्थान अमल ज्योति महाराजपुर ने प्राप्त किया। प्रथम तीन स्थान प्राप्त विजेताओं को मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से 3 दिन और 2 रात का टूर पैकेज एवं उप विजेताओं को एक रात और दो दिन का मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से टूर पैकेज प्रदान किया गया है। विजेताओं को राज्य स्तर से प्राप्त प्रमाण पत्र, मेडल, गिफ्ट वाउचर मुख्य कार्यापालन अधिकारी ने प्रदान किए।
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रम
पौधारोपण, शपथ एवं जागरूकता रैली निकाली गई
मण्डला 28 जुलाई 2023
क्षेत्र संचालक कान्हा टाईगर रिजर्व से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जुलाई अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। 28 जुलाई को नेहरू पार्क एवं कान्हा टाईगर रिजर्व परिसर मंडला में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट, पुलिस अधीक्षक एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके पश्चात जागरूकता रैली निकाली गई। एसपी रजत सकलेचा ने जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चों को शपथ दिलाई। 29 जुलाई को एकलव्य विद्यालय सेमरखापा में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते की उपस्थिति में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होंगे एवं प्रतिभागियों को पुरूस्कार वितरण एवं सम्मान किया जाएगा।
विकास पर्व: बिछिया एवं मोहगांव जनपदों में हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
मण्डला 28 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त तक विकास पर्वों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 28 जुलाई को ग्राम पंचायत लफरा (सम्मिलित ग्राम पंचायत, ककैया, आमाडोंगरी, लफरा, बोकर) में विकास कार्यों का लोकापर्ण एवं भूमिपूजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा विकास कार्यों के अंतर्गत सी.सी. रोड निर्माण सह नाली निर्माण कार्य 15वां वित्ति राशि 7.27 लाख (लोकार्पण), नाली निर्माण कार्य आमाडोंगरी स्वीकृत राशि 4.98 लाख (लोकार्पण), सीसी रोड निर्माण कार्य मांगा 1.59 लाख (भूमिपूजन), रंगमंच निर्माण कार्य मांगा 2.50 लाख (भूमिपूजन), नाली निर्माण कार्य लफरा 8.41 लाख (भूमिपूजन), नाली निर्माण कार्य लफरा 4.99 लाख (भूमिपूजन), नाली निर्माण कार्य लफरा 4.79 लाख (भूमिपूजन), गांधी चोक से खेरमाई तक, खेरमाई से मटरू नंदा के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य बोकर 10 लाख (भूमिपूजन) कुल 44.44 लाख के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनपद सदस्य जानकी पुष्प्कार, ममता मरकाम सरपंच ग्राम पंचायत ककैया, संतोष कुमार सरपंच ग्राम पंचायत मांगा, विमला मरावी सरपंच ग्राम पंचायत लफरा, हरिश्चंरद चंद्रोल उपसरपंच ग्राम पंचायत लफरा, उषा केवट एवं प्रभारी अधिकारी बद्रीप्रसाद सैयाम पंचायत समन्वयक अधिकारी एवं ग्राम पंचायत मांगा, आमाडोंगरी, ककैया, बोकर एवं स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।
जनपद मोहगाँव के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित
जनपद पंचायत सीईओ ने बताया कि ज़िला पंचायत सदस्य शिव पूसाम के मुख्य आतिथ्य में जनपद पंचायत मोहगाँव के अंतर्गत ग्राम पंचायत गिठार, गिठारमलपहरी एवं झुरगीपोंड़ी में विकास पर्व कार्यक्रम अंतर्गत लोकार्पण एवं भूमिपूजन सम्पन्न किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
स्टैंडिंग कमेटी की बैठक 2 अगस्त को
मण्डला 28 जुलाई 2023
उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2023 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटो निर्वाचक नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के संबंध में आयोग द्वारा जारी कार्यक्रमानुसार 2 अगस्त 2023 को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जायेगा।
2 अगस्त 2023 को प्रातः 10:30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के गोलमेज सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में चर्चा के साथ-साथ मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को प्रारूप निर्वाचक नामावली (फोटोयुक्त) की प्रति, फोटो रहित प्रारूप नामावली की सी.डी. के साथ ही युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही के फलस्वरूप नवीन मतदान केन्द्रों की अद्यतन सूची निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 28 जुलाई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते 29 जुलाई को प्रातः 9 बजे जेवरा से सेमरखापा के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 10 बजे सेमरखापा पहुंचकर एकलव्य विद्यालय ओडोटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते प्रातः 11:30 बजे सेमरखापा से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत: 7 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
मण्डला 28 जुलाई 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजनान्तर्गत प्रदाय केन्द्र से उचित मूल्य दुकान तक सामग्री, राशन प्रदाय कार्य हेतु विकासखण्ड नैनपुर जिला मण्डला के सेक्टर क्रमांक 13 में (समस्त पोर्टल https://samast.mponline.gov.in) पर ऑनलाईन आवेदन 7 अगस्त 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं।
हितग्राही की अहर्ता
आवेदक जनपद पंचायत नैनपुर का निवासी हो, आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष की हो, आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 8 वीं कक्षा उत्तीर्ण हो, आवेदक के परिवार की अधिकतम आय 12 लाख हो, आवेदक हेवी मोटर व्हीकल संचालन हेतु स्थाई वैध लायसेंसधारक हो, आवेदक बैंक से ऋण प्राप्त करने हेतु पात्र हो (डिफाल्टर न हो), आवेदक शासकीय सेवक एवं पेंशनर न हो। (सेवानिवृत्त सैनिक को पात्रता होगी), आवेदक अन्य स्वरोजगार योजना में लाभान्वित न हो तथा आवेदक अपराधिक प्रवृति एवं पृष्ठ भूमि का न हो।
पंचायतों में दुकान खोलने आवेदन 15 अगस्त तक आमंत्रित
मण्डला 28 जुलाई 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि म.प्र. सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 में दिए गए प्रावधान अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक उचित मूल्य दुकान संचालित किया जाना है। जिले में विकासखंड बिछिया अंतर्गत पंचायत जिनमें उचित मूल्य दुकानों पूर्व संचालक संस्थाओं के समर्पित करने के कारण रिक्त हैं। इन पंचायतों में दुकान खोलने के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं जिसमें बिछिया अनुविभाग के ग्राम पंचायत नैझर, उमरिया एवं भौकादेवरी में संस्थाओं द्वारा समर्पित दुकान विहीन ग्राम पंचायत व रिक्त दुकानों की संख्या 3 है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की वेबसाईट https://rationmitra.nic.in पोर्टल पर पात्र संस्थाएं 15 अगस्त 2023 तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। दुकान आवंटन की कार्यवाही संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा की जाएगी।
विकास पर्व: आज डिठौरी, तबलपानी एवं पौंड़ीमाल में होंगे कार्यक्रम
मंडला 28 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के डिठौरी, बिछिया विधानसभा के तबलपानी एवं निवास विधानसभा के पौंड़ीमाल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
मंडला विधानसभा के डिठौरी में आयोजित कार्यक्रम में डिठौरी, खोहरी, झिरिया, मल्धा, सूभेवाड़ा एवं पालासुंदर पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए शैलेन्द्र मरावी उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के तबलपानी में आयोजित कार्यक्रम में तबलपानी, किसली, कुंटीददरगांव, घोरेघाट, परसवाह एवं डुंडादेई पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए पारस चौरसिया एवं फूलचंद मरावी पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के पौंड़ीमाल में आयोजित कार्यक्रम में पौंड़ीमाल, भैंसवाही, भौड़ी, कालपी, कटंगी एवं छिंदगांव पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए वीरेन्द्र ठाकुर पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 28 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 28 जुलाई 2023 के दौरान 568.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 547.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 20.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को बिछिया में 0.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 28 जुलाई 2023 को 0.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
निर्वाचन हेतु विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त करने समीक्षा बैठक आज
मण्डला 28 जुलाई 2023
पुलिस अधीक्षक मण्डला के माध्यम से आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रारंभिक रूप से कुल 1778 विशेष पुलिस (एसपीओ) की आवश्यकता होना प्रतिवेदित किया गया है। चुनाव के दौरान जिला पुलिस बल की कमी होने पर विभिन्न विभागों के वर्दीधारी कार्मिकों को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त कर मतदान केन्द्रों पर तैनात किया जाता है। मुख्य निर्वा.पदा. मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार होमगार्ड, वनरक्षक, रेंजर, फॉरेस्टर, आबकारी निरीक्षक, कांस्टेबिल, मंडी निरीक्षक, उप निरीक्षक, कोटवार, एनसीसी, हेण्डपम्प मैकेनिक, गैंगमैन आदि को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जा सकता है।
जिले में विशेष पुलिस अधिकारी की नियुक्ति के लिए कार्मिकों की उपलब्धता के आंकलन हेतु कलेक्टर द्वारा 29 जुलाई 2023 को अपरान्ह 3 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में एक बैठक रखी गई है। जिला स्तरीय कार्यालय प्रमुख जिले में स्थित अपने सभी अधीनस्थ कार्यालयों की जानकारी सहित तथा सभी अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अपने अनुविभाग की सभी तहसीलों के कोटवारों की सूची सहित बैठक में उपस्थित होंगे। सभी प्राचार्य बैठक में अपनी संस्था के एनसीसी केडिट्स की सूची लेकर आएंगे।
अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पर 20 हजार रूपये नगद पुरूस्कार
पुलिस उपमहानिरीक्षक बालाघाट रेंज ने जारी की उदघोषणा
मण्डला 28 जुलाई 2023
पुलिस उपमहानिरीक्षक बालाघाट रेंज ने बताया कि थाना मवई जिला मंडला के अपराध क्रं 85/21 धारा 302, 301 ताहि में अज्ञात आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा आदेश क्रं/पु०अ०/मण्डला/उदघोषणा/06/22, 7 जनवरी 2022 के माध्यम से 10 हजार रूपये ईनाम की उदघोषणा की गई थी। प्रकरण में अज्ञात आरोपी एवं अपहृता की तलाश पतासाजी के हरसंभव प्रयास किए गए किन्तु पता नहीं चल सका है।
डीआईजी बालाघाट ने प्रकरण की प्रकृति एवं गंभीरता को दृष्टिगत् रखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक बालाघाट रेंज बालाघाट म०प्र० पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्रं 80 (ब)1 में निहित प्रावधानों का उपयोग करते हुये, पुलिस अधीक्षक मंडला के आदेश क्रं/पु०अ०/मण्डला/उदघोषणा/06/22, 7 जनवरी 2022 को एतद् द्वारा निरस्त कर, यह उदघोषणा जारी करता हूं कि जो कोई व्यक्ति या पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उक्त प्रकरण के आरोपी का कोई सुराग देगा या गिरफ्तार करेगा या करायेगा या ऐसी सूचना देगा, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके उसे 20 हजार रूपये (बीस हजार रूपये) नगद पुरूस्कार से पुरूस्कृत किया जाएगा। यदि वह चाहेगा तो उसका नाम गोपनीय रखा जायेगा। पुरूस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस उप महानिरीक्षक बालाघाट रेंज बालाघाट का होगा।
बैठक स्थगित
मण्डला 28 जुलाई 2023
जिले में विशेष पुलिस अधिकारी की नियुक्ति के लिए कार्मिकों की उपलब्धता के आंकलन हेतु 29 जुलाई 2023 को अपरान्ह 3 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में एक बैठक रखी गई थी जो अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है। बैठक की आगामी तिथि की सूचना पृथक से जारी की जाएगी।
