मंडला की ओर से प्रारंभ करें सुधार कार्य – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने किया मंडला से बरेला मार्ग का निरीक्षण
मण्डला 29 अगस्त 2023
मंडला से बरेला मार्ग के स्वीकृत सुधार कार्य के संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरी सड़क का गंभीरतापूर्वक अवलोकन कर स्थल की आवश्यकता के अनुसार सुधार कार्य की योजना तैयार करें।

कलेक्टर ने सड़क के सुधार कार्यों को मंडला की ओर से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्यामूलक क्षेत्र की सड़क के सुधार कार्य को प्राथमिकता प्रदान करें। जिन स्थानों पर सुधार कार्य किया जाना है वहां पहले डायवर्सन की समुचित व्यवस्था बनाएं। पहाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से रिटेनिंग वॉल आदि का प्रावधान रखें। सड़क सुधार के लिए उपयोग में आने वाली आवश्यक मशीनों तथा निर्माण सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था रखें। सुधार कार्य को निर्धारित समयावधि में उचित गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। सुधार कार्य के दौरान मंडला-जबलपुर मार्ग में कुछ दिन के लिए यातायात प्रभावित हो सकता है, इस संबंध में कलेक्टर ने जनसामान्य से समुचित सहयोग प्रदान करने का आव्हान किया है।

वॉक फॉर वोट: मतदान का दिया संदेश, दिलाई गई शपथ
मण्डला 29 अगस्त 2023
विधानसभा चुनाव के अंतर्गत स्वीप गतिविधियां के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मंगलवार को जिला मुख्यालय में वॉक फॉर वोट का आयोजन किया गया। इसके साथ अन्य गतिविधियां कराई गई जिसमें मतदाताओं को मतदान करने के लिए शपथ दिलाई गई। वॉक फॉर वोट की शुरूआत कलेक्ट्रेट से की गई, जिसे सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जागरूकता वॉक के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नारे लगाते हुए आमजन को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा नैतिक मतदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. विजय तेकाम, उपसंचालक कृषि मधु अली, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया मुकेश पांडे, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बडकुल, जिला खेल अधिकारी रविन्द्र ठाकुर सहित संबंधित उपस्थित रहे।

खेल से मतदान का संदेश
वॉक फॉर वोट नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस लाइन ग्राउंड में संपन्न हुई। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन ग्राउंड में रस्सी खींच सहित अन्य खेल गतिविधियां आयोजित की गई। खेल के माध्यम से लोगों को मतदान का महत्व बताते हुए उन्हें लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

बनाई मानव श्रृंखला
मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित गतिविधियों के तहत पुलिस लाईन ग्राउंड में स्वीप मण्डला के आकार में मानव श्रृंखला बनाई गई जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के सदस्य तथा स्थानीय लोगों ने बडी संख्या में सहभागिता करते हुए मतदान करने का संकल्प लिया। सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग ने उपस्थित लोगों को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई गई।

महिलाओं ने मेहंदी लगाकर की नैतिक मतदान की अपील
मण्डला 29 अगस्त 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदाता जागरूकता के संबंध में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, स्वीप गतिविधियों के इसी क्रम में मंडला विकासखंड की अलग-अलग पंचायतों में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा भी विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। मंगलवार को समूह की महिलाओं ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर हाथों में मतदान के संबंध में स्लोगन तथा मतदान संकल्प की मेहंदी लगाकर नैतिक मतदान की अपील की। ’मेरा वोट मेरा अधिकार’, ’युवाओं के तीन ही काम सेवा, शिक्षा और मतदान’, ’सभी करें नैतिक मतदान लोकतंत्र का पर्व महान’ आदि स्लोगन हथेलियों पर लिखकर स्व-सहायता समूह की बहनों ने ग्रामजनों से विधानसभा 2023 में मतदान अवश्य करने की अपील की। बैठकों के दौरान भी समूह की महिलाओं द्वारा मतदान संकल्प लिए जा रहे हैं।

स्कूल, कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम
मण्डला 29 अगस्त 2023
स्वीप गतिविधियों के 5 दिवसीय कार्यक्रम के क्रम में शासकीय स्कूलों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। विगत दिवस शासकीय जगन्नाथ चौधरी कन्या महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें उपस्थित वक्ताओं ने मतदान को आवश्यक दायित्व बताते हुए लोकतंत्र में इसके महत्व को प्रतिपादित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने प्रेरणा गीत भी प्रस्तुत किए। इसी प्रकार हायरसेकेंडरी स्कूल मुनू में भी छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व के विषय में जानकारी दी गई तथा उनसे परिजनों को मतदान के बारे में बताने की अपील की गई।

नापतौल की कार्यवाही, 7 प्रकरण दर्ज
मण्डला 29 अगस्त 2023
निरीक्षक नापतौल द्वारा की गई औचक जांच के दौरान अलग-अलग ग्रामों में 7 संस्थानों पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम तथा मध्यप्रदेश विधिक माप विज्ञान अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिद्धी विनायक किराना लोकेश कछवाहा ग्राम पुरवा, शुभ ट्रेडर्स विपिन श्रीवास्तव भुआबिछिया, राजेश जंघेला कोसमघाट, मुरलीवाला बेकरी सुदीप केसरवानी देवदरा मंडला, तुसार किराना रागिनी साहू ग्राम कटरा, मोहन किराना मोहन वीरानी फूलसागर एवं राय ट्रेडर्स हार्डवेयर आलोक राय बबैहा पर प्रकरण दर्ज किए गए। आगामी त्यौहारों को देखते हुए औचक जांच निरंतर जारी रहेगी।

जिला पंचायत सीईओ ने सुनी आमजनों की समस्याएँ
जनसुनवाई में प्राप्त हुए 99 आवेदन
मण्डला 29 अगस्त 2023
योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कमूट ने आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समुचित निराकरण करने के निर्देश दिए। संपन्न हुई जनसुनवाई में 99 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जिला पंचायत सीईओ ने आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार लाभ देने से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनसुनवाई में संजय नगर बिंझिया निवासी अब्दुल कलाम ने राशन कार्ड के संबंध में, ग्राम पंचायत मलपठार के समस्त ग्रामवासियों ने नल-जल योजना के संबंध में, ग्राम सेमरखापा निवासी ज्योति पटेल ने बीपीएल कार्ड से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। साथ ही जनसुनवाई में मजदूरी भुगतान, तेंदुपत्ता बोनस, अतिक्रमण, ई-ट्रायसाईकिल, सीमांकन आदि विषयों से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।

31 अगस्त को मनाया जाएगा विमुक्ति दिवस
मण्डला 29 अगस्त 2023
31 अगस्त का दिन सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में विमुक्ति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन जिलास्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ समुदाय के लोगों के लिये विभाग द्वारा संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी उपस्थित समुदाय को प्रदाय की जायेगी एवं जिला स्तरीय समिति के मार्गदर्शन में यथासम्भव समुदायों के पारंपरिक कलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा। आयोजन में योजनाओं की जानकारी एवं मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना व आई.टी.आई. के माध्यम से कौशल, कला एवं रोजगार सुदृढ़ीकरण योजना, साथ ही इन समुदायों के परिवारों की समग्र आई.डी, पहचान पत्र, राशन कार्ड, जैसे मूलभूत दस्तावेजों को बनवाये जाने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 29 अगस्त 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते 30 अगस्त को प्रातः 11 बजे जेवरा से बरबटी के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11:20 बजे बरबटी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे सायं 6 बजे बरबटी से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा सायं 6:20 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 31 अगस्त 2023 को जेवरा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे।

अतिथि शिक्षक हेतु 6 सितम्बर तक लिए जाएंगे आवेदन
मण्डला 29 अगस्त 2023
अतिथि शिक्षकों के आवेदन समस्त अभिलेखों सहित कन्या शिक्षा परिसर मंडला कार्यालय में 6 सितम्बर 2023 को सायं 4 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। पैनल मेरिट आधार पर तैयार किया जाएगा। रिक्त पदों में अतिथि शिक्षक वर्ग-2 विषय संगीत के लिए स्नातक डिग्री तथा अतिथि शिक्षक वर्ग-3 पुस्तकालय सहायक के लिए बीएलआईबी डिग्री एवं डीसीए व पीजीडीसीए के लिए एक-एक पद रिक्त हैं।

मिलावट से मुक्ति का आज चला अभियान
मण्डला 29 अगस्त 2023
मिलावट से मुक्ति अभियान के अन्तर्गत त्यौहारों में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंडला के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों, भोजनालयों का सघन निरीक्षण किया गया। त्यौहार में विभिन्न होटलों से मिठाईयों के नमूने लिये गये जिसमें बजरंग भोग होटल नारायणगंज से खोवे के पेड़े, शंकर स्वीट्स महाराजपुर से गुलाब जामुन, संध्या होटल महाराजपुर से कुंदा का नमूना, अरिहंत होटल नैनपुर से दूध बर्फी, प्रेम होटल नैनपुर से मिल्क केक, मधुरम स्वीट्स से नमकीन सेव एवं नारियल बर्फी, विश्राम होटल से खोवे की बर्फी एवं बूंदी के लड्डू एवं कृष्णा स्वीट्स से नमकीन सेव एवं खोवे के पेड़े का नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को ढ़क्कर रखने, साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का पालन सुनिश्चित कराये जाने हेतु अस्वस्थ कर एवं अस्वच्छ स्थानों में निर्मित हो रहे खाद्य पदार्थाें वाले प्रतिष्ठानों को सुधार सुचना पत्र जारी किए जा रहे हैं।

12 सितम्बर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस में
1 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरियों को खिलाई जायेगी कृमि की गोली
मण्डला 29 अगस्त 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। समस्त विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्र के माध्यम से 1 से 19 वर्ष के बच्चों, किशोर, किशोरियों को एल्वेंडाजोल 400 एमजी की गोली का सेवन कराया जाता है। वर्ष 2023 में मास डिवारविंग के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु 12 सितम्बर 2023 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं 15 सितम्बर को मॉपअप दिवस का आयोजन किया जाना है। इस अभियान के अंतर्गत शासकीय, शासकीय अनुदान प्राप्त शालाओं, आदिवासी आश्रम, प्राइवेट शालाएं, प्राइवेट अनुदान प्राप्त शालाएं, केन्द्र शासित शालाओं, मदरसों, स्थानीय निकाय की शालाओं आंगनवाडी केन्द्रों तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 के अंतर्गत संचालित चाईल्ड केयर इंस्टीट्यूट में 1 से 19 वर्षीय बच्चों का कृमि नाशन किया जावेगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी ने जानकारी दी कि बच्चों में कृमि संक्रमण, व्यक्तिगत अस्वच्छता तथा संक्रमित दूषित मिट्टी के सम्पर्क से संभावित होता है। कृमि संक्रमण से बच्चों का जहां एक ओर शारीरिक एवं बौद्धिक विकास बाधित होता है। वहीं दूसरी उनमें खून की कमी व पोषण स्तर पर दुष्प्रभाव परिलक्षित होता है। 1 से 19 वर्षीय बच्चों का कृमि नाशन करना विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुशंसित एक साक्ष्य आधारित सकारात्मक रणनीति है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन्हीं की निगरानी में एल्वेंडाजोल की गोली खिलाई जाऐगी।

सफल क्रियान्वयन हेतु स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से किया जायेगा। आदिमजाति कल्याण विभाग, पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास विभाग आदि का सहयोग रहेगा। साथ ही डेवलपमेंट पार्टनर संस्था-एविडेन्स एक्शन, यूनिसेफ न्यूट्रिशन इंटरनेशनल आदि सहयोगी एजेन्सी रहेंगे। शालाओं/आंगनवाडी केन्द्रों में शिक्षकों तथा आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की निगरानी में विभिन्न हितग्राही वर्ग को एल्बेंडाजोल गोली का सेवन कराया जायेगा जिसमें 1 से 2 आयुवर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 मि.ग्रा. की आधी गोली चूरा करके पानी के साथ पिलाया जाएगा। इसी प्रकार 2 से 3 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली चूरा करके पानी के साथ पिलाया जाएगा तथा 3 से 19 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली पानी के साथ दी जाएगी।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन संबंधी प्रशिक्षण 4 से 15 तक
मण्डला 29 अगस्त 2023
पीएमईजीपी योजना के तहत् हितग्राहियो को ईडीपी प्रशिक्षण सितम्बर 2023 से मण्डला में उद्यमिता विकास केन्द्र म०प्र० (सेडमेप) भोपाल द्वारा आयोजित खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केव्हीआईसी) भोपाल द्वारा प्रायोजित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत खादी और ग्रामोद्योग आयोग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मण्डला द्वारा विभिन्न बैंकों को प्रेषित एवं बैंकों द्वारा स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक 5/10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के परिसर में 4 से 15 सितम्बर 2023 तक आयोजित किया जा रहा है। अतः ऐसे समस्त हितग्राही जिनका बैंकों के द्वारा ऋण प्रकरण में स्वीकृति प्राप्त हो गई हैं एवं बैंकों द्वारा पीएमईजीपी पोर्टल में स्वीकृति पत्र अपलोड कर दिया गया हैं वे समस्त हितग्राही 4 सितम्बर को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में प्रातः 10:30 बजे उपस्थित होकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।

