कान्हा टायगर रिजर्व द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस का आयोजन
मण्डला 29 जुलाई 2023
कान्हा टाईगर रिजर्व द्वारा एकलव्य आदर्श विद्यालय सेमरखापा में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अंतर्गत बाघ संरक्षण संबंधी चेतना के प्रचार-प्रसार एवं क्षेत्रीय गतिविधियों से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधायक अशोक मर्सकोले, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट, कान्हा टाईगर रिजर्व के उपसंचालक पुनीत गोयल, उपसंचालक बफरजोन वनमण्डल मण्डला एन.एस. यादव सहित संबंधित उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि लुप्त हो रहे वन्यप्राणियों को संरक्षित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मंडला की पहचान टाईगर के कारण बनी है। उन्होंने कहा कि कान्हा वन विभाग क्षेत्र में लोकल लोगों को प्राथमिकता दें तथा म्यूजियम को समय-समय पर प्रमोट भी करें। पार्क में पर्यटक को सर्वाधिक सुविधा प्रदान करें।
निवास विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले द्वारा बाघ संरक्षण की गतिविधियों एवं संरक्षण के विषय में विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने क्विज प्रतियोगिता में छात्र/छात्राओं को प्रोत्साहित करने हेतु अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने जिले के इतिहास को ज्यादा से ज्यादा जानने और समझने का प्रयास करें।
बाघ दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली छात्र/छात्राओं जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरूस्कार एवं प्रसंशा पत्र से सम्मानित किया गया। इस दौरान कान्हा टाईगर रिजर्व के विभिन्न परिक्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों एवं सुरक्षा श्रमिकों को भी बाघों के संरक्षण में किये गये अथक प्रयासों के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
कान्हा टाईगर रिजर्व के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों/श्रमिकों के अध्यनरत 184 छात्र/छात्राओं को छात्रवृत्ति हेतु आदित्य जैन फांऊडेशन से अनुदान स्वरूप प्राप्त सहयोग राशि रू. 5.36 लाख रूपये प्रदाय किया गया। इसके साथ ही कान्हा टाईगर रिजर्व के अंतर्गत 164 ईको विकास समितियों को ग्रामों के विकास के लिए राशि रू. 4.92 करोड़ रूपये पर्यटन से प्राप्त आय का एक अंश के रूप में प्रदाय की गई।
विकास पर्व: नैनपुर जनपद में हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
मण्डला 29 जुलाई 2023
विकास पर्व के तहत 29 जुलाई को ग्राम पंचायत डिठौरी में विकास कार्याें का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, पूर्व विधायक शिवराज शाह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा विकास कार्यों के अंतर्गत डिठौरी में सीसी रोड कार्य 15वां वित्त कार्य लागत 1.78 लाख का (भूमिपूजन), सूभेवाड़ा में सीसी रोड कार्य विधायक निधि कार्य लागत 4 लाख रू का (लोकार्पण), मल्धा में सीसी रोड कार्य 15वां वित्त कार्य लागत 2.64 लाख रू. का (भूमिपूजन), खोहरी में रंगमंच निर्माण कार्य विधायक निधि से 2 लाख रू. का (लोकार्पण), झिरिया में सीसी रोड कार्य 15वां वित्त से 2.80 लाख रू. का (भूमिपूजन), पालासुंदर में नाली निर्माण कार्य 15वा वित्त से 5.90 लाख रू. का (भूमिपूजन) तथा सूभेवाड़ा में अमृत सरोवर वृक्षारोपण कार्य मनरेगा से 3.75 लाख रू. का (भूमिपूजन) किया गया। कार्यक्रम में डिठौरी, सूभेवाड़ा, मल्धा, खोहरी, झिरिया, पालासुंदर एवं सूभेवाड़ा ग्राम पंचायतों के निवासी उपस्थित रहे।
पीएम श्री स्कूल जनभागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम
मण्डला 29 जुलाई 2023
केन्द्रीय विद्यालय मंडला का भी चयन पीएम श्री (प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) स्कूल के रूप हुआ है। पीएम श्री स्कूल के लिए जनभागीदारी गतिविधियों के अंतर्गत 25 जुलाई 2023 से 29 जुलाई 2023 के बीच विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। ‘जन-जन का यही कहना है, वृक्ष धरा का ग़हना है’ ‘धरती को बचाना है, हर कोने में पेड़ लगाना है’। इन्हीं नारों और भावनाओं के साथ 29 जुलाई 2023 को केन्द्रीय विद्यालय मंडला परिसर में माँ वसुधा के श्रृंगार हेतु हरित पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें वन विभाग म.प्र. शासन के सहयोग से प्राप्त पौधे विद्यालय प्राचार्य उपेन्द्र कुमार, मप्र वन विभाग के रेंजर क्रांति झारिया, विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्राचार्य उपेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन के लिए पेड़ पौधों एवं वृक्षारोपण की महत्ता पर प्रकाश डाला एवं सभी से आग्रह किया कि विद्यालय परिसर में लगाये गए पौधों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ नियमित देखभाल भी करें एवं जीवन में वृक्षारोपण को एक आदत के रूप में अपनाएं।
पड़ोस के अन्य स्कूलों का मार्गदर्शन भी करेंगे
पीएम श्री (प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) स्कूल भारत सरकार द्वारा एक केंद्र प्रायोजित योजना है। ये स्कूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन को निरूपित करते हैं और समय के साथ अनुकरणीय स्कूलों के तौर के रूप में उभरेंगे तथा पास पड़ोस के अन्य स्कूलों का मार्गदर्शन भी करेंगे। पीएम श्री स्कूल एक समान, समावेशी और आनंदमय स्कूल वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करेगा, जो बच्चों की विविध पृष्ठभूमि, बहुभाषी जरूरतों और विभिन्न शैक्षणिक क्षमताओं का ख्याल रखेगा।
ग्रीन स्कूल के रूप में विकसित होंगे
साथ ही उन्हें अपनी स्वयं की सीखने की प्रक्रिया में भी भागीदार बनाएगा। इन स्कूलों को ग्रीन स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें सोलर पैनल और एलईडी लाइट, प्राकृतिक खेती के साथ पोषण उद्यान, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त, जल संरक्षण और संचयन, पर्यावरण की सुरक्षा से संबंधित परंपराओं-प्रथाओं का अध्ययन जैसे पर्यावरण के अनुकूल पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
घुघरी के तबलपानी में मनाया गया विकास पर्व
35.82 लाख के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन संपन्न
मण्डला 29 जुलाई 2023
विकास पर्व अंतर्गत जनपद पंचायत घुघरी के ग्राम पंचायत तबलपानी में आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत किसली, कुन्टीददरगांव, डूण्डादेई, घोरेघाट, परसवाह तबलपानी शामिल हुए। आयोजन के दौरान 3 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया जिसकी लागत 24.19 लाख एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण लागत 11.63 लाख कुल लागत 35.82 लाख का संजय कुशराम अध्यक्ष जिला पंचायत मण्डला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विकास पर्व में शामिल ग्राम पंचायत के माननीय सरपंच तबलपानी, किसली, परसवाह, घोरेघाट, डुन्डादेई, कुन्टीददरगांव उपस्थित रहे। साथ ही समस्त विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
स्वीप गतिविधियों की समीक्षा 4 एवं 5 अगस्त को
मण्डला 29 जुलाई 2023
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के अधिकारियों द्वारा राज्य स्तर पर विधानसभावार स्वीप गतिविधियों की समीक्षा 4 एवं 5 अगस्त 2023 को होगी जिसमें कम वोटर टर्नआउट वाले मतदान केंद्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा भी की जायेगी। उपरोक्त वीडियो कॉफ्रेंस में विधानसभा निर्वाचन के दौरान राज्य के वोटिंग प्रतिशत से कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों के संबंध में कम वोटिंग का कारण एवं वोटिंग प्रतिशत बढाने हेतु की जा रही स्वीप गतिविधियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिये जागरूकता वाहन द्वारा प्रचार प्रसार
मण्डला 29 जुलाई 2023
स्वीप गतिविधियों के तहत जनसंपर्क कार्यालय द्वारा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों के लिये 1-1 जागरूकता वाहन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह जागरूकता वाहन 1 अगस्त से 31 अगस्त 2023 तक विधानसभा में भ्रमण करेगा। जागरूकता वाहन में 1 एलईडी वॉल होगी जो द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के अंतर्गत नवीन/युवा मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं आगामी विधानसभा निर्वाचन चुनाव 2023 में अधिक से अधिक मतदान करने के लिये प्रेरित करेगा।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग ऑफीसर्स को 31 जुलाई 2023 के पूर्व उक्त जागरूकता वाहन संचालन के लिये अपनी-अपनी विधानसभा का 1 रूट चार्ट निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विकास पर्व: आज नरहरगंज एवं सुखरीसंग्रामपुर में होंगे कार्यक्रम
मंडला 29 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज बिछिया विधानसभा के नरहरगंज एवं निवास विधानसभा के सुखरीसंग्रामपुर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
बिछिया विधानसभा के नरहरगंज में आयोजित कार्यक्रम में नरहरगंज, खलोड़ी, लालपुर, नेवसा एवं चंदगांव पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए त्रिलोकसिंह मरावी पंचा.सम.अधि. एवं राजीव खोब्रागढ़े को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के सुखरीसंग्रामपुर में आयोजित कार्यक्रम में सुखरीसंग्राम, सतपहरी, भीखमपुर, गुंदलई एवं हरिसिंघारी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए मनीराम झारिया को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 29 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 29 जुलाई 2023 के दौरान 576.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 577.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को मंडला में 21 मि.मी., बिछिया में 12.9 मि.मी., निवास में 5.8 मि.मी., घुघरी में 4.6 मि.मी. तथा नारायणगंज में 3.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 29 जुलाई 2023 को 8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 29 जुलाई 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सोमनाथ ग्राम देहरा निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक शिवचरण को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला चिकित्सालय में श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर 31 को
मण्डला 29 जुलाई 2023
23 जुलाई को क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवायें जबलपुर के आदेश अनुसार डॉ. ज्योति शिल्पा नेल्सन, ईएनटी विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय जबलपुर को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र की कार्यवाही हेतु 31 जुलाई 2023 को जिला चिकित्सालय मण्डला में सेवायें देने हेतु आदेशित किया गया है। ईएनटी से संबंधी ऐसे दिव्यांगजन जिनके प्रमाण पत्र का नवीनीकरण किया जाना है अथवा नये प्रमाण पत्र बनना है, वे 31 जुलाई 2023 प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित होवें ताकि उनकी ऑडियोमेट्री शीघ्र कराई जाकर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किये जा सकें। इस संबंध में सभी दिव्यांगजन आवश्यक दस्तावेज यथा-आधार कार्ड, समग्र आई.डी., तीन फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो तो) आदि साथ में लेकर आवें।
मलेरिया व डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए रखें सावधानियाँ
मण्डला 29 जुलाई 2023
वर्षाकाल में मच्छरों की उत्पत्ति बढ़ जाता है एवं मच्छरजन्य परिस्थितियां निर्मित होती हैं जिससे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रसार की भी संभावना होती है। इसलिए मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां रखा जाना अत्यंत आवश्यक है।
मलेरिया के लक्षण
कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। कपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी होना, बेचैनी, कमजोरी, सुस्ती, रुक रुककर बुखार आना पसीना आकर बुखार उतरना, ठंड गर्मी या तपन का महसूस होना आदि मलेरिया के लक्षण हैं।
बुखार आने पर क्या करें
बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में खून की जांच कराऐं एवं मलेरिया की पुष्टि होने पर पूर्ण उपचार लें। खाली पेट दवा का सेवन कदापि नहीं करना चाहिये। मलेरिया की जांच व उपचार सभी शासकीय अस्पतालों पर निःशुल्क उपलब्ध है।
डेंगू मलेरिया फैलाने वाले मच्छर कहाँ पैदा होते हैं
छत पर खुली टंकियां, खाली बर्तन, मटके, गमले, टायर, कूलर, फ्रिज के पीछे भरा पानी, गार्डन, फूलदान, पात्रों में एक सप्ताह से अधिक भरे साफ पानी में मच्छर अंडे देते हैं। जिससे लार्वा एवं पूर्ण वयस्क मच्छर बनता है।
डेंगू के लक्षण
2-7 दिन तक बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द जोड़ों में दर्द, आंख के पीछे दर्द, खसरा जैसे लाल चकत्ते-छाती एवं हाथों पर डेंगू के लक्षण हैं।
डेंगू का उपचार
डेंगू की कोई विशिष्ट दवा नहीं हैं। डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सक के परामर्श अनुसार उपचार लेना चाहिए। रोगी को पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थ जैसे- फलों का रस, पानी, ओ.आर.एस लेना एवं आराम करना चाहिए। किसी भी दर्द निवारक गोली का सेवन नहीं करना चाहिए।
मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने हेतु भरे हुए पानी को हर 3-4 दिन में बदलना चाहिए। पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढक्कर रखना चाहिए। वॉशबेसिन, बाथरुम मे पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। यह आवश्यक है कि घरों के आस-पास सफाई रखें, अनावश्यक पानी जमा न होने दें। सोने के लिए हम मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों, मच्छर निरोधी क्रीम, कॉइल का उपयोग करें। अपने घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमनग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगाएं।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के आवेदन 31 जुलाई तक
मण्डला 29 जुलाई 2023
उपसचिव मध्यप्रदेश शासन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग भोपाल के आदेशानुसार मध्यप्रदेश के ज़िलों से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों (महिलाओं हेतु 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नहीं है, को मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत मंडला जिले से 18 अगस्त से 21 अगस्त 2023 तक कुल 4 दिवस काशी (वाराणसी) की तीर्थयात्रा कराई जाएगी।
तीर्थदर्शन काशी (वाराणसी) की यात्रा हेतु नगरपालिका मंडला अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति कार्यालय नगरपालिका मंडला की शाखा एनयूएलएम में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2023 है।
पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज
नगरपालिका के क्षेत्रांतर्गत का निवासी हो। 60 वर्ष या अधिक आयु के व्यक्ति हों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट), आयकर दाता न हो। पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, कोविड वैक्सीनेसन सर्टिफिकेट, आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाणपत्र, मोबाइल नंबर एवं दो फोटो आवश्यक है।
विधानसभा आम निर्वाचन: सेक्टर ऑफिसर्स की बैठक 1 अगस्त को
मण्डला 29 जुलाई 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 की तैयारियों के अंतर्गत सर्व सेक्टर ऑफीसर्स, (पुलिस) को क्रिटिकल मतदान केन्द्र के चिन्हांकन एवं वल्नरविल्टी मैपिंग हेतु विभिन्न प्रपत्र उपलब्ध कराकर अपने सेक्टर के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर व्हीएम-2 एवं व्हीएम-3 की जानकारी संयुक्त हस्ताक्षर से अपने रिटर्निंग ऑफीसर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर द्वारा व्हीएम-2 एवं व्हीएम-3 की समीक्षा के लिए 1 अगस्त 2023 को जिला योजना भवन के सभाकक्ष में 3 शिफ्ट में बैठक आयोजित की गई है। प्रथम शिफ्ट दोपहर 1:15 बजे से 2 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित, विधानसभा क्षेत्र 107-मंडला उपस्थित रहेंगे। द्वितीय शिफ्ट दोपहर 2 बजे से 2:45 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित, विधानसभा क्षेत्र 106-निवास तथा तृतीय शिफ्ट दोपहर 2:45 बजे से 3:30 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित, विधानसभा क्षेत्र 105-बिछिया उपस्थित रहेंगे।
