विधानसभा आम निर्वाचन-2023
बिछिया विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री ओइनम सरनकुमार सिंह मंडला पहुँचे
मंडला 29 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत् भारत निर्वाचन आयोग से जिले की बिछिया विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री ओइनम सरनकुमार सिंह रविवार की शाम मंडला पहुँचे। सर्किटहाउस में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रेक्षक श्री सिंह सर्किटहाउस के कक्ष क्रं. 5 में रूके हुए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
पुलिस प्रेक्षक श्री किशन सहाय मीणा मंडला पहुँचे
मंडला 29 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत् नियुक्त पुलिस प्रेक्षक श्री किशन सहाय मीणा रविवार की शाम मंडला पहुँचे। सर्किटहाउस में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रेक्षक श्री मीणा सर्किटहाउस में रूके हुए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आज
मंडला 29 अक्टूबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर कार्य सौंपा गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नोडल अधिकारियों की बैठक 30 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे से जिला योजना भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। संबंधितों को वांछित जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदान सामग्री वितरण तथा वापसी संबंधी प्रशिक्षण आज
मंडला 29 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण सोमवार 30 अक्टूबर 2023 को रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के आदेश क्रं. 1249 में नियुक्त अधिकारी, कर्मचारियों का प्रशिक्षण प्रातः 11 बजे से तथा आदेश क्रं. 1255 एवं 1256 में नियुक्त अधिकारी, कर्मचारियों का प्रशिक्षण दोपहर 1 बजे से किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र महाविद्यालय के कक्ष क्रं. 29 में निर्धारित समय पर किए जाएंगे।

शैक्षिक उपलब्धि सर्वे 3 नवंबर को
मंडला 29 अक्टूबर 2023
राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश अनुसार रेंडम आधार पर एनसीईआरटी द्वारा चयनित जिले की 497 शासकीय, अशासकीय एवं केन्द्र सरकार द्वारा संचालित शालाओं में तीसरी, छठवीं और नवमीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों का शैक्षिक उपलब्धि सर्वे 3 नवम्बर को किया जायेगा। शैक्षिक उपलब्धि सर्वे के लिए जिले में 497 फील्ड इन्वेस्टिगेटर को नियुक्त किया गया है। फील्ड इन्वेस्टिगेटर इन चयनित विद्यालय में जाकर सर्वे कार्य करेंगे। इसके लिये उन्हें जिला स्तर पर डाइट में प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा इनके सहयोग के लिए ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की भी नियुक्ति की गई है। शैक्षिक उपलब्धि सर्वे के लिए चयनित शालाएं 3 नवंबर को प्रातः 7 बजे से संचालित होंगी। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

भक्तों का दिखा जनसैलाब, नम आंखो कृषि मंडी महारानी को दी विदाई
मण्डला। सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति अनाज तिलहन व्यापारी संघ कृषि उपज मंडी माता रानी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो शहर का भ्रमण करते हुए विसर्जन स्थल नावघाट पहुंंची। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। यहां माता रानी की आकर्षित झांकी एवं विशेष साज सज्जा के साथ माता रानी के दर्शन भक्तों को मिले। सक्रिय सदस्य विकास अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अनाज तिलहन व्यापारी संघ कृषि उपज मंडी द्वारा माता रानी के विसर्जन एवं चल समारोह में विशेष तरह की झांकी देखने को मिली। मंडी की माता रानी का विसर्जन हमेशा से ही लोगों के दिलों में अपनी छाप छोड़ता रहा है। इस वर्ष भी समिति द्वारा कुछ अभूतपूर्व आकर्षणों को सम्मिलित करने की कोशिश की गई। यहां इस वर्ष बाबा महाकाल की शाही सवारी में प्रदर्शन करने वाले भस्म रमैया भक्त मंडल उज्जैन के 35 सदस्यीय मंडल द्वारा प्रदर्शन, सुप्रसिद्ध ब्रास बैंड 30 सदस्यों के साथ शामिल हुए। तो दूसरी तरफ मायानगरी मुंबई के यंगब्वायज मार्डन बैंड नए कलेवर में, राजस्थान के ऊंट, छत्तीसगढ़ की लाईव मूव्हमेंट झांकी जिसमें गणेश जी द्वारा सिंदुरासुर का और कार्तिक जी तारकासुर का वध करते दिखाई दिए। नागपुर का प्रसिद्ध डीजे धुमाल ग्रुप, डीजे साउंड फुललाइट रही जो जनमानस के लिए आकृर्षण का केन्द्र बना।

