Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 3 अगस्त 2023

निर्वाचन के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें – डॉ. सिडाना

नोडल अधिकारियों की बैठक संपन्न

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के मद्देनजर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अलग-अलग दायित्वों के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने ईव्हीएम मैनेजमेंट, परिवहन व्यवस्था, परिचय पत्र, स्ट्राँग रूम, मतदाता जागरूकता गतिविधियां, एमसीएमसी कमेटी, मेनपावर प्रबंधन सहित अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए बनाए गए नोडल अधिकारियों को उनके दायित्वों के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन से जुड़े अपने दायित्वों का गंभीरता से अध्ययन करें, उन्हें समझें तथा उनका सकारात्मक रूप से निर्वहन करें। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में टीम भावना के साथ काम करें। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी आपस में समन्वय करते हुए एक-दूसरे के कार्यों एवं दायित्वों को समझें। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एडीएम राजेन्द्र कुमार सिंह सहित अलग-अलग विभागों के नियुक्त नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर एवं एसपी ने की कानूनी एवं व्यवस्था की समीक्षा

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के मद्देनज़र राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार क़ानून एवं व्यवस्था के संबंध में की जाने वाली कार्यवाही से संबंधित बैठक ली। बैठक में उन्होने निर्वाचन के मद्देनज़र की जाने वाली विभिन्न प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों की अनुविभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ज़रूरी कार्यवाही में नोटिस तामीली गंभीरतापूर्वक सुनिश्चित किया जाए। उन्होने 107 (16), 151 सहित अन्य गतिविधियों की एसडीएम एवं एसडीओपी से रिपोर्ट ली। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों के माध्यम से नोटिस तामीली की कार्यवाही नियमित रूप से संपादित करें। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र कवर, एसडीओपी मंडला अश्विनी कुमार, डीएसपी अजाक राहुल कटरे एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बारिश के बीच कलेक्टर एवं एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण

आमजनों को सुरक्षित रहने की दी समझाईश

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं एसपी रजत सकलेचा ने विगत दिनों से ज़िले में हो रही लगातार बारिश के मद्देनज़र रपटाघाट सहित मुख्यालय के प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें जरूरी इंतजामों के साथ सुरक्षित रहने की समझाईश दी। कलेक्टर ने आमजनों से कहा कि सभी लोग बारिश के दौरान अपने घरों में सुरक्षित रहें। रपटाघाट सहित अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में न जाएं तथा ख़तरनाक स्थानों पर सेल्फी ना लें। कलेक्टर एवं एसपी ने इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं बारिश के दौरान जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की मीडिया को जानकारी भी दी।

कलेक्टर एवं एसपी ने लगातार बारिश के बीच जिला मुख्यालय के अलग-अलग घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रंगरेज घाट, वाल्मीकि घाट, चुरामन घाट, किलाघाट, नावघाट आदि घाटों का जलस्तर देखा और स्थानीय लोगों को जलमग्न घाटों पर न जानेे की अपील की।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग में सेम्पल एवं टेस्टिंग अत्यंत गंभीरता से करें – कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में ज़िले में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग, टेस्टिंग एवं सैंपलिंग का कार्य जारी है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होने निर्देशित किया कि सिकल सेल एनीमिया की सैंपल एवं टेस्टिंग अत्यंत गंभीरता से करें। इसके लिए आवश्यक होने पर समय-समय पर अमले का प्रशिक्षण भी करें। कलेक्टर ने कहा कि अमले को जरूरी ट्रेनिंग दें। साथ ही सैंपल कलेक्शन टेस्ट एवं रीडिंग की भी जानकारी दें। बैठक में आईसीएमआर संस्थान से भी विशेषज्ञ जुड़े। कलेक्टर ने निर्देशित किया की स्क्रीनिंग के साथ-साथ इनके रिकॉर्ड संधारण की समुचित व्यवस्था करें। सिकल सेल एनीमिया की टेस्टिंग के दौरान पॉज़िटिव पाए गए व्यक्ति का ट्रैक रिकॉर्ड रखने तथा उनकी ट्रैकिंग करते हुए उनका समुचित इलाज एवं काउंसलिंग भी करें।

 

सहायक कलेक्टर अर्थ जैन करेंगे मॉनिटरिंग

 

सिकलसेल एनीमिया तथा ज़िले में चल रहे स्क्रीनिंग कार्य के लिए सहायक कलेक्टर अर्थ जैन नोडल हैं। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार सहायक कलेक्टर अर्थ जैन नियमित रूप से स्क्रीनिंग, सैंपलिंग एवं टेस्टिंग कार्यों की मॉनिटरिंग करेंगे। बैठक में नोडल अधिकारी अर्थ जैन ने पीपीटी के माध्यम से आगामी दिनों में टेस्टिंग से सेम्पल कलेक्शन की प्रक्रिया की प्लानिंग समझाई। उन्होंने कहा कि सभी सेम्पलिंग के पश्चात आभा आईडी अनिवार्यतः क्रिएट करें तथा संबंधित व्यक्ति का ट्रैक रिकॉर्ड बनाते समय गंभीरता से उनके नाम लिखें। जिला प्रशासन द्वारा संचालित सिकलसेल एनीमिया के स्क्रीनिंग कार्य के लिए अनेक सहयोगी संस्थाएं भी जुड़ी हुई हैं जो सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग के दौरान जागरूकता एवं आवश्यक प्रशिक्षण के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के संबंध में बैठक संपन्न

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

आजादी के 76वे स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन के संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस का संपूर्ण आयोजन विशेष रूप से करें। सभी विभाग इस आयोजन को बेहतर बनाने के हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से संबंधित जिम्मेदारी आवंटित करते हुए समयपूर्व तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने आयोजन के दौरान परेड, अतिथियों की व्यवस्था, प्रस्तुतियों, कार्यक्रम स्थल में आवश्यक तैयारी आदि के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयोजन की तैयारियां पूर्ण करें। बैठक में एसपी रजत सकलेचा, एडीएम राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि मैदान की सजावट ’मेरी माटी-मेरा देश’ थीम के आधार पर करें। उन्हांेने कहा कि ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित समस्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को ध्वजसंहिता के अनुरूप अपने-अपने कार्यालयों में आयोजन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम में बिजली, बैठक व्यवस्था, स्वास्थ्य टीम, एम्बूलेंस, फायर ब्रिगेड, पेयजल आदि की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग पुरूस्कार के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 2 कर्मचारियों के नामों के प्रस्ताव एवं उनकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए 10 अगस्त के पूर्व तक कलेक्टर कार्यालय में भेजें। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने परेड की रिहर्सल के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

4 एवं 5 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए अवकाश

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

जिले में भारी वर्षा की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए 4 एवं 5 अगस्त 2023 को कक्षा पहली से 12वी तक संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। अवकाश के कारण बाधित शैक्षणिक पाठ्यक्रम की पूर्ति अन्य कार्यदिवसों में अतिरिक्त कालखंड लगाकर की जाएगी। जारी आदेश के तहत शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर शालेय अभिलेखों एवं नवीन शिक्षा सत्र संबंधी आवश्यक तैयारियाँ एवं कार्य पूर्ण करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय पेसा प्रशिक्षण सम्पन्न

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

म.प्र. पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियम-2022 के प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन में सहयोग हेतु जनपद पंचायत मंड़ला के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन म.प्र. जन अभियान परिषद जिला मंड़ला के तत्वावधान में किया गया।

म.प्र. जन अभियान परिषद जिला मंड़ला के जिला समन्वक राजेन्द्र चौधरी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की। विषय विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र गुप्ता ने पेसा अधिनियम की पृष्ठभूमि एवं इतिहास पर विस्तार से जानकारी दी। विषय विशेषज्ञ मीमांसा ने ग्रामसभा बनेगी कैसे, चलेगी कैसे शीर्षक के तहत विस्तार से जानकारी दी। विकासखंड़ पेसा समन्वयक सोनू ने पेसा के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। समापन सत्र में म.प्र. शासन के पेसा एवं वनाधिकार टास्क फोर्स के सदस्य और स्वशासन विशेषज्ञ मिलिंद थत्ते ने पेसा और स्वशासन पर प्रतिभागियों से संवाद कर प्रतिभागियों को पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। म.प्र.जन अभियान परिषद की टास्क मैनेजर डॉ. सुनीता गुप्ता ने प्रतिभागियों को ग्रामीणों के समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिया। समापन सत्र में सभी प्रतिभागियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

म.प्र. शासन के पेसा एवं वनाधिकार टास्क फोर्स के सदस्य और स्वशासन विशेषज्ञ मिलिंद थत्ते ने प्रशिक्षण में शामिल सभी लोगों को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में म.प्र. जन अभियान परिषद के विकासखंड़ समन्वयक, पेसा विकासखंड समन्वयक, समाजसेवी, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, सीएमसीएलडीपी के मेंटर उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

फसल बीमा की अंतिम तिथि अब 16 अगस्त

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

प्र.उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा खरीफ-2023 में फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2023 नियत थी। फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि में संशोधन कर अब 16 अगस्त 2023 कर दी गई है। किसान अब फसल बीमा 16 अगस्त तक कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: जि.पंचा. अध्यक्ष ने किया विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

16 जुलाई से 14 अगस्त तक विकास पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में 3 अगस्त 2023 को ग्राम पंचायत खमरोटी में सम्मिलित ग्राम लपटी, देई, केवलारी, नेवसाभपसा, बुडला, खमरोटी, दानीटोला में लोकापर्ण एवं भूमिपूजन किया गया। विकास पर्व अंतर्गत जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम एवं द्वारा सीसी रोड सोनू विश्वकर्मा के घर से सोनू यादव के घर तक भोंदा लपटी स्वीकृत राशि 6.020 (लोकार्पण), सीसी रोड देवलाल के घर से शंकर के घर तक देई स्वीकृत राशि 3.94 लाख (लोकार्पण), सीसी रोड लखन के घर से नवल के घर तक केवलारी स्वीकृत राशि 4.65 लाख (भूमिभूजन), सीसी रोड रामसिंह के घर से माहू विश्वकर्मा के घर तक नेवसाभपसा स्वीकृत राशि 5.22 लाख (लोकार्पण), सीसी रोड लक्षमण पंद्रे के घर से नहर तक बुडला स्वीकृत राशि 5.14 लाख (भूमिपूजन), सीसी रोड डीलन के घर से मुन्नाद उइके के घर तक स्वीकृत राशि 7 लाख (लोकार्पण) कुल 37.98 लाख के कार्यों का लोकार्पण/भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनपद सदस्य नीलकण्ड मरकाम, सरपंच/उपसरपंच ग्राम पंचायत लपटी, देई, केवलारी, नेवसाभपसा, बुडला, खमरोटी, दानीटोला प्रभारी अधिकारी दयालसिंह पूसाम, सहायक विकास विस्तार अधिकारी एवं ग्राम पंचायत लपटी, देई, केवलारी, नेवसाभपसा, बुडला, खमरोटी, दानीटोला के स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

‘‘समाधान आपके द्वार‘‘ योजनांतर्गत लोक अदालत शिविर 5 को

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय श्री एस0के0 जोशी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय के आदेशानुसार एवं माननीय श्री डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 5 अगस्त 2023 को समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत संपूर्ण मंडला जिले में लोक अदालत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उक्त लोक अदालत शिविर हेतु प्रकरणों को चिन्हित किया जा रहा है। उक्त लोक अदालत शिविर में न्यायालयों में लंबित शमनीय अपराधों एवं सिविल प्रकृति के प्रकरणों का भी निराकरण किया जाना है। उक्त आयोजित कैम्प में मुख्यतः राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग एवं पुलिस विभाग के मामलों को चिन्हित किया गया है, जिसका निराकरण हेतु संबंधित विभागों की स्वयं की खण्डपीठ में प्रकरण रखे जाकर प्रकरणों का निराकरण किया जाना है।

समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत लोक अदालत शिविर हेतु मंडला जिले में विभिन्न क्लस्टरों को निर्मित किया जाकर राजस्व अधिकारियों को क्षेत्रानुसार शिविर प्रभारी नियुक्त किया गया है जिसके अंतर्गत समस्त शिविर प्रभारी 5 अगस्त 2023 को अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत लोक अदालत शिविरों के प्रकरणों का निराकरण करेंगें। जिला मुख्यालय मण्डला सहित तहसील निवास, नैनपुर, भुआ-बिछिया में भी उक्त लोक अदालत शिविर के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया जाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा पक्षकारों से अपील की गई है कि वे शासन की योजना ‘‘समाधान आपके द्वार‘‘ का लाभ उठाने हेतु अपने विभागीय प्रकरण का निराकरण उक्त लोक अदालत शिविर के माध्यम से कराएं एवं लाभ प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

दस्तक अभियान के तहत आज 28084 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

सघन दस्त रोग, नियंत्रण पखवाड़ा एवं दस्तक अभियान का प्रथम चरण 18 जुलाई से शुरूवात हो गया है जो 31 अगस्त 2023 तक चलेगा। इसके अंतर्गत 0 से 5 साल के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारियों की पहचान, जांच, उपचार एवं रेफरल सेवाएं दस्तक दल द्वारा प्रदान की जा रही है। इसी तारतम्य में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता के द्वारा घर-घर दस्तक देकर 28084 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई।

बाल्यकालीन बीमारियां जैसे- गंभीर एनीमिया बच्चों का इलाज, हीमोग्लोबिन की जांच, गंभीर कुपोषण के बच्चों को एनआरसी में भर्ती एवं एसएनसीयू एवं एनआरसी से छुट्टी से प्राप्त बच्चों की जांच एवं फॉलोअप करना, आयु अनुसार 9 माह से 5 वर्ष के बच्चों को विटामिन ए अनुपूरक देना, रेफरल समस्त 11 प्रकार की सेवायें प्रदान की जायेगी। दस्तक दल घर-घर जाकर चैकलिस्ट अनुसार जानकारी सुपरवाईजर के पर्यवेक्षण रिर्पाेटिंग समय सीमा में किया जाना है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

जिले में इस वर्ष 1 जून से 3 अगस्त 2023 के दौरान 773.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 583.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 189.8 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अगस्त को मंडला में 80.8 मि.मी., नैनपुर में 35.6 मि.मी., बिछिया में 178.6 मि.मी., निवास में 194.8 मि.मी. तथा घुघरी में 117.5 मि.मी. एवं नारायणगंज में 119.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 3 अगस्त 2023 को 121 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज रामदेवरी, कुसमी एवं जेवरा में होंगे कार्यक्रम

 

मंडला 3 अगस्त 2023

16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के रामदेवरी, बिछिया विधानसभा के कुसमी एवं निवास विधानसभा के जेवरा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

मंडला विधानसभा के रामदेवरी में आयोजित कार्यक्रम में रामदेवरी, पाठासिहोरा, झुलपुर, तिंदुआबम्हनी, घूरवाड़ा, बरबसपुर, परसवाड़ा एवं खुर्सीपार पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए मुन्नालाल कोकड़िया पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के कुसमी में आयोजित कार्यक्रम में कुसमी, दुलादर, सुरेहली, कचनारी, सिंघनपुरी, बम्हनी एवं देवहारा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए अमित पटेल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के जेवरा में आयोजित कार्यक्रम में जेवरा, डालाखापा, जुझारी, बरबटी एवं मल्ठार पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए रामनाथ मरकाम पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

5 अगस्त को तीनों विधानसभाओं के बीएलए का प्रशिक्षण

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

5 अगस्त को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का डाईट मंडला में प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त प्रशिक्षण में बूथ लेवल एजेंटों को निर्वाचक नामावली के संबंध में प्रारूप-6, 7 एवं 8 में प्रस्तुत किए जाने वाले दावे आपत्तियों की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जाएगी। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-105 बिछिया के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का प्रशिक्षण प्रातः 11 बजे से 12 बजे तक, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-106 निवास के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का प्रशिक्षण दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-107 मंडला के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का प्रशिक्षण दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे तक डाईट मंडला में आयोजित होगा।

 

 

 

 

 

 

 

मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ: मतदान की दिलाई गई शपथ

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

            आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं की ज्यादा से ज्यादा सहभागिता एवं जागरूकता के लिए मतदाता जागरूकता गतिविधियां प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में आज जिला स्तर पर पेसा प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थितजनों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई।

 

 

 

 

बाढ़ राहत कार्यों के लिए होमगार्ड मुस्तैद

माधोपुर एवं मरारटोला में फसे लोगों को सुरक्षित निकाला

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

            विगत दिनों से लगातार बारिश के चलते जिले के अलग-अलग स्थानों पर बाढ़ के कारण कुछ स्थानों पर ग्रामीण फस गए थे। जिला आपदा प्रबंधन कक्ष में सूचना प्राप्त होने पर होमगार्ड टीम ने अपने बचाव दल के साथ माधोपुर एवं मरारटोला में पहुंचकर फसे हुए लोगों को सुरक्षित रूप से निकाला। चौकी अंजनिया अंतर्गत ग्राम मरारटोला में 11 लोगों को बचाव दल द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसी प्रकार माधोपुर में ग्रामीणों के फसे होने की सूचना प्राप्त होने पर होमगार्ड दल द्वारा उन्हें भी रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

रेस्क्यू कर महाराजपुर में फसे 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

                नर्मदा नदी की बाढ़ में फसे उपनगर क्षेत्र महाराजपुर के 8 लोगों को रेस्क्यू किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्मदा के बढ़ते जल स्तर के कारण निचली बस्तियों में बाढ़ का पानी भर गया है। महाराजपुर के मंडलेश्वर मंदिर के निकट बाढ़ के पानी में 8 लोगों के फसने की सूचना प्राप्त होने पर होमगार्ड की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी 8 लोगों को  रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। रेस्क्यू हुए लोगों ने जिला प्रशासन एवं होमगार्ड की टीम द्वारा पहुंचाई गई त्वरित मदद के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लगातार बारिश के बीच विद्युत विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति के लिए भरसक प्रयास जारी

 

मण्डला 3 अगस्त 2023

                कार्यपालन यंत्री विद्युत विभाग ने बताया कि ज़िले में विगत दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण बिछिया क्षेत्र, मनेरी-निवास मार्ग एवं मनेरी सहित अन्य स्थानों पर पेड़ आदि गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। उन्होंने बताया कि विद्युत कर्मियों द्वारा लगातार बारिश के बीच भी बिजली सप्लाई री-स्टोर करने के भरसक प्रयास किए गए। इस दौरान बिजली कर्मियों ने गिरे पेड़ों को स्वयं एवं वाहनों से हटाया एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की।

 

 

Related posts

एनयूएलएल, एसएसजी तथा अन्य लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करें – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों के स्वच्छता संबंधी बैठक

Reva India News

किसानों को मिली किसान सम्मान निधि की 18वी किश्त जिला योजना भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम

Reva India News

14 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर लौटे अपने घर

Reva India News

Leave a Comment